यह ब्लॉग खोजें

शनिवार, 11 जनवरी 2020

कम्युनिटी पुलिसिंग को बढ़ावा देने की पहल


* ग्रामीणों के बीच बांटी उपयोगी सामग्री
* नि: शुल्क चिकित्सा जांच शिविर आयोजित

विनय मिश्रा
चक्रधरपुर। टोकलो थाना क्षेत्र के पदमपुर - दरकाडा गांव में चाईबासा पुलिस के सौजन्य से स्थानीय ग्रामीण जनता के साथ बैठक आयोजित की गई। इस दौरान ग्रामीणों के बीच कंबल,खेलकूद की सामग्री,फुटबॉल,नेट,जर्सी आदि वितरण किया गया। मौके पर चक्रधरपुर के एसडीपीओ सह सहायक पुलिस अधीक्षक नाथुसिंह मीणा ने ग्रामीणों, महिलाओं और बच्चों के साथ संवाद भी  स्थापित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि चाईबासा पुलिस जनता को बेहतर विधि-व्यवस्था मुहैया कराने के प्रति कृतसंकल्प है। अपराध नियंत्रण में पुलिस को यथासंभव सहयोग देने की ग्रामीणों से  उन्होंने अपील की। लोगो के स्वास्थ्य जांच के लिए चिकित्सा दल द्वारा स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। जरूरतमंदों के बीच चिकित्सकों के परामर्श पर  आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया। इस अवसर पर पुलिस विभाग के कर्मी सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मी भी मौजूद थे।

नारी शक्ति सेना गुलाबी गैंग की बैठक


* कुप्रथाओं के खिलाफ अभियान चलाने का निर्णय
* सामाजिक विकास में बाधक है कुरीतियां : रानी कुमारी

रांची। महिला हितों के संरक्षण और सामाजिक उत्थान के प्रति समर्पित स्वयंसेवी संस्था नारी शक्ति सेना (गुलाबी गैंग) समाज में व्याप्त कुरीतियों के खिलाफ अभियान चलाएगी। इस संबंध में शनिवार को हेहल स्थित सुंदरनगर में आयोजित संगठन की बैठक में निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता नारी शक्ति सेना (गुलाबी गैंग) की अध्यक्ष व प्रख्यात समाजसेवी रानी कुमारी ने की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कुप्रथाएं सामाजिक कोढ़ है। समाज में व्याप्त कुरीतियां और अंधविश्वास की वजह से सामाजिक विकास बाधित होता है। रूढ़िवादिता का शिकार होकर झारखंडी समाज आज भी पिछड़ापन का दंश झेलने को विवश हो रहा है। उन्होंने कहा कि विशेषकर झारखंड के सुदूरवर्ती ग्रामीण इलाकों में फैली कुरीतियां व अंधविश्वास के कारण हमारे बीच रह रहे आदिवासी समुदाय के लोगों का अपेक्षित विकास नहीं हो पा रहा है। आदिवासी समुदाय के अतिरिक्त अन्य समुदाय  भी  कुप्रथाओं का शिकार हैं, नतीजतन, सामाजिक उत्थान और सर्वांगीण विकास की बातें बेमानी साबित हो रही है। हमारे समाज में व्याप्त डायन-बिसाही प्रथा, बाल विवाह प्रथा, झाड़-फूंक, तंत्र-मंत्र आदि जैसी कुप्रथाएं सामाजिक विकास में बाधक हैं। इनको कुप्रथाओं के दूर करने से ही हमारे समाज के सभी समुदायों का सर्वांगीण विकास संभव है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति सेना (गुलाबी गैंग) ने कुप्रथाओं को दूर करने के लिए चरणबद्ध अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इसके तहत प्रथम चरण में राजधानी रांची सहित आसपास के मोहल्लों में कुप्रथाएं दूर करने संबंधी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। विभिन्न मोहल्लों में घूम-घूम कर गुलाबी गैंग की सदस्य समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने के लिए लोगों को जागरूक करेंगे। उन्होंने कहा कि कुरीतियां दूर करने के लिए सिर्फ सरकारी स्तर पर चलाए जा रहे कार्यक्रमों से ही सफलता संभव नहीं है, बल्कि गैर सरकारी स्तर पर भी  स्वयंसेवी संस्थाओं को इस दिशा में आगे आने की जरूरत है। ताकि सामाजिक बुराइयों को दूर कर हम स्वस्थ और स्वच्छ समाज निर्माण की दिशा में अग्रसर हो सकें। बैठक में दीपिका देवी, आरती नायक, देवंती देवी,बबली देवी, किरण कुमारी, आशा देवी, सरिता देवी, सविता देवी, सुनीता देवी सहित काफी संख्या में गुलाबी गैंग की सदस्य मौजूद थीं।

डीपीएस चक्रधरपुर के छात्र अंश विश्वकर्मा ने जीता गोल्ड मेडल



चक्रधरपुर । शहर के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान दिल्ली पब्लिक स्कूल के यूकेजी कक्षा के छात्र अंश विश्वकर्मा ने पांचवा इंटर स्कूल कराटे चैंपियनशिप के दस वर्ष से कम आयु वर्ग की प्रतियोगिता में तीन राउंड का मैच जीतकर स्वर्ण पदक प्राप्त किया। प्रतियोगिता में अंश विश्वकर्मा के हैरतअंगेज प्रदर्शन से क्रीड़ास्थल तालियों से गूंज उठा। उपस्थित जनसमूह ने इस नन्हे वीर की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। डीपीएस के प्राचार्य एके पांडे ने अंश की इस उपलब्धि पर उनके पिता सदन विश्वकर्मा और माता रूपा विश्वकर्मा को भी बधाई दी। प्राचार्य श्री पांडे ने कहा कि प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती। इतनी कम उम्र में कराटे के प्रतियोगिता में अंश ने जिस प्रकार का प्रदर्शन किया है, निश्चित तौर पर यह सराहनीय है। उन्होंने अंश को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर डीपीएस के प्रबंधक एसके सुमन, क्रीड़ा शिक्षिका रश्मि पूर्ति, शिक्षिका गीता छेत्री, इला चौधरी, अनामिका दुबे, हिना नाज, एलिस छाॅग, वीरेंद्र कुमार सहित अन्य मौजूद थे।

शुक्रवार, 10 जनवरी 2020

जस्टिस एलपीएन शाहदेव को दी श्रद्धांजलि


झारखंड आंदोलन के प्रणेता और प्रखर आंदोलनकारी जस्टिस एलपीएन शाहदेव की आठवीं पुण्यतिथि के अवसर पर आईआईएम, रांची के सामने स्थित जस्टिस शाहदेव चौक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। झारखंड की राज्यपाल श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने चौक पर आकर जस्टिस शाहदेव को अपना श्रद्धा सुमन अर्पित करके भावभीनी श्रद्धाजंली दी।

पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी चौक पर माल्यार्पण करके जस्टिस शाहदेव को अपनी श्रद्धांजलि दी। श्री रघुवर दास कहा कि जस्टिस एलपीएन शाहदेव झारखंड आंदोलन के अग्रणी पंक्ति के योद्धा थे ।झारखंड राज्य के गठन में उनकी भूमिका को कभी भूला नहीं जा सकता है ।श्री रघुवर दास ने कहा की झारखंड आंदोलन को जस्टिस शाहदेव ने अपनी बौद्धिक ऊर्जा से सींचा था।इसके पूर्व श्रद्धाजंली कार्यक्रम का प्रारम्भ जस्टिस शाहदेव की धर्मपत्नी श्रीमती प्रभा शाहदेव ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर जस्टिस शाह देव की ज्येष्ठ पुत्री शिल्पी सिंह देव ,पुत्र प्रतुल शाहदेव, पुत्रवधू श्रीमती विद्या झा शाहदेव, पौत्री शांभवी ,पौत्र शौर्य प्रताप भी उपस्थित थे।

झारखंड के पहले पूर्व मुख्यमंत्री श्री बाबूलाल मरांडी ने अपने शोक संदेश में कहा की झारखंड आंदोलन में जस्टिस एलपीएन शाहदेव की अग्रणी भूमिका को नही भुलाया जा सकता है।जस्टिस रहने के बावजूद भी उन्होंने आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई थी। चॉक पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सांसद श्री समीर उरांव ने न्यायमूर्ति शाह देव को झारखंड की माटी का लाल बताया और कहा की वह झारखंड की अंतिम लड़ाई के नायक थे। मेयर श्रीमती आशा लकड़ा ने कहा कि झारखंड आंदोलन के क्रम में जब जस्टिस शाहदेव गिरफ्तार हुए तो देश के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ था जब किसी आंदोलन के क्रम में कोई पूर्व न्यायाधीश गिरफ्तार हुआ हो।

इस अवसर पर श्रद्धाजंली देने वालों में झारखंड प्रदेश भाजपा के संगठन मंत्री श्री धर्मपाल सिंह, सांसद श्री समीर उरांव ,रांची विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ रमेश पांडे, विधायक समरी लाल,मेयर आशा लकड़ा, डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय, ट्राइबल एवम रीजनल लैंग्वेज के विभागाध्यक्ष डॉ हरि उराँव, वयोवृद्ध आंदोलनकारी डॉ भुवनेस्वर अनुज, ललन सिंह, भाजपा के उपाध्यक्ष प्रोफेसर आदित्य साहू , सुबोध सिंह गुड्डू, ललित ओझा, संजय जायसवाल, डॉ त्रिभुवन , राजा सिंह, सुभाष साहू, नीरज कुमार साहू, हिमांशु सिंह, निशिकांत चौबे, अमर कुमार, अजय कुमार, लाल संदीप सहदेव, भीम प्रभाकर, आकाश, गिरिराज, राहुल शाहदेव, लाल वैभव नाथ सहदेव, लाल सुजीत सहदेव,  सुरजीत सिंह, प्रेम मित्तल,  विपिन सहदेव, किशन अग्रवाल, पवन शर्मा, भानु प्रताप सहदेव, अंचल किंगर, हर्ष मोहन झा, एके सिंह, सुमित कुमार सिन्हा, सूरज नाथ शाहदेव, शिवपूजन पाठक,केके गुप्ता, रजिस्ट्रार डॉ अमर कुमार चौधरी, ललन सिंह, दिलीप सिंह, मनीष सिंह , दिवाकर सहदेव, पूजा सिंह, पायल सोनी, धीरज, सुमित, संतोष श्याम आदि उपस्थित थे।

एक शाम युवाओं के नाम का आयोजन 12 को

श्री हनुमान सेवा संस्थान के तत्वावधान में होगा कार्यक्रम
* युवा पीढ़ी के बीच बौद्धिक ऊर्जा का संचार करेंगे पंडित विजयशंकर मेहता
 

रांची। राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर श्री हनुमान सेवा संस्थान के सौजन्य से "एक शाम युवाओं के नाम" कार्यक्रम का आयोजन राजधानी के हरमू स्थित पटेल मैदान में शाम छह बजे से आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में प्रख्यात कथावाचक पंडित विजय शंकर मेहता धर्म-आध्यात्म और राष्ट्रवाद के माध्यम से युवा पीढ़ी का मार्गदर्शन करेंगे और उनके बीच बौद्धिक ऊर्जा का संचार करेंगे। इस संबंध में श्री हनुमान सेवा संस्थान के पदधारियों ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता में बताया कि युवा पीढ़ी को अवसाद से बाहर निकालने के उद्देश्य से पंडित मेहता "मेरा प्रबंधक मैं" विषय विषय पर विशेष रुप से युवाओं का मार्गदर्शन करेंगे। श्री हनुमान सेवा संस्थान के संरक्षक प्रमोद सारस्वत ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी कैरियर के दबाव और भौतिकवाद की अंधी दौड़ में डिप्रेशन के शिकार हो रहे हैं। उनके सामने एक आदर्श का अभाव दिखता है। जीवन की दिशा में शून्यता सी आ गई है। हनुमान जी के समान समर्पण व त्याग और स्वामी विवेकानन्द के आदर्श भारत की परिकल्पना ही युवा पीढ़ी को सही दिशा प्रदान कर सकती है।
इन्हीं उद्देश्यों को समाज में प्रतिष्ठापित करने के लिए श्री हनुमान सेवा संस्थान, रांची  द्वारा विगत 6 वर्षों से राष्ट्रीय युवा दिवस (12 जनवरी) के अवसर पर “एक शाम युवाओं के नाम” का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष रविवार (12जनवरी) को रांची के हरमू स्थित पटेल मैदान में उक्त कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
इस आयोजन के लिए  पटेल मैदान में वाटरप्रूफ पंडाल बनाया जा रहा है।
लोगो के बैठने की प्रर्याप्त ब्यवस्था होगी।
ज्ञात हो कि श्री मेहता स्वामी विवेकानन्द के आदर्श भारत की परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से पूरे भारत में वर्ष में 6 महानुष्ठान करते हैं। जिससे आध्यात्म और राष्ट्रवाद के आदर्श को आत्मसात करने की प्रेरणा होती है। इसी कड़ी  में रांची में श्री हनुमान सेवा संस्थान हर वर्ष 12 जनवरी को एक शाम युवाओं के नाम का आयोजन करती है। समारोह के दौरान संस्थान के सदस्यों एवं स्थानीय लोगों द्वारा कार्यक्रम स्थल पर वृक्षारोपण भी किया जाएगा। मौके पर इंडियन रेड क्राॅस सोसाइटी और संस्थान के संयुक्त तत्वावधान से रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में संस्थान के अध्यक्ष राकेश भास्कर, केन्द्रीय संरक्षक शिवनारायण मुंधड़ा, प्रमोद सारस्वत, धर्मेन्द्र तिवारी, आलोक कुमार सिंह, अभिषेक छाबड़ा, रामचंद्र जायसवाल, नवीन झा, गोपाल सोनी, किशन सिंघम, डाॅ. राहुल, अरूण सिंह, फारूख खान सुधीर शर्मा सहित अन्य उपस्थित थे।

गुरुवार, 9 जनवरी 2020

जेसीआई उड़ान का पदस्थापना समारोह आयोजित




राखी गंगवाल जैन की नई टीम ने ली शपथ
* महिलाएं अपनी क्षमता का सदुपयोग सामाजिक नवनिर्माण में करें : कल्पना सोरेन
रांची। जेसीआई उड़ान की नई अध्यक्ष राखी गंगवाल जैन और सचिव विनीता जैन ने अपनी पूरी टीम के साथ गुरुवार को होटल ग्रीन होराइजन में आयोजित पदस्थापना समारोह में नए सत्र (2020) के लिए कार्यभार संभाला। समारोह में जेसीआई उड़ान की निवर्तमान अध्यक्ष आभा भंडारी ने नई टीम के पदधारियों और सदस्यों को शपथ ग्रहण कराया। इस अवसर पर समारोह की मुख्य अतिथि कल्पना सोरेन विशेष रूप से उपस्थित थीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। महिलाएं अपनी क्षमता का सदुपयोग समाज के नवनिर्माण की दिशा में करें। उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत और त्याग से शिखर तक पहुंचने का मार्ग प्रशस्त होता है महिलाएं मां, बहन, बेटी, दादी, नानी आदि की भूमिका में होती हैं। उन्हें घर-परिवार के अलावा समाज के अन्य क्षेत्रों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होती है। इसमें महिलाएं सफल रहती हैं। महिला सशक्तिकरण की दिशा में महिला संगठनों की काफी अहम भूमिका होती है। इस दिशा में जेसीआई उड़ान के कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि महिलाएं अपनी ऊर्जा और क्षमता का सकारात्मक सदुपयोग करते हुए आगे बढ़ें, तभी स्वस्थ और स्वच्छ समाज की परिकल्पना साकार हो सकती है। जेसीआई उड़ान की नई टीम के पदधारियों और सदस्यों को उन्होंने बधाई देते हुए उन्हें अपने मिशन में सफल होने की शुभकामनाएं दी।
मौके पर जेसीआई मंडल 3 के प्रमुख प्रकाश अग्रवाल, संजीव पोद्दार, राखी जैन, कोषाध्यक्ष इशा फोगला, निदेशक निधि बियानी, वृंदा अग्रवाल, अर्चना मुरारका, अनीता अग्रवाल, प्रिया पोद्दार, प्रियंका सर्राफ, खुशबू जैन, संतोष तुलस्यान, मनीषा सोमानी, कोमल रूंगटा, नीतीशा जालान, प्रीति मोहता, शीतल ड्रोलिया, कीर्ति बुधिया, निधि सर्राफ मौजूद थे। कार्यक्रम में विशेष रूप से चेंबर के अध्यक्ष कुणाल आजमानी, जेसीआई रांची के प्रेसिडेंट अमित खोवाल, निशांत मोदी, संदीप जालान सहित काफी संख्या में जेसीआई और जेसीआई  उड़ान के सदस्यगण व अन्य गणमान्य उपस्थित थे। उक्त जानकारी जेसीआई उड़ान की मीडिया प्रभारी पूजा केशरी ने दी।

बुधवार, 8 जनवरी 2020

ताइक्वांडो प्रतियोगिता में डीपीएस के कमलेश महतो को तृतीय पुरस्कार


* स्कूल के प्राचार्य ने किया सम्मानित

चक्रधरपुर। शहर स्थित ख्यातिप्राप्त शैक्षणिक संस्थान डीपीएस की कक्षा आठवीं के छात्र कमलेश महतो ने प्रांतस्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त कर अपने स्कूल व शहर का नाम रौशन किया है। कमलेश की इस उपलब्धि पर डीपीएस में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्कूल के प्राचार्य एके पांडेय ने कहा कि कमलेश की यह उपलब्धि न सिर्फ डीपीएस, बल्कि चक्रधरपुर शहर के लिए  गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि डीपीएस के छात्रों की प्रतिभा तराशने में स्कूल के शिक्षकों का भी अहम योगदान है। उन्होंने कमलेश को मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर स्कूल के छात्र व अभिभावक सहित शिक्षकगण मौजूद थे। गौरतलब है कि कमलेश सहित डीपीएस के 30 अन्य छात्र प्रशिक्षक अनुराग शर्मा से ताइक्वांडो का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।

स्वर्ण जयंती वर्ष का झारखंड : समृद्ध धरती, बदहाल झारखंडी

  झारखंड स्थापना दिवस पर विशेष स्वप्न और सच्चाई के बीच विस्थापन, पलायन, लूट और भ्रष्टाचार की लाइलाज बीमारी  काशीनाथ केवट  15 नवम्बर 2000 -वी...