यह ब्लॉग खोजें

उर्मिला यादव लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
उर्मिला यादव लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 18 नवंबर 2019

उर्मिला यादव ने हटिया से भरा नामांकन




रांची। महिला नेत्री उर्मिला यादव ने नागरिक अधिकार पार्टी की ओर से हटिया विधानसभा क्षेत्र के लिए नामांकन भरा। इस मौके पर उनके सैकड़ों समर्थक शामिल थे। वे हटिया क्षेत्र की कर्मठ और सक्रिय महिला नेत्री हैं। कई बार पार्षद रह चुकी हैं। उर्मिला यादव का कहना है कि सभी पार्टियां संसदीय संस्थाओं में महिला आरक्षण की बात करती हैं लेकिन चुनाव के दौरान टिकट बंटवारे के समय उन्हें अपना संकल्प याद नहीं रहता। जनता के सच्चे प्रतिनिधि विधानसभा और लोकसभा में नहीं जा पाते। झारखंड में हजारों की संख्या में स्कूल बंद कर दिए गए। सरकार की गलत नीतियों के कारण लाखों लोगों को नौकरी से हाथ घोना पड़ा। युवा परेशान है। महिलाएं असुरक्षित हैं। किसान कर्ज के बोझ से दबा हुआ है। महंगाई अपने चरम पर है। व्यवस्था में आमूल चूल परिवर्तन की जरूरत है। इन्हीं सारे मुद्दों को देखते हुए उन्होंने चुनाव लड़ने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि उन्हे पूरा भरोसा है कि हटिया विधानसभा के मतदाताओं का उन्हें आशीर्वाद मिलेगा।

मंगलवार, 30 जुलाई 2019

महिला सियासत ने शुरू किया जन संपर्क अभियान

झारखंड महिला सियासत  को मिल रहा सहयोग
पार्षद उर्मिला यादव घर-घर घूमकर मांग रही समर्थन

रांची। झारखंड की राजनीति में एक नया इतिहास रचने की तैयारी हो रही है। झारखंड महिला सियासत के बैनर तले अबकी बार महिला सरकार के नारे के साथ विधानसभा चुनाव में सूबे की सभी सीटों पर महिला उम्मीदवार उतारने का निर्णय लिया गया है। संस्था के संयोजक सेना से सेवानिवृत्त कैप्टन सुधीर सिन्हा महिलाओं को राजनीति में समुचित भागीदारी दिलाने की दिशा में प्रयासरत हैं। विगत दिनों झारखंड महिला सियासत के सम्मेलन में सभी राजनीतिक दलों से महिला प्रत्याशी को संविधान सम्मत अधिकार देने और चुनाव में महिला उम्मीदवार उतारने की अपील की गई। संयोजक श्री सिन्हा के निर्देशानुसार संस्था से जुड़ी और चुनाव मैदान में उतरने को इच्छुक  महिलाओं ने अपने-अपने क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया है। इस क्रम में एच ई सी आवासीय परिसर के वार्ड 41की पार्षद उर्मिला यादव हटिया विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चला रही हैं। मंगलवार को उन्होंने अपने सहयोगियों के साथ जनसंपर्क कर समर्थन मांगा। चुनाव में एक वोट देने के आश्वासन के साथ वह लोगों से एक नोट भी मांग रही हैं। वह कहती हैं कि झारखंड महिला सियासत के उम्मीदवार जनता के सहयोग से चुनाव मैदान में उतरेंगे। महिलाओं के राजनीति में सक्रिय भूमिका से समाज का अपेक्षित विकास संभव हो सकेगा। राजनीति की कमान महिलाओं के हाथों में आने से विकास की गति तेज होगी। श्रीमती यादव ने कहा कि झारखंड महिला सियासत को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। उन्होंने बताया कि अबतक झारखंड के 17 सीटों पर झामसि के प्रत्याशियों का चयन किया जा चुका है। शेष सीटों पर झामसि के प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने की आवश्यकता है। अबकी बार महिला सरकार के नारे   को धरातल पर उतारने की तैयारी हो रही है। महिलाओं को राजनीति में समुचित भागीदारी दिलाने के लिए कई राजनीतिक दलों ने सहमति जताई है। अबकी बार झारखंड में बदलाव की बयार बहेगी। राजनीति का स्वरुप भी बदला-बदला नजर आएगा। उन्होंने कहा कि झारखंड में महिलाएं एक नया इतिहास रचने की तैयारी में हैं।

शुक्रवार, 19 जुलाई 2019

महिलाओं के राजनीतिकरण में लगी हैं उर्मिला यादव




रांची। झारखंड महिला सियासत ने विधानसभा चुनाव के लिए अबकी बार महिला सरकार का नारा दिया है। यह एनडीए और महागठबंधन से बाहर के दलों को एक मंच पर लाकर तीसरा मोर्चा बनाने की एक कोशिश है। रांची नगर निगम की पार्षद उर्मिला यादव इस अभियान को आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह समर्पित हो चुकी हैं। वे अपने वार्ड के अंतर्गत महिलाओं के राजनीतिकरण के प्रयास में लगी हैं। उनका मानना है कि राजनीतिक चेतना उन्नत होने पर वे अपने अधिकारों के प्रति सजग होंगी। राजनीतिक दल महिलाओं की 33 प्रतिशत भागीदारी पर सहमति तो व्यक्त करती हैं लेकिन चुनावों के दौरान उन्हें उम्मीदवारी देने से परहेज़ करती हैं। लिहाजा महिला सियासत के तहत कोशिश की जाएगी कि आगामी विधानसभा चुनाव में राज्य की सभी 81 सीटों पर महिला उम्मीदवार उतारे जाएं और झारखंड में महिलाओं की सरकार बनवाकर संसदीय राजनीति में एक नया इतिहास रचा जाए। उर्मिला यदव का कहना है कि आधी आबादी जाग जाएगी तो आधी नहीं बल्कि पूरी भागीदारी लेकर देश और राज्य को उन्नति के शीर्ष पर ले जाएगी। वे इसी प्रयास में लगी हैं।

बुधवार, 19 जून 2019

पर्यावरणविद् ने पार्षद उर्मिला यादव को सौंपा औषधीय पौधा



रांची। जाने-माने पर्यावरणविद् और आयुर्वेद के चिकित्सक डॉ.विपीन ने   रांची नगर निगम के वार्ड 41के पार्षद उर्मिला यादव को उनके आवास पर जाकर औषधीय पौधा भेंट किया। डॉ. विपीन ने पर्यावरण संरक्षण के लिए कदम उठाए हैं। इसके तहत रांची नगर निगम के सभी वार्डों में पार्षदों को औषधीय पौधा भेंट किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मानव और वन्य जीवों के लिए पर्यावरण संरक्षण जरूरी है। पेड़-पौधे लगाकर हम पर्यावरण की रक्षा कर सकते हैं। इस अवसर पर पार्षद उर्मिला यादव ने कहा कि पिछले कई सालों से धरती को पर्यावरण प्रदूषण से मुक्त करने की मुहिम चल रही है। इसके तहत पेड़-पौधे लगाकर हम पर्यावरण की रक्षा कर सकते हैं। इस क्रम में डाॅ.विपीन के प्रयासों की सराहना की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा के लिए सरकारी और गैर-सरकारी संगठनों को भी आगे आने की आवश्यकता है। औषधीय गुणों से भरपूर कई पौधे लगाकर हम पर्यावरण की रक्षा के प्रति सजग कर सकते हैं।

स्वर्ण जयंती वर्ष का झारखंड : समृद्ध धरती, बदहाल झारखंडी

  झारखंड स्थापना दिवस पर विशेष स्वप्न और सच्चाई के बीच विस्थापन, पलायन, लूट और भ्रष्टाचार की लाइलाज बीमारी  काशीनाथ केवट  15 नवम्बर 2000 -वी...