यह ब्लॉग खोजें

सोमवार, 13 जनवरी 2020

विलक्षण प्रतिभा के धनी हैं नाथू सिंह मीणा


प्रतिभा परिचय की मोहताज नहीं होती। प्रतिभावान व्यक्ति किसी भी क्षेत्र में रहें, अपनी कार्यशैली से विशिष्ट पहचान बनाने में सफल होते हैं। अपनी प्रतिभा का परचम लहराते हुए कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश करते हैं। ऐसी ही एक शख्सियत हैं झारखंड के पश्चिम सिंहभूम (चाईबासा) जिलांतर्गत चक्रधरपुर अनुमंडल में पदस्थापित अनुमंडलीय पुलिस पदाधिकारी सह सहायक आरक्षी अधीक्षक नाथू सिंह मीणा। श्री मीणा वर्ष 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। वह विगत 20 अक्टूबर 2019 से चक्रधरपुर में बतौर एसडीपीओ सह एएसपी अपने कर्तव्यों का बखूबी निर्वहन कर रहे हैं। काफी कम समय में ही श्री मीणा पुलिस विभाग में अपनी सकारात्मक छवि बनाने में सफल रहे हैं। उनकी कार्यशैली अन्य पुलिसकर्मियों के लिए अनुकरणीय है। मूल रूप से राजस्थान निवासी श्री मीणा की प्रारंभिक शिक्षा-दीक्षा गांव में ही हुई। उनके पिता प्रभु दयाल मीणा एक प्रगतिशील किसान हैं, वहीं माता प्रभावती देवी मीणा एक कुशल गृहणी व समाजसेविका भी हैं। राजस्थान के नायला से उन्होंने मैट्रिक की परीक्षा पास की। तत्पश्चात इंटरमीडिएट से लेकर स्नातकोत्तर तक की शिक्षा उन्होंने जयपुर में हासिल की। वह एक सामान्य व निम्न आयवर्गीय किसान परिवार से हैं। उनके परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी, इसलिए उन्होंने शिक्षा प्राप्त करने के बाद नौकरी की तलाश शुरू कर दी। इस क्रम में उन्हें पोस्ट ऑफिस में क्लर्क की नौकरी मिली। लगभग एक वर्षों तक उन्होंने पोस्ट ऑफिस में अपनी सेवाएं दी। इसके बाद उन्होंने इंडियन रेलवे ट्रेफिक सर्विस (आईआरटीएस), बड़ोदरा में भी कार्य किया। पढ़ने-लिखने में शुरू से ही अव्वल रहने वाले श्री मीणा अपनी व्यवहारकुशलता, कर्तव्य निष्ठा, लगन व परिश्रम के बलबूते सदैव आगे बढ़ने का जज्बा और जुनून लिए अपने कर्तव्यपथ पर अग्रसर रहे। उनकी दिली तमन्ना थी कि वह आईपीएस बनकर देश व समाज की सेवा करें। इस दिशा में वह सतत प्रयासरत रहा करते थे। जीविकोपार्जन के लिए धनोपार्जन के साथ-साथ इसकी तैयारी भी उन्होंने शुरू कर दी। अंततः इस दिशा में उनका प्रयास रंग लाया। वर्ष 2017 में उन्होंने प्रतियोगिता परीक्षा में सफलता प्राप्त की और आईपीएस चयनित हुए। प्रशिक्षण काल के दौरान वह लगभग सात माह गिरिडीह में पदस्थापित रहे। इस दौरान उन्होंने पुलिस विभाग के आलाधिकारियों व अपने सहकर्मियों से विभागीय कार्यों के गुर सीखे। आईपीएस बनने के बाद वर्ष 2018 में श्री मीणा परिणय सूत्र में बंधे। वह दो भाई व दो बहन हैं। अपने पारिवारिक उत्तरदायित्वों का बखूबी निर्वहन करते हुए वह विभागीय कार्यों के त्वरित निष्पादन के प्रति भी सजग रहते हैं। पुलिस-पब्लिक के बीच मैत्रीपूर्ण संबंध स्थापित कर वह अपराध नियंत्रण और बेहतर विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतत प्रयासरत रहते हैं। वह कम्युनिटी पुलिसिंग को बढ़ावा देते हुए समाज में पुलिस की सकारात्मक छवि बनाए रखने की दिशा में अग्रसर हैं। शहरी क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और विधि व्यवस्था संधारण के अलावा सुदूरवर्ती ग्रामीण इलाकों में भी ग्रामीणों के बीच जाकर वह उनकी समस्याओं से रूबरू होते हैं। श्री मीणा का मानना है कि पुलिस जनता की सेवक होती है। जनता के साथ पुलिस को समन्वय स्थापित कर विभागीय कार्यों को गति देने की आवश्यकता है। इससे सामाजिक सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलता है। काफी हद तक यह प्रयास स्वस्थ और स्वच्छ समाज निर्माण में भी सहायक होता है।
प्रस्तुति : विनय मिश्रा

रविवार, 12 जनवरी 2020

चाईबासा में अपराध नियंत्रण को लेकर बैठक


*पुलिस अधीक्षक के अध्यक्षता में अपराध नियंत्रण को लेकर बैठक का आयोजन,सभी पदाधिकारियों एवं थाना प्रभारी को दिया गया आवश्यक निर्देश*

*बैठक के दौरान निर्वाचन कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस पदाधिकारियों,थाना प्रभारियों एवम पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया

विनय मिश्र
चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में पुलिस अधीक्षक  इंद्रजीत माहथा की अध्यक्षता में अपराध नियंत्रण को लेकर बैठक आयोजित की गई।बैठक में जिले अंतर्गत विभिन्न थानों में दर्ज अपराधिक मामलों एवं उसके निष्पादन से संबंधित प्रगति प्रतिवेदन की समीक्षा की गई।उक्त बैठक में सहायक पुलिस उपाधीक्षक -सह- अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चक्रधरपुर नाथू सिंह मीणा,पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय सुधीर कुमार,सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमर कुमार पांडे, जगन्नाथपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी  प्रदीप उरांव,मनोहरपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मिथिलेश कुमार त्रिपाठी,किरीबुरू अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी  हीरालाल रवि सहित सभी पुलिस निरीक्षक एवं सभी थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

बैठक के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अपराध नियंत्रण को लेकर आयोजित इस समीक्षा बैठक में अपराध के नियंत्रण,अपराध के अनुसंधान की गुणवत्ता,आसूचना संकलन को बढ़ाने से संबंधित,नक्सलियों के विरुद्ध जारी अभियान में तीव्रता लाने एवं अभियान की गति को बढ़ाने संबंधित विषयों पर विस्तृत रूप से चर्चा की गई है।इसके साथ ही आज के बैठक में जिले में यातायात नियमों का पालन करवाना एवं जिले अंतर्गत पर्यटक स्थलों पर समुचित सुरक्षा का प्रबंध करने के साथ महिला एवं बच्चों के विरुद्ध जो अपराध जिला में प्रतिवेदित हुए हैं उन अपराधों के अनुसंधान को ससमय निष्पादित करने संबंधित विषयों पर आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया है।आज के बैठक में स्पीडी ट्रायल के तहत दर्ज मामलों के पूर्ण निष्पादन पर भी चर्चा की गई है।

बैठक के दौरान जिले अंतर्गत एवं जिले से बाहर निर्वाचन कार्य के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस पदाधिकारियों,थाना प्रभारियों एवं पुलिसकर्मियों को पुलिस अधीक्षक के द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करते हुए उनका हौसला अफजाई किया गया।बैठक में उपस्थित सभी पुलिस पदाधिकारियों को जिले में अपराध नियंत्रण और उनके कार्य एवं दायित्व से संबंधित आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया है

राष्ट्रीय युवा दिवस पर फुटबॉल टूर्नामेंट



शिक्षाविद,समाजसेवी एवं समर्थ के संस्थापक निरुप कुमार प्रधान द्वारा संचालित नि:शुल्क बुनियादी शिक्षा हो साई में राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष में संस्थान के बच्चों के बीच फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम का संचालन समाजसेवी नील अभिमन्यु के द्वारा किया गया जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में जे.एल.एन. कॉलेज के पूर्व प्राचार्य नागेश्वर प्रधान एवं भगेरिया फाउंडेशन के संस्थापक विनोद भगेरिया उपस्थित थे।  साथ ही इस कार्यक्रम में  वार्ड पार्षद नंदू बारला, कालिया जमुदा, राहुल बोदरा समेत ग्रामवासी भी मौजूद थे।

इस टूर्नामेंट में ब्लू  टीम, रेड टीम को 1-0 से हराकर विजेता घोषित हुए। विजेता टीम को श्री नागेश्वर प्रधान द्वारा एवं उपविजेता टीम को श्री विनोद भगोरिया द्वारा ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।  पुरस्कार राशि के रूप में ₹500 श्री निरुप प्रधान द्वारा विजेता टीम को दिया गया, साथ ही मैन ऑफ द मैच नंदु बरला ने एवं मैन ऑफ द गोलकीपर को कालिया जामूदा ने मेडल पहनाकर सम्मानित किया।
टूर्नामेंट आयोजित करने का उद्देश्य राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष पर युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद में भी अग्रसर करना है।

शनिवार, 11 जनवरी 2020

अपनी मांगों को लेकर सीएम हेमंत सोरेन से मिलेगी नागरिक अधिकार पार्टी


रांची। नागरिक अधिकार पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक एचइसी परिसर स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में अध्यक्ष नंदकिशोर यादव की अध्यक्षता में हुई। बैठक में विभिन्न जनमुद्दों पर चर्चा की गई। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नंदकिशोर यादव ने कहा कि राज्य की जनता विभिन्न समस्याओं से जूझ रही है। जनता की समस्याओं को दूर करने की दिशा में नागरिक अधिकार पार्टी की ओर से पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि अनुबंध पर कार्यरत रांची नगर निगम के कर्मियों को राज्य कर्मियों के समान वेतन निर्धारित करने या उन्हें नियमित करने, पार्षदों के अधिकार क्षेत्र में वृद्धि करने, उनका मानदेय बढ़ाने,पेंशन की सुविधा और उन्हें विधायकों के समान अन्य सुविधाएं देने, विभिन्न वार्डों में प्रतिनियुक्त नगर निगम के दैनिक वेतनभोगी सफाई कर्मचारियों व सुपरवाइजर की सेवा नियमित करने, होल्डिंग टैक्स कम करने, सफाई के लिए वार्ड अंतर्गत जनता से वसूले जा रहे यूजर चार्ज वापस लेने, पेट्रोल पर सेस चार्ज वापस लेने सहित अन्य मांगों को लेकर नागरिक अधिकार पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही मुख्यमंत्री से मुलाकात करेगा। श्री यादव ने कहा कि जनहित के मुद्दों के समाधान की दिशा में नागरिक अधिकार पार्टी गंभीर है। बैठक में युवा प्रदेश अध्यक्ष नीलमणि पाठक,शकील अहमद, सुरेन्द्र कुमार उर्फ दारोगा जी, गौतम कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष अंबुज कुमार, प्रदेश महासचिव सह प्रवक्ता बृजेश कुमार,  युवा महानगर अध्यक्ष सन्नी कुमार, परवीन निशा, नीलू सिंह, शैला सिंह, रिंकू सिंह, सुनीता मुंडा, सोनी प्रजापति, उषा सिंह, राखी देवी, रेहाना खातून, ममता यादव सहित अन्य मौजूद थे।

कम्युनिटी पुलिसिंग को बढ़ावा देने की पहल


* ग्रामीणों के बीच बांटी उपयोगी सामग्री
* नि: शुल्क चिकित्सा जांच शिविर आयोजित

विनय मिश्रा
चक्रधरपुर। टोकलो थाना क्षेत्र के पदमपुर - दरकाडा गांव में चाईबासा पुलिस के सौजन्य से स्थानीय ग्रामीण जनता के साथ बैठक आयोजित की गई। इस दौरान ग्रामीणों के बीच कंबल,खेलकूद की सामग्री,फुटबॉल,नेट,जर्सी आदि वितरण किया गया। मौके पर चक्रधरपुर के एसडीपीओ सह सहायक पुलिस अधीक्षक नाथुसिंह मीणा ने ग्रामीणों, महिलाओं और बच्चों के साथ संवाद भी  स्थापित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि चाईबासा पुलिस जनता को बेहतर विधि-व्यवस्था मुहैया कराने के प्रति कृतसंकल्प है। अपराध नियंत्रण में पुलिस को यथासंभव सहयोग देने की ग्रामीणों से  उन्होंने अपील की। लोगो के स्वास्थ्य जांच के लिए चिकित्सा दल द्वारा स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। जरूरतमंदों के बीच चिकित्सकों के परामर्श पर  आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया। इस अवसर पर पुलिस विभाग के कर्मी सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मी भी मौजूद थे।

नारी शक्ति सेना गुलाबी गैंग की बैठक


* कुप्रथाओं के खिलाफ अभियान चलाने का निर्णय
* सामाजिक विकास में बाधक है कुरीतियां : रानी कुमारी

रांची। महिला हितों के संरक्षण और सामाजिक उत्थान के प्रति समर्पित स्वयंसेवी संस्था नारी शक्ति सेना (गुलाबी गैंग) समाज में व्याप्त कुरीतियों के खिलाफ अभियान चलाएगी। इस संबंध में शनिवार को हेहल स्थित सुंदरनगर में आयोजित संगठन की बैठक में निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता नारी शक्ति सेना (गुलाबी गैंग) की अध्यक्ष व प्रख्यात समाजसेवी रानी कुमारी ने की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कुप्रथाएं सामाजिक कोढ़ है। समाज में व्याप्त कुरीतियां और अंधविश्वास की वजह से सामाजिक विकास बाधित होता है। रूढ़िवादिता का शिकार होकर झारखंडी समाज आज भी पिछड़ापन का दंश झेलने को विवश हो रहा है। उन्होंने कहा कि विशेषकर झारखंड के सुदूरवर्ती ग्रामीण इलाकों में फैली कुरीतियां व अंधविश्वास के कारण हमारे बीच रह रहे आदिवासी समुदाय के लोगों का अपेक्षित विकास नहीं हो पा रहा है। आदिवासी समुदाय के अतिरिक्त अन्य समुदाय  भी  कुप्रथाओं का शिकार हैं, नतीजतन, सामाजिक उत्थान और सर्वांगीण विकास की बातें बेमानी साबित हो रही है। हमारे समाज में व्याप्त डायन-बिसाही प्रथा, बाल विवाह प्रथा, झाड़-फूंक, तंत्र-मंत्र आदि जैसी कुप्रथाएं सामाजिक विकास में बाधक हैं। इनको कुप्रथाओं के दूर करने से ही हमारे समाज के सभी समुदायों का सर्वांगीण विकास संभव है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति सेना (गुलाबी गैंग) ने कुप्रथाओं को दूर करने के लिए चरणबद्ध अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इसके तहत प्रथम चरण में राजधानी रांची सहित आसपास के मोहल्लों में कुप्रथाएं दूर करने संबंधी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। विभिन्न मोहल्लों में घूम-घूम कर गुलाबी गैंग की सदस्य समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने के लिए लोगों को जागरूक करेंगे। उन्होंने कहा कि कुरीतियां दूर करने के लिए सिर्फ सरकारी स्तर पर चलाए जा रहे कार्यक्रमों से ही सफलता संभव नहीं है, बल्कि गैर सरकारी स्तर पर भी  स्वयंसेवी संस्थाओं को इस दिशा में आगे आने की जरूरत है। ताकि सामाजिक बुराइयों को दूर कर हम स्वस्थ और स्वच्छ समाज निर्माण की दिशा में अग्रसर हो सकें। बैठक में दीपिका देवी, आरती नायक, देवंती देवी,बबली देवी, किरण कुमारी, आशा देवी, सरिता देवी, सविता देवी, सुनीता देवी सहित काफी संख्या में गुलाबी गैंग की सदस्य मौजूद थीं।

डीपीएस चक्रधरपुर के छात्र अंश विश्वकर्मा ने जीता गोल्ड मेडल



चक्रधरपुर । शहर के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान दिल्ली पब्लिक स्कूल के यूकेजी कक्षा के छात्र अंश विश्वकर्मा ने पांचवा इंटर स्कूल कराटे चैंपियनशिप के दस वर्ष से कम आयु वर्ग की प्रतियोगिता में तीन राउंड का मैच जीतकर स्वर्ण पदक प्राप्त किया। प्रतियोगिता में अंश विश्वकर्मा के हैरतअंगेज प्रदर्शन से क्रीड़ास्थल तालियों से गूंज उठा। उपस्थित जनसमूह ने इस नन्हे वीर की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। डीपीएस के प्राचार्य एके पांडे ने अंश की इस उपलब्धि पर उनके पिता सदन विश्वकर्मा और माता रूपा विश्वकर्मा को भी बधाई दी। प्राचार्य श्री पांडे ने कहा कि प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती। इतनी कम उम्र में कराटे के प्रतियोगिता में अंश ने जिस प्रकार का प्रदर्शन किया है, निश्चित तौर पर यह सराहनीय है। उन्होंने अंश को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर डीपीएस के प्रबंधक एसके सुमन, क्रीड़ा शिक्षिका रश्मि पूर्ति, शिक्षिका गीता छेत्री, इला चौधरी, अनामिका दुबे, हिना नाज, एलिस छाॅग, वीरेंद्र कुमार सहित अन्य मौजूद थे।

स्वर्ण जयंती वर्ष का झारखंड : समृद्ध धरती, बदहाल झारखंडी

  झारखंड स्थापना दिवस पर विशेष स्वप्न और सच्चाई के बीच विस्थापन, पलायन, लूट और भ्रष्टाचार की लाइलाज बीमारी  काशीनाथ केवट  15 नवम्बर 2000 -वी...