यह ब्लॉग खोजें

शुक्रवार, 6 सितंबर 2019

पीएम के दौरे की तैयारियों की समीक्षा


श्री जगन्नाथ मैदान(प्रभात तारा मैदान) में लगभग एक लाख लोग शामिल हो

रांची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 सितंबर को रांची आएंगे। वे कुल दो घंटे रांची में रहेंगे। इस दौरान वे पांच योजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और लांचिंग करेंगे। वहीं श्री जगन्नाथ मैदान (प्रभात तारा मैदान) में लोगों को संबोधित करेंगे। इसकी तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव डॉ. डीके तिवारी की अध्यक्षता में झारखंड मंत्रालय में समीक्षा की गई। प्रधानमंत्री के आगमन से लेकर प्रस्थान तक के एक-एक बिंदु पर विचार-विमर्श किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई। मुख्य सचिव ने इस बात पर जोर दिया कि कार्यक्रम में भाग लेने वाले लोगों की प्रत्येक सुविधा का ध्यान रखा जाए ऐसी व्यवस्था की जाए कि आने वालों को कोई परेशानी ना हो। सभी आवश्यक साइनेज और जन सुविधाओं का की व्यवस्था की जाए। मुख्य सचिव ने कहा श्री जगन्नाथ मैदान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में लगभग एक लाख लोग शामिल होंगे।

झारखंड विधानसभा भवन का करेंगे उद्घाटन, जारी करेंगे डाक टिकट
प्रधानमंत्री 11 बजे दिन में रांची बिरसा मुंडा हवाई अड्डा पहुंचेंगे। वहां से सीधे नवनिर्मित विधानसभा भवन परिसर जाएंगे। विधानसभा भवन का अवलोकन करेंगे। इसके सेंट्रल हॉल में सभी विधायकों से मिलेंगे। इस अवसर पर वे नये विधानसभा को लेकर एक डाक टिकट भी जारी करेंगे। वहीं बड़े स्क्रीन पर पूरे विधानसभा भवन की बनावट और व्यवस्था को देखेंगे। वहां से वे श्रीजगन्नाथ मैदान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में पहुंचेंगे। मालूम हो कि विधानसभा भवन का निर्माण 2016 में 465 करोड़ की लागत से शुरू हुआ था। यह कुल 39 एकड़ क्षेत्रफल में फैला है। यह तमाम आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाओं से युक्त है। इसमें 162 विधायकों के बैठने की सुविधा है।

किसान मानधन योजना की करेंगे लांचिंग
श्री जगन्नाथ मैदान से प्रधानमंत्री केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना पीएम किसान मानधन योजना की ऑनलाइन शुरुआत करेंगे। इसी के साथ देश भर के लाभुक किसानों को इससे संबंधित एक मैसेज एसएमएस के माध्यम से उनके मोबाइल नंबर पर चला जाएगा। झारखंड के तमाम जिलों के लाभुक किसान भी प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम का सदेह हिस्सा बनेंगे। गौरतलब है कि किसान मानधन योजना से लघु व सीमांत किसानों को 60 वर्ष की आयु के बाद तीन हजार रुपये मासिक पेंशन मिलेगी। उनके निधन के बाद उनकी पत्नी लाभुक होंगी और उन्हें पेंशन की आधी राशि मिलेगी। । 18 से 40 वर्ष के किसान आयु अनुसार प्रीमियम की राशि देकर इस योजना का हिस्सा बन सकेंगे।

एकलव्य विद्यालयों की लांचिंग भी झारखंड से
अनुसूचित जनजाति समुदाय के छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जुड़ी एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों की लांचिंग भी प्रधानमंत्री झारखंड की धरती से ऑनलाइन बटन दबाकर करेंगे। यह योजना कम से कम 20 हजार की जनजातीय आबादी वाले प्रखंडों में लागू होगी। एक स्कूल में कक्षा 6 से 12 तक के कुल 480 विद्यार्थियों को पढ़ाया जाएगा तथा उनपर प्रति छात्र 1.09 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। झारखंड में कुल 69 प्रखंडों में एकलव्य विद्यालय खोलने की योजना है, जिसमें से इस मार्च 2020 से पहले 23 स्कूल खुलेंगे। इसके निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध करायी जा चुकी है इसके लिए 524 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है।

साहेबगंज में निर्मित बहुचर्चित मल्टी मोडल टर्मिनल का भी होगा ऑनलाइन उद्घाटन
केंद्र सरकार के परिवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय की ओर से साहेबगंज में गंगा नदी किनारे निर्मित मल्टी मोडल पोत टर्मिनल का उद्घाटन प्रधानमंत्री रांची से ऑनलाइन करेंगे। उद्घाटन के साथ वहां उपस्थित लोगों से भी प्रधानमंत्री ऑनलाइन रू-ब-रू होंगे। वह पोत पर माल लदाई और अन्य व्यवस्थाओं का भी ऑनलाइन अवलोकन करेंगे। मालूम हो कि इस परियोजना की लागत 299.10 करोड़ रुपये है। यह जलमार्ग सड़क मार्ग और रेल मार्ग से भी जुड़ा है। यहां से प्रतिवर्ष 1.07 मिलियन टन स्टोन चिप्स तथा 1 मिलियन टन कोयला की ढुलाई हो सकेगी। साथ ही 2500 लोगों को सीधे रोजगार भी मिलेगा। इससे पूरे क्षेत्र की सामाजिक, आर्थिक व्यवस्था में बदलाव आएगा।

झारखंड के नये सचिवालय भवन निर्माण का करेंगे शिलान्यास
झारखंड को नया विधानसभा मिलने के बाद जल्द ही नया सचिवालय भी मिलेगा। इसका भी शिलान्यास प्रधानमंत्री करेंगे। ईस्ट और वेस्ट ब्लॉक के रूप में निर्मित होनेवाला नया सचिवालय भवन भी नये विस भवन की तरह सभी आवश्यक सुविधाओं से युक्त और राज्य की कला संरचना से आकर्षण का केंद्र होगा। इसके निर्माण के लिए 1566.69 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी जा चुकी है। यह भवन कुल 23 लाख 60 हजार 250 वर्ग फीट में निर्मित होगा।

समीक्षा बैठक में राज्य के विकास आयुक्त, डीजीपी सहित सभी विभागों के सचिव और केंद्र और राज्य के अधिकारी मौजूद थे।

पीएम मोदी 12 को करेंगे किसान मानधन योजना का शुभारंभ


प्रधानमंत्री राज्य के 7 अन्नदाताओं को सौंपेंगे प्रमाणपत्र, कार्यक्रम से पूर्व राज्य के 1 लाख किसानों को योजना से जोड़ने का लक्ष्य
====================

रांची। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 12 सितंबर को केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी किसान मानधन योजना का शुभारंभ झारखंड की धरती से करेंगे। कार्यक्रम में करीब एक लाख से अधिक किसानों के भाग लेने की संभावना है। इस योजना के तहत किसानों का इनरालमेट कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से किया जा रहा है। राज्य में 10 हजार कॉमन सर्विस सेंटर कार्यरत हैं एवं प्रत्येक केंद्र के लिए प्रतिदिन 50 किसानों को जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। यह कार्य तेज़ी से संपादित हो रहा है। कार्यक्रम से पूर्व लगभग एक लाख किसानों को जोड़ने का लक्ष्य है। ये बातें संयुक्त सचिव, भारत सरकार श्री विवेक अग्रवाल ने होटल रेडिसन ब्लू में आयोजित समीक्षा बैठक में कही।

चार प्रकार से हो रहा है कार्य, ताकि अधिक से अधिक कृषकों को जोड़ा जाए

संयुक्त सचिव, भारत सरकार ने कहा कि विभिन्न माध्यमों से किसानों को योजना से लाभान्वित करने की योजना पर कार्य हो रहा है। पहला किसानों का आधार कार्ड, बैंक खाता संख्या लेकर प्रखंड स्तरीय कर्मियों के सहयोग से किसानों का फ़ॉर्म भरवाकर कॉमन सर्विस सेंटर में पंजीकृत किया जा रहा है। दूसरा जिला के उपायुक्तों द्वारा मुखिया को इस कार्यक्रम से जोड़कर किसानों को मानधन योजना से अवगत कराया एवं उन्हें जोड़ा जा रहा है। तीसरा आयुष्मान भारत के तहत लाभुकों का कार्ड बन रहा है उसी क्रम में प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना के लाभुकों को चिन्हित करते हुए उनका पंजीकरण मानधन योजना के तहत किए जाने के प्रक्रिया प्रारंभ की गई है साथ ही इसके लिए जिला के उपायुक्तों को निदेशित भी किया गया है। चौथे प्रक्रिया के तहत पंचायत स्तर पर कैंप लगाकर अधिक से अधिक किसानों को इस योजना से जोड़ने का निर्देश दिया गया है।

एजेंसी के माध्यम से भी हो सकता है कार्य, राज्य के सात किसानों को मिलेगा प्रमाणपत्र

संयुक्त सचिव भारत सरकार ने कहा कि राज्य सरकार कॉमन सर्विस सेंटर से लॉगिन पासवर्ड लेकर अपने एजेंसी के माध्यम से भी किसानों का पंजीकरण इस योजना के तहत कर सकती है। इससे अधिक से अधिक किसानों को इस योजना से जोड़ा जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान योजना पर लघु फ़िल्म दिखाया जाएगा। राज्य के सात किसानों को प्रधानमंत्री द्वारा सर्टिफ़िकेट दिया जाएगा।

इस अवसर पर सचिव कृषि श्रीमती पूजा सिंघल, कृषि निदेशक श्री छवि रंजन, कॉमन सर्विस सेंटर के राज्य प्रबंधक, सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के प्रतिनिधि, राज्य सूचना विज्ञान अधिकारी ,एन आइ सी तथा अन्य विभागीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

मायुमो महिला समर्पण ने मनाई राधा अष्टमी


रांची। 
हृदय आनन्द भर बोलो—बधाई है ! बधाई है !
हमारे भाग्य हैं जागे, जो 'लाली' घरमें आई है !
राधा अष्टमी की हार्दिक बधाई|

मारवाड़ी युवा मंच महिला समर्पण शाखा द्वारा आज राधा अष्टमी उपलक्ष्य में हरमू रोड स्थित गौशाला में  राधा कृष्ण की पूजा अर्चना की   | साथ ही गौशाला में गायों की सेवा की और चारा , गुड,  हरी सब्जी, भी खिलाया |   
"राधा के सच्चे प्रेम का है यह इनाम,  कृष्ण से पहले लेते हैं राधा का नाम " |
इस सुंदर राधाष्टमी के  आयोजन में अध्यक्ष मीनू अग्रवाल,  सचिव मनीषा पोद्दार, संयोजिका मनीषा लोहिया, शीतल मुरारका के साथ उपाध्यक्ष सुनीता अग्रवाल, अंकिता केडिया,  सुजाता डोकानिया, नेहा शिवरामका, रितु पोद्दार उपस्थित थी | यह जानकारी  मीडिया प्रभारी रश्मि मालपानी ने दी |

छात्राओं के बीच सेनेटरी पैड का वितरण


रांची। नाइन फाउंडेशन और मोती राज सेवा ट्रस्ट के संयुक्त तत्वाधान में ज्ञानोदय उच्च विद्यालय में छात्राओं के बीच " लेट्स टॉक अबाउट पीरियड" कार्यक्रम के तहत सैनिटरी नैपकिन का वितरण किया गया
दिनांक 6सितंबर दिन शुक्रवार को कांके रोड स्थित बिरसा उच्च विद्यालय में छात्राओं के बीच महिलाओं में होने वाली माहवारी के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई और माहवारी के समय अपनी स्वच्छता का किस तरह से ख्याल रखना चाहिए इसके बारे में विस्तृत रूप से बताया गया लगभग 400 छात्राओं के बीच सेनेटरी नैपकिन का वितरण किया गया.
इस अवसर पर झारखंड के पैडमैन मंगेश झा (9 फाउंडेशन), राजीव रंजन आशुतोष द्विवेदी ,स्कूल के प्राचार्य सुषमा देवी ,श्याम कुमार आदि उपस्थित थे

चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन


चक्रधरपुर। जननायक समिति के दूसरे स्थापना दिवस स्व. दिलीप स्मृति भवन में चित्रकला  प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें शहर के  विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने भाग लिया। इस अवसर पर जननायक समिति के संरक्षक राजू प्रसाद कसेरा ने  कहा कि चित्रकला प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों के अंदर छुपी प्रतिभा को उजागर किया जा रहा है जिससे भविष्य में बच्चों को इससे लाभ मिल सके और बच्चों के अंदर आत्मविश्वास जाग सके।विभिन्न स्कूल के कुल 65 बच्चों को चित्रकला प्रतियोगिता में  जननायक समिति द्वारा पुरस्कृत किया गया।मौके पर जन नायक समिति के अध्यक्ष अनूप दुबे, युवा कवि रणविजय कुमार,सेवानिवृत शिक्षक राम नरेश सिंह,राजेश शुक्ला, धीरेन जयसवाल,रोहित दास, प्रशांति साहा, कुंदन भटराई, अंकित दहाल, सुभाष तिवारी,सुशील दास, मो0 अय्यूब  के अलावे कई संख्या में लोग उपस्थित थे।

जनता के चहेते हैं सीआरपीएफ अधिकारी एसएन यादव



विनय मिश्र
पुलिस और सुरक्षा बलों के अधिकारियों को आमजन के साथ मित्रवत व्यवहार रखने को प्रेरित किया जाता है। लेकिन कुछ अधिकारियों में यह स्वाभाविक प्रवृत्ति होती है। जनता के साथ दोस्ताना संबंध व पब्लिक फ्रेंडली मानसिकता उन्हें आमलोगों के बीच एक विशेष पहचान देने में सहायक होती है। आमतौर पर पुलिस की छवि जनता के बीच नकारात्मक होती है, लेकिन कुछ पुलिसकर्मियों की बेहतरीन कार्यशैली, उनकी ईमानदारी व कर्तव्यनिष्ठा से पुलिस के प्रति जनता का नजरिया सकारात्मक होता है। जनता को बेहतर व स्वच्छ प्रशासन मुहैया कराने में ऐसे पुलिसकर्मियों की भूमिका काफी महत्वपूर्ण होती है। ऐसी ही एक शख्सियत हैं चक्रधरपुर स्थित सीआरपीएफ 60 बटालियन में पदस्थापित द्वितीय कमांड अधिकारी एसएन यादव। उनकी बेहतरीन कार्यशैली की सराहना उनके सहकर्मी तो करते ही हैं,जनता के बीच भी उनकी छवि एक ईमानदार व कर्तव्यनिष्ठ पुलिस अधिकारी के रूप में है। आम जनता से मैत्रीपूर्ण संबंध के लिए वह विशेष रूप से जाने जाते हैं। श्री यादव विगत लगभग तीन वर्षों से चक्रधरपुर में सीआरपीएफ में पदस्थापित हैं। क्षेत्र के सुदूरवर्ती ग्रामीण इलाकों व दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में नक्सल गतिविधियों पर काबू पाने की दिशा में उन्होंने उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल की है।  ग्रामीण क्षेत्रों में जनता व पुलिस के बीच मैत्रीपूर्ण संबंध स्थापित करने में भी उन्हें सफलता मिली है। अपनी बेहतरीन कार्यकुशलता का परिचय देते हुए श्री यादव जनता के बीच खासे लोकप्रिय हैं। समाज के भटके ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को वह समाज की मुख्य धारा से जुड़ने का आह्वान करते हैं। वह कहते हैं कि सही मार्गदर्शन के अभाव में युवा दिग्भ्रमित हो रहे हैं। युवाओं को अपने उज्ज्वल भविष्य के प्रति सजग होने की आवश्यकता है। उन्हें सही राह दिखाने में समाज की अहम भूमिका होती है। इस दिशा में सकारात्मक सोच के साथ सामुहिक प्रयास जरूरी है। श्री यादव अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित हैं। अपने विभागीय कार्यों का बखूबी निर्वहन करते हुए जनसेवा के कार्य को भी तरजीह देते हैं। समाज के बीच सामाजिक समरसता बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण सहभागिता रहती है। श्री यादव अपने मातहत कर्मियों को भी अपने कर्तव्यों का ईमानदारीपूर्वक पालन करने के लिए प्रेरित करते रहते हैं। सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में काम करना उनकी विशेषता है। वह कहते हैं कि सामाजिक विकास के लिए युवाओं को सशक्त करना जरूरी है। हर क्षेत्र में ईमानदार पहल किया जाना चाहिए। विधायिका व कार्यपालिका के बीच भी बेहतर समन्वय होने से जनहित के कार्यों को गति मिलती है। यह देश की समृद्धि व मजबूती के लिए आवश्यक है।

पावर लिफ्टिंग में स्वर्ण और रजत पदकों का अंबार लगातीं सुजाता भगत

 

पावर लिफ्टिंग की राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में गोल्ड और सिल्वर पदकों को अंबार लगाती सुजाता भगत ने उत्कृष्ट प्रदर्शन के जरिए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाती जा रही हैं। वे चक्रधरपुर निवासी होकर विश्व पटल पर अपना नाम रौशन करने वाली बहुमुखी प्रतिभा की धनी महिला हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा चक्रधरपुर में हुई। साउथ इस्टर्न रेलवे हाई स्कूल से उन्होंने मैट्रिक की परीक्षा पास की। जेएलएन कॉलेज से उन्होंने ग्रैजुएशन किया। शुरु से ही सुजाता खेलकूद के प्रति सक्रिय रही हैं। उनके पिता स्व. रामरंजन भगत व माता बिजली भगत उन्हें उनकी रुचि के मुताबिक खेलकूद में आगे बढ़ने के लिए सदैव प्रेरित करते रहे। शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य बेहतर रखने के प्रति वह बचपन से ही सजग हैं। पढ़ाई पूरी करने के बाद सुजाता झारखंड पुलिस में बहाल हुईं। पुलिस विभाग में अपनी जिम्मेवारियों को बखूबी निभाते हुए वह एथलेटिक्स के प्रति निष्ठा से लगी रहीं। पावर लिफ्टिंग (वेट लिफ्टिंग) को उन्होंने एक प्रकार से अपना कैरियर बना लिया। पुलिस विभाग में सेवा के दौरान सुजाता झारखंड के विभिन्न  जगहों पर पदस्थापित रहीं। विगत लगभग 10 वर्षों से पावर लिफ्टिंग के क्षेत्र में उनके बढ़ते कदम और उल्लेखनीय उपलब्धियों से उन्होंने झारखंड सहित पूरे देश का नाम रौशन किया है। वह वर्ष 2011 में जापान में आयोजित एशिया गोल्ड कप में गोल्ड मेडल जीतने में सफल रहीं। इस सफलता से उनका आत्मविश्वास और बढ़ने लगा। इसके बाद वह निरंतर आगे बढ़ती गर्इं। वर्ष 2012 में एशिया क्लासिक गेम्स में पावर लिफ्टिंग में उन्हें पुन: गोल्ड मेडल प्राप्त हुआ। वर्ष 2014 में एशिया-यूरोप के 18 देशों की आमंत्रण पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में भी वह कड़ी प्रतिस्पर्द्धा के बीच गोल्ड मेडल जीतने में सफल रहीं। वर्ष 2015 में वर्जिनिया में आयाजित विश्व पुलिस फायर गेम्स प्रतियोगिता में पावर लिफ्टिंग में एक गोल्ड व एक सिल्वर मेडल जीता। वर्ष 2016 में यूएसए में आयोजित कैरोलिना कप में विश्व के कई दिग्गजों को पछाड़ते हुए गोल्ड कप जीता। वर्ष 2017 में लॉस एंजेल्स में आयोजित प्रतियोगिता में ऐ गोल्ड व एक सिल्वर मेडल जीतने में सफल रहीं। वर्ष 2018 में ओपेन वर्ल्ड पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप में भी उन्होेंने गोल्ड मेडल जीता। इस वर्ष विगत दिनों चीन में आयोजित वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स-2019 में सुजाता ने बेहतरीन प्रदर्शन कर अन्य खिलाड़ियों को शिकस्त देते हुए विभिन्न वर्गों में दो गोल्ड मेडल जीते। वर्तमान में सुजाता का नाम पावर लिफ्टिंग के क्षेत्र में विश्वस्तरीय खिलाड़ियों की श्रेणी में अग्रिम पंक्ति में शामिल है। उन्होंने पुलिस विभाग की सेवा से स्वैच्छिक सेवानिवृति ले ली है। खेल के अलावा उनकी रुचि राजनीति में भी है। हाल ही में उन्होंने एक राजनीतिक दल का दामन भी थामा है। वह समाजसेवा को भी तवज्जो देती हैं। सुजाता कहती हैं कि किसी भी क्षेत्र में रहें, सामाजिक कार्यों के प्रति भी सक्रिय रहें।
                                                                                                                             -प्रस्तुति : विनय मिश्रा

स्वर्ण जयंती वर्ष का झारखंड : समृद्ध धरती, बदहाल झारखंडी

  झारखंड स्थापना दिवस पर विशेष स्वप्न और सच्चाई के बीच विस्थापन, पलायन, लूट और भ्रष्टाचार की लाइलाज बीमारी  काशीनाथ केवट  15 नवम्बर 2000 -वी...