यह ब्लॉग खोजें

रविवार, 5 जनवरी 2020

अनाथ छात्राओं को नि:शुल्क शिक्षा देगा प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन:पंचम कुमार




छत्तरपुर। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन झारखंड की छत्तरपुर इकाई के द्वारा इस बार लठेया के यूनिक पब्लिक स्कूल  में कम्बल वितरण का पुनीत कार्य किया गया। विदित हो इस वर्ष ठण्ड का प्रकोप तक़रीबन 100 वर्षों के बाद रिकॉर्ड तोड़ रहा है । देहात में ठण्ड से बचने हेतु सुविधायों का अभाव रहता है। ऐसी परिस्थिति में एसोसिएशन ने लठेया के असहाय, निशक्त एवं जरूरतमंद ग्रामीणों के बीच में कम्बल वितरण का निर्णय लेते हुए गरीब व लाचार ग्रामीणों के बीच कम्बल वितरण का कार्य किया । इस कार्य को सफल बनाने हेतु लठेया के यूनिक पब्लिक स्कूल के व्यवस्थापक चंद्रदीप विश्वकर्मा का विशेष भूमिका रहा। उन्होंने बताया कि बुजुर्ग अभिभावकों के आशीर्वाद से वह विद्यालय चला रहे है । इसलिए  जरूरतमंद लोगों के बीच कम्बल वितरण का कार्य करना उनका नैतिक कर्तव्य है ।  एसोसिएशन के अध्यक्ष पंचम कुमार ने कहा कि शिक्षकों का कार्य बच्चों को  शिक्षा देने के साथ - साथ समाज के सक्षम लोगो को जरूरतमंद लोगो की सेवा करने के लिए प्रेरित करना तथा बच्चों में सेवा भाव का विकास करना भी है । गरीब , लाचार , असहाय , जरूरतमंद लोगों के गर्म कपड़ा, एवं कम्बल वितरण का कार्य सरकार करती है, इसके बावजूद प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ साथ लगातार वंचित लोगो को कम्बल, गर्म कपड़ा वितरण का कार्य कर रहा है। इस दौरान श्री पंचम कुमार   ने घोषणा किया कि एसोसिएशन के सभी स्कूलों में अनाथ बालिकाओं को निःशुल्क नामांकन एवं शिक्षा प्रदान किया जाएगा। इसके लिए अभिभावकों को एसोसिएशन के पास आवेदन देना होगा। इस दौरान एसोसिएशन के उपाध्यक्ष उपेंद्र प्रसाद, उपसचिव मंटु कुमार यादव, कोषाध्यक्ष गौतम सागर, संरक्षक अरुण कुमार ठाकुर, संयोजक सह जिला प्रभारी सुनील कुमार ने भी अपना मंतव्य प्रस्तुत किया । कार्यक्रम संचालन चन्द्रदीप विश्वकर्मा ने किया वहीं धन्यवाद ज्ञापन  उपसचिव मंटु कुमार यादव ने किया । इस कड़ाके की सर्दी और शीतलहरी से परेशान निशक्तों ने कंबल पाकर एसोसिएशन के प्रति आभार जताया । इस दौरान विद्यालय के सभी शिक्षक - शिक्षिकाएं एवं बहुत से बुजुर्ग अभिभावक उपस्थित रहे।

दिल्ली और बिहार तक होगा नागरिक अधिकार पार्टी का विस्तार


* दिल्ली-बिहार विधानसभा के चुनाव में भी उतारेंगे प्रत्याशी : नंदकिशोर यादव
रांची। नागरिक अधिकार  पार्टी झारखंड के अलावा दिल्ली और बिहार मे भी अपने संगठन का विस्तार करने में जुट गई है। बिहार के सभी जिलों में जिला कमेटियों के गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस संबंध में नागरिक अधिकार पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मीनू सिंह और झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष नंदकिशोर यादव ने बताया कि दिल्ली और बिहार में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव में नागरिक अधिकारी पार्टी की ओर से प्रत्याशी खड़े किए जाएंगे। इसकी तैयारियां अभी से शुरू कर दी गई है। वहीं, नागरिक अधिकार पार्टी राष्ट्रीय महिला मोर्चा की अध्यक्ष उर्मिला यादव ने बताया कि नागरिक अधिकार पार्टी का प्रयास होगा कि बिहार और दिल्ली के विधानसभा चुनाव में अधिक से अधिक सीटों पर प्रत्याशी उतारे जाएं और इसमें महिला उम्मीदवारों की संख्या भी संतोषप्रद हो। पार्टी का प्रयास रहेगा कि बिहार और दिल्ली के विधानसभा चुनाव में अधिक से अधिक महिलाओं की सहभागिता हो। झारखंड प्रदेश अध्यक्ष नंदकिशोर यादव ने बताया कि विगत माह संपन्न हुए झारखंड विधानसभा चुनाव में पार्टी की ओर से 6 प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारे गए थे। भले ही किसी प्रत्याशी को सफलता नहीं मिली, लेकिन नागरिक अधिकार पार्टी ने जनादेश का स्वागत किया है। झारखंड और बिहार में पार्टी संगठन का विस्तार कर रही है। सभी जिलों में जिला कमेटियों का गठन किया जा रहा है। पार्टी का जनाधार बढ़ाने में कार्यकर्ता जुट गए हैं। उन्होंने कहा कि नागरिक अधिकार पार्टी जनसमस्याओं के त्वरित निदान हेतु सतत प्रयासरत है। जनता को बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराने के प्रति सदैव प्रयासरत रहने वाली पार्टी है।

ओडिशा भाषा विकास परिषद ने लगाया नि:शुल्क जांच शिविर


पीड़ित मानवता की सेवा सबसे बड़ा धर्म : सुखराम उरांव
* जरूरतमंदों को दी गई नि:शुल्क जांच की सुविधा 
* मरीजों के बीच मुफ्त दवा वितरण

चक्रधरपुर।  सामाजिक संस्था ओडिशा भाषा विकास परिषद के तत्वावधान में केरा ग्राम साईं मंदिर के समीप केरा उप स्वास्थ्य केंद्र परिसर में नि:शुल्क चिकित्सा व जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का शुभारंभ चक्रधरपुर के नवनिर्वाचित विधायक सुखराम उरांव ने किया। उन्होंने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि पीड़ित मानवता की सेवा सबसे बड़ा धर्म है। इस दिशा में ओडिशा भाषा विकास परिषद की पहल सराहनीय है। शिविर में आसपास के विशेषकर ग्रामीण इलाकों के मरीजों की नि:शुल्क जांच की गई। जांच के बाद चिकित्सकों के परामर्श पर जरूरतमंदों के बीच मुफ्त दवाओं का वितरण भी किया गया। शिविर में विशेष रूप से जुगसलाई, जमशेदपुर स्थित केयर एंड क्योर डायग्नोस्टिक सेंटर के सौजन्य से मरीजों की नि:शुल्क पैथोलॉजिकल जांच की गई। इस शिविर में शिशु रोग विशेषज्ञ डॉक्टर संजय गिरी, दंत रोग विशेषज्ञ डॉक्टर दीपा पटनायक व डॉक्टर शादाब हसन, स्पीच एंड हियरिंग विशेषज्ञ डॉक्टर प्रकाश कुमार राय, फिजिशियन डॉक्टर रेणु शर्मा, डॉक्टर गौतम घोष सहित पारा मेडिकल कर्मियों की टीम ने मरीजों की जांच कर उन्हें सहयोग किया। पैरामेडिकल कर्मियों की टीम में मंदिरा कमलेश, एसआरके कमलेश, ज्योति, रितेश व राजेश सहित अन्य मौजूद थे। इस शिविर को सफल बनाने में ओडिशा भाषा विकास परिषद के पदधारी व सदस्यगण की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

शुक्रवार, 3 जनवरी 2020

चक्रधरपुर में लॉटरी, जुआ संचालकों के खिलाफ सघन अभियान

* अवैध धंधेबाजों पर पुलिस ने कसा शिकंजा

चक्रधरपुर।  शहर में प्रतिबंधित लॉटरी-जुआ के खेल और जुआरियों के विरुद्ध सघन अभियान जारी है। चक्रधरपुर पुलिस ने लॉटरी संचालकों के खिलाफ अभियान छेड़ रखा है। चक्रधरपुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के योगदान देने के बाद से अवैध कारोबारियों के विरुद्ध सघन अभियान चलाया जा रहा है। इस क्रम में हब्बा-डब्बा (प्रचलित जुआ) की रोकथाम के साथ साथ लॉटरी टिकट बेचने वालों पर भी शिकंजा कसा गया है। इस कारवाई से अवैध रूप से लॉटरी बिक्री करने वालों के बीच हड़कंप मच गया है। थाना प्रभारी की इस पहल की शहरवासी सराहना कर रहे हैं। थाना प्रभारी ने चक्रधरपुर शहर को अपराध मुक्त और अवैध कारोबारी मुक्त शहर करने का संकल्प लिया है। उनका मानना है कि स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण में शहर को अपराध मुक्त करना अत्यंत आवश्यक है। नागरिकों को बेहतर विधि-व्यवस्था मुहैया कराना पुलिस प्रशासन का  नैतिक दायित्व है। इस दिशा में सकारात्मक पहल की जा रही है।

दश दिवसीय युवा महोत्सव का शुभारंभ

युवा सकारात्मक कार्यों में अपनी ऊर्जा लगाएं :  समरी लाल

रांची/मेसरा। राष्ट्रीय युवा विकास संघ के तत्वावधान में बुधवार को दस दिवसीय युवा महोत्सव कार्यक्रम का उद्घाटन कांके प्रखंड के चारि हुजीर मैदान में विधायक समरी लाल द्वारा फीता काटकर तथा स्वामी विवेकानंद व भगवान बिरसा मुंडा के अस्थायी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि युवाओं को अपनी ऊर्जा का इस्तेमाल सकारात्मक कार्यों में करने की आवश्यकता है।  कार्यक्रम का शुभारंभ गोल्ड कप टूर्नामेंट के तहत जेजेसी चुटु व आदिवासी एएफ बाजरा के बीच फुटबॉल टूर्नामेंट के साथ हुआ। जिसमे जेजेसी चुटु ने आदिवासी एएफ बाजरा पर  1-0 से जीत हासिल की। मैन ऑफ द मैच संदीप टोप्पो को मिला।कल का मैच न्यू झारखंड नामकोम और एच. ए. आर. ए इरबा के बीच खेला जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने कहा कि युवा देश की शक्ति है।विश्व में भारत ही एक ऐसा देश है,जिसके पास युवा शक्ति है। उन्होंने कहा कि कांके क्षेत्र में इस महोत्सव से एक अलग पहचान बनी है। समारोह में पूर्व विधायक जीतू चरण राम, अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर सुबोध महतो, पूर्व सांसद रामटहल चौधरी, जिला अध्यक्ष सुरेंद्र महतो, थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार, रणधीर चौधरी ने भी लोगों को संबोधित किया। महोत्सव के संयोजक नरेन्द्र कुमार ने राष्ट्रीय युवा विकास संघ के संबंध में परिचय कराया। इससे पूर्व अतिथियों का स्वागत ढोल नगाड़े व पारंपरिक लोक नृत्य के साथ किया गया।
ज्ञात हो कि उक्त मैदान में पिछले कई वर्षों से युवा महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जाता रहा है। जिसमे 10 दिनों तक  अंतर्राज्यीय फुटबॉल टूर्नामेंट के अलावा समापन के दिन हर वर्ग के लिए संस्कृति, कांके प्रखंड कार्यालय की और से विकास योजनाओं से सम्बंधित शिविर,मोतियाबिंद जांच शिविर, अस्पतालों  द्वारा चिकित्सा जांच शिविर,बैंक शाखा के द्वारा शिविर, महिला स्वयं सहायता समूह द्वारा शिविर,कृषि को बढ़ावा देने हेतु अन्य शिविर ल्रगया जायेगा। इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक नरेंद्र कुमार, अध्यक्ष लक्ष्मी साहू, सुबोध कुमार, संदीप उरांव,साधो उरांव,शिवा साहू, रंजन कुमार, भरत साहू, गोविंद महतो, दुबराज साहू,बालेश्वर मुंडा,गुरुचरण मुंडा,विनोद उरांव,सनोज साहू,प्रीतम सिंह, महेश कच्छप,विजय सिंह, कामेश्वर महतो,शकील अंसारी,सतीश सिंह,सरदीप महतो,उदय उरांव,राधा चरण सिंह, अशोक महतो, पन्ना लाल महतो,पप्पू महतो, बहादुर उरांव सहित अन्य गणमान्य मौजूद थे।

स्वामी सदानंद के.शिष्यों ने नववर्ष पर ग्रामीणों के बीच बांटे कंबल


                     


रांची। गरीबों के मसीहा संत शिरोमणि  श्री श्री 108 स्वामी सदानंद जी महाराज द्वारा संचालित रांची की सुप्रसिद्ध समाजिक एवं धार्मिक संस्था एमआरएस श्रीकृष्ण प्रणामी सेवाधाम ट्रस्ट व स्वामी सदानंद प्रणामी चैरिटेबल ट्रस्ट की  रांची शाखा के सदस्यों ने  बुधवार  को पुंदाग थाने के पीछे निर्माणाधीन मंदिर के प्रांगण में विभिन्न गावों से आये हुए निर्धन,लाचार व असहाय ग्रामीणों के बीच नववर्ष के उपलक्ष्य में कंबल का वितरण किया गया। इस मौके पर वहां उपस्थित श्रद्धालुओं,ग्रामीणों एवं संस्था के सदस्यों ने वनभोज का आंनद लिया। सभी उपस्थित श्रद्धालुओं को नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी।                                 
संत शिरोमणि श्री श्री 108 स्वामी  सदानंद जी महाराज के सभी  शिष्यों को सेवा के इस महान कार्य में दे रहे योगदान एवं गुरू महाराज के कथन "मानव सेवा,माधव सेवा                                            तुम सेवा से पाओगे पार "   
को साकार करने तन, मन, धन से अपना योगदान दे कर पूरा कर रहे हैं।
संस्था के सदस्यों ने झारखंड की राजधानी रांची में पड़ रही कड़ाके की ठंड को देखते हुए लगभग 1000 कम्बल बांटने का निर्णय लिया है। यह सभी सेवा के कार्य गुरु जी श्री श्री 108 स्वामी सदानंद जी महाराज के शिष्यों के सहयोग द्वारा किये जाते हैं।                                               
          सेवा के इस महान कार्य में संस्था के अध्यक्ष डुंगरमल अग्रवाल विजय  जालान,उपाध्यक्ष निर्मल जालान,राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल,  प्रमोद सारस्वत, प्रेम चन्द्र श्रीवास्तव,  वेंकट गाडोदिया,संतोष अग्रवाल, बिष्णु सोनी, विशाल जालान, मनीष जालान,सुरेश  अग्रवाल, सज्जन पाडिया,अजय अग्रवाल,ओमप्रकाश सरावगी,दिलीप अग्रवाल  धीरज गुप्ता एवं महिला समिति की बिमला जालान, शोभा जालान,कविता गाडोदिया,नीलम गोयल,  द्रौपदी देवी पोद्दार,सुनीता अग्रवाल,अनिता अग्रवाल, मिनु पाडिया,उर्मिला पाडिया, सरिता अग्रवाल,संस्था के अन्य महिला एवं पुरुष सदस्य उपस्थित थे।         
 यह सभी जानकारी संस्था के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद  अग्रवाल ने दी।

अगले साल से राज्य सरकार मनाए सावित्रीबाई फुले जयंती: राजेश गुप्ता


*  शिक्षित समाज की पक्षधर थीं सावित्रीबाई फुले : गुंजन गुप्ता

रांची। शिक्षा के बिना स्वस्थ और स्वच्छ समाज का निर्माण असंभव है। शिक्षित समाज के बिना देश व राज्य का सर्वांगीण विकास संभव नहीं है। उक्त बातें सामाजिक संस्था सृजन हेल्प की संचालिका और लोकप्रिय समाजसेवी गुंजन गुप्ता ने कही। श्रीमती गुप्ता शुक्रवार को राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा के तत्वावधान में हरमू स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित देश की प्रथम महिला शिक्षिका सावित्रीबाई फुले की 190 वीं जयंती समारोह के अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में देश को विकसित करने में सावित्रीबाई फुले की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। समाज को शिक्षित करने की दिशा में उन्होंने जो कदम उठाए, वह अनुकरणीय व अविस्मरणीय है। इसके लिए उन्होंने पीड़ा भी उठाई। लेकिन अपने मिशन से वह जरा भी अडिग नहीं हुई। उन्होंने कहा कि श्रीमती फुले ने शिक्षा का अलख जगाते हुए साक्षरता दर में में वृद्धि के लिए जो प्रयास किए, उसी का प्रतिफल है कि आज हमारा समाज शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हम आज के दिन शिक्षा के क्षेत्र में समाज को समृद्ध करने का संकल्प लें, यही सावित्रीबाई फुले के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। जयंती समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और सावित्रीबाई फुले के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार गुप्ता ने कहा कि सावित्रीबाई फुले ने विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा का व्यापक प्रचार- प्रसार किया। इस क्रम में उन्होंने लोगों से ताने भी सुने। शिक्षित समाज की अवधारणा को आत्मसात कर आगे बढ़ रही श्रीमती फुले को कई बार विरोध का भी सामना करना पड़ा, लेकिन इससे विचलित हुए बिना वह अपने कर्तव्य पथ पर अग्रसर होती रहीं। श्री गुप्ता ने सावित्रीबाई फुले के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सर्वप्रथम एक जनवरी 1848 को तात्या भाई भिड़ेबाड़ा
के  बुधवारपेठ,पुणे में उन्होंने एक स्कूल खोला। तत्पश्चात 1849 में पुणे में ही उस्मान शेख के घर में मुस्लिम समुदाय के बच्चे और महिलाओं के लिए फातिमा शेख के सहयोग से एक स्कूल खोला। वर्ष 1852 तक उन्होंने अपने प्रयास से 18 स्कूल बिना किसी आर्थिक सहायता के खोले। शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान से प्रभावित होकर तत्कालीन अंग्रेज सरकार ने उन्हें व उनके पति ज्योतिबा फुले को सर्वश्रेष्ठ दंपति शिक्षक के रूप में सम्मानित किया। जयंती समारोह में मोर्चा के अन्य वक्ताओं ने भी सावित्रीबाई फुले के जीवन पर प्रकाश डाला और श्रद्धासुमन अर्पित किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा की छात्र इकाई के अध्यक्ष नवीन साहू, मीडिया प्रभारी अशोक महतो, मोर्चा के वरिष्ठ सदस्य डॉ. धनंजय कुमार, संजय चौरसिया, मोहम्मद अल्तमस, सूबेदार एसएन सिंह कुशवाहा, दिनेश कुमार मौर्य, शत्रुघ्न कुमार राय, सुधीर राय, राम लखन साहू, मोहम्मद आशिक, शिव प्रसाद साहू, सज्जाद अंसारी, छोटू अंसारी सहित काफी संख्या में मोर्चा के पदधारी व सदस्यगण उपस्थित थे।

स्वर्ण जयंती वर्ष का झारखंड : समृद्ध धरती, बदहाल झारखंडी

  झारखंड स्थापना दिवस पर विशेष स्वप्न और सच्चाई के बीच विस्थापन, पलायन, लूट और भ्रष्टाचार की लाइलाज बीमारी  काशीनाथ केवट  15 नवम्बर 2000 -वी...