यह ब्लॉग खोजें

मंगलवार, 21 अप्रैल 2020

भाजयुमो के नेता ने गरीबों के बीच बांटे अनाज और राहत सामग्री


रांची। भाजपा युवा नेता पीयूष विजयवर्गीय ने डोरंडा क्षेत्र के कुसई, छप्पन सेठ, घाघरा, कुम्हार टोली में जरूरतमंदों के बीच राशन साम्रगी, मास्क, सेनेटाइजर का वितरण किया।
राशन साम्रगी वितरण करने के दौरान पीयूष विजयवर्गीय ने कहा कि हर भारतवासी का कर्तव्य है कि वो अपने आस पास के जरूरतमंदों की सेवा करें। उन्होंने कहा कि जब तक लाॅकडाउन खत्म नही होती, तब तक सेवा अनवरत जारी रहेगा। श्री विजयवर्गीय ने कहा कि हमारा प्रण अंत्योदय है, हमारा लक्ष्य अंत्योदय है।
पीयूष विजयवर्गीय के सेवा कार्य मे भाजपा युवा नेता सोनू मिश्रा, आशीष विजय, पंकज श्रीवास्तव, विवेक कुमार, राहुल मुंजाल, अमन चंद्रवंशी, हर्षित शर्मा, उमंग सुल्तानिया, अमित जांगिड़, सन्नी टिबड़ेवाल, रूपेश सिंघानिया समेत अन्य लोगो का योगदान मिल रहा है।

जीएसटी मुक्त हों कोरोना उपचार से संबंधित उपकरण: शशिभूषण राय



रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशिभूषण राय ने कहा है कि केंद्र सरकार को जल्द से जल्द कोरोना उपचार से जुड़े सभी उपकरणों को जीएसटी मुक्त कर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस संबंध में राहुल गांधी और युवा कांग्रेस ने भी कई मौकों पर यह मांग की है।
उन्होंने कहा कि कोरोना के उपचार में उपयोगी चिकित्सीय उपकरण करमुक्त होने से इस लड़ाई को जीतना आसान होगा। मास्क, सैनेटाईज़र, जैसी जरूरी चीजें गरीब जनता को आसानी से उपलब्ध हो पाएंगी। वर्तमान संकट के समय आवश्यक चिकित्सीय उपकरण पर जीएसटी वसूलना मानव हित में नहीं होगा। इस कठिन समय में जहां पूरा देश और विश्व कोरोना के प्रकोप से निजात पाने के लिए लड़ाई लड़ रहा है , उसे देखते हुए सरकार को इस बारे में फैसला लेने में देर नहीं करनी चाहिए। बीमारी और ग़रीबी से जूझती जनता से सैनीटाईज़र, साबुन, मास्क, दस्ताने आदि पर जीएसटी वसूलना उचित नहीं होगा।
 श्री राय ने झारखंड सरकार के कोरोना से लड़ने के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित सरकार में शामिल सभी मंत्रियों की भूमिका सराहनीय है। उन्होंने निस्वार्थ भाव से राहत कार्य में लगे राज्य के सभी जिला कांग्रेस , युवा कांग्रेस , महिला कांग्रेस एवं एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया।

कोरोना के.खिलाफ जंग में झारखंड सरकार की सहभागिता सराहनीय



रांची । वैश्विक महामारी कोरोना के खिलाफ जंग में झारखंड सरकार की सहभागिता सराहनीय है। सूबे के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित उनके मंत्रिमंडल में शामिल सभी मंत्रियों की सक्रियता और तत्परता काबिले-तारीफ है। उक्त बातें पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने कही। उन्होंने कहा कि कोरोना जैसी वैश्विक महामारी से निपटने की चुनौती स्वीकार करते हुए झारखंड सरकार अपने मिशन में लगी है। विषम परिस्थितियों में हेमंत सरकार में शामिल सभी मंत्री विशेष रूप से लॉकडाउन के दौरान झारखंड के लोगों को प्रतिकूल प्रभाव से बचाने में पूरे समर्पण से जुटे हैं।
श्री सहाय ने मुख्यमंत्री से अपील की कि झारखंड के सभी लोगों के हितों का हर हाल में संरक्षण किया जाये। उन्होंने कहा कि विशेषकर किसान एवं ग्रामीण लॉकडाउन की अवधि में काफी लंबे समय से घर में बैठे हैं। आर्थिक दृष्टिकोण से वे और भी कमजोर हो गये हैं। उन्हें तत्काल राहत पहुंचाने की मांग करते हुए श्री सहाय ने मनरेगा मजदूरी के बकाया भुगतान एवं उन्हें अग्रिम राशि देने की मांग की है। साथ ही यह भी कहा कि आगामी एक माह में मानसून आने की पूरी संभावना है। इसके मद्देनज़र सरकार को अपनी बहुआयामी तैयारियों को अंतिम स्वरुप देना चाहिये ताकि किसी को कोई असुविधा ना हो I पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री सहाय ने केंद्र  सरकार पर झारखंड के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि   झारखंड के साथ केंद्र सरकार दोहरे चरित्र दिखा रही है़। कई मामलों में झारखंड की उपेक्षा की जा रही है।

सोमवार, 20 अप्रैल 2020

आल इंडिया वीमेंस कांफ्रेंस और हेमू फाउंडेशन के सौजन्य से गरीबों को कराया जा रहा है भोजन


*  जरूरतमंदों के बीच बांट रहे राहत सामग्री

रांची। लॉकडाउन के दौरान बेघर, बेसहारा, गरीब तबके के लोगों को हो रही परेशानियों को देखते हुए विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाएं और सामाजिक कार्यकर्ता राहत कार्य में जुटे हैं। इस कड़ी में हटिया-तुपुदाना स्थित "लाइट हाउस कैफे एंड किचन रेस्टोरेंट" के संचालक दिलबाग सिंह का नाम अग्रिम पंक्ति में शुमार है। श्री सिंह भारतीय नौसेना से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं। लाॅकडाउन के दौरान गरीबों के समक्ष भुखमरी की स्थिति को देखते हुए श्री सिंह विगत 25 मार्च से राहत कार्य में जुटे हैं। लाॅकडाउन में इनका रेस्टोरेंट बंद है।

उनके रेस्टोरेंट में काम करने वाले आठ कर्मचारी प्रतिदिन गरीबों के लिए भोजन बनाने में सहयोग करते हैं। श्री सिंह ने बताया कि लॉकडाउन की अवधि के दौरान प्रतिदिन हटिया और तुपुदाना के आसपास क्षेत्र के हरदाग, कोंगारी, डूंगरी, बसारगढ़ के समीप झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले गरीब लोगों, रिक्शा चालकों, महिला श्रमिकों के बीच प्रतिदिन भोजन वितरित किया जाता है। यही नहीं, बेघर और बेसहारा लोगों और जो श्रमिक कहीं से आकर यहां फंसे हुए हैं, वैसे जरूरतमंदों को राशन व अन्य राहत सामग्री भी मुहैया कराई जाती है। पीड़ित मानवता के इस नेक कार्य में उन्हें ऑल इंडिया वूमेंस कॉन्फ्रेंस की हटिया- तुपुदाना शाखा की अध्यक्ष व लोकप्रिय समाजसेवी शांति सिंह, एआईडब्लूसी की तुपुदाना शाखा के सचिव अमरजीत सिंह, हटिया शाखा की सचिव मधु सहाय, डीएवी श्यामली एलुमनी एसोसिएशन, बीआईटी सिंदरी एल्युमुनी, प्रयास डेवलपर्स, प्रयास रंधवा ईस्टेट, आरके मिशन के सदस्य, समाजसेवी अल्बर्ट एक्का, हेमू फाउंडेशन, रेस्क्यू टीम, भारतीय नौसेना के  अधिकारी व उनके परिजनों सहित अन्य समाजसेवियों का सहयोग मिल रहा है। श्री सिंह ने बताया कि उक्त समाजसेवियों के सहयोग से पीड़ित मानवता की सेवा के प्रति इस पुनीत कार्य को अंजाम देने में वे निरंतर सफल हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि लाॅकडाउन की अवधि तक हटिया-तुपुदाना क्षेत्र के बेघर, बेसहारा लोगों, रिक्शा चालकों, श्रमिकों को प्रतिदिन भोजन कराने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत रोज लगभग डेढ़ सौ से दो सौ गरीबों के बीच भोजन व अन्य राहत सामग्री का वितरण किया जा रहा है।

रविवार, 19 अप्रैल 2020

राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा ने किया आनलाइन बिक्री के आदेश का किया विरोध


* प्रदेश अध्यक्ष ने कहा,  छोटे और मंझोले उद्यमियों और व्यवसायियों की बढ़ेगी परेशानी


रांची। राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार गुप्ता ने भारत सरकार  द्वारा 20 अप्रैल से ऑनलाइन बिक्री शुरू करने के निर्णय का विरोध किया है। उन्होंने कहा है कि इस निर्णय से छोटे, मंझोले और स्थानीय दुकानदारों की परेशानियां और अधिक बढ़ जाएगी। एक तो ऐसे ही लाॅकडाउन मे छोटे उद्योगों और दुकानदारों की स्थिति खस्ताहाल है। विदेशी आॅनलाइन दुकानों अमेजन, फ्लीपकार्ट, आदि को 20 अप्रेल से व्यापार की अनुमति देना न सिर्फ  छोटे मोटे उद्यमियों और दुकानदारों के प्रति अन्याय होगा, बल्कि इस निर्णय से देश की आंतरिक अर्थव्यवस्था पर भी विपरीत असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि विगत 24 मार्च से लॉकडाउन हो जाने से पूरे देश सहित झारखंड राज्य के छोटे-बड़े व्यापारियों का दुकान बंद है। अकस्मात दुकानें बंद होने के कारण एक तरफ व्यवसाय तो प्रभावित हो ही रहा है, दूसरी तरफ गर्मी का महीना होने से दुकानों में शॉर्ट सर्किट से आग लगने, चूहे से दुकानों में क्षति होने की भी संभावना है।
 व्यापारियों के समक्ष इन विषम परिस्थितियों के मद्देनजर राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा झारखंड सरकार से मांग करती है कि छोटे, बड़े दुकानदारों को जिन्होंने लॉकडाउन में अपनी दुकानों को ठीक ढंग से सुरक्षा करने की कोई भी व्यवस्था नहीं की है, उन्हें अपनी दुकान व प्रतिष्ठान कुछ घंटे के लिए खोलकर दुकान व्यवस्थित करने के लिए समय दिया जाए। कुछ दुकानदार ऐसे हैं, जिनकी रोज की आमदनी से ही उनका भरण-पोषण होता था। अब उनकी स्थिति भी ठीक नहीं हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे में केंद्र व राज्य सरकार छोटे-मोटे उद्यमियों और व्यवसायियों के हितों को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय ले।

शनिवार, 18 अप्रैल 2020

कोरोना से मुक्ति के लिए हो रहा नवग्रह शांति मंत्र का निरंतर जाप और हवन


* ग्रह दशा को सकारात्मक करने में जुटे समाजसेवी सुधांशु सुमन

रांची।  वैश्विक महामारी कोरोना के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लोग तरह-तरह के प्रयास में लगे हुए हैं। सतर्कता, जागरुकता, एकजुटता और परहेज से कोरोनावायरस के प्रकोप को कम करने के लिए हर स्तर पर जंग जारी है। कई लोग कोरोना को दूर भगाने के लिए धार्मिक-आध्यात्मिक अनुष्ठान, पूजा-पाठ का भी सहारा ले रहे हैं। इस क्रम में राष्ट्रव्यापी अभियान "तिरंगा सम्मान यात्रा" के राष्ट्रीय संयोजक और प्रख्यात समाजसेवी सुधांशु सुमन का नाम अग्रिम पंक्ति में शुमार है। श्री सुमन कोरोना से बचाव के लिए किए गए लॉकडाउन शुरू होने बाद से अपने आवास पर निरंतर नवग्रह शांति पाठ कर रहे हैं। इस पवित्र अनुष्ठान के माध्यम से वे ग्रह दशा को सकारात्मक करने के प्रति आशान्वित हैं। इस संबंध में उन्होंने शनिवार को पत्रकारों को बताया कि विगत 24 मार्च से चल रहे लॉकडाउन के दौरान प्रतिदिन नवग्रह शांति मंत्र जाप और हवन किया जा रहा है। उनका मानना है कि इस जाप का प्रभाव देश और दुनिया के वातावरण के शुद्धिकरण के साथ-साथ ग्रहों की दशा को भी सकारात्मक करने में सहायक होगा। श्री सुमन ने कहा कि विश्व के शांतिदूत के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करने वाले भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा मानवता की रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास किया जाना उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शिता का परिचायक है। देशवासियों की सेवा के प्रति उनका संकल्प अतुलनीय है। ऐसे संकट के समय विशेष रूप से अपने घर में रहकर धार्मिक और आध्यात्मिक अनुष्ठान (नव ग्रह शांति पाठ) करने की प्रेरणा उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्राप्त हुई। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन की अवधि तक नवग्रह मंत्र शांति जाप और हवन निरंतर चलता रहेगा। जिससे हम सब भारतीयों के बीच सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता रहे और इस ऊर्जा से हमें कोरोना के खिलाफ जंग जीतने की शक्ति प्राप्त होती रहे। उन्होंने बताया कि नव ग्रह शांति पाठ का आयोजन विख्यात विद्वान व ज्योतिषाचार्य पंडित रामजीवन झा के निर्देशन में किया जा रहा है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जरूरतमंदों के बीच बांटे खाद्यी



रांची। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशिभूषण राय के नेतृत्व में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा रांची रेलवे कालोनी , निवारणपुर , अनंतपुर एवं डोरंडा क्षेत्र में जरूरतमंदों के बीच खाद्यान्न का वितरण किया गया। श्री राय ने झारखंड सरकार के कोरोना से लड़ने के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि  राज्य सरकार कोरोना और भूख, दोनों से लड़ रही है। इस कठिन समय में जहां पूरा देश और विश्व कोरोना के प्रकोप से लड़ रहा है , उसे देखते हुए हम सब का भी कर्तव्य बनता है कि  जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए आगे आएं।
उन्होंने कहा कि जिस तरह से  लाॅकडाउन के दौरान दिहाड़ी श्रमिकों पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा  है,  ऐसे में हम सब को कोशिश करना है कि सब मिलकर उनकी परेशानियों को दूर करने में सहयोग करें। इस वैश्विक महामारी का सामना करें और जरूरतमंद वर्ग को मदद करें । श्री राय ने निस्वार्थ भाव से राहत कार्य में लगे राज्य के सभी जिला कांग्रेस , युवा कांग्रेस, एनएसयूआई कार्यकर्ताओं एवं विशेष रूप से प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष कुमार गौरव के प्रति आभार जताया।

स्वर्ण जयंती वर्ष का झारखंड : समृद्ध धरती, बदहाल झारखंडी

  झारखंड स्थापना दिवस पर विशेष स्वप्न और सच्चाई के बीच विस्थापन, पलायन, लूट और भ्रष्टाचार की लाइलाज बीमारी  काशीनाथ केवट  15 नवम्बर 2000 -वी...