यह ब्लॉग खोजें

सोमवार, 16 दिसंबर 2019

प्रशासनिक अधिकारियों ने भी दिखाई मतदान में तत्परता


* भू-राजस्व विभाग के संयुक्त सचिव ने किया मतदान

रांची। झारखंड विधानसभा के चुनाव में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। वहीं, मतदान और अपने मताधिकार के प्रति प्रशासनिक अधिकारियों की तत्परता भी लोगों के बीच चर्चित है। मेरा वोट मेरा अधिकार के तहत चौथे चरण चुनाव के दौरान झारखंड सरकार के भूमि राजस्व विभाग के संयुक्त सचिव अवध नारायण प्रसाद ने अपने बूथ पर जाकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। श्री प्रसाद का मानना है कि मताधिकार का प्रयोग करने के साथ साथ लोगों को उसके लिए प्रेरित भी करना चाहिए। लोकतंत्र के इस महापर्व के अवसर पर हमें अपने मताधिकार का प्रयोग कर देश व समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। इससे हमारा लोकतंत्र और सशक्त होगा।

एपवा ने ली 8 वर्षीय रेप पीड़िता बच्ची की सुधि

न्यायालय से मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग
अन्यथा आंदोलन की चेतावनी

रांची। भाकपा माले की महिला  शाखा  अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला एसोसिएशन (ऐपवा) की रांची जिला की नेत्री आईती तिर्की  ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि 8--10 बर्ष की या उससे भी छोटी उम्र की बच्चियों के साथ बलात्कार की शर्मनाक आपराधिक घटनाएं आम सामाजिक परिघटना बनती जा रही हैं । लगता है कि पूरा समाज एक आपराधिक मानसिकता के शिकंजे में फंस चुका है ।
गौरतलब  है कि 16 दिसंबर को ऐपवा की ओर से आईती तिर्की ओर सिंघी खलखो के नेतृत्व में महिलाओं का एक जांचदल 13नवम्बर को 8 बर्ष की उम्र की एक बच्ची के साथ घटित बलात्कार की घटना की जांच करने गया। तीन /चार दिन पहले यह घटना अखवार के जरिए उजागर हुई है । जांच के दौरान पीड़ित बच्ची की माँ के साथ बातचीत की गई । जो इस प्रकार है  :-- शुकर मुंडा और उनकी पत्नी मिनी अपने बच्चों के साथ नागराटोली में किसी   मकान में  किराएदार के रूप में रहती है । इनका दो बच्ची ,एक 10बर्ष की और एक 8 बर्ष की  है । 13 नवम्बर को रोज की तरह बच्ची की माँ और पिताजी काम पर यानी मजदूरी करने चली गई थी । इसी बीच दिन के लगभग तीन बजे मकान मालकिन की ननद के बेटा ने 8 बर्षीय बच्ची को रेप किया । उसी दिन उसने मकान मालकिन को कही । लेकिन  मकान मालकिन कोई नोटिस नही लिया । इससे बच्ची को इतना सदमा लगा कि दो दिन तक वह बच्ची  अपने माँ बाप को भी कुछ कह नही पायी । अमूमन तीसरा या चौथा दिन वह विस्तारित रूप से अपनी माँ बाप को बताई । लेकिन उस बच्ची के माँ बाप शुकर मुंडा और मिनी भी मकान मालिक के दबाव में आ गए ।फिरभी आज से 5-6 दिन पहले पीड़ित की माता पिता ने थाना में F I R किया और दबाव में आरोपी लड़के ने भी कोर्ट में समर्पण कर दिया । लेकिन अखवार की खबर के अनुसार 23  दिसंबर को कोर्ट के द्वारा आरोपी युवक को  छोड़ दिया जाएगा । ऐपवा के अनुसार इस तरह के शर्मनाक और खतरनाक अपराधिक मानसिकता के युबक पर निश्चित रूप से आवश्यक और  उचित कानूनी कार्यवाही करना चाहिए । ऐपवा न्यायालय से उचित कानूनी कार्यवाही करने की  मांग करती है । अन्यथा ऐपवा इस मुद्दों को आंदोलन का एजेंडा में शामिल करेगी ।
निवेदक :-- आईती तिर्की , शांति सेन , सिंगी खलखो   नेत्री रांची जिला कमिटी।

कार्यालय सचिव सुखदेव प्रसाद द्वारा प्रेषित

रविवार, 15 दिसंबर 2019

चक्रधरपुर पुलिस ने जुआरियों पर कसा शिकंजा


* हब्बा-डब्बा खेल हो रहे स्थल पर छापेमारी, सात मोटरसाइकिल जब्त

चक्रधरपुर। शहर में अपराध नियंत्रण की दिशा में स्थानीय पुलिस सक्रिय है। इस क्रम में चक्रधरपुर के एसडीपीओ नाथूराम मीना और थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने सदल बल शहर में हो रहे जुआ के कई अड्डों पर छापेमारी की। इस दौरान एक जगह हब्बा- डब्बा जुआ का खेल हो रहे स्थल पर धावा बोला गया। पुलिस को देखते ही सभी जुगाड़ी भाग निकले। मौके से पुलिस ने जुआरियों के सात मोटरसाइकिल को जप्त कर लिया। इस संबंध में थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि शहर को अपराध मुक्त करने की दिशा में पुलिस निरंतर सक्रियता से जुटी है। अपराधियों और जुआरियों पर लगातार दबीश जारी रहेगी।

सिन्नी में एनएससीएस का सम्मान समारोह

* सुपर डांसर मैत्री बसाक और मिस चक्रधरपुर इसल आमना  हुईं सम्मानित

विनय मिश्रा
चक्रधरपुर। एन एस सी एस के तत्वावधान में प्रतिभावान कलाकारों के लिए सिन्नी में  सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसका आयोजन रोहित फाइन आर्ट्स एकेडमी और फैशन वर्ल्ड के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। समारोह के दौरान मिस चक्रधरपुर इसल आमना और सुपर डांसर मैत्री बसाक को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर लोकप्रिय कवि रणविजय कुमार और उनकी पत्नी प्रतिभा विकास ने उभरते कलाकारों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें बधाई दी। श्री कुमार ने उभरते कलाकारों को तराशने और उन्हें प्रशिक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले नृत्य कला के प्रशिक्षक संजय बोस की भी सराहना की। उन्होंने कलाकारों को प्रोत्साहित करने और उन्हें एक सशक्त मंच प्रदान करने की दिशा में रोहित फाइन आर्ट्स अकैडमी और फैशन वर्ल्ड के संचालक रोहित दास की भी सराहना की। इस अवसर पर काफी संख्या में गणमान्य उपस्थित थे।

जवानों के प्रेरणा स्रोत हैं राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित रामबाबू प्रसाद




पुलिसकर्मियों की वीरता के अनगिनत किस्से हैं। पुलिस विभाग के कई वीर जवान  ड्यूटी के दौरान अदम्य साहस का परिचय देते हुए अपराधियों से लोहा लेते हुए शहीद हुए हैं। वहीं, कई जवानों ने अपनी वीरता का परिचय देते हुए जान की बाजी लगाकर अपराधियों को मौका-ए-वारदात पर धर दबोचने में सफलता हासिल की है। उनकी बहादुरी के किस्से अन्य पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणादायक हैं। ऐसे ही जांबाज जवानों की श्रेणी में शामिल एक शख्सियत हैं राष्ट्रपति पुलिस वीरता पदक पुरस्कार से नवाजे गए हवलदार रामबाबू प्रसाद। उन्होंने ड्यूटी के दौरान अपनी जान की परवाह किए बिना दुर्दांत और इनामी नक्सलियों को हथियारों के साथ धर दबोचा। उनकी इस बहादुरी के किस्से आज भी पुलिस विभाग में चर्चित है। रामबाबू मूल रूप से पटना जिले के बख्तियारपुर थानांतर्गत करनौती ग्राम के निवासी हैं। गांव उनकी वीरता पर गर्व करता है। उनकी प्रारंभिक शिक्षा-दीक्षा गांव में ही हुई। वर्ष 1982 में रामबाबू बिहार पुलिस में नियुक्त हुए। तत्पश्चात गया जिला पुलिस बल में उनकी प्रतिनियुक्ति की गई। पुलिस विभाग में बतौर कांस्टेबल वह अपनी ड्यूटी बखूबी निभाते रहे। इस दौरान उनका तबादला तत्कालीन नवसृजित जहानाबाद जिला पुलिस बल में हुआ। वहां वे जहानाबाद के तत्कालीन डीडीसी विजय प्रकाश के अंगरक्षक के रूप में प्रतिनियुक्त किए गए। अपने कर्तव्यों के प्रति विशेष रूप से सजग रहने वाले राम बाबू ने वहां अपनी वीरता का जो परिचय दिया, उसे याद कर आज भी जहानाबाद शहर के निवासी सम्मानपूर्वक इनका नाम लेते हैं। घटना के बारे में रामबाबू बताते हैं कि 12 मई वर्ष 1988 में वे तत्कालीन डीडीसी के बंगले पर बतौर अंगरक्षक तैनात थे। इस दौरान उन्होंने देखा कि स्थानीय बैरागीबाग मुहल्ले की ओर से छह व्यक्ति का गिरोह हाथ में हथियार लेकर भाग रहा है। उसके पीछे कुछ ग्रामीण भी उन अपराधियों को पकड़ने के लिए दौड़ रहे हैं। कोठी के बगल से अपराधियों को हथियार के साथ भागता देख उनसे रहा न गया। उन्होंने कोठी पर मौजूद अपने एक सहकर्मी (पुलिस विभाग के चालक) से कहा कि इन अपराधियों को पकड़ना चाहिए और दौड़ पड़े अपराधियों को दबोचने। इस क्रम में अपराधियों की ओर से उन पर निशाना साध कर फायरिंग की गई। अपराधियों की मंशा भांपते हुए रामबाबू ने सड़क पर बने एक पुलिया की ओट में छिप कर अपने सरकारी रिवाल्वर से जवाबी फायरिंग की। इसमें तीन अपराधियों को गोली लगी और घायल होकर  सभी गिर गए। वहीं, तीन अन्य अपराधी जान बचाकर भागने में सफल रहे। रामबाबू ने पलक झपकते घायल तीनों अपराधियों को धर दबोचा। इस बीच काफी संख्या में घटनास्थल पर ग्रामीण भी पहुंच गए थे। सबों ने रामबाबू की सराहना की और इस वीरतापूर्ण कार्रवाई के लिए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान दुर्दांत और इनामी नक्सली के रूप में हुई। उनसे पूछताछ के क्रम में पता चला कि  सभी अपराधी माओवादी संगठन से जुड़े थे और अपने एक शीर्ष नेता की हत्या कर भाग रहे थे। रामबाबू के
 इस बहादुरी भरे कार्य के लिए पुलिस विभाग की ओर से राष्ट्रपति पुलिस पदक वीरता पुरस्कार के लिए उनके नाम की अनुशंसा की गई। वर्ष 1990 में तत्कालीन राष्ट्रपति आर वेंकटरमन की ओर से उन्हें राष्ट्रपति पुलिस पदक वीरता पुरस्कार (पीपीएमजी) प्रदान किया गया। रामबाबू धनबाद में भी पदस्थापित रहे। वहां के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक रणधीर वर्मा (अब मृत) और उनकी पत्नी रीता वर्मा के अंगरक्षक के रूप में भी अपने कर्तव्यों का बखूबी निर्वहन किया। वे चतरा और रांची में भी पदस्थापित रहे। तत्पश्चात इनका तबादला जमशेदपुर रेल थाना में किया गया। इसके बाद वे रांची रेलवे स्टेशन पर जीआरपी थाना में भी बतौर हवलदार पदस्थापित रहे। मार्च 2017 मे रामबाबू प्रसाद हवलदार पद ( सहायक अवर निरीक्षक रैंक ) से सेवानिवृत्त हुए। रामबाबू कहते हैं कि कर्म प्रधान होता है। ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से हम देश और समाज में एक विशेष पहचान बनाने में सफल होते हैं। इससे हमारा देश व समाज सशक्त होता है।
प्रस्तुति : नवल किशोर सिंह

न्यू मधुकम पथ संख्या पांच पर गंदगी का अंबार


रांची। राजधानी के न्यू मधुकम पथ संख्या पांच पर गंदगी का अंबार लगा है। सड़क पर कूड़ा-कचरा और गंदे नाली का पानी बह रहा है। इस ओर नगर निगम का ध्यान नहीं है। स्थानीय नागरिकों के मुताबिक इस मार्ग से गुजरने वाले स्कूली बच्चों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। गंदे नाले और कीचड़ भरे मार्ग पर प्रतिदिन उन्हें स्कूल आना- जाना पड़ रहा है। आलम यह है कि स्कूली बच्चे कीचड़ सने गंदगी को पार करने के बाद अपने पास रखे पीने के पानी से जूते-चप्पल व पैर साफ कर स्कूल पहुंचते हैं। वहीं, आमजन को भी इस मार्ग पर आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस क्षेत्र के नागरिकों का कहना है कि इस दिशा में स्थानीय पार्षद भी उदासीन हैं। इस मार्ग के प्रति रांची नगर निगम की लापरवाही को लेकर स्थानीय नागरिकों में आक्रोश व्याप्त है।

सहानुभूति लहर का लाभ मिल सकता है.निर्दलीय प्रत्याशी सीताराम पाठक को

जरमुंडी विधानसभा क्षेत्र :
* भाजपा के 11 समर्पित कार्यकर्ताओं का निष्कासन  पार्टी के लिए बना परेशानी का सबब

विनय मिश्रा
 जरमुंडी । भाजपा द्वारा पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में ग्यारह कार्यकर्ताओं के निष्कासन के बाद जरमुंडी विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक समीकरण प्रभावित होने के आसार नजर आ रहे हैं। इस क्रम में जरमुंडी विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने वाले सीताराम पाठक के निष्कासन से भी कार्यकर्ताओं व उनके समर्थकों में काफी रोष व्याप्त है। गौरतलब है कि सीताराम पाठक विगत 15 वर्षों से भी अधिक समय से भाजपा के समर्पित और ऊर्जावान नेता के रूप में पहचाने जाते हैं। श्री पाठक पार्टी के लिए हमेशा समर्पित होकर काम करते रहे हैं। विधानसभा चुनाव में भाजपा की ओर से टिकट के लिए प्रबल दावेदार थे। लेकिन उनकी उपेक्षा कर अन्य को भाजपा प्रत्याशी बनाया गया। इससे भाजपा के भीतर ही कार्यकर्ताओं में आक्रोश व्याप्त हो गया। जन दबाव के कारण श्री पाठक निर्दलीय प्रत्याक्षी के रूप में चुनावी मैदान में उतरे। सीताराम पाठक को जिस  प्रकार से जनसमर्थन मिल रहा है, उससे ऐसा प्रतीत हो रहा है कि श्री पाठक की जीत तय है।  वहीं, झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री सरयू राय के समर्थन  से इनकी स्थिति और भी मजबूत होती जा रही है। बता दें कि श्री पाठक गोड्डा  के सांसद निशिकांत दुबे के प्रतिनिधि भी रहे हैं। उनके कार्यकाल में इस क्षेत्र का विकास भी हुआ। श्री पाठक जनता के साथ जुड़े रहे हैं। समर्पित कार्यकर्ताओं के भाजपा से निष्कासन के बाद पार्टी के प्रति लोगों में काफी रोष देखा जा रहा है। आमजन भी श्री पाठक के प्रति सहानभूति व्यक्त कर रहे हैं। ऐसे में यह कयास लगाया जा रहा है कि जरमुंडी विधानसभा क्षेत्र से इस बार चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में सीताराम पाठक जीत का परचम लहरा सकते हैं।

स्वर्ण जयंती वर्ष का झारखंड : समृद्ध धरती, बदहाल झारखंडी

  झारखंड स्थापना दिवस पर विशेष स्वप्न और सच्चाई के बीच विस्थापन, पलायन, लूट और भ्रष्टाचार की लाइलाज बीमारी  काशीनाथ केवट  15 नवम्बर 2000 -वी...