यह ब्लॉग खोजें

शुक्रवार, 18 अक्टूबर 2019

राजनीतिक दल रेस, शक्ति प्रदर्शन शुरू


संदर्भ :  विधानसभा चुनाव
नवल किशोर सिंह
झारखंड में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सभी राजनीतिक दल रेस हो गए हैं। सत्ता पक्ष सहित विपक्ष में शामिल दलों की भी सक्रियता बढ़ गई है। एक और भाजपा जोहार जन आशीर्वाद यात्रा के माध्यम से जनता के साथ सीधे संवाद करने में जुटी है,वहीं दूसरी तरफ विपक्ष में शामिल प्रमुख दल झामुमो, कांग्रेस, झाविमो व राजद की ओर से भी अपनी पार्टी का जनाधार बढ़ाने के लिए प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। यहां सत्ताधारी दल भारतीय जनता पार्टी के साथ आजसू का तालमेल है। वहीं, बिहार में भाजपा की सहयोगी दल जदयू ने झारखंड में सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी खड़े करने की घोषणा कर दी है। इससे यह स्पष्ट हो गया है कि झारखंड विधानसभा के चुनाव में भाजपा और आजसू गठबंधन चुनावी जंग में उतरेगी। वहीं, दूसरी ओर विपक्ष में शामिल दलों के महागठबंधन की तस्वीरें अभी साफ नहीं हुई है। कांग्रेस पार्टी रैलियों के माध्यम से सूबे में अपना जनाधार बढ़ाने के लिए प्रयासरत है।वहीं, झामुमो ने कल 19 अक्टूबर को राजधानी रांची में बदलाव रैली का आयोजन किया है। इसके बाद राष्ट्रीय जनता दल की रैली 20 अक्टूबर को राजधानी में होने वाली है। इसके पूर्व विगत दिनों झारखंड विकास मोर्चा के सुप्रीमो व पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने भी राजधानी में रैली कर अपनी शक्ति प्रदर्शित की थी। लेकिन अभी तक विपक्षी महागठबंधन का खाका तैयार नहीं हो पाया है। विपक्षी दल कांग्रेस, झामुमो, झाविमो व राजद अपने-अपने स्तर से अपनी पार्टी की रैलियां आयोजित कर इसके माध्यम से जनता को अपनी ओर आकर्षित करने में जुटे हैं। भारतीय निर्वाचन आयोग के पदाधिकारियों के झारखंड दौरे के बाद यह कयास लगाया जा रहा है कि दीपावली के आसपास झारखंड में विधानसभा चुनाव की तिथियां घोषित कर दी जाएगी। इसके मद्देनजर सभी राजनीतिक दलों की गतिविधियां बढ़ गई हैं। भाजपा ने राज्य में विधि-व्यवस्था व निष्पक्ष मतदान कराने का हवाला देते हुए चुनाव आयोग से यहां पांच चरणों में मतदान कराने की अपील की है। वहीं, विपक्ष में शामिल राजनीतिक दलों की ओर से चुनाव आयोग को एक ही चरण में पूरे झारखंड में चुनाव संपन्न कराने का प्रस्ताव दिया गया है। भाजपा की ओर से ईवीएम द्वारा मतदान कराने की बात कही गई।  वहीं, विपक्षी दलों ने ईवीएम की बजाय बैलेट पेपर से मतदान कराने का चुनाव आयोग को प्रस्ताव दिया है। निर्वाचन आयोग के अधिकारियों से राजनीतिक दलों के नेताओं की वार्ता के बाद संभावना जताई जा रही है कि जल्द ही चुनाव की तिथियों की घोषणा कर दी जाएगी। चुनावी शंखनाद होते ही सभी दल अपने-अपने स्तर से सक्रिय रूप से चुनावी तैयारियों में जुट जाएंगे। वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य के मद्देनजर यह भी कयास लगाया जा रहा है कि विपक्ष की ओर से महागठबंधन के तहत ही चुनाव लड़ा जाएगा। इसके पीछे यह तर्क दिया जा रहा है कि झारखंड में झामुमो को छोड़कर कांग्रेस, झाविमो, राजद सहित अन्य दलों का जनाधार लगातार कम होता जा रहा है। इसलिए उक्त दलों के महागठबंधन के तहत चुनाव लड़ने की विवशता भी है। अपने बलबूते चुनावी मैदान में भारी शिकस्त की संभावना के मद्देनजर विपक्ष में शामिल सभी दल का प्रयास होगा कि सामूहिक रूप से महागठबंधन के तहत चुनाव लड़कर भाजपा के खिलाफ चुनावी जंग में उतरें। अब चुनावी बिगुल बजने ही वाला है। एक ओर भाजपा का स्टैंड तो बिल्कुल क्लियर नजर आ रहा है कि वह आजसू से पूर्व के समझौते के तहत  उसे साथ लेकर चुनावी मैदान में उतरेगी। लेकिन विपक्षी महागठबंधन पर लगा धुंध अभी छंट नहीं रहा है। बहरहाल, चुनावी गठबंधन को लेकर विपक्ष में शामिल राजनीतिक दलों की क्या भूमिका होती है, यह देखना दिलचस्प होगा।

गुरुवार, 17 अक्टूबर 2019

टी वैली चाय अब झारखंड के बाजार में


* अमिताभ बच्चन बने ब्रांड एम्बेसडर


रांची। टी वैली चाय अब झारखंड के बाजार में उपलब्ध होगी। कंपनी ने राजधानी स्थित श्री साईं सेल्स एंड मार्केटिंग को झारखंड के लिए सुपर डिस्ट्रीब्यूटर नियुक्त किया है। इसके माध्यम से झारखंड के सभी जिलों में टी वैली चाय उपलब्ध कराई जाएगी। देश के जाने-माने डी जे ग्रुप ने बुधवार को टी वैली चाय होटल ग्रीन होराइजन में लांच किया। इस संबंध में टी वैली के सीओओ आबिद रहमान ने बताया कि यूं तो भारत में चाय के अनेक ब्रांड उपलब्ध हैं,लेकिन कोई भी जाना- माना ब्रांड असम की शत-प्रतिशत ओरिजिनल चाय का दावा नहीं करता है।  दुनिया भर में असम उच्च क्वालिटी की चाय के लिए प्रसिद्ध है। उन्होंने बताया कि चाय की क्वालिटी के साथ-साथ टी वैली की पैकेजिंग भी गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुए की गई है। इस मौके पर टी वैली के सभी ब्रांड की लांचिंग की गई। इसमें टी वैली गोल्ड , टी वैली रॉयल और टी वैली क्लासिक चाय शामिल है। इस अवसर पर टी वैली के  एसके आनंद (वीपी, सेल्स) ने कहा कि टी वैली न केवल क्वालिटी की कसौटी पर  खरा उतरेगी, बल्कि इसके विभिन्न वैरियेन्ट्स का मूल्य भी हर वर्ग के ग्राहकों को भाएगा।  टी वैली को पिछले वर्ष उत्तर भारत में लांच किया गया था। एक साल से भी कम अवधि में टी वैली ने उम्मीद से ज्यादा लोकप्रियता हासिल की है।
उन्होंने कहा कि आज यह उत्तर भारत की 64 हजार से ज्यादा दुकानों पर उपलब्ध है और इस वर्ष के अंत तक टी वैली के रिटेलर्स की संख्या एक लाख को पार कर लेगी।  कम्पनी दक्षिण-पश्चिम तथा पूर्वोत्तर भारत में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की तैयारी में भी जुटी है। ताकि टी वैली चाय नेशनल ब्रांड बन सके। उन्होंने कहा कि कंपनी की आगामी योजनाओं में ग्रीन टी , हर्बल टी एवं आइस टी जैसे वैरियेन्ट लांच करना शामिल है। श्री आनंद ने कहा कि सदी के महानायक अमिताभ बच्चन टी वैली के ब्रांड एम्बैसेडर हैं , जो टी वैली की गुणवत्ता का भरोसा दिलाते हैं।  उन्होंने कहा कि टी वैली कम्पनी का लक्ष्य चाय की पूरी रेंज को झारखंड के हर शहर में उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर वीपी (मार्केटिंग) विकास शुक्ला, जीएम (मार्केटिंग) वल्लभ केसवानी, जीएम (सेल्स) राजीव अरोड़ा, सुपर डिस्ट्रीब्यूटर श्री साईं सेल्स एंड मार्केटिंग के संचालक संतोष कुमार झा सहित अन्य मौजूद थे।

सोनुआ-पंसुआ,लोढ़ई-गुदड़ी पथ निर्माण कार्य लगभग पूरा


* मुख्यमंत्री ने जोहार जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान किया अवलोकन

विनय मिश्रा
मनोहरपुर : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने जोहार जन आशीर्वाद यात्रा कार्यक्रम के अंतर्गत गोईलकेरा से चक्रधरपुर आने के क्रम में  सोनूआ-पंसुआ, लोढई-गुदड़ी पथ निर्माण कार्य का जायजा लिया। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने लगभग दो वर्ष पूर्व उक्त पथ का शिल्यान्यास किया था। अपनी यात्रा के दौरान उन्होंने सड़क निर्माण कार्य  के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। विदित हो कि इस बहुप्रतिक्षित सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास मुख्यमंत्री ने स्वयं किया था। कुल 41.56 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य 112 करोड़ रूपये की लागत से कराया जा रहा है। इस सड़क का अधिकतर कार्य लगभग पूरा होने के कगार पर है।  मुख्यमंत्री का मानना है कि विकास के लिए सड़क जरूरी है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में मुख्यमंत्री ने स्वयं कार्य की आवश्यकता को समझते हुए  सड़क निर्माण कार्य की स्वीकृति देने के साथ-साथ इसका शिलान्यास भी किया था। वर्तमान समय में कार्य प्रगति पर है।  इस सड़क निर्माण के कार्य पूरा होने से इस क्षेत्र में सर्वांगीण विकास दिखाई की गति तेज होगी।

सर सैय्यद अहमद खान की 202 वीं जयंती मनी


रांची। अलीगढ़ मुस्लिम युनिवर्सिटी ओल्ड ब्वाइज एसोसिएशन के तत्वावधान में सर सैयद अहमद खान की 202 वीं जयंती मनाई गई।  जिसमें सैंकड़ों पूर्व छात्रों एवं छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखण्ड हाईकोर्ट के माननीय न्यायाधीश रत्नाकार भेंगरा उपस्थित रहे। न्यायाधीश ने सर सैयद अहमद खान के द्वारा समाज के लिए किये गये कार्यों का वर्णन करते हुए कहा कि हमें भी उनके जीवन से प्रेरणा लेना चाहिए और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वाहन करना चाहिए।
सर सैयद के द्वारा अलीगढ़ मुस्लिम युनिवर्सिटी की स्थापना करके समाज के लिए एक कभी न खत्म होने वाला संस्था कायम करके हम सब पर उपकार किया है।
अलीगढ़ मुस्लिम युनिवर्सिटी की स्थापना से देश के पिछड़े लोगों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़कर हजारों घरों को शिक्षा की द्वीप प्रज्वलित किया है।
डॉ शाहिद अख्तर ने इस कार्यक्रम में कहा की  हिंदुस्तान एक खूबसूरत दुल्हन है और हिंदू और मुसलमान उसकी दो आंखें हैं. उसकी खूबसूरती इसमें है कि उसकी दोनों आंखें सलामत व बराबर रहे ... ये  शब्द महान मुस्लिम समाज सुधारक और भविष्य दृष्टा सर सैयद अहमद खां  के थे.
अलीगढ़ मुस्लिम युनिवर्सिटी के पहले ग्रजुऐट ईश्वरी प्रसाद के बाद कई नामी ग्रामी हस्तियों जैसे सआदत हसन मंटू, खान अब्दूल गफ्फार खान, असरारूल हक़ मज़ाज, ओलंपियन मेजर ध्यान चंद, लाला अमरनाथ, ज़फ़र इकबाल, नसीरूद्दीन शाह, फिल्म डायरेक्टर अनुभव सिन्हा, राजकुमार, गीतकार जावेद अख़्तर, विश्वप्रसिद्ध इतिहासकार प्रो0 इरफान हबीब, विश्वप्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ अशोक सेठ, प्रो0 फेजान मुस्तफा, हामीद अंसारी, रफी अहमद किदवई, साहेब सिंह वर्मा, मोहसीना किदवई इत्यादि ने वहां से शिक्षा प्राप्त करने के बाद देश-विदेश में युनिवर्सिटी का नाम रौशन किया।
विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री अरूण कुमार (आई.ए.एस रिटायर्ड) वाइस प्रसिडेंट सत्य साईं सेवा ट्रस्ट, झारखण्ड ने सभा को संबोधित किया।
इसके अतिरिक्त कार्यक्रम को डॉ शाहिद अख्तर (उपाध्यक्ष राष्ट्रीय उर्दू विकास परिषद), पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष (अ.म.ुसु) सैयद शारीक अहमद, डॉ0 नसीम अख़्तर (सचिव अमुबा, झारखण्ड) एडवोकेट एवं कनवेनर इसरार अहमद खान ने कार्यक्रम को संबोधित किया।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में विरासत हुसैन, इबरारूल होदा, शराबील अहमद, उरूज़ खान, अराना कौसर, डॉ मोहिब, इंजिनियर महताब आलम, नवाजिश काज़मी, इंजिनियर मुबीन आलम, इं0 जीशान आदि ने मुख्य भूमिका निभाई।

त्योहारों में प्रशासनिक चुस्ती पर एसएसपी को जी बधाई


रांची झील बचाओ अभियान समिति के तत्वावधान में समिति के संरक्षक राजीव रंजन मिश्रा एवं सर्वधर्म सदभावना समिति  (सामाजिक मंच) के संयोजक मंडली केन्द्रीय सदस्य मोoइसलाम के संयुक्त नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक श्री अनीश गुप्ता एवं रांची नगर निगम के नगर आयुक्त श्री मनोज कुमार से मिला।वरीय पुलिस अधीक्षक रांची से मिलने के क्रम में प्रतिनिधि प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व में सर्वधर्म के तमाम पर्व त्योहारों में प्रशासनिक स्तर पर उत्कृष्ट सहयोग देकर सभी त्योहारों की सफलता हेतु उन्हें बधाई दी एवं आगामी दीपावली एवं  छठ पर्व सहित विभिन्न त्योहारों में भी पूर्व की तरह प्रशासनिक स्तर पर सहयोग की अपील की।उक्त अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक श्री अनीश गुप्ता ने प्रतिनिधिमंडल में शामिल लोगों को आश्वस्त कराते हुए हर सम्भव प्रशासनिक स्तर पर अपने पूर्ण सहयोग देने की बात कही एवं कहा कि रांची जो हिन्दी उर्दू संगम एवं गंगा जमनी तहजीब का मिसाल है जो भारतीय सांस्कृति का एक अटूट हिस्सा है इसे बरकरार रखना होगा और इस संदर्भ में आम जनता के साथ साथ हर कदम पर प्रशासनिक स्तर पर उनका पूर्ण सहयोग रहेगा ।
रांची झील बचाओ अभियान समिति मुख्य संरक्षक राजीव रंजन मिश्रा के नेतृत्व में रांची नगर निगम के नगर आयुक्त श्री मनोज कुमार से प्रतिनिधिमंडल ने मिलकर शहर के मौजूदा हालात से उन्हें अवगत कराते हुए विभिन्न समस्याओं से सम्बंधित विस्तृत जानकारी दी एवं विशेषकर आगामी छठ पर्व को ध्यान में रखते हुए बड़ा तालाब की सफाई कार्यक्रम में विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठन के प्रमुख लोगों द्वारा चलाए जा रहे अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए छठ से पूर्व साफ सफाई का अनुरोध किया ।प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य रूप से बड़ा तालाब सहित रांची नगर निगम क्षेत्र के अन्तर्गत आने वाले तमाम तालाबों के सफाई का भी अनुरोध किया ।नगर आयुक्त ने प्रतिनिधिमंडल में शामिल लोगों के बातों को गम्भीरता से लेते त्वरित गति से समस्या के समाधान की बात कही एवं प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त कराते हुए छठ से पूर्व ही बड़ा तालाब सहित सभी तालाबों की सफाई के साथ साथ विभिन्न विभन्न ज्वलंत समस्याओं के समाधान की बात कही एवं कहा कि हर हाल में स्वच्छ भारत अभियान के तहत रांची को स्वच्छ रखने में  नगर निगम रांची की अहम भूमिका  रहेगी जिसके लिए वे वचन बुद्ध हैं ।श्री मनोज कुमार ने आम जनता से रांची को प्लास्टिक मुक्त बनाने हेतु प्लास्टिक का उपयोग नहीं  करने की अपील  भी की।
प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से राजीव रंजन मिश्रा, मोoइसलाम, ओम सिंह, राहुल सिंहा, दीपू गाड़ी, फिरोज अंसारी, अर्श अली टिंकू,अबूजर गफ्फारी,इंद्र सिंह, विक्की, नूर आलम सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल  थे।

सुखद दांपत्य जीवन के संकल्प का व्रत है करवा चौथ



अभिलाषा सिंह
पति पत्नी के लिए एक दूसरे के प्रति सम्मान का पर्व है करवा चौथ। सुखद दांपत्य जीवन की कामना के लिए स्त्रियां करवा चौथ का व्रत रखती है। यह व्रत न सिर्फ स्त्रियों, बल्कि पुरुषों के लिए भी त्याग, समर्पण स्नेह व आदर का महापर्व है। स्त्रियां क्लेश रहित दांपत्य जीवन के लिए करवा चौथ के दिन व्रत रखकर ईश्वर से कामना करती है। यह पर्व यह संदेश देता है कि एक दूसरे के अवगुणों को छलनी से छान कर उसके गुणों को देखें। इस दिन छलनी के माध्यम से चंद्रमा के दर्शन का विधान है। करवा चौथ के दिन को सावित्री और सत्यवान की कथा के साथ जोड़कर देखा जाता है। जिसमें सावित्री ने अपने पति सत्यवान को यमराज के चंगुल से मुक्त करा लिया था। यह पर्व सावित्री-  सत्यवान के अटूट प्रेम को भी दर्शाता है। इस पर्व के संबंध में मान्यता यह भी है कि महाभारत काल में द्रोपदी ने पतियों की मंगल कामना के लिए करवा चौथ का व्रत रखा था। पांडवों पर आई विपत्ति दूर करने के लिए द्रौपदी ने भगवान श्रीकृष्ण से सहायता मांगी और इसी दिन करवा चौथ का धार्मिक अनुष्ठान भी संपन्न कराया। करवा चौथ का पर्व हमें यह भी संदेश देता है कि पति-पत्नी को चंद्रमा के समान शीतल होना चाहिए। एक दूसरों की भावनाओं को समझते हुए गृहस्थ जीवन में समन्वय स्थापित कर सुखद भविष्य का मार्ग प्रशस्त करना चाहिए। करवा चौथ के दिन श्री गणेश और मां गौरी के साथ-साथ चंद्रमा की भी पूजा की जाती है। शुभ मुहूर्त में पहले गणेश पूजे जाते हैं। फिर शिव और पार्वती की भी पूजा अर्चना की जाती है। यह सर्वविदित है कि शिव ही ऐसे एकमात्र देव हैं, जिन्होंने संसार को स्त्री की महत्ता बताने के लिए अर्धनारीश्वर का रूप धारण किया था। करवा चौथ के दिन कार्तिकेय की पूजा का भी विधान है। यह पर्व प्रेम, शालीनता और सादगी का भी प्रतीक है। हम जानते हैं कि मानव जीवन ईश्वर प्रदत बहुमूल्य दुर्लभ उपहार है। जो जीवन की विशेषताओं को समझ जाते हैं, उसका इस संसार में आना सार्थक हो जाता है। पति की दीर्घायु होने और सुखद गृहस्थ जीवन व्यतीत करने की कामना के साथ स्त्रियां करवा चौथ का व्रत पवित्रता के साथ मनाती है।
 (लेखिका एक कुशल गृहणी हैं)

बुधवार, 16 अक्टूबर 2019

रांची झील के कायाकल्प का अभियान



रांची। राँची झील बचाओ अभियान समिति राँची के संग्रक्षक श्री राजीव रंजन मिश्रा के नेतृत्व में  बड़ा तालाब राँची में सफाई अभियान चलाया गया ।
सफाई अभियान के क्रम में तालाब से जलकुंभी एवं पानी मे विसर्जित पूजन सामग्री निकाला गया एवं घाट की साफ सफाई की गई ।

अभियान में हिंदपीढ़ी दुर्गापूजा समिति , स्टूडेंट फेडरेशन छठ पूजा समिति , आदिवासी विकास समिति , सर्वधर्म सद्भावना समिति एवं डिफेंस टीम के दर्जनों सदस्यों ने सफाई अभियान में हिस्सा लिया ।

समिति के संग्रक्षक श्री राजीव रंजन मिश्रा एवं मो इस्लाम मुख्यरूप से शामिल थे । श्री मिश्रा ने राँची नगर निगम प्रशासन से आग्रह किया कि छठ पर्व को देखते हुए सफाई कर्मियों की संख्या बढ़ाई जाए एवं छठ महापर्व से पहले तालाब को जलकुंभी एवं गंदगी से मुक्त कर दी जाए ।

सद्भावना समिति के मो इस्लाम ने समिति द्वारा चलाये जा रहे अभियान का समर्थन किया एवं प्रशासन से जल्द से जल्द तालाब की सफाई की मांग की ।

सफाई अभियान में दीपू गाड़ी , राहुल सिन्हा  ,इंदर सिंह , फ़िरोज़ अंसारी , नूर आलम , अर्श अली टिंकू , सोनू भाई , अबुजरगफरी , शशि प्रकाश , मो रॉकी ,मो मज़र , रामा कुजूर सहित दर्जनों लोग शामिल हुए ।

स्वर्ण जयंती वर्ष का झारखंड : समृद्ध धरती, बदहाल झारखंडी

  झारखंड स्थापना दिवस पर विशेष स्वप्न और सच्चाई के बीच विस्थापन, पलायन, लूट और भ्रष्टाचार की लाइलाज बीमारी  काशीनाथ केवट  15 नवम्बर 2000 -वी...