यह ब्लॉग खोजें

रविवार, 2 फ़रवरी 2020

पूर्व विधायक भुवनेश्वर प्रसाद सिंह उर्फ पप्पू बाबू की पुण्यतिथि मनी


* जनता के चहेते जनप्रतिनिधि थे पप्पू बाबू : अरुण कुमार सिंह


बख्तियारपुर / पटना : पूर्व विधायक व प्रखर राजनेता स्व.भुवनेश्वर प्रसाद सिंह उर्फ पप्पू बाबू की 13वीं पुण्यतिथि स्थानीय नुनुवती जगदेव सिंह महाविद्यालय परिसर में मनायी गयी। इस अवसर पर काॅलेज प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में कई राजनेता, समाजसेवी, प्रबुद्धजन व पत्रकार शामिल हुए।  सबों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया। मौके पर पूर्व सांसद अरुण कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि स्व.सिंह जनता के चहेते जनप्रतिनिधि थे। खासकर गरीबों और असहायों के लिए मसीहा के रूप में जाने जाते थे। पीड़ित मानवता की सेवा के प्रति उनकी तत्परता और सक्रियता अविस्मरणीय ही नहीं अनुकरणीय भी है। कार्यक्रम के दौरान बिहार सरकार के पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह, पूर्व मंत्री तेजप्रताप यादव, विधायक शक्ति सिंह यादव व राजद के पटना जिलाध्यक्ष देवमुनि सिंह यादव सहित अन्य ने भी उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। सबों ने एक स्वर में कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में स्व.सिंह का कार्यकाल सराहनीय रहा है। वे जनता के सुख-दुख में सदैव शामिल हुआ करते थे। जनसमस्याओं के प्रति सजग रहना उनकी दिनचर्या में शुमार रहता था। इस अवसर पर काफी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भी उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया।
र्व विधायक स्व.भुवनेश्वर प्रसाद सिंह की पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धासुमन अर्पित करने जुटे राजनेताओं ने बिहार की नीतीश सरकार पर  पूर्वाग्रह से ग्रसित होकर अन्य दलों के राजनेताओं पर कार्यवाही करने का आरोप लगाया। पूर्व सांसद अरुण कुमार सिंह ने कहा कि लालू यादव के विरुद्ध मैने 15 वर्षो तक लड़ाई लड़ी। लेकिन लालू जी ने कभी मुझे परेशान करने का काम नही किया।लेकिन जिस नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाने के लिए मैने लालू जी से लड़ाई लड़ी,उसी नीतीश कुमार ने मुझ पर तीन दर्जन से भी ज्यादा मुकदमा लादने का काम किया है। वहीं पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह ने सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि अगर नीतीश में दम है, तो मुझे गिरफ्तार करके दिखाये।उन्होंने कहा कि मुझ पर नीतीश कुमार ने इसलिए मुकदमा करवाने का काम किया है,क्योंकि मैंने सरकार की कमियो को उजागर करने का काम किया। पूर्व मंत्री ने कहा कि चाहे जो हो जाय लेकिन मैं डरनेवाला नही हूं।जबकि विधायक शक्ति सिंह यादव ने सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि पूरे बिहार में आज अराजकता की स्थिति है। शिक्षा,स्वास्थ्य, सड़क की स्थिति अत्यंत दयनीय है। उन्होंने कहा कि बिहार हत्या,बलात्कार व अपहरण जैसे संगीन अपराधों का पर्याय बन चुका है। कार्यक्रम को पटना जिला के राजद अध्यक्ष देवमुनि सिंह यादव,राजद नेत्री मधु सिंह,महाविद्यालय के सचिव कुमार निरजंन,प्रभारी डॉ. सुरेश द्विवेदी,डॉ. सतीश कुमार,संजय कुमार यादवेन्दु,प्रेमशंकर सिंह चौहान व विजय सिंह सहित कई लोगो ने संबोधित किया।मौके पर प्रो.मुरलीधर सिंह,प्रो.अलखदेव सिंह,प्रो. मिथलेश सिंह,प्रो. एम.एन.आई.सिद्दीकी,प्रो श्रीकांत सिंह,प्रो. श्रीकांत वर्मा,प्रो.अरविंद सिंह,तालकेश्वर सिंह व विनोद सिंह सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।

बेहतर बुनियादी सुविधाएं मेरी प्राथमिकता: उर्मिला यादव

वार्ड 41 की सड़कें हुईं चकाचक


रांची। रांची नगर निगम के वार्ड संख्या 41 की सड़कें चकाचक हो गई है। सड़क निर्माण होने से इस क्षेत्र के निवासियों को काफी राहत मिली है। एचईसी आवासीय परिसर के साइट 4 के चारों तरफ मोहल्ले की सड़कें काफी दिनों से मरम्मत की बाट जोह रही थी। नगर निगम के फंड से वार्ड पार्षद की अनुशंसा पर उक्त सड़कों का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण के प्रति वार्ड पार्षद उर्मिला यादव काफी तत्परता से जुटी रहीं। फलस्वरूप वार्ड 41 के अंतर्गत विभिन्न मोहल्लों में गुणवत्तापूर्ण सड़क का निर्माण संभव हो सका। इस संबंध में वार्ड पार्षद श्रीमती यादव ने बताया कि लगभग डेढ़ करोड़ की लागत से वार्ड 41 के अंतर्गत साइट 4 मोहल्ले के चारों ओर तकरीबन 3.5 किलोमीटर पक्की सड़क का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। सड़क बन जाने से इस क्षेत्र के निवासियों को आवागमन करने में अब परेशानी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि उनके वार्ड क्षेत्र अंतर्गत नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराने के प्रति वे सदैव प्रयासरत हैं। इस दिशा में उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियां रही हैं। उनके क्षेत्र में बिजली, पेयजल, सड़क जैसी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं लोगों को बेहतर ढंग से दी जा रही है। उन्होंने कहा कि उनके वार्ड में नियमित रूप से स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है। जल्द ही उनका वार्ड एक आदर्श वार्ड के रूप में अपनी पहचान स्थापित करेगा। वार्ड को पॉलिथीन मुक्त क्षेत्र घोषित करने की दिशा में भी वह सतत प्रयासरत हैं।

मुंगेरीलाल के हसीन सपने जैसा बजट:नंदकिशोर यादव


रांची। नागरिक अधिकार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नंदकिशोर यादव ने कहा है कि केंद्र सरकार द्वारा पेश किया गया बजट पूरी तरह से दिशाहीन वह निराशाजनक है। बजट में बेरोजगारी, बढ़ती हुई महंगाई, तेजी से गिरते विकास दर, ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर कोई फोकस नहीं किया गया है। किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए बजट में कोई विशेष प्रावधान नहीं किया जाना केंद्र की भाजपानीत सरकार के मंशा जाहिर करता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 की तरह ही यह बजट भी मुंगेरीलाल के हसीन सपने के समान है। आयकर स्लैब को इसमें और अधिक उलझा दिया गया है। रोजगार और अर्थव्यवस्था पर सरकार ने कुछ विशेष प्रावधान नहीं किया है। उन्होंने कहा कि देश की सबसे प्रमुख समस्या बेरोजगारी है, लेकिन केंद्रीय बजट में बेरोजगारी दूर करने संबंधी कोई रणनीति नहीं बनाई गई है, जिससे युवाओं को रोजगार प्राप्त हो सके। कुल मिलाकर बजट निराशाजनक और दिशाहीन है।

शुक्रवार, 24 जनवरी 2020

सदान विकास पार्टी ने मनाई नेताजी की जयंती


रांची। सदान विकास पार्टी ने हिनू के शुक्ला कॉलोनी स्थित प्रदेश कार्यालय में महान क्रांतिकारी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 123 वीं जयंती मनाई। इस अवसर पर सदान विकास पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आरपी साहू ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया। डॉ. साहू ने नेताजी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के महान योद्धा नेताजी सुभाष चंद्र बोस विशेषकर देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। राष्ट्रप्रेम के प्रति उनका जज्बा और जुनून अविस्मरणीय ही नहीं, बल्कि अनुकरणीय भी है। इस मौके पर शिवनाथ भट्टाचार्य,अनंत कुमार अरविंद कुमार गुप्ता, अमर साहू, अविनाश कुमार, राजेश कुमार, विजय प्रसाद, बलराम साहू, शंभू शर्मा सहित सदान विकास पार्टी के अन्य सदस्यगण मौजूद थे।

शुक्रवार, 17 जनवरी 2020

जेसीआई उड़ान का मिलन समारोह आयोजित


* विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों को मिला पुरस्कार

रांची। सामाजिक संस्था  जेसीआई,रांची उड़ान के तत्वावधान में संस्था के पदधारियों और सदस्यों का मिलन समारोह शुक्रवार को आयोजित किया। इस कार्यक्रम का आयोजन मकर सक्रांति के उपलक्ष्य पर किया गया। इस कार्यक्रम का संचालन संस्था की समन्वयक रंजना जाजोदिया और बबीता मारू के निर्देशन में किया गया। महिलाओं के लिए पतंगबाजी व विभिन्न प्रकार के खेलों का आयोजन किया गया। महिलाओं ने उत्साहपूर्वक विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लिया। प्रतियोगिता में विजयी प्रतिभागियों को उपहार दिये गये। संस्था की ओर से जेसीआई उड़ान की राखी गंगवाल जैन,सचिव विनीता जैन, अर्चना मुरारका,बरखा गाड़ोदिया,उमा जैन,नीतू गुप्ता,नितिशा जालान, शीतल ड्रोलिया, राखी काला,सुमन बजाज,अनुराधा जैन, अनिता सोमानी,संध्या बागला,रेखा,शिल्पा,ज्योति अग्रवाल उपस्थित थी। उक्त जानकारी जेसीआई उड़ान की मीडिया प्रभारी पूजा केशरी ने दी।

मायुमं ने गरीबों के बीच किया गर्म कपड़ों का वितरण


* मंच का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक जरूरत का सामान पहुंचाना : नीरू अग्रवाल

रांची। मारवाड़ी युवा मंच, रांची दक्षिण शाखा एवं महिला जागृति शाखा के संयुक्त तत्वावधान में अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के स्थापना दिवस के चौथे दिन निवारनपुर स्थित आदिम जनजाति सेवा केंद्र एवं निवारनपुर स्थित मुख बधिर स्कूल के बच्चों के बीच गर्म कपड़े, तेल, साबुन,मोजे, मिठाई, टॉफी इत्यादि का वितरण किया गया। इस अवसर पर मुख्य रूप से प्रांतीय उपाध्यक्ष रोहित शारदा उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि मंच का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति के जरूरतों को पूरा करने में अपना योगदान देना है। इस कार्यक्रम की संयोजिक विनय नाहटा, बीना शारदा, नीरू अग्रवाल , ऋषभ रामपुरिया ने सभी बच्चों से उनकी जरूरतों के बारे में जाना और आगे उसे पूरा करने का आश्वासन दिया । कार्यक्रम  का संचालन पीयूष विजयवर्गीय एवं धन्यवाद ज्ञापन पवन अग्रवाल ने दिया।इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से युवा मंच के प्रांतीय उपाध्यक्ष रोहित शारदा,युवा मंच रांची दक्षिण शाखा के अध्यक्ष कृष्ण कुमार पिलानिया, सचिव पीयूष विजयवर्गीय, पवन अग्रवाल, संजय सुलतानिया, विमल जैन, ऋषभ रामपुरिया, विनय नाहटा, महिला जागृति शाखा अध्यक्ष उर्मिला मोटानी,अंजना अग्रवाल , बिना शारदा,नीरू अग्रवाल ,रेनू गोयल ,अनुपमा विजयवर्गीय, संगीता बागड़ी, प्रिया शर्मा, ज्योति अग्रवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे। इस आशय की जानकारी मंच के मीडिया प्रभारी मोनू चूड़ीवाला ने दी।

सामुदायिक पुलिस कार्यक्रम आयोजित


* पुलिस अधीक्षक ने युवाओं को खेल सामग्री और जरूरतमंद ग्रामीणों को कंबल का वितरण किया

चाईबासा। आपसी विश्वास,सद्भावना एवं सहयोग से क्षेत्र के विकास के लिए जिला पुलिस प्रशासन सदैव तत्पर है। उक्त बातें चाईबासा के पुलिस अधीक्षक  इंद्रजीत माहथा ने कही। वे
पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ प्रखंड अंतर्गत लोंजो गांव में चाईबासा पुलिस द्वारा ग्रामीणों के साथ बैठक कर सामुदायिक पुलिस कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने ग्रामीणों को बेहतर विधि व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस को यथासंभव सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को बेहतर विधि-व्यवस्था मुहैया कराने के लिए सामूहिक सहभागिता जरूरी है। जनता के साथ समन्वय स्थापित कर पुलिस अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए तत्पर है। इस कार्यक्रम में सहायक पुलिस अधीक्षक -सह- अनुमंडल पुलिस उपाधीक्षक,चक्रधरपुर नाथू सिंह मीणा भी मौजूद थे।
सामुदायिक बैठक के दौरान  पुलिस अधीक्षक एवं सहायक पुलिस अधीक्षक द्वारा आसपास के गांव की छह टीम में प्रत्येक टीम को फुटबॉल और नेट का वितरण किया गया, जिसमें लोंजो हाई स्कूल की बालिका टीम भी शामिल रही। लोंजो स्कूल के आठवीं से दसवीं तक के बच्चों को सोलर लाइट दिया गया,ताकि वे रात्रि में भी पढ़ाई कर परीक्षा की तैयारी कर सकें। साथ ही स्कूल के अन्य बच्चों के बीच भी पुलिस प्रशासन द्वारा टॉफी  वितरण किया गया।
पुलिस प्रशासन द्वारा स्थानीय ग्रामीणों के बीच ठंड से बचाव हेतु कंबल व अन्य आवश्यक सामग्रियों का वितरण किया गया। बैठक के उपरांत पुलिस अधीक्षक,सहायक पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस प्रशासन के पदाधिकारी,पुलिस जवानों ने ग्रामीणों के साथ दोपहर का भोजन किया तथा आपसी विश्वास, सद्भावना और सम्मान के साथ क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्धता जतायी।पुलिस अधीक्षक एवं  सहायक पुलिस अधीक्षक  द्वारा सामुदायिक बैठक में लोंजो उच्च विद्यालय के दसवीं कक्षा के बच्चों के साथ परीक्षा की तैयारी को लेकर विशेष चर्चा की गई एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामना दी गई। पुलिस विभाग की  इस पहल की ग्रामीणों ने प्रशंसा की।

स्वर्ण जयंती वर्ष का झारखंड : समृद्ध धरती, बदहाल झारखंडी

  झारखंड स्थापना दिवस पर विशेष स्वप्न और सच्चाई के बीच विस्थापन, पलायन, लूट और भ्रष्टाचार की लाइलाज बीमारी  काशीनाथ केवट  15 नवम्बर 2000 -वी...