यह ब्लॉग खोजें

रविवार, 12 मई 2019

लू से बचाव के लिए जेसीआई की पहल

13 स 18 तक बांटी जाएंगी दवाएं

रांची। रांची वासियों को लू से बचाने के लिए 13 मई से 18 मई तक एक नई पहल की जा रही है। रांची के अभि होम्यो क्लिनिक के डा. राजीव और जूनियर चेंबर इंटरनेशनल के संयुक्त तत्वावधान में मोबाइल होम्यो क्लिनिक की शुरुआत की जा रही है। इसकी अभियान का शुभारंभ सुजाता चौक, फिरायालाल चौक से किया जाएगा। इसके तहत 14 मई को कचहरी चौक, रा, रोड चौक और पिस्का मोड़, 15 मई को हरमू चौक और किशोरगंज चौक पर, 18 मई को इसका समापन गाड़ीखाना चौक और   गोशाला चौक पर किया जाएगा।  इस दौरान गरीब तबके के लोगों को लू प्रतिरोधक दवा, पानी का बोतल, तौलिया आदि दिया जाएगा। डा. राजीव ने बताया कि वे अभी तक 400 से अधिक निःशुल्क हेल्थ कैंप लगा चुके हैं। शहर में चिकनगुनिया का प्रकोप होने पर उन्होंने 100 से अधिक चिकित्सा कैंप लगा चुके हैं। उन्होंने बताया कि लू से बचने के लिए होम्योपैथी में ग्लुनाइट नामक दवा आती है जो काफी कारगर है।
इस मौके पर आयोजित प्रेस वर्ता में जेसीआई रांची के अध्यक्ष राकेश जैन, दीपक अग्रवाल, सौरभ शाह, अरविंद राजगढ़िया, अभिषेक मोदी, मयंक अग्रवाल, सौरभ साबू, गौरव अग्रवाल, अक्षत आनंद, अंकित मोदी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

शनिवार, 11 मई 2019

रहस्य का पिटारा बन चुकी हैं ईवीएम मशीनें



देवेंद्र गौतम
20 लाख करीब ईवीएम मशीनें चुनाव आयोग के कब्जे से बाहर हैं। आरटीआई के जरिए सका खुलासा हुआ है। मुंबई हाई कोर्ट में ससे जुड़ी जनहित याचिका की सुनवाई चल रही है। लेकिन न तो सरकार को इसकी चिंता है न चुनाव योग को। मुख्य धारा की मीडिया के ले भी यह कोई खबर नहीं है। मुंबई के सूचना अधिकार कार्यकर्ता मनोरंजन राय ने 27 मार्च 2018 को मुंबई हात्रकोर्ट में इस मामले को लेकर एक जनहित याचिका दायर की थी। उनके आग्रह पर हाई कोर्ट ने चुनाव आयोग से ईवीएम मशीनों के स्टाक और इनकी निर्माता कंपनियों से आपूर्ति का डाटा मांगा था। इसमें बीस लाख ईवीएम मशीनों का कोई लेखा जोखा नहीं मिल रहा है। कंपनियों ने आपूर्ति की लेकिन चुनाव आयोग तक नहीं पहुंची। मामले की सुनवाई चल रही है। चुनाव के दौरान कहीं होटल के कमरे से ईवीएम मशीने बरामद हो रही हैं तो कहीं सड़क पर फेंकी हुई मिल रही हैं। कहीं स्ट्रांग रूम का ताला खोलकर ईवीएम मशीनें बदले जाने के आरोप लग रहे हैं। कोई हैक करने का दावा कर रहा है कोई हैकिंग की आशंका व्यक्त कर रहा है। लोकतंत्र के इस महापर्व के दौरान आखिर यह सब क्या हो रहा है?
सरकार मौन है। कथित मुख्य धारा के मीडिया ने भी टीआरपी बटोरने वाली इन खबरों को पूरी तरह नज़र-अंदाज़ कर दिया है। सिर्फ फ्रंटलाइन पत्रिका ने इसकी रिपोर्ट छापी है। यूट्यूब पर कुछ वीडियो पोस्ट हुए। अभी तक किसी राजनीतिक दल ने इसपर कोई टिप्पणी नहीं की। 20 लाख ईवीएम मशीनें चुनावी हार को जीत में बदल सकती हैं। सवाल है कि ईसीएल और बीईएल कंपनियों से भेजी गई यह मशीने अगर चुनाव आयोग नहीं पहुंची तो आखिर गईं कहां। बीईल को तो चुनाव आयोग ने अतिरिक्त भुगतान भी कर दिया है। इसबार के चुनाव में ईवीएम मशीनें रहस्यों का पिटारा बन चुकी हैं। बैलेट पेपर के जमाने में बूथ लूट होती थी अब तकनीक का खेल हो रहा है।

शुक्रवार, 10 मई 2019

लोकसभा चुनाव में सूबे की सभी सीटों पर लहराएगा भाजपा का परचम : अजय राय


रांची। भाजपा नेता अजय राय ने कहा है कि सूबे में लोकसभा की सभी सीटों पर भाजपा का परचम लहरेगा। राज्य में दो चरणों में हुए चुनाव के रुझान से यह  स्पष्ट हो गया है कि भाजपा की शानदार जीत होगी। उन्होंने कहा कि राज्य में रघुवर सरकार के कामकाज से जनता पूर्णत: संतुष्ट है। इसका सकारात्मक परिणाम आएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ विपक्षी दलों की ओर से लगाए जा रहे आरोपों को जनता ने सिरे से खारिज कर दिया है। पूरे देश में मोदी की जनसभाओं में उमड़ती भीड़ से यह स्पष्ट हो गया है कि केन्द्र में फिर मोदी सरकार सत्ता संभालेगी। श्री राय ने कहा कि झारखंड में रघुवर दास के नेतृत्व वाली सरकार जनहित में बेहतर काम कर रही है। राज्य में विकास की गति तेज हुई है। भाजपा सरकार बेहतर सुशासन दे रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर अधिकतर जनता ने पिछले दिनों हुए चुनाव में भाजपा के पक्ष में मतदान किया। लोकसभा की सभी 14 सीटों पर भाजपा व इसके सहयोगी दल के प्रत्याशी की भारी बहुमत से जीत होगी।

मासूम से दुष्कर्म के आरोपी का कोई सुराग नहीं



अभिभावक मंच का भ़ड़का आक्रोश, आंदोलन की चेतावनी


लोहरदगा। गत माह शहर के मिशन चौक स्थित एक निजी विद्यालय में 5 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना के 16 दिन बीतने के बावजूद अबतक आरोपी का सुराग नहीं मिलना दुखद है। जिला पुलिस प्रशासन शीघ्र आरोपी को गिरफ्तार करें अन्यथा बाध्य होकर आंदोलन का रास्ता अपनाना होगा। उक्त बातें झारखंड राज्य अभिभावक मंच के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने शुक्रवार को शहर के गुदरी बाजार स्थित खेमराज स्मृति भवन में पत्रकारों से कही। अजय राय ने कहा कि दोषी को किसी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। पीड़िता बच्ची को न्याय दिलाने में अभिभावक मंच एड़ी चोटी का जोर लगाएगी। पूरे मामले की निष्पक्ष तरीके से जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अभिभावक मंच का प्रतिनिधिमंडल आज उक्त स्कूल में जाकर स्कूल के निदेशक, शिक्षिकाओं, स्टाफ से बातचीत की। सभी ने इस घटना की निंदा करते हुए जांच में हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा कि अभिभावक मंच मानती है कि घटना बच्ची के साथ घटित हुई है। इस मामले की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। इसके लिए मंच ने बाल संरक्षण आयोग दिल्ली को पत्र लिखकर मामले की जानकारी दिया है। उन्होने जिला प्रशासन से मांग किया है कि बच्ची व उसके अभिभावक को फूल सिक्योरिटी मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कोई कितना भी दबंग क्यों न ही फर्क नहीं पड़ता है। सच्चाई को सामने लाने और दोषी की गिरफ्तारी के लिए अभिभावक मंच प्रयास करेगा। उन्होंने कहा कि मंच ने पीड़िता व उसके अभिभावक से भी बात किया है। उसे शीघ्र न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया गया है। उन्होंने कहा कि स्कूल में सुप्रीम कोर्ट के गाइडलाइंस का अनुपालन हेतु जिला प्रशासन से बात किया जाएगा। मौके पर प्रदेश सचिव नीरज भट्ट, संजय सर्राफ, संजीव दत्ता, दीपक सर्राफ, अनूप दास, हेमंत वर्मा आदि मौजूद थे।

गिरिराज के अमर्यादित बयान पर बवाल


गिरिराज सिंह को मंत्रिमंडल से अविलंब  हटाया जाय: मौलाना तहजिबुल हसन

पैग़म्बर मोहम्मद पर अमर्यादित टिप्पणी करने पर  विरोध प्रदर्शन


रांची। भारतीय जनता पार्टी के मुंह फट नेता गिरिराज सिंह अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हुए पैगंबर हजरत मोहम्मद सल्ल० और उनकी प्यारी पुत्री हजरत बीबी फातिमा के विरुद्ध विवादित बयान देकर अपनी मानसिकता का परिचय दिया है। इस्लाम धर्म में हजरत मोहम्मद सर्वोच्च स्थान रखते हैं और उनकी पुत्री हजरत बीबी फातिमा स्त्रियों में सर्वोच्च स्थान रखती है। किसी भी स्थिति में हम इसलाम के प्रतिष्ठित महानुभावों के विरुद्ध अमर्यादित भाषा का प्रयोग बर्दाश्त नहीं करेंगे। उक्त बातें मस्जिद जाफरीया के इमाम व खतीब हजरत मौलाना सैयद तहजीब उल हसन रिजवी ने कहीं। मौलाना ने कहा कि गिरिराज का बयान से न सिर्फ मुस्लिम समाज का ही दिल दुखा है बल्कि सभी समाज के लोगों के दिलों को ठेस पहुंची है। क्योंकि हमारा हिंदुस्तान सदियों से गंगा जमुनी तहजीब के प्रतीक है। और यहाँ हिंदू मुस्लिम ईद, दिवाली, दशहरा एक साथ मिलकर मनाते हैं। हम भारत सरकार से मांग करते हैं कि इस घृणित कार्य के लिए गिरिराज सिंह के को दंडित किया जाए। और उन्हें अविलंब मंत्रिमंडल से हटाया जाए। मौलाना ने कहा कि गिरिराज सिंह इससे पूर्व भी इस तरह का बयान देता रहा है जिसके बयान से भारत की एकता और अखंडता को खतरा पहुंचता रहा है। हम तमाम भारतवासी विशेषकर अंजुमन ए जफरिया के सदस्यगण एवं रांची के मुसलमान गिरिराज सिंह के इस बयान की भरपूर निंदा करते हैं। इस मौके पर डॉक्टर शमीम हैदर, सैयद मेहंदी इमाम, जफरुल हसन, अशरफ हुसैन, यूनुस रजा, युसूफ हुसैन, एस एच फातमी, इकबाल हुसैन फातमी, शब्बीर अहमद, गुलाम सरवर, अता इमाम रिज़वी, सैयद फराज अब्बास, फराज अहमद, सैयद समर अली,  आमोद अब्बास, फैजान हैदर समेत सैकड़ों लोग थे।

गुरुवार, 9 मई 2019

डा. मोती प्रसाद सिंह को दी गई श्रद्धांजलि


* श्रद्धासुमन अर्पित करने जुटे चिकित्सकगण व अन्य गणमान्य लोग

रांची। श्रद्धांजलि सभा में देश-विदेश में ख्यातिप्राप्त दिवंगत चिकित्सक डॉ.मोती प्रसाद सिंह को गुरुवार को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। राजधानी के हिनू स्थित उनके आवास पर काफी संख्या में रांची व  जमशेदपुर सहित अन्य जगहों के चिकित्सक, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधिगण और अन्य गणमान्य लोगों ने स्व.डाॅ.सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रृद्धासुमन अर्पित किया। उल्लेखनीय है कि गत तीन मई को जमशेदपुर के टीएमएच में इलाज के दौरान उनका अकस्मात निधन हो गया था। वे कोल इंडिया के डायरेक्टर, स्वास्थ्य सेवा के अलावा एच ई सी, मेकान में भी सेवारत रहे थे। वे विभिन्न राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त चिकित्सा संगठनों से भी जुड़े हुए थे। उन्हें देश विदेश के सेमिनारों में बतौर मुख्य अतिथि व मुख्य वक्ता के रूप में आमंत्रित किया जाता था। सेवानिवृत्त होने के बाद वे रांची के हिनू स्थित शुक्ला कॉलोनी में अपने आवास में रहते थे।
   डॉ. मोती प्रसाद सिंह  की श्रद्धांजलि सभा में मुख्य रूप से डॉ. राघव शरण, डॉ.आर एन सिंह, डॉ.ओपी सिंह, डॉ.रेखा रानी सिंह, डॉ.सुमंत मिश्रा, डॉ.आर आर भट्टाचार्य, डॉ.अनंत सिन्हा, कोल इंडिया के चिकित्सक गण, एचईसी व मेकान के चिकित्सक गण, शहर के कई जाने-माने चिकित्सक, चेबर ऑफ काॅमर्स के प्रतिनिधि, विभिन्न सामाजिक, धार्मिक व सांस्कृतिक संगठनों के प्रतिनिधिगण शामिल हुए। इसके अलावा उनकी तीनों पुत्रियां, दामाद सहित अन्य परिजन मौजूद थे।

बुधवार, 8 मई 2019

संस्मरणः जब डा. मोती प्रसाद सिंह ने मुझे दो दिनों में चंगा कर दिया



देवेंद्र गौतम

अंतर्राष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त चिकित्सक डा. मोती प्रसाद सिंह का आकस्मिक निधन रांची की बड़ी आबादी की तरह मेरे लिए भी व्यक्तिगत क्षति है। उनके निधन की खबर सुनने के बाद उनका चेहरा आंखों के सामने घूम गया। वर्ष 2010 में एक बार मैंने उनका वृहत इंटरव्यू लिया था। इसके कुछ ही दिनों बाद अचानक मेरी तबीयत खराब हुई। पत्रकार मित्र नवल किशोर सिंह मुझे उनके पास ले गए। डाक्टर साहब ने कुछ टेस्ट कराए। रिपोर्ट में टायफायड, यूरिन इंफेक्शन और डायबिटिज निकला। डाक्टर साहब ने मेरा पारिवारिक इतिहास जानने के बाद कहा कि डायबिटिज मुझे ज्यादा परेशान नहीं करेगा लेकिन जब-जब मानसिक तनाव होगा, यह बढ़ेगा। उन्होंने डायबिटिज के लिए एक दवा ग्लुकोनार्म जी वन लगातार खाने की सलाह दी और टीयफायड तथा यूरिन इंफेक्शन के लिए मात्र एक टैबलेट दिया। दो दिन के अंदर मैं पूरी तरह चंगा हो गया। आज भी मैं डायबिटिज के लिए उनकी लिखी दवा खाता हूं।
मैं जानता हूं कि उस समय किसी भी डाक्टर के पास गया होता तो वह पचीसों टेस्ट कराता और मुझे ठीक होने में अच्छा-खासा समय लग जाता। लंबे समय तक कमजोरी रहती। इतने कुशल और देवता समान चिकित्सकों की पीढ़ी अब खत्म होती जा रही है। हाल में ऐसे ही विश्व प्रसिद्ध न्यूरो चिकित्सक डां केके सिन्हा का निधन हो गया। पता नहीं ईश्वर ऐसी विभूतियों को अपने पास क्यों बुला लेते हैं जिनकी समाज को बेहद जरूरत होती है।
2013 में मैं दिल्ली चला गया था। इस बीच रांची आना भी हुआ तो बहुत कम समय के लिए। अभी जब रांची रहना हो रहा है तो कई बार नवल जी से कहा कि डाक्टर साहब से मिलना है। हम उनसे मिलने गए भी लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। उनका एक और इंटरव्यू लेने की इच्छा पूरी नहीं हो सकी।

स्वर्ण जयंती वर्ष का झारखंड : समृद्ध धरती, बदहाल झारखंडी

  झारखंड स्थापना दिवस पर विशेष स्वप्न और सच्चाई के बीच विस्थापन, पलायन, लूट और भ्रष्टाचार की लाइलाज बीमारी  काशीनाथ केवट  15 नवम्बर 2000 -वी...