यह ब्लॉग खोजें

गुरुवार, 17 अक्तूबर 2019

सुखद दांपत्य जीवन के संकल्प का व्रत है करवा चौथ



अभिलाषा सिंह
पति पत्नी के लिए एक दूसरे के प्रति सम्मान का पर्व है करवा चौथ। सुखद दांपत्य जीवन की कामना के लिए स्त्रियां करवा चौथ का व्रत रखती है। यह व्रत न सिर्फ स्त्रियों, बल्कि पुरुषों के लिए भी त्याग, समर्पण स्नेह व आदर का महापर्व है। स्त्रियां क्लेश रहित दांपत्य जीवन के लिए करवा चौथ के दिन व्रत रखकर ईश्वर से कामना करती है। यह पर्व यह संदेश देता है कि एक दूसरे के अवगुणों को छलनी से छान कर उसके गुणों को देखें। इस दिन छलनी के माध्यम से चंद्रमा के दर्शन का विधान है। करवा चौथ के दिन को सावित्री और सत्यवान की कथा के साथ जोड़कर देखा जाता है। जिसमें सावित्री ने अपने पति सत्यवान को यमराज के चंगुल से मुक्त करा लिया था। यह पर्व सावित्री-  सत्यवान के अटूट प्रेम को भी दर्शाता है। इस पर्व के संबंध में मान्यता यह भी है कि महाभारत काल में द्रोपदी ने पतियों की मंगल कामना के लिए करवा चौथ का व्रत रखा था। पांडवों पर आई विपत्ति दूर करने के लिए द्रौपदी ने भगवान श्रीकृष्ण से सहायता मांगी और इसी दिन करवा चौथ का धार्मिक अनुष्ठान भी संपन्न कराया। करवा चौथ का पर्व हमें यह भी संदेश देता है कि पति-पत्नी को चंद्रमा के समान शीतल होना चाहिए। एक दूसरों की भावनाओं को समझते हुए गृहस्थ जीवन में समन्वय स्थापित कर सुखद भविष्य का मार्ग प्रशस्त करना चाहिए। करवा चौथ के दिन श्री गणेश और मां गौरी के साथ-साथ चंद्रमा की भी पूजा की जाती है। शुभ मुहूर्त में पहले गणेश पूजे जाते हैं। फिर शिव और पार्वती की भी पूजा अर्चना की जाती है। यह सर्वविदित है कि शिव ही ऐसे एकमात्र देव हैं, जिन्होंने संसार को स्त्री की महत्ता बताने के लिए अर्धनारीश्वर का रूप धारण किया था। करवा चौथ के दिन कार्तिकेय की पूजा का भी विधान है। यह पर्व प्रेम, शालीनता और सादगी का भी प्रतीक है। हम जानते हैं कि मानव जीवन ईश्वर प्रदत बहुमूल्य दुर्लभ उपहार है। जो जीवन की विशेषताओं को समझ जाते हैं, उसका इस संसार में आना सार्थक हो जाता है। पति की दीर्घायु होने और सुखद गृहस्थ जीवन व्यतीत करने की कामना के साथ स्त्रियां करवा चौथ का व्रत पवित्रता के साथ मनाती है।
 (लेखिका एक कुशल गृहणी हैं)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

बांग्लादेशी मॉडल की ओर बढ़ता देश

  हाल में बांग्लादेश का चुनाव एकदम नए तरीके से हुआ। पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के नेतृत्व वाली मुख्य विपक्षी दल बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार...