यह ब्लॉग खोजें

गुरुवार, 10 जनवरी 2019

झारखंड में एक लाख युवाओं को निजी क्षेत्र में मिला रोजगार


झारखण्ड के युवाओं की प्रतिभा ने राज्य ही नहीं पूरे राष्ट्र को गौरवान्वित कियाः द्रौपदी मुर्मू, राज्यपाल

कौशल विकास के क्षेत्र में झारखंड रच रहा इतिहासः -रघुवर दास, मुख्यमंत्री

झारखंड दुनिया की अर्थनीति को संवारने की ताकत रखता हैः धर्मेंद्र प्रधान, केंद्रीय मंत्री भारत सरकार


रांची। राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि आज ग्लोबल स्किल सम्मिट 2019 का आयोजन एक व्यापक उद्देश्य के साथ किया जा रहा है। झारखण्ड राज्य के हमारे युवा अत्यन्त ही मेधावी है। वे परिश्रमी हैं तथा विपरीत एवं विषम हालात में भी अच्छा करने की क्षमता रखते हैं। इसका पूरा देश साक्षी है। उन्होंने कहा कि यहाँ के लोगों ने विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा से राज्य ही नहीं पूरे राष्ट्र को गौरवान्वित किया है। मेधा के क्षेत्र में लड़के एवं लडकियों में भेद नहीं किया जा सकता है। उक्त बातें राज्यपाल ने आज खेल गांव स्थित बिरसा मुंडा स्टेडियम में आयोजित ग्लोबल स्किल सम्मिट 2019 को संबोधित करते हुए कहीं.

राज्यपाल श्रीमती मुर्मू ने कहा कि में लोगों को कौशल विकास के माध्यम से प्रशिक्षण सुलभ कराकर रोजगार सुलभ कराने की ओर सोचना होगा। साथ ही यह भी कहना चाहूँगी कि हमारे युवाओं को भी सम्मानजनक राशि मिले।

एक मंच से राज्य के एक लाख से अधिक बेरोजगार युवक-युवतियों को नियुक्ति पत्र
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि कौशल विकास के क्षेत्र में देश और दुनिया में झारखंड इतिहास रच रहा है. राज्य सरकार द्वारा झारखंड ग्लोबल स्किल सम्मिट 2019 आयोजित कर एक मंच से राज्य के एक लाख से अधिक बेरोजगार युवक-युवतियों को नियुक्ति पत्र मिलना विकास के पथ पर अग्रसर झारखंड का एक बहुत ही बड़ा उदाहरण है. मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि राज्य को विकसित राष्ट्र की श्रेणी में ले जाकर खड़ा करना है. उन्होंने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि हर हाथ में हुनर हो और हर हाथ को रोजगार मिले. इस सपना को पूरा करने के लिए देश में पहली बार अलग से कौशल विकास मंत्रालय का गठन किया गया. प्रधानमंत्री की इस सोच को झारखंड सरकार आगे बढ़ाने का काम कर रही है.

झारखण्ड में पिछले 4 साल में तीन वैश्विक सम्मेलन
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में पिछले 4 साल में तीन वैश्विक सम्मेलन का आयोजन किया गया है. पहला वैश्विक सम्मेलन मोमेंटम झारखंड के रूप में 2017 में किया गया था. इस सम्मेलन के तहत राज्य में बहुत सारे नए निवेशकों ने निवेश करना प्रारंभ किया है. आज झारखंड गारमेंट्स इंडस्ट्री में भी आगे बढ़ रहा है. गारमेंट इंडस्ट्रीज में बड़ी संख्या में राज्य के युवाओं को नौकरी मिल रही है. राज्य में दूसरा वैश्विक सम्मेलन ग्लोबल एग्रीकल्चर फूड सम्मिट 2018 का आयोजन कुछ दिन पहले आयोजित किया गया था. इस आयोजन में राज्य सहित देश और विदेश से कृषि से संबंधित विशेषज्ञ, कृषि वैज्ञानिक एवं उन्नत किसान बड़ी संख्या में सम्मिलित हुए थे. रोजगार के क्षेत्र में भी यह सम्मिट सकारात्मक रहा है. वहीं तीसरा वैश्विक सम्मेलन आज ग्लोबल स्किल सम्मिट 2019 आयोजित हुआ है. स्किल सम्मिट 2019 के माध्यम से राज्य के 1 लाख से अधिक युवक-युवतियों को निजी क्षेत्र में नियुक्ति मिली है.

प्रधानमंत्री युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए कौशल विकास कार्यक्रम
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की सभी जन कल्याणकारी योजनाओं को राज्य सरकार प्रतिबद्धता के साथ संचालित कर रही है. आजादी के 70 वर्ष बीत जाने के बाद भी देश की युवा शक्ति के सर्वांगीण विकास की चिंता किसी ने नहीं की परंतु जिस दिन से देश में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार का गठन हुआ उसी दिन से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए कौशल विकास कार्यक्रम पूरे देश में मिशन मोड में चलाया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मानना था कि देश तभी विकसित होगा जब सभी युवाओं के हाथ में हुनर होगा और रोजगार होगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस सोच को केंद्रीय पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस एवं कौशल विकास मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान के नेतृत्व में एक नई ऊंचाई मिली है. आज स्किल सम्मिट 2019 के इस आयोजन से यह सिद्ध हुआ है कि देश के नौजवानों को रोजगार और स्वरोजगार तीव्र गति से उपलब्ध कराया जा रहा है.

भारत की 65% आबादी युवा है
मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास ने कहा कि देश और राज्य के युवा शक्ति में काफी क्षमता है. भारत की 65% आबादी युवा है. पूरी दुनिया में भारत मात्र एक ऐसा देश है जहां की आबादी का 65% 20 से 35 वर्ष के लोग हैं. हमारे राज्य एवं देश के मानव संसाधन यूरोप, अमेरिका, जापान इत्यादि जैसे देश में भी अपनी हुनर से रोजगार पाकर देश और दुनिया में अपना और राज्य का नाम रोशन कर सकेंगे.

कोई भी काम छोटा या बड़ा नहीं होता
मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र मिलने वाले युवाओं से अपील किया कि कोई भी काम छोटा या बड़ा नहीं होता है. जो भी नौकरी मिले उसे मन लगाकर करें. संकल्प से ही सिद्धि मिलती है. देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी संकल्प लेकर काम करना शुरू किया है यही कारण है कि आज हमारा देश पूरे विश्व में अपना अमिट पहचान बनाने में सफल रहा है.

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि झारखंड राज्य के बच्चे बहुत ही परिश्रमी और अनुशासित हैं. जब राज्य के बच्चों की तारीफ औद्योगिक क्षेत्र के लोग अथवा देश विदेश के अन्य संस्थानों के नामचीन लोग करते हैं तो गर्व से सीना चौड़ा हो जाता है.
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि जीवन में उतार-चढ़ाव निरंतर बना रहता है. इस उतार-चढ़ाव के दौर में हिम्मत नहीं हारना है. जीवन का अनुभव बहुत कुछ सिखाता है. मैं भी एक मजदूर परिवार से आया हूं. जीवन में मैंने भी बहुत सारे उतार-चढ़ाव देखे हैं. आप सबों का आशीर्वाद और प्यार के बदौलत आज एक मजदूर परिवार का व्यक्ति आप के मुख्य सेवक के रूप में कार्य कर रहा है. मैंने भी टाटा स्टील में नौकरी की थी और वहीं से मुझे यह पता चला कि वर्तमान समय में कौशल विकास का होना कितना महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा कि सरकार गठन के बाद से ही राज्य में कौशल विकास प्रशिक्षण के कई केंद्र खोले गए. सुदूर ग्रामीण इलाकों में कम पढ़े लिखे गरीब युवक युवतियों को भी स्किल्ड करना सरकार की प्राथमिकता रही है. गुरुकुल कौशल विकास केंद्र के माध्यम से बच्चों को हुनरमंद बनाया गया है. जितनी तेजी से युवा वर्ग स्किल्ड हो रहे हैं उतने ही तेजी से राज्य सरकार द्वारा औद्योगिक इकाइयों एवं अन्य संस्थाओं के साथ आपसी समन्वय स्थापित कर रोजगार भी उपलब्ध कराया जा रहा है. निजी क्षेत्रों में भी राज्य में रोजगार की असीम संभावनाएं हैं.

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि महेंद्र सिंह धोनी ने पूरे विश्व में झारखंड और भारत का नाम रोशन किया है. उनका अनुसरण युवा वर्ग को करना चाहिए. चाहे कोई भी क्षेत्र हो, मेहनत और लगन अगर इमानदारी से करेंगे तो ऊंचाइयों के बुलंदी को अवश्य छू लेंगे.

गरीबी की कोई जाति नहीं होती
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि कल देश में एक नए अध्याय का सूत्रपात हुआ है। संविधान बनाने वाले महापुरुषों ने समाज के वंचित तबके के लिए आरक्षण की व्यवस्था की थी। सामाजिक पिछड़ेपन एवं शिक्षा के अभाव के कारण जाति आधारित आरक्षण की व्यवस्था संविधान में की गई थी। आजादी के 70 दशक के बाद देश में अभूतपूर्व बदलाव हुआ है। उन्होंने कहा कि गरीबी की कोई जाति नहीं होती। गरीबी अभिशाप है और गरीबी के आधार पर आरक्षण की व्यवस्था सरकार ने की है। इसके लिए 124 वें संविधान संशोधन करके 10% आरक्षण भारत के गरीबों के लिए सुनिश्चित किया जाएगा।

ऐसे आयोजन देश के अन्य भागों में भी हों
 धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि आजादी के बाद के दशकों में यह पहला अवसर है जहां पर एक ही समय पर एक लाख नवयुवकों को नियुक्ति पत्र एक ही प्रांगण में दिए जा रहे हैं।

श्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि कई देशों के राजदूत एवं उद्यमी भी इस ऐतिहासिक पल के गवाह बने हैं।

10000 परिवारों में आएगी खुशहाली
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 2020 में दुबई में एक आयोजन कर के 50,000 नए वाहन चालक को नियोजित किया जाएगा। राज्य में ड्राइविंग इंस्टीट्यूट स्थापित करके 10,000 नौजवानों को प्रशिक्षण प्रदान कर दुबई में नियोजन हेतु राज्य सरकार प्रयासरत है, जिससे कि 10000 परिवारों में आर्थिक संपन्नता आएगी।

देश की उन्नति का आधार हैं झारखंड के खनिज
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि झारखंड की खनिज संपदा से देश के कई राज्यों की अर्थव्यवस्थाओं को संवेग और कल कारखानों को गति प्राप्त हो रही है। झारखंड में कृषि, उद्योग, खनन, संस्कृति, विनिर्माण, निर्माण, पर्यटन, सेवा क्षेत्र, उद्योग का अद्भुत मणिकांचन संयोग है। यहां पर प्रकृति प्रदत्त खनिज और नैसर्गिक सौंदर्य के साथ साथ कुशाग्र मेहनतकश और अनुशासित मानव बल भी है।

झारखंड की अर्थनीति में व्यापक सुधार
दुनिया तेजी से परिवर्तित हो रही है और डिजिटल युग में सारे लोग उसी ढांचे में चल रहे हैं। झारखंड के लोगों की मेहनत एवं नीति नियंताओं
की नियत के कारण अर्थ नीति सुधरना प्रारंभ हो गई है। झारखंड दुनिया की अर्थनीति को संवारने की ताकत रखता है।

पिछले 4 साल में झारखंड को मिली नई पहचान
मुख्य सचिव श्री सुधीर त्रिपाठी ने कहा सरकार और संबद्ध संस्थानों से मिलकर युवा शक्ति को हुनर के साथ जोड़कर इनके जीवन में रंग भरा जा रहा है। झारखण्ड की इस नई पहचान का सूत्रपात चार साल पहले ही कौशल विकास के लिए नये मंत्रालय एवं स्किल डेवलपमेंट सोसाइटी के संचालन के साथ हुआ। उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए संतोष और गर्व का द्योतक है कि उत्तरोत्तर प्रगति करते हुये आज हम उस स्थिति में हैं कि एक दिन में 1 लाख युवाओं को रोजगार देने का कीर्तिमान रच रहे हैं।

राज्य के 6 नए स्किल डेवलपमेंट सेंटरों का ऑनलाइन उद्घाटन
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास ने राज्य के 6 नए स्किल डेवलपमेंट सेंटरों का ऑनलाइन उद्घाटन भी किया. मुख्यमंत्री द्वारा सांकेतिक रूप से 10 युवक-युवतियों को निजी क्षेत्र में नियुक्ति पत्र भी दिया गया.

शिक्षा मंत्री नीरा यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश पढ़कर सुनाया

ग्लोबल स्किल समेट के दौरान टीम समझौता ज्ञापन पर भी हस्ताक्षर किए गए

इस अवसर पर केंद्रीय जनजातीय मामले कार्य राज्य मंत्री सुदर्शन भगत, शिक्षा मंत्री नीरा यादव, कल्याण मंत्री डॉ लुईस मरांडी, पर्यटन खेलकूद युवा कार्य मामले मंत्री अमर कुमार बाउरी, श्रम एवं कौशल विकास मंत्री राज पालीवार, स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी, पदम श्री अशोक भगत, मुख्य सचिव सुधीर त्रिपाठी, विकास आयुक्त  डीके तिवारी, राज्य के सभी अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, सचिव, भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व क्रिकेटर  चेतन शर्मा, प्रसिद्ध क्रिकेट कमेंटेटर चारू शर्मा, प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री महिमा चौधरी, राज्य सरकार के तमाम आला अधिकारी, 17 देशों से आए राजदूत, उद्योगपति, कई महत्वपूर्ण संस्थानों के प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में नियुक्ति पत्र ग्रहण करने वाले युवक युवतियां उपस्थित थे.

सीआरपीएफ के सेवा शिविर में शामिल हुए समाजसेवी सुधांशु सुमन



रांची। सामाजिक संस्था रे ग्राम सेवा फाउंडेशन के संयोजक और  तिरंगा सम्मान यात्रा के सूत्रधार प्रसिद्ध समाजसेवी सुधांशु सुमन कान्हाचट्टी के सुदूरवर्ती बेंगोकल पंचायत में सीआरपीएफ द्वारा आयोजित एकदिवसीय कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस अवसर पर सुधांशु सुमन ने कहा कि सीआरपीएफ देश का सबसे बड़ा अर्धसैनिक बल है, जो देश की आंतरिक सुरक्षा सहित देश के दुश्मनों से भी सुरक्षा प्रदान कर रहा है । चाहे देश के अंदर सामाजिक सरोकार की बात हो ,सामाजिक समरसता की बात हो और राष्ट्र प्रेम की बात हो, सीआरपीएफ ने सदैव बहादुरी का परिचय दिया है।  स्वास्थ्य के क्षेत्र में और शिक्षा के क्षेत्र में विकास में अहम भूमिका निभाई है। कान्हाचट्टी के सुदूरवर्ती बेंगोकल पंचायत में ठंड से प्रभावित ग्रामीणों को शॉल ,साड़ी और मेडिकल सेवा देकर सीआरपीएफ के जवानों ने ग्रामीणों का दिल जीता। समाजसेवी सुधांशु सुमन के साथ 22 बटालियन सीआरपीएफ 2 वाई सी प्रेम कुमार,डिप्टी कमांडेंट बिपिन सिंह,डॉ चुनचुन कुमार ने  सभी ग्रामीणों को अपने हाथों से भोजन कराया। गरम वस्त्र वितरण किया।

भाजपा सरकार जनता को बरगला रही है : आदित्य विक्रम जायसवाल





रांची । झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के पूर्व सचिव आदित्य विक्रम जायसवाल ने कहा कि  केंद्र की मोदी सरकार हो या झारखंड की रघुवर दास सरकार, दोनों सिर्फ जनता को दिग्भ्रमित करती रही है। भाजपा के चार साल के शासनकाल में आम जनता को झूठे वायदे के सिवाय कुछ नहीं मिला। युवाओं को रोजगार देने के नाम पर उन्हें बरगलाया जा रहा है। मोमेंटम झारखंड, ग्लोबल स्किल समिट आदि महज आईवाश है। सरकारी विभागों में हजारों पद खाली पड़े हैं। उन पदों पर नियुक्ति नहीं की जा रही है। निजी क्षेत्र के कंपनियों में नियुक्ति का झुनझुना थमाया जा रहा है। किसानों को उनके उत्पाद का सही मूल्य नहीं मिल पा रहा है, मजदूरों को सही मजदूरी नहीं मिल रहा है। 
उन्होंने कहा कि भाजपा ने झूठ बोलकर सत्ता हासिल किया है। सरकार की कोई उपलब्धि नहीं है। महज कागजी घोड़े दौड़ाकर भाजपा सरकार अपनी पीठ खुद थपथपाने में लगी है। साल में दो करोड नवयुवकों रोजगार देने की बात हो, स्वच्छ भारत अभियान की बात हो या 24 घंटे निर्बाध वि़द्युत आपूर्ति की बात हो, सभी मोर्चे पर सरकार विफल रही है। उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने का श्रेय रघुवर सरकार खुद ले रही है, जबकि वास्तविकता है कि निजी क्षेत्र के उद्यमी अपनी क्षमता व आवश्यकतानुसार प्रतिभावान युवाओं को चयनित करते हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड  राज्य में ओडीएफ की स्थिति पर नजर डालें तो हकीकत  का पता चल जाएगा। बिचैलियों ने शौचालय के नाम पर आम लोगों के यहाँ सिर्फ  गढ़ा खोदकर राशि की निकासी कर ली । भाजपा की ओर से संचालित तकरीबन सभी योजनाओं में राशि की बंदरबांट की गई है। 
श्री जायसवाल ने कहा कि राज्य के रघुवर सरकार विगत 4 वर्षों में 3 अरब रुपये से अधिक राशि प्रचार-प्रसार पर खर्च कर खुद को ब्रांडिंग करने का काम किया है। राज्य की जनता के पैसे को सिर्फ अपने प्रचार-प्रसार के लिए पानी की तरह बहाया है। आम जनता से इनका कोई सरोकार नहीं है। पोस्टर-बैनर पर अनावश्यक राशि खर्च करने की बजाय अगर कोई दूसरे सेक्टर के विकास पर सरकार राशि खर्च करती, तो वाकई में झारखंड विकास के पायदान पर रहता। राज्य में पारा शिक्षक, आंगनबाड़ी सेविका- सहायिका, रसोइया, मुखिया संघ, मनरेगा कर्मी अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। तानाशाही प्रवृत्ति वाली भाजपा सरकार अपने कर्मियों की मांगें मानने की   बजाय उनपर लाठियां बरसाती है, यह राज्य सरकार  के लिए बेहद शर्मनाक  है। सरकार की इन करतूतों से जनता अब ऊब चुकी है और बदलाव की मांग  कर रही है। आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को सबक सिखाते हुए कांग्रेस को समर्थन देगी।
उन्होंने कहा कि आमजनता बिजली, पानी और अच्छी सड़कें जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही है। वहीं दूसरी तरफ भाजपा सरकार झूठे वादे कर जनता को बरगलाने में लगी है।

बुधवार, 9 जनवरी 2019

महागठबंधन के तहत चुनाव लड़़ना विपक्षी दलों की विवशता


* दमदार प्रत्याशी की तलाश में जुटे सभी दल

नवल किशोर सिंह
रांची : झारखंड में लोकसभा और  विधानसभा चुनाव को लेकर सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा छोड़ कर अन्य दल अपने बलबूते सभी लोकसभा और विधानसभा सीटों के लिए दमदार प्रत्याशी खड़ा करने में सक्षम नहीं है।
वर्ष 2014 में संपन्न लोकसभा चुनाव में भाजपा ने राज्य में 14 में से 12 सीटों पर कब्जा जमाया, वहीं झामुमो के खाते में दो सीटें आई, जबकि कांग्रेस समेत अन्य दलों को निराशा हाथ लगी। वर्ष 2014 के झारखंड विधानसभा चुनाव में भाजपा ने जहां 35 सीटें हासिल की थी, वहीं दूसरी तरफ 26 विधानसभा सीटों पर भाजपा दूसरे स्थान पर रही। वहीं कुछ ही दिन बाद झाविमो टिकट पर जीते छह अन्य विधायक भी भाजपा खेमे में आ गये। इस तरह भाजपा विधायकों की संख्या 41 हो गयी। इस तरह 81 सदस्यीय विधानसभा सीटों में से  67 सीटों पर भाजपा पहले और दूसरे स्थान पर रही। वहीं अन्य 14 सीटों में से 9 सीटें सहयोगी दल आजसू पार्टी के लिए भाजपा ने छोड़ दी थी।
दूसरी तरफ विधानसभा में सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा ने 18 सीटों पर जीत हासिल की और 19 स्थानों पर झामुमो प्रत्याशी दूसरे स्थान पर रहे। इस तरह झामुमो ने 81 में से सिर्फ 39सीटों पर अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराने में सफलता हासिल की, शेष अन्य विधानसभा सीटों पर झामुमो प्रत्याशियों की या तो जमानत जब्त हो गयी अथवा काफी कम वोट आये। कांग्रेस ने भी पिछले विधानसभा में करीब 13 प्रतिशत वोट जरूर प्राप्त किये, लेकिन कांग्रेस सिर्फ छह सीट हासिल कर सकी। हालांकि 12 सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी दूसरे स्थान पर रहे। झारखंड विकास मोर्चा ने भी करीब 11 प्रतिशत वोट हासिल कर कांग्रेस से दो सीट अधिक आठ विधानसभा सीटों पर कब्जा जमाया और पांच सीटों पर झाविमो प्रत्याशी दूसरे स्थान पर रहे। हालांकि बाद में झाविमो के आठ में से छह विधायक भाजपा में शामिल हो गये। इनके खिलाफ स्पीकर के न्यायाधीकरण में दल-बदल मामले की सुनवाई हो रही है, वहीं झाविमो के एक अन्य विधायक प्रकाश राम की भी भाजपा से नजदीकियां देखी जा रही है। राष्ट्रीय जनता दल ने पिछले विधानसभा चुनाव में कोई सीट हासिल नहीं किया, लेकिन राजद के छह प्रत्याशी दूसरे स्थान पर रहे थे। इधर, सत्तारूढ़ गठबंधन में सहयोगी आजसू पार्टी के चार विधायक चुनाव जीत कर आये और तीन विधानसभा सीटों पर आजसू पार्टी प्रत्याशी दूसरे स्थान पर रहे। इसके अलावा 10 विधानसभा सीटों पर निर्दलीय और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रत्याशी दूसरे स्थान पर रहे। इस तरह से भाजपा छोड़ कर कोई  भी राजनीतिक दल अपने बलबूते सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए सांगठनिक रूप से सक्षम नहीं दिख रहे हैं। हालांकि विपक्ष के सभी दल अपने-अपने प्रभाव वाले क्षेत्रों में दमदार प्रत्याशी की तलाश में जुट गए हैं। बहरहाल, लोकसभा चुनाव के लिए सूबे का सियासी पारा चढ़ने लगा है। विभिन्न दलों द्वारा विधानसभा चुनाव की भी रणनीति तैयार हो रही है।

रांची जिला तैराकी संघ की वार्षिक बैठक आयोजित


* अर्चित आनंद बने अध्यक्ष


रांची।  खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने व खेल के क्षेत्र में प्रतिभाओं को आगे लाने की दिशा में सतत प्रयासरत रहनेवाले लोकप्रिय सामाजिक कार्यकर्ता अर्चित आनंद को रांची जिला तैराकी संघ का अध्यक्ष चयनित किया गया है। रविवार को राजधानी स्थित होटल ट्राइडेंट इन में आयोजित संघ की वार्षिक बैठक में इस आशय से संबंधित घोषणा की गई। बैठक में राज्य तैराकी संघ के महासचिव शैलेन्द्र कुमार, झारखण्ड राज्य तैराकी संघ के उपाध्यक्ष बलीन्दर सिंह एवं कोषाध्यक्ष शैलेश कुमार सहाय के नेतृत्व में बैठक का आयोजन किया। जिसमें सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि राँची जिला के तैराकों को अधिक से अधिक अवसर व सुविधाएं मुहैया करने का प्रयास किया जाना चाहिए ताकि झारखंड प्रदेश का इस खेल में राष्ट्रीय स्तर पर नाम रौशन हो सके। राँची जिला तैराकी संघ का चुनाव वर्ष 2019-2022 के लिए किया गया। अन्य पदों पर उपेन्द्र कुमार तिवारी,सचिव और अमर कुमार सिंह कोषाध्यक्ष मनोनीत किए गए। इसके अलावा का पाँच उपाध्यक्ष एवं कार्यकारिणी सदस्यों को मनोनित किया गया।
इस अवसर पर नव चयनित जिला अध्यक्ष अर्चित आनन्द ने इस सभा में भाग लेने वाले सभी सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापन किया एवं नये कार्यकारिणी के सभी सदस्यों को शुभकामना देते हुए नई ऊर्जा के साथ आगे काम करने की सलाह दी। यह जानकारी सचिव उपेन्द्र कुमार तिवारी ने दी।

सोनी सब के बीचवाले परिवार को दुबई से मिला शादी का प्रस्ता्व




सोनी सब के हल्के-फुल्के शो 'बीचवाले' में एक मध्यम वर्गीय परिवार के संघर्ष को दिखाया गया है और यह शो अपने जुड़ाव योग्य  कंटेंट के साथ दर्शकों को प्रभावित करने में सफल रहा है। इस शो के आगामी ट्रैक में बीचवाले परिवार को दुबई से एक शादी का प्रस्ताव मिला है, जो उन्हें  मुसीबत में डाल देता है।

दुबई से भारत घूमने आई एनआरआइ लड़की एक मैट्रीमोनियल साइट पर राजू की प्रोफाइल देखती है और वह उसे पसंद करने लगती है। हालांकि, उसका इरादा एक ऐसे लड़के को ढूंढने का है, जिसे वह दुबई ले जा सके और उसे अपना नौकर बनाकर रख सके। उस लड़की के असली इरादे से अनजान, बीचवाले परिवार इस बात से बेहद खुश है कि उन्हें  विदेश जाने का मौका मिल रहा है। वह लड़की बेहद अमीर है और इस बात को देखते हुये बॉबी (ज़ाकिर हुसैन) को कुछ तो गड़बड़ महसूस होती है और वह सच्चाई का पता लगाने के लिये पप्पू (मनोज गोयल) को दुबई भेजता है। तभी कहानी में टि्वस्ट आता है, क्योंकि पप्पू को लड़की द्वारा भेजे गये गुंडों द्वारा किडनैप कर लिया जाता है और उसे शादी के लिये क्लीन चिट देने के लिये विवश किया जाता है।
 पप्पू  की भूमिका निभा रहे मनोज गोयल ने कहा, ''बीचवाले परिवार का हिस्सा  बनकर बेहद खुशी हो रही है। इस शो के सभी कलाकार बेहद प्रतिभाशाली हैं और उनके साथ शूटिंग करने में काफी मजा आ रहा है। इस शो की कहानी बेहद जुड़ाव वाली होती है और उसे मजाकिया अंदाज में पेश किया जाता है। इसके आगामी एपिसोड में, पप्पू पर एक धोखेबाज एनआरआइ लड़की से राजू को बचाने की जिम्मेदारी है।''
राजू का किरदार अदा कर रहे राजीव पांडे ने कहा, ''बीचवाले की टीम के साथ काम करने में बहुत मजा आ रहा है। इस शो का कॉन्सेंप्ट काफी दिलचस्प है और यहस देखकर बहुत अच्छा  लग रहा है कि दर्शक इस सीरीज के साथ जुड़ाव महसूस कर रहे हैं। आगामी एपिसोड्स में, राजू दुबई से आये एक शादी के प्रस्ताव को लेकर बहुत बड़ी मुसीबत में फंस जाता है। मुझे उम्मीद है कि दर्शकों को इस नये ट्विस्ट  में भी मजा आयेगा।

झारखण्ड पिछले चार साल में विकास की नयी ऊंचाईयों परः रघुवर दास

झारखंड मंत्रालय में केंद्र व राज्य सरकार द्वारा प्रायोजित योजनाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक 


रांची। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने दावा करते हुए कहा कि पिछले चार साल में झारखंड विकास की नयी ऊंचाइयों पर पहुंचा है। यह टीम वर्क का नतीजा है। इस विकास को अब तीव्र गति देनी है। शासन पर जनता का विश्वास बढ़ा है। इसे और मजबूत करना है। काम में तेजी लाने के लिए प्रक्रिया का सरलीकरण करना होगा। नियमों को सरल करें ताकि विकास कार्यों में बाधा नहीं आनी चाहिए। आज की जरूरत के अनुसार नियमों में बदलाव करें। आम लोगों की समस्या का समाधान करें। उक्त बातें उन्होंने झारखंड मंत्रालय में केंद्र व राज्य सरकार द्वारा प्रायोजित योजनाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा के दौरान कहीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के अधिकांश क्षेत्र आज नक्सल मुक्त हो चुके हैं। यह बहुत बड़ी उपलब्धि है। जनता खुद को खुरक्षित महसूस कर रही है। जनता की मांग काफी छोटी-छोटी है। उन्हें आवास चाहिए, जो हम प्रधानमंत्री आवास योजना व अंबेडकर आवास योजना के तहत दे रहे हैं। उन्हें अच्छी सड़क चाहिए, जो गांव-गांव में बन रही है। बिजली घर-घर पहुंचायी जा चुकी है। अब लोगों को क्वालिटी बिजली देने की प्रक्रिया चल रही है। गांव के हर वृद्ध को वृद्धा पेंशन, विधवा महिलाओं को विधवा पेंशन, दिव्यांगों को दिव्यांग पेंशन को शत प्रतिशत पहुंचाना है। उज्जवला योजना के तहत राज्य की और 14 लाख महिलाओं को एलपीजी गैस कनेक्शन, चूल्हा और पहली रिफिल फ्री दी जायेगी। इसके लिए भी जल्द प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश मुख्यमंत्री ने दिया।


मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण सड़कों की मरम्मति के लिए इस बार के बजट में अलग से फंड दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गांव में लाभुकों के साथ स्वयं सहायता समूह को जोड़ें ताकि आवास बनाने के काम में तेजी आये।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधान सचिव, कमिश्नर, डीसी तथा डीजीपी से लेकर डीएसपी तक के पुलिस पदाधिकारी सप्ताह में एक दिन गांव जाएं और सीधे जनता से संवाद करें -चौपाल लगायें। इससे ग्रामीणों के छोटे-छोटे मुद्दों का आसानी से समाधान हो सकेगा। शासन और जनता के बीच दूरी नहीं रहने से बिचौलिये भी समाप्त होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीबों का काम करने से शांति मिलेगी। कमीश्नर अपने क्षेत्र के बीडीओ, सीओ के कार्यों की समीक्षा करें। राज्य से आज नक्सलवाद लगभग पूरी तरह समाप्त हो गया है, राज्य के 13 LWE जिले के जो गांव नक्सल प्रभावित थे उन गांवों के युवाओं को कौशल विकास से जोड़ कर उन्हें प्रशिक्षित करने के कार्य चल रहा है। इसमें और तेजी लाएं। टेक्सटाइल समेत अन्य क्षेत्रों में उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराये जा रहे हैं। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों मे एलडब्ल्यूइ की मद में केंद्र सरकार से मिल रही राशि को केवल विकास कार्यों में खर्च करें। नक्सल प्रभावित क्षेत्र में पानी की टंकी बनाये। इस टंकी के पास नल के माध्यम से ग्रामीणों को जलापूर्ति होगी। दूसरे चरण में इस टंकी को पाइपलाइन के माध्यम से जोड़कर लोगों को पेयजल मुहैया कराया जायेगा। इसके साथ ही गांव में स्ट्रीट लाइट लगायें। इससे रात में भी लोग रोजगार व आवागमन कर सकेंगे। इससे भी गांव में बदलाव आयेगा। गांव में पेभर ब्लॉक के माध्यम से सड़क बनायें। इससे ग्राउंड वाटर रिचार्ज भी होगा और गांव भी साफ सुथरा दिखेगा। इसके लिए स्थानीय एसपी के साथ ही उस क्षेत्र में काम कर रही सुरक्षा एजेंसियों के वरीय अधिकारी से योजना में मदद लें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले 5-6 माह काम करने का समय है। इसके बाद बरसात में काम धीमा हो जायेगा। डीसी सांसद-विधायक निधि की योजनाओं को स्वीकृत कर तय समय सीमा में तेजी से कार्य करायें। इससे विकास कार्यों में तेजी आयेगी। स्कूलों में बच्चों की ड्रेस बनवाने का कुछ उपायुक्तों ने अच्छा काम किया है। दूसरे डीसी उनसे सीख लेकर अपने जिले में इसे लागू करें। इसमें गांव की महिलाएं ही ड्रेस सिलने का काम कर रही है। सभी उपायुक्त अपने अपने जिले में महिलाओं को प्रशिक्षण दें, सरकार महिलाओं को मशीन देगी। इसी मदद से वे ड्रेस सिल सकेंगी। आदिवासी ग्राम विकास समिति और ग्राम विकास समिति के माध्यम से जो अनुशंसा आयी है, उस पर फंड जारी करने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता रैली निकालने को कहा। इसके अलावा राज्य के सभी 203 कस्तुरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों में सहायक महिला पुलिस की तुरत तैनाती का निर्देश दिया। गांव में चिकित्सा सेवा के लिए कुछ जिलों ने मोटरसाइकिल एंबुलेंस सेवा शुरू की है। इसी प्रकार की सेवा सभी जिलों के सुदूर गांवों के लिए शुरू करें। आयुष्मान भारत से ज्यादा से ज्यादा अस्पतालों को जोड़ने के लिए उपायुक्त जिलास्तर पर सलाहकार समिति बनायें। इसमें वे निजी अस्पतालों को योजना में शामिल होने के लिए प्रेरित करें। जिलों में एनएचएम , एएंडएम आदि का कोई भी पद फरवरी तक खाली न रहे, इसे सुनिश्चित करें। रेडी टू इट योजना के लिए रामगढ़ के गोला में पायलट के तहत योजना की शुरुआत की जा रही है। इसे अच्छी तरह से लागू करायें। सुकन्या योजना के तहत 15 जनवरी से लाभुकों का चयन कर उन्हें इसका लाभ देने की शुरुआत करें। इसमें सांसद, विधायक व अन्य जन प्रतिनिधियों को साथ में जोड़ें। समारोह आयोजित कर लाभुकों को राशि दें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में छात्रावासों की स्थिति का जायजा लें और कमियों को दूर करें-- सुधार करें। दुमका में फरवरी में आर्मी द्वारा बहाली का आयोजन किया जायेगा। वहां के युवाओं को इसके लिए पहले से तैयारी करायें। इसका व्यापक प्रचार और प्रसार हो ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण युवा भाग ले सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में जल्द से जल्द लोगों को पेयजल पहुंचाना है। अप्रैल तक सभी कार्य पूरा हो ताकि गर्मी में पेजयल की दिक्कत ना हो। इसके लिए मिशन मोड़ में काम करें। इसमें आदिम जनजाति गांवों को प्राथमिकता दें। इसके साथ ही एससी-एसटी गांवों में भी पानी पहुंचाने की कवायद तेजी से करें। एडवांस प्लानिंग करें, ताकि हर जरूरत मंद तक समय से पानी पहुंचा सकें।

 बैठक में राज्य के मुख्य सचिव सुधीर त्रिपाठी, विकास आयुक्त सह अपर मुख्य सचिव डीके तिवारी, अपर मुख्य सचिव वित्त  सुखदेव सिंह, अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक डीके पांडे, सभी प्रधान सचिव, सभी सचिव, सभी प्रमंडलीय आयुक्त, सभी जिलों के उपायुक्त सहित सभी विभागों के आला अधिकारी उपस्थित थे.

स्वर्ण जयंती वर्ष का झारखंड : समृद्ध धरती, बदहाल झारखंडी

  झारखंड स्थापना दिवस पर विशेष स्वप्न और सच्चाई के बीच विस्थापन, पलायन, लूट और भ्रष्टाचार की लाइलाज बीमारी  काशीनाथ केवट  15 नवम्बर 2000 -वी...