यह ब्लॉग खोजें

मिजल्स रुबेला टीकाकरण लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
मिजल्स रुबेला टीकाकरण लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 13 अगस्त 2018

लायंस क्लब इंटरनेशनल की मिजल्स- रुबेला टीकाकरण जागरुकता रैली 18 को


क्लब की अनुषंगी इकाइयां भी होंगी शामिल

रांची। लायंस क्लब इंटरनेशनल, जिला 322-ए.के तत्वावधान में 18 अगस्त को मिजल्स, रुबेला टीकाकरण संबंधी जागरूकता रैली निकाली जाएगी। रैली सुबह 7:30 बजे सैनिक मार्केट से प्रारंभ होगी, जो अलबर्ट एक्का चौक तक पहुंच कर समाप्त होगी। इस रैली में रांची के 20 लायंस क्लबों के सदस्यगण अपने क्लब के झंडे- बैनर के साथ शामिल होंगे। रैली में टीकाकरण कैंप लगावा चुके विद्यालयों के छात्र-छात्राएं भी भाग लेंगे। इसके अलावा एनसीसी के छात्रों को भी आमंत्रित किया गया है। यह रैली जिला 322ए के जिलापाल माधव लाखोटिया, प्रथम उप जिलापाल संजीव पोद्दार, द्वितीय उप जिलापाल राजेश गुप्ता एवं जीएसटी के कॉडिनेटर वीके महेंद्रू के नेतृत्व में निकलेगी। यह जानकारी जिला 322ए के जिलापाल माधव लाखोटिया ने सोमवार को होटल लैंडमार्क में आयोजित प्रेसवार्ता में दी। उन्होंने बताया कि रैली में लायंस क्लब आॅफ धुर्वा, हीनू, रांची ईस्ट, रांची प्रभात, रांची कैपिटल, रांची ग्रेटर, रांची हिल टाउन, रांची सिटी, रांची फेमिना, रांची नॉर्थ, रांची प्रीमियम, रांची क्वींस, रांची स्वर्णरेखा, रांची यूथ, रांची रोरिंग प्राइड, रांची सुप्रभात, रांची रॉयल, रांची लाइफ और रांची सेंट्रल के सदस्य शामिल होंगे। श्री लाखोटिया ने बताया कि लायंस क्लब की ओर से झारखंड सरकार के द्वारा राज्य के सभी विद्यालयों में चेचक और खसरा के उन्मूलन के लिए टीकाकरण का कार्यक्रम 26 जुलाई 2018 से चलाया जा रहा है। लायंस क्लब इंटरनेशनल, यूनिसेफ एवं डब्लूएचओ को इस कार्यक्रम में सहभागी बनाया गया है। रांची में 350 से अधिक स्कूलों में टीकाकरण कैंप लगाया गया है। अभी लगभग 500 स्कूलों में टीकाकरण कैंप सितंबर माह तक आयोजित किये जायेंगे। कैंप के दौरान लोगों को जागरुक भी किया जा रहा है। अभिभावकों को टीकाकरण के लाभ के बारे में जानकारी दी जा रही है। प्रेसवार्ता में प्रकाश अरोड़ा, शुभ्रा मजूमदार, अनूपमा लोचन, मनोज नरेडी, भारतेंदू झा, मनोज काबरा, रवि प्रकाश, राजीव लोचन,रेखा जायसवाल सहित काफी संख्या में लायंस क्लबों के सदस्यगण मौजूद थे।

सोमवार, 23 जुलाई 2018

झारखंड में 26 से चलेगा मिजल्स रुबेला टीकाकरण अभियान

 रांची। झारखंड में मिजल्स रुबेला टीकाकरण अभियान की  शुरुआत 26 जुलाई 2018 से की जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी इस अभियान का शुभारंभ करेंगे। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग की प्रधान सचिव  निधि खरे ने आज सूचना भवन सभागार में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मिजल्स रुबेला टीकाकरण अभियान की  शुरुआत करने वाला झारखंड देश का सोलहवां राज्य है। नवजात शिशु मृत्युदर कम करने के उद्देश्य से राज्य में यह अभियान शुरू किया जा रहा है। यह टीका 9 महीने से लेकर 15 वर्ष तक के सभी बच्चों को  निशुल्क दी जायेगी। इस अभियान के तहत राज्य के सभी सरकारी विद्यालय और निजी विद्यालय के बच्चों का टीकाकरण किया जायेगा।
श्रीमती खरे ने बताया कि यह शिशु टीका राज्य के सभी स्वास्थ्य केंद्रों और आंगनबाड़ी केन्द्रों पर भी निशुल्क दी जायेगी। यह टीका पूर्णतः सुरक्षित है। इस टीका के संबंध में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी लोगों के बीच  जागरूकता बढ़ा रहे हैं। इस टीकाकरण अभियान से राज्य के एक करोड़ से अधिक बच्चों को लाभ होगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान को सफल बनाने के लिये राज्य के 497 केंद्रों से इसकी निगरानी की जायेगी।

स्वास्थ्य विभाग की उप  निदेशक डाॅक्टर बीणा सिन्हा ने बताया कि राज्य में नवजात से पांच वर्ष तक के शिशु मृत्यु दर में कमी आयी है। वर्ष 2011 में प्रति हजार 54  शिशु मृत्यु दर था जो अब 2018 में घटकर 33 शिशु मृत्यु दर प्रति हजार है. इसे और कम करना है। उन्होंने बताया कि खसरा एक जानलेवा रोग है जो कि वायरस द्वारा फैलता है। खसरा, बच्चों में विकलांगता और असमय मृत्यु का कारण बनती है। उन्होंने बताया कि रुबैला भी एक संक्रामक रोग है जो वायरस से फैलता है इसके कारण असमय गर्भपात, बहरापन और हृदय से संबंधित रोग होता है। अभियान के दौरान यह प्रयास किया जायेगा कि सभी बच्चों को टीकाकरण का लाभ मिले। इसके लिये पंचायती राज, महिला एवं बाल विकास विभाग और  शिक्षा विभाग समेत कई विभाग का सहयोग लिया गया है। इसमें यूनीसेफ, विश्व स्वास्थ्य संगठन के साथ-साथ कई स्वयं सेवी संगठन भी सहयोग कर रहे हैं।
इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

स्वर्ण जयंती वर्ष का झारखंड : समृद्ध धरती, बदहाल झारखंडी

  झारखंड स्थापना दिवस पर विशेष स्वप्न और सच्चाई के बीच विस्थापन, पलायन, लूट और भ्रष्टाचार की लाइलाज बीमारी  काशीनाथ केवट  15 नवम्बर 2000 -वी...