यह ब्लॉग खोजें

गुरुवार, 22 अगस्त 2019

कौशल विकास से प्रशिक्षित 24 युवाओं को मिली दुबई में नौकरी, सीएम ने दी बधाई

कौशल विकास के माध्यम से हुनरमंद युवा रोजगार से हो रहें हैं आच्छादित
=================
कल्याण गुरुकुल तोरपा खूंटी के 24 हुनरमंद युवा रोजगार के लिए दुबई रवाना, मुख्यमंत्री ने दी बधाई
===================
2014 के बाद कल्याण गुरुकुल से हुनरमंद बन अब तक 10 हजार युवा बनें स्वावलंबी
====================
युवाओं को हुनरमंद बनाने हेतु राज्य सरकार 700 करोड़ रुपये कर रही है खर्च
=====================

रांची/खूंटी।कल्याण गुरुकुल तोरपा खूंटी के 24 युवाओं को रोजगार के लिए दुबई विदा होने पर मुख्यमंत्री  रघुवर दास ने खुशी जाहिर करते हुए बधाई दी है।*

हुनरमंद होंगे हाथ तो रोजगार के अवसर होंगे आपार। इन्हीं बातों को आत्मसात कर राज्य सरकार प्रारंभ से ही डिग्री के साथ साथ युवाओं को हुनरमंद बनाने पर विशेष जोर दे रही है। इसके लिए केंद्र सरकार ने कौशल विकास मंत्रालय व राज्य सरकार ने कौशल विकास विभाग का सृजन किया। ताकि बेरोजगार युवाओं को हुनरमंद बना उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा सके। अब सरकार का यह प्रयास रंग ला रहा है। खूंटी के रहने वाले अनुसूचित जाति, जनजाति, अल्पसंख्यक और पिछड़े वर्ग के 24 युवाओं का आत्मविश्वास आज चरम पर था,  हो भी क्यों न उनके हुनरमंद हाथों ने उन्हें आर्थिक रूप से सबलता जो प्रदान की है। आज ये युवा खूंटी उपायुक्त कार्यालय में आयोजित एक विशेष समारोह के बाद दुबई रवाना होने से पूर्व अन्य युवाओं प्रेरणा दे गए।

वोल्टास कंपनी में मिली 20 हजार की नौकरी

कल्याण गुरुकुल तोरपा खूंटी के 24 युवाओं को रोजगार के लिए दुबई रवाना किया गया। सभी युवा कल्याण विभाग झारखंड सरकार द्वारा संचालित कल्याण गुरुकुल तोरपा खूंटी से इलेक्ट्रीशियन ट्रेड में 90 दिन का प्रशिक्षण पूरा कर रोजगार के लिए तैयार हुए हैं। विश्व की जानी मानी कंपनी वोल्टास ने गुरुकुल के छात्रों को नियोजित किया है, जिसमें उन्हें 20 हजार रुपये मासिक तनख्वाह पर रखा गया है ।युवाओं को मासिक वेतन के साथ रहने की सुविधा भी दी जाएगी।

युवाओं को सुरक्षित रोजगार प्रदान करने की दिशा में हो रहा है काम

विशेष कार्यक्रम में उपायुक्त खूंटी श्री सूरज कुमार ने कहा कि कल्याण गुरुकुल पूरी निष्ठा से झारखंड के अनुसूचित जाति, जनजाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़े वर्ग के युवाओं को सुरक्षित रोजगार प्रदान करने की दिशा में काम कर रहा है। पूरे राज्य में 25 कल्याण गुरुकुल का संचालन किया जा रहा है, जिनसे अब तक 10,000 से अधिक युवाओं को देश विदेश की नामी कंपनियों में नियोजित किया जा चुका है। कल्याण गुरुकुल तोरपा खूंटी की शुरुआत वर्ष 2018 में हुई थी। यहां से अब तक 170 से अधिक बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिल चुका है और 120 युवाओं का प्रशिक्षण अभी चल रहा है। कल्याण गुरुकुल तोरपा खूंटी के अगले बैच के लिए नामांकन जारी है, जिसमें 120 युवाओं को प्रशिक्षण और रोजगार देने का लक्ष्य है।

कार्यक्रम के दौरान खूंटी जिला के अधिकारीगण, गुरुकुल के प्रिंसिपल श्री किशोर चंद मोहंती, जिला संयोजक श्री चंदन कुमार, ट्रेनर मोहम्मद कलाम प्रेक्षा प्रतिनिधि के साथ सभी छात्र मौजूद थे।

हजारीबाग दुमका और पलामू मेडिकल कॉलेज में छात्र करा सकते हैं नामांकन



ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत छात्रों होगा नामांकन

राज्य सरकार ने तय लक्ष्य को साध लिया, छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूंः रघुवर दास

रांची। दुमका, हजारीबाग और पलामू में नवनिर्मित मेडिकल कॉलेज में नामांकन हेतु झारखण्ड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगी परीक्षा बोर्ड ने विज्ञापन जारी कर दिया है। मुझे खुशी है कि राज्य सरकार ने अपने तय लक्ष्य को समय पर साध लिया और नामांकन प्रक्रिया आरंभ हो गई। मैं नामांकन ले रहे सभी छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं। उपरोक्त बातें मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास ने दुमका, पलामू और हजारीबाग मेडिकल कॉलेज में नामांकन प्रक्रिया से संबंधित विज्ञापन जारी होने के बाद कही।

ऑनलाइन कर सकते हैं आवेदन

विज्ञापन के अनुसार,  वैसे छात्र जिन्होंने NEET(UG) 2019 में सफलता प्राप्त की हो वे झारखण्ड के उपरोक्त तीन मेडिकल कॉलेज में नामांकन हेतु आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने पूर्व में ही नामांकन हेतु आवेदन दिया है उन्हें दूसरी बार इस प्रक्रिया से गुजरने की जरूरत नहीं। नामांकन के  इच्छुक छात्र बोर्ड के ऑफिसियल वेबसाइट- http://jceceb.jharkhand.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं। सभी नियम व शर्तें पूर्वत रहेंगी। प्रोविजनल मेरिट लिस्ट 26 अगस्त 2019 को वेबसाइट पर सार्वजनिक कर दी जाएगी। जारी लिस्ट को लेकर अगर किसी छात्र को कोई आपत्ति हो तो वह सहायक दस्तावेज के साथ ईमेल के जरिये 27 अगस्त 2019 तक अपनी आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। 28 व 29 अगस्त 2019 तक छात्र कॉउंसेललिंग के दौरान मेरिट के आधार पर अपने पंसद के संस्थान का चयन हेतु फॉर्म जमा कर सकते हैं। 30 अगस्त 2019 को सीट का आवंटन छात्रों को कर दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने की उपायुक्तों के कार्यों की समीक्षा


★ किसानों की डेटा इंट्री 10 सितंबर तक पूरा करें

★ शहीदों के नाम पर स्कूल का नामकरण करने का निर्देश

रांची। मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास ने कहा कि सरकार की सबसे पहली प्राथमिकता है किसानों तक पीएम किसान योजना व मुख्यमंत्री कृषि सम्मान योजना का लाभ पहुंचे।इसके लिए सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। इस कार्य में किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। यह योजना सरकार की प्राथमिकता में है। लिस्ट में छूटे हुए किसानों के नाम की इंट्री 10 सितंबर तक पूरी करा लें। इसे मिशन मोड पर करायें। उपायुक्त हर दिन इसकी मॉनिटरिंग करें। हर तीन दिन में डाटा इंट्री की रिपोर्ट मुख्यमंत्री स्वयं देखेंगे। उक्त निर्देश मुख्यमंत्री ने झारखंड मंत्रालय में सभी उपायुक्तों को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से दिया।

उपायुक्त से लेकर नीचे के अधिकारी सेवा भाव से काम करें

मुख्यमंत्री ने कहा कि उपायुक्त से लेकर नीचे के अधिकारी सेवा भाव से काम करें। नौकरी सेवा करने के लिए मिली है। जो जिले अच्छा कर रहे हैं, वहां के उपायुक्त से फोन कर सुझाव लें। अक्तूबर तक जिन किसानों को पहली किस्त मिली है, उन्हें दूसरी किस्त और जिनका नाम अभी इंट्री हो रहे हैं, उन्हें पहली किस्त मिलनी है।

गृह प्रवेश तीन सितंबर से किया जायेगा

मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माण पूरा हो चुके आवासों का गृह प्रवेश तीन सितंबर से किया जायेगा। इसमें स्थानीय सांसद, विधायक, निर्वाचित जन प्रतिनिधि को बुलाकर कार्यक्रम का आयोजन करें। इससे पहले निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा कर लें। इसके साथ ही जिन स्कूलों में शौचालय व पानी नहीं है, तीन दिन में उनकी सूची बनवा लें। यहां स्थानीय सांसद-विधायक निधि की राशि से शौचालय व पानी की व्यवस्था करायें।

शहीदों के जिलों में उनके नाम पर स्कूल का नामकरण किया जायेगा

मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास ने कहा कि देश की आजादी में झारखंड के वीरों का अहम योगदान है। देश में आजादी के लिए पहला उलगुलान झारखंड से ही हुआ था। उन शहीदों का सम्मान हमारा कर्तव्य है। सरकार ने निर्णय लिया है कि शहीदों के संबंधित जिलों में उनके नाम पर स्कूल का नामकरण किया जायेगा। सभी उपायुक्त अपने-अपने जिले में शहीदों के नाम पर स्कूल का नामकरण करने का काम करें। इससे हमारी आनेवाली पीढ़ी को सीख मिलेगी।

सुकन्या योजना के तहत भी लड़कियों को लाभ पहुंचायें

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुकन्या योजना के तहत भी लड़कियों तक इसका लाभ पहुंचायें। जन्म के साथ ही उनके परिजनों के खाते में राशि भेज दें। जिन लड़कियों की उम्र 18 वर्ष हो चुकी है और जो अविवाहित हो, 12वीं पास कर ली हो और उनका नाम मतदाता सूची में शामिल करवाकर उनके खाते में 10-10 हजार रुपये डालवाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी क्षेत्र में सितंबर 25 तक 100 अटल क्लिनिक खोले जाने हैं। जिन क्षेत्र में इन्हें खोलना है, वहां इसे प्राथमिकता दें, ताकि हमारी गरीब जनता को छोटी-मोटी बीमारी के लिए दूर अस्पताल न जाना पड़े। सिविल सर्जन हर दिन इनका निरीक्षण करें। उपायुक्त भी बीच-बीच में इनकी जांच करे।

बैठक में विकास आयुक्त श्री सुखदेव सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ सुनील कुमार वर्णवाल, राजस्व सचिव श्री के के सोन, कृषि सचिव श्रीमती पूजा सिंघल समेत वरीय अधिकारी व वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से सभी जिलों के उपायुक्त व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

झारखंड बीपीओ/बीपीएम सम्मिट 2019 में सम्मिलित हुए सीएम रघुवर दास


 राज्य में 16 नए बीपीएम/बीपीओ कंपनी का विधिवत शुभारंभ किया
====================
नए बीपीएम/बीपीओ कंपनियों के शुभारंभ से झारखंड के 15,500 युवक-युवतियों को रोजगार मिलेंगे
====================
7 नए बीपीएम/बीपीओ कंपनीज एवं 6 स्टार्टअप कंपनी साथ आईटी एवं ई-गवर्नेंस विभाग झारखंड सरकार के साथ समझौता (MoU) हुआ
====================
★ भारत को आर्थिक सुपर पावर बनाने में झारखंड निर्णायक भूमिका निभायेगा

★ पिछले साढे 4 वर्ष में नए उद्योग में प्रत्यक्ष रोजगार के रूप में 72000 लोगों को नौकरी

★ राज्य गठन के बाद 18 नई नीतियां बनाई

★ सुरक्षित झारखण्ड बनाया, उग्रवाद अंतिम सांसे गिन रहा
====================

रांची। मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास ने कहा कि झारखंड संभावनाओं से भरा प्रदेश है. निवेशक राज्य के प्रत्येक सेक्टर में निवेश कर अपनी आमदनी के साथ-साथ यहां के लोगों को रोजगार उपलब्ध कराएं यह सरकार का लक्ष्य है. राज्य गठन के बाद से ही सरकार ने विभिन्न सेक्टर में 18 नई पॉलिसी बनाई. झारखंड की इंडस्ट्रियल पॉलिसी पूरे देश में सराहनीय रहा है. राज्य सरकार ने सामूहिक श्रम क्षमता को सुदृढ़ करने एवं रोजगार के सृजन को महत्वपूर्ण माना और इसी उद्देश को पूरा करने के लिए झारखंड बीपीएम/बीपीओ नीति 2016 का सृजन किया. आज हमारी नीतियों से प्रेरित होकर देश-विदेश के कई जाने-माने उद्योगपति झारखंड में निवेश करने की इच्छा जता चुके हैं और निवेश हो भी रहा है. सबसे अधिक निवेश वस्त्र उद्योग, खाद्य प्रसंस्करण, ऑटो कॉम्पोनेंट और कृषि के क्षेत्र में हो रहे हैं. उक्त बातें मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास ने आज जुडिशियल एकेडमी धुर्वा रांची में आयोजित बीपीएम/ बीपीओ सम्मिट 2019 को संबोधित करते हुए कहीं.

अच्छी नीयत और नीति से ही हुआ है सुधार

मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास ने कहा कि टीम झारखंड द्वारा की मेहनत और ईमानदार छवि के चलते ही आज झारखंड देश में मिसाल कायम कर रहा है. राज्य सरकार द्वारा अच्छी नीयत और अच्छी पॉलिसी का ही परिणाम रहा है कि राज्य की छवि में सुधार हुआ है. हर पॉलिसी जनहित के लिए बनाई जा रही है. यही कारण है कि हर सेक्टर में निवेश हो रहा है और रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं.

राज्य में 3 मेगा पावर प्लांट का हो रहा है निर्माण

मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास ने कहा कि पावर सेक्टर के क्षेत्र में काफी निवेश हो रहा है. राज्य में 3 मेगा पावर प्लांट जिसमें 45000 करोड़ की राशि से निर्माण कराया जा रहा है जल्द ही स्थापित होगा. उन्होंने कहा कि पुरानी बंद पड़ी इकाइयों को पुनर्जीवित किया जा रहा है. 107 ऐसे पुरानी बंद पड़ी इकाइयां थी जिन को फिर से चालू किया गया. आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया में भी जो भी पुरानी बंद इकाइयां थी उन्हें पुनर्जीवित किया गया है जिससे रोजगार के अवसर में वृद्धि हुई है. पिछले साढे 4 वर्ष में नए उद्योग में प्रत्यक्ष रोजगार के रूप में 72000 लोगों को नौकरी मिली है.

एग्रीकल्चर, इंडस्ट्री और सूचना प्रौद्योगिकी सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास ने कहा एग्रिकल्चर, इंडस्ट्रीज एवं सूचना प्रौद्योगिकी (AIIT) राज्य सरकार की प्राथमिकता है. बड़े-बड़े कल कारखानों में मशीनीकरण होने के कारण श्रमिककरण में कमी आई है परंतु इस कमी को आईटी सेक्टर में ही रोजगार उपलब्ध कराकर पूरा किया जा सकता है. झारखंड में विहीन आईटी का विस्तार कर युवाओं को बड़ी संख्या में रोजगार दिया जा रहा है.

विकास का सीधा संबंध रोजगार से है

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास का सीधा संबंध रोजगार से है. बेरोजगारी राज्य की ही नहीं बल्कि देश की बड़ी समस्या है. राज्य से बेरोजगारी दूर करना मेरा लक्ष्य है. हर हाथ को हुनर और हर हाथ को काम देना सरकार का उद्देश रहा है. ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में हम चौथे स्थान पर हैं. पूरे देश में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में झारखंड अव्वल राज्य बने यह हम सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए. लेबर रिपोर्ट्स में भी झारखंड अग्रणी राज्यों में शुमार है. राज्य सरकार द्वारा श्रम नियम में संशोधन किया गया है. अब महिलाएं भी 24 घंटे में रात वाले शिफ्ट में भी काम कर सकेंगी.

हमारा ध्यान ज्ञान, विज्ञान और तकनीक पर

मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास ने कहा कि हमारी सरकार हर हाथ को काम देने के पक्षधर है. इसलिए हमारा ध्यान ज्ञान, विज्ञान और तकनीक पर है. समय के साथ आगे बढ़ना जरूरी है. नई नई तकनीक को बदलते समय के साथ नहीं अपनाएंगे तो चीजें समय के साथ आगे नहीं बढ़ पाएंगी. इसी को ध्यान में रखते हुए बीपीएम/बीपीओ नीति 2016 बनाया गया. उन्होंने कहा कि बीपीओ/बीपीएम एवं आईटी सेक्टर उद्योग के विकास के लिए राज्य में DoP (उत्पादन की तिथि) के लिए SoP (Standard operating Procedure) को बनाया गया.

प्रधानमंत्री के डिजिटल इंडिया के सपने को पूरा करना है

मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया के सपने को पूरा करने में झारखंड अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के युवाओं को दिशा देने का कार्य किया है. युवाओं के डिग्रियों का इस्तेमाल किस तरह हो और उन्हें रोजगार कैसे मिले इसकी चिंता प्रधानमंत्री ने की है. हर हाथ को हुनर और हर हाथ को काम देने के लिए प्रधानमंत्री ने पहली बार स्किल डेवलपमेंट मंत्रालय का गठन किया है. देश में पहली बार स्टार्टअप इंडिया और डिजिटल इंडिया को बढ़ावा मिल रहा है.

आईटी के बेहतर प्रयोग से शासन और जनता के बीच की दूरी कम हुई

मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास ने कहा कि आईटी के बेहतर उपयोग होने से शासन और जनता के बीच की दूरियां कम हुई हैं. जनता की मूलभूत सुविधाओं को आईटी के माध्यम से ही उपलब्ध कराया जा रहा है. जनता की समस्याओं का निदान आईटी से सुलभ हुआ है. उन्होंने कहा कि आई गवर्नेंस के माध्यम से गांव में ही लोगों को सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है. ग्रामीण क्षेत्रों में बीपीओ एवं बीपीएम के माध्यम से जन सेवा का मौका मिल रहा है.

झारखंड के लोग सरल, मेहनतकश एवं इमानदार

मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास ने कहा कि झारखंड के लोग काफी सरल मेहनतकश और ईमानदार हैं. यहां के श्रमिकों की कार्यकुशलता बेहतरीन है. यही कारण है कि झारखंड के लोग जहां भी जाते हैं अपनी ईमानदार छवि के चलते निवेशकों के दिलों में बस जाते हैं. झारखंड के बच्चे बच्चियां काफी अनुशासित हैं.

अमेरिका में भी भारत के युवाओं ने बनाई है अपनी पहचान

मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास ने कहा कि मैं वर्ष 2016 में अमेरिका के कैलिफोर्निया भ्रमण पर गया था. वहां काफी लोग भारतीय हैं और कई तो झारखंड से भी हैं. सभी लोग अपने कार्यकुशलता के बदौलत जाने पहचाने जा रहे हैं.

भारत बनेगा आर्थिक सुपर पावर

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत आने वाले समय में आर्थिक सुपर पावर बनेगा. भारत को आर्थिक सुपर पावर बनाने में झारखंड निर्णायक भूमिका निभाये, यह हम सभी का लक्ष्य होना चाहिए. समाज के सभी वर्गों को रोजगार से जोड़ कर हम उन्हें आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाएं और राज्य को विकसित बनाने में अपनी भूमिका निभाए.

झारखंड में सुरक्षा व्यवस्था हुआ है चुस्त-दुरुस्त, उग्रवाद अपनी अंतिम सांसे गिन रहा है

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस प्रदेश में शांति का माहौल होगा, वातावरण अच्छी होगी, पारदर्शी शासन होगा निवेशक वही आएंगे. वर्तमान सरकार के गठन के बाद से ही राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त किया गया है. सुरक्षित झारखण्ड बनाने का प्रतिबद्ध प्रयास किया गया. राज्य से उग्रवाद अब अंतिम सांसे गिन रहा है. निवेशक अब किसी भी जिले में आसानी से निवेश कर सकते हैं. सुरक्षा की जिम्मेदारी सरकार की है. सरकार इसे बखूबी निभाती रही है.

झारखंड में बैंगलोर जैसा ही मौसम

मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास ने कहा कि बेंगलुरु, हैदराबाद आदि में बीपीओ चलाने की लागत बहुत अधिक है एवं लगभग सेचुरेट हो गया है. उन्होंने कहा कि झारखंड में बेंगलुरु जैसा ही मौसम है और हम निवेशकों को सभी सुविधा उपलब्ध करा रहे हैं इसलिए झारखंड में भी काफी संख्या में बीपीओ आएं यही सरकार का लक्ष्य है.

इस अवसर पर *मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ सुनील कुमार वर्णवाल ने कहा कि राज्य सरकार की इंडस्ट्रियल पॉलिसी एवं बीपीओ/बीपीएम पॉलिसी के संबंध में विस्तृत जानकारी दी.
आईटी विभाग के प्रधान सचिव श्री राजीव अरुण एक्का ने एडवांटेज झारखंड के संबंध में सभी सेक्टर के कार्य योजनाओं को बताया.

इस अवसर पर प्रधान सचिव आईटी विभाग श्री राजीव अरुण एक्का, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ सुनील कुमार वर्णवाल, सचिव उद्योग विभाग श्री के रवि कुमार, महानिदेशक एसटीपीआई श्री ओंकार राय, आईटी निदेशक श्री उमेश प्रसाद साह, नैसकॉम के श्री परेश देगांवकर सहित विभिन्न बीपीओ/बीपीएम के प्रतिनिधि आईटी सेक्टर से जुड़े विशेषज्ञ एवं बड़ी संख्या में युवक युवतियां उपस्थित थे.

विश्वकर्मा सभा के पदाधिकारी दिल्ली रवाना


अखिल भारतीय विश्वकर्मा महासभा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक मे भाग लेने के लिये  झारखण्ड के प्रधान महासचिव विक्रान्त विश्वकर्मा एंव वरीय उपाध्यक्ष आर. के. शर्मा  दिल्ली के लिये रवाना। झारखण्ड के सगंठन सम्बंधित रिपोर्ट केंद्रीय कमेटी मे रखीं जायेगी। प्रदेश के अध्यक्ष माननीय डा.दिलिप कुमार सोनी, कार्यकारी अध्यक्ष दिनेश प्रजापति , कोषाध्यक्ष राजेंद्र शर्मा, भीम शर्मा, शाशी प्रकाश शर्मा, ने बैठक कि सफलता के लिये शुभकामनाएं दी।

एक्सपो उत्सव के कार्यालय का उद्घाटन



रांची। जेसीआई रांची के सिग्नेचर प्रोजेक्ट एक्सपो उत्सव 2019 के लिए संस्था ने कॉमर्स हाउस,शारदा बाबू लेन में एक कार्यालय का उद्घाटन किया।

एक्सपो के मीडिया प्रभारी जेसी वरुण जालान  ने जानकारी दी की प्रतिदिन पदाधिकारी एवं सदस्यगण इस कार्यालय में एक्सपो की बेहतरी के लिए एकत्रित होकर योजना बनायेंगे । श्री जालान  ने बताया की एक्सपो में 300 से भी ज्यादा स्टाल लगेंगे और अब तक ६५ % स्टाल की बुकिंग हो भी चुकी है ।

२० से २४ सितम्बर  होने वाले इस एक्सपो में अफगानिस्तान के ड्राई-फ्रूट और केसर से लेकर टर्की की चमचमाती डेकोरेटिव लाइट तक मिलेगी । ऑटोमोबाइल के भी सभी बड़े ब्रांड के स्टाल लग रहे है ।

महिला उद्यमियों के लिए अलग से पिंक हेन्गेर भी बनाया जा रहा है।

इस साल "प्राइड ऑफ़ कैपिटल " नामक प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जा रहा हैं जिसमे सेक्टर वाइज जैसे कपड़ा व्यापारी,ज्वेलर्स,रेस्टुरेंट आदि  सभी सेक्टरों मे किसी एक  को ये "प्राइड ऑफ़ कैपिटल " ख़िताब सेक्टर वाइज   दिया जायेगा, जिसका चयन ऑनलाइन वोटिंग के माध्यम से होगा।
बच्चो के लिए फन गोला नामक एम्यूजमेंट पार्क जिसमे विभिन आधुनिक झूलों का प्रबंध किया जा रहा हैं।

इस साल एंट्री कूपन का शुल्क मात्र 10 रू रखा गया है जिसमे सभी कूपन धारक को रांची शहर के   प्रसिद्ध   लगभक 48 प्रतिष्ठान एवं रेस्तरां के डिस्काउंट कूपन मिलेंगे ।

एक्सपो को बिलकुल नए रूप में पेश करने की तैयारी की जा रही है और साज-सज्जा पर भी खासा ध्यान दिया जा रहा है।

कार्यालय उद्घाटन में   संस्था के सभी पूर्व अध्यक्ष , एक्सपो संचालक निखिल मोदी , प्रतिक जैन, राकेश जैन, सौरभ शाह, दीपक अगरवाल,सिद्धार्थ जैसवाल,अभिनव मंत्री, अभिषेक केडिया,अनूप अग्रवाल, आनंद धानुका, पंकज साबू,निखिल मोदी,गौरव अगरवाल,विक्रम चौधरी,अमित खोवाल,निशांत मोदी ,सुशिल केडिया,आनंद धानुका,  राकेश मुरारका विमल जेजानी, संजीव तुलसियान रोबिन गुप्ता,नारायण मुरारका,प्रभाष जैन आदि मौजूद थे।

घर,परिवार ही नहीं समाज को भी संस्कारित कर रही हैं आभा रंजन




रांची। आज के दौर में कोई महिला घर-गृहस्थी के साथ समाज के विकास में भी योगदान देना अपना कर्तव्य समझें तो उसका नमन किया जाना चाहिए।  समाज की महत्ता को समझते हुए देशहित व समाज हित में लगे रहना व्यक्ति की महानता का परिचायक होता है। अपनी पारिवारिक जिम्मेदारियों को बखूबी निभाते हुए सामाजिक दायित्वों के प्रति भी सक्रिय रहना समाज के प्रति इंसान के  जुड़ाव को दर्शाता है। ऐसी ही एक शख्सियत हैं राजधानी के अरगोड़ा क्षेत्र की निवासी समाजसेवी व प्रख्यात शिक्षाविद् आभा रंजन। वह समाज हित में समर्पित रहती हैं। राष्ट्र हित को सर्वोपरि मानती हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा खूंटी स्थित उर्सुलाइन कान्वेंट से हुई। खूंटी के बिरसा कॉलेज से उन्होंने इंटरमीडिएट किया। तत्पश्चात रांची विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री हासिल की। इसके बाद भी उच्च शिक्षा प्राप्त करने की उनकी ललक बढ़ती गई। उन्होंने स्नाकोत्तर (एमएससी वनस्पति शास्त्र) किया। रांची विश्वविद्यालय से  बीएड की परीक्षा में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण हुईं। वह बचपन से ही पढ़ने-लिखने में तेज-तर्रार रही हैं। वर्तमान में वह रांची के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान मारवाड़ी कॉलेज के इंटरमीडिएट साइंस की व्याख्याता हैं। अपने कर्तव्यों के प्रति सदैव सजग रहते हुए समाज के कमजोर तबके के लोगों की सहायता के लिए भी तत्पर रहती हैं। अपने घरेलू व प्रोफ़ेशनल कार्यों को निपटा कर वह अरगोड़ा, और  कुंज बिहार के आसपास की बस्तियों में गरीब आदिवासी बच्चों को जाकर नि:शुल्क पढ़ाती हैं। यहां तक कि अपने घर में काम करने वाली को भी उन्होंने ग्रैजुएशन तक की शिक्षा दिलवाई। आगे भी उसे शिक्षा के प्रति प्रेरित कर रही हैं। इनका मुख्य शौक रहा है शिक्षा दान। आभा रंजन बताती हैं कि शिक्षा दान से ज्ञान बढ़ता है। समाज में प्रत्येक व्यक्ति को शिक्षा दान करना चाहिए। खासकर गरीब बच्चों को। उन्हें कोई देखने वाला, कोई बताने वाला नहीं होता है। इनके पिता एस एन प्रसाद  बिरसा कॉलेज, खूंटी में प्राचार्य थे। आभा अपना रोल मॉडल अपने पिताजी को मानती है। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में खूंटी जैसे पिछड़े जिले में काफी उल्लेखनीय योगदान दिया। आभा अपना आदर्श इंदिरा गांधी, किरण बेदी और लता मंगेशकर को मानती हैं। वह एक कुशल गृहिणी हैं। उन्होंने अपने लड़के को संस्कार युक्त शिक्षा देने में कोई कोर कसर बाकी नहीं रखा। बड़े बेटे आभास को किट यूनिवर्सिटी के इंजीनियरिंग कॉलेज में दाखिला दिलाया है और छोटा बेटा  प्रभास  स्थानीय स्कूल में दसवीं में अध्ययनरत है। आभा के पति राकेश रंजन ऊर्जा के क्षेत्र के अग्रणी कंपनी टाटा पावर में क्षेत्रीय प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए आभा को अखिल भारतीय कायस्थ महासभा द्वारा सम्मानित भी किया गया है। शिक्षा के क्षेत्र में और समाज सेवा ज्यादा से ज्यादा कर सकें, यही इनकी  महत्वाकांक्षा है। भविष्य में गरीब बच्चों के लिए ट्यूशन सेंटर या स्कूल खोलने की इनकी योजना है। वह कहती हैं कि अपने कर्तव्यों के प्रति सदैव सजग रहते हुए मानवता की सेवा में लगे रहना चाहिए। इससे हमारा देश व समाज सशक्त होगा। सामाजिक समरसता बनी रहेगी। मानव जीवन का लक्ष्य भी यही होना चाहिए। 

स्वर्ण जयंती वर्ष का झारखंड : समृद्ध धरती, बदहाल झारखंडी

  झारखंड स्थापना दिवस पर विशेष स्वप्न और सच्चाई के बीच विस्थापन, पलायन, लूट और भ्रष्टाचार की लाइलाज बीमारी  काशीनाथ केवट  15 नवम्बर 2000 -वी...