यह ब्लॉग खोजें

शुक्रवार, 20 सितंबर 2019

टाना भगतों के आर्थिक सुदृढ़ीकरण के लिए प्राधिकार संकल्पितः डा. डीके तिवारी

मुख्य सचिव की अध्यक्षता में टाना भगत विकास प्राधिकार की बैठक

रांची। झारखंड सरकार के मुख्य सचिव डॉ. डीके तिवारी ने कहा कि टाना भगत समुदाय देश के ऐतिहासिक धरोहर हैं। टाना भगत विकास प्राधिकार का ध्येय इनका आर्थिक स्वावलंबन है। सरकार टाना भगतों के आर्थिक सुदृढ़ीकरण के उपायों पर लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि टाना भगतों की जमीन से जुड़ी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान करने के बाद सरकार अब उनके घर, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली-पानी आदि मूलभूत जरूरतों को भी लगभग पूरा कर चुकी है, जो भी थोड़े काम बचे हैं, उन्हें भी एक समयसीमा के भीतर पूरा कर दिया जाएगा। उक्त बातें उन्होंने झारखण्ड मंत्रालय में टाना भगत विकास प्राधिकार की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही।

एक भी परिवार सूची से छूटे नहीं
मुख्य सचिव ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि राज्य के विभिन्न जिलों में बसे टाना भगतों को पूरी सरकारी सहायता मिले। इसके लिए सरकार ने टाना भगतों के सहयोग से उनके परिवार की सूची बनाई है। अगर अभी भी कोई परिवार उक्त सूची में शामिल नहीं हो पाया है, तो टाना भगत प्रक्रिया के तहत सूची उपलब्ध करा कर उनका नाम दर्ज कराएं। इसके लिए उन्होंने इसी सप्ताह छूटे परिवारों की सूची उपायुक्तों को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि एक भी टाना भगत परिवार उस सूची से नहीं छूटे।

कैंप लगाकर जमीन की रसीद बांटे
मुख्य सचिव ने उत्तराधिकार के आधार पर तीन दिनी कैंप लगाकर टाना भगतों की जमीन की रसीद बांटने का निर्देश दिया है। हालांकि टाना भगतों के निवास के कुल आठ जिलों में से सिर्फ लातेहार में रसीद नहीं मिलने की शिकायत मिली है। वहीं विशेष कैंप लगाकर टाना भगतों को सूचित कर छूटे हुए लोगों को उत्तराधिकार प्रमाण पत्र देने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि उत्तराधिकार के आधार पर जितने परिवार हैं, उन सभी की लगान रसीद काटें। अभी तक उत्तराधिकार के आधार पर कुल 715 परिवारों का नामांतरण का काम संपन्न हो चुका है।

टाना भगतों ने की टोकन लगान देने की मांग
टाना भगत विकास प्राधिकार की बैठक में टाना भगतों ने पूर्व की तरह एक रुपये टोकन राशि के आधार पर जमीन का लगान लेने की मांग की। जबकि पूर्व में उनकी ही मांग के आधार पर सरकार ने उनकी जमीन को लगान मुक्त घोषित किया था। अब उनका कहना है कि मुफ्त में वे जमीन का मालिकाना हक नहीं चाहते। मुख्य सचिव ने कहा कि वे उनकी मांगों से सरकार को अवगत करा देंगे।

अंबेडकर आवास योजना का दें लाभ
बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत दो के साथ एक अतिरिक्त कमरा बनाने के लिए 70 हजार रुपये की राशि खाते में देने के बावजूद कुछ टाना भगत अभी तक प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुक नहीं होने के कारण उसका उपयोग नहीं कर पाए हैं। मुख्य सचिव ने उनके नाम से प्रधानमंत्री आवास योजना स्वीकृत कराने का निर्देश देते हुए कहा कि अगर इसमें समय लग रहा हो तो उन्हें अंबेडकर आवास योजना का लाभ दें। उन्होंने टाना भगतों को सलाह दी कि आवास स्वीकृति होने तक वे खाते में गई एक अतिरिक्त कमरे की राशि से प्रधानमंत्री या अंबेडकर आवास योजना के नक्शे के अनुरूप एक अतिरिक्त कमरे का निर्माण शुरू करें।

गाय की खरीदारी के साथ होगा बीमा
टाना भगत परिवारों को अपनी पसंद की नस्ल की निःशुल्क चार दुधारू गाय खरीदने में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। उन गायों को रखने के लिए 346 शेडों का निर्माण पूरा हो चुका है। सभी लाभुकों को गोपालन से संबंधित प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है। टाना भगतों की मांग पर मुख्य सचिव ने बताया कि गाय की खरीदारी के साथ ही बीमा की भी व्यवस्था है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी कारण से क्षति होने पर बीमा की राशि ससमय मिले, इसकी व्यवस्था वे सुनिश्चित करें। साथ ही 28 सितंबर से लगने वाले पशु मेला में जाकर खुद गायों की खरीदारी करने के लिए भी टाना भगतों को कहा।

प्रशिक्षित छात्रों का प्लेसमेंट कराएं
झारखंड रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय में सरकारी खर्चे पर अध्ययन के बाद पास आउट टाना भगत विद्यार्थियों के प्लेसमेंट की व्यवस्था करने का निर्देश मुख्य सचिव ने दिया। वहीं इसमें फेल छात्रों के योग्यतानुसार रोजगारपरक समायोजन का निर्देश दिया। उन्होंने दसवीं से कम पढ़े टाना भगतों की स्क्रीनिंग कर कौशल विकास मिशन द्वारा प्रशिक्षण के बाद रोजगार से जोड़ने पर बल दिया। वहीं टाना भगतों से कहा कि अगर वे अपने क्षेत्र में मिनी बस चलाने को इच्छुक हों, तो सरकार उसमें भी मदद करेगी।

खाद-बीज का प्रस्ताव देर से देने पर जतायी नाराजगी
विभागीय योजना के तहत टाना भगतों को खाद-बीज उपलब्ध कराने में फिसड्डी रहे रांची जिले की स्थिति पर मुख्य सचिव ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने रांची जिला द्वारा खाद-बीज उपलब्ध कराने का प्रस्ताव सितंबर में देने के लिए जिम्मेदार व्यक्ति पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। वहीं बैठक में टाना भगतों को विभागीय योजनाओं के तहत सिंचाई, कुंआ, तालाब निर्माण, ट्रैक्टर देने जैसे लाभों की वर्तमान स्थिति की भी समीक्षा की गई।

मुख्य सचिव डॉ. डीके तिवारी की अध्यक्षता में संपन्न टाना भगत विकास प्राधिकार की बैठक में वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री केके खंडेलवाल, ग्रामीण विकास के प्रधान सचिव श्री अविनाश कुमार, राजस्व सचिव श्री केके सोन, पेयजल एवं स्वच्छता सचिव श्रीमती आराधना पटनायक, पर्यटन सचिव राहुल शर्मा, कृषि सचिव श्रीमती पूजा सिंघल समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।

सरकार चाहती है हर बेटी को मिले सुकन्या योजना का लाभ

हर बेटी को मिले सुकन्या का लाभ....यही सरकार का प्रयास..
====================
मुख्यमंत्री सचिवालय रांची
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने दुमका के कुसुमडीह में बच्यियों के साथ व्यतीत किये कुछ पल


दुमका/कुसुमडीह। स्कूल में पढ़ाई कर रहीं सभी बच्चियों को सुकन्या योजना का लाभ दें I इससे बच्चियों को पढ़ाई में मदद मिलेगी, बाल विवाह जैसी कुप्रथा को रोकने में भी यह सहायक साबित होगा, बच्चियां अपने सपनों को पंख दे सकेंगी। आप सभी बच्चियां मन लगाकर पढ़ाई करें। ताकि अपने परिवार समाज, राज्य और देश का मान अपने कार्यों से बढ़ा सकें I ये बातें मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास ने अपने दुमका प्रवास के दौरान कुसुमडीह स्थित मिलेनियम स्कूल की बच्चियों से मुलाकात के क्रम में कही।

आपके सशक्तीकरण के लिए सरकार कार्य कर रही है

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की बेटियों को मुख्यमंत्री सुकन्या योजना का लाभ जरूर मिले। बेटियों की सहभागिता जबतक योजना में नहीं होगी, तबतक आपके सशक्तीकरण की योजना यथार्थ में नहीं बदलेगी। सरकार महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए प्रयासरत है, इस कार्य मे हमें सफलता भी मिली है।

इस अवसर पर बच्चों ने मुख्यमंत्री का परंपरागत ढंग से स्वागत किया।

स्वच्छ भारत मिशन की नोडल अधिकारी ने की नगर परिषद के कार्यों की समीक्षा


चक्रधरपुर। स्वच्छ भारत मिशन की नोडल अधिकारी अंजलि तिग्गा आज चक्रधरपुर नगर परिषद में पंहुची तथा उन्होंने चक्रधरपुर नगर परिषद के अधीन चल रहे कार्यों की समीक्षा की तथा कार्यपालक पदाधिकारी महेंद्र राम के कार्य को काफी सराहा नोडल अधिकारी इसके साथ ही स्वच्छता अभियान 2020 तथा जमशेदपुर में आयोजित कार्यशाला के विषय में भी जानकारी ली जमशेदपुर में आयोजित कार्यशाला के विषय में भी विचार विमर्श किया शौचालय निर्माण प्रधानमंत्री आवास योजना और लोगों के बीच प्लास्टिक के रोकथाम पर लोगों को जागरूक करना मुख्य विषय रहा इस अवसर पर नगर परिषद के नगर प्रबंधन सत्येन्द्र भगत भी से उपस्थित थे

मनोहरपुर प्रखंड में मॉडल ग्राम से संबंधित ग्राम सभा का आयोजन


विनय मिश्रा
मनोहरपुर। आज मनोहरपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी जितेंद्र कुमार पांडे की अध्यक्षता में मॉडल ग्राम निर्माण से संबंधित ग्राम सभा का आयोजन रायकेड़ा पंचायत के लच्छीपुर गाँव में किया गया।

मॉडल ग्राम से संबंधित 6 समितियों का गठन किया गया है। उन समितियों के साथ आज ग्राम सभा के माध्यम से बैठक की गई तथा उन्हें उनके कार्यभार के बारे में जानकारी दी गई ।

मॉडल ग्राम हेतु गठित विभिन्न समितियां स्वच्छता समिति, माता समिति, कल्याण समिति, ग्राम विकास समिति इन सभी समितियों के द्वारा गांव में सर्वे किया जाएगा तथा जांच किया जाएगा की मॉडल ग्राम हेतु कार्य को कैसे आगे बढ़ाया जाए।

कार्यपालक अभियंता ने टेली कांफ्रेंसिंग से की सीधी बात


विनय मिश्रा
चाईबासा। मुख्यमंत्री के  प्रधान सचिव-सह- सचिव सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग,झारखण्ड, रांची के निदेशानुसार  कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल चाईबासा  प्रभु दयाल मंडल के द्वारा (टेली काॅन्फ्रेसिंग) सीधी बात कार्यक्रम में भाग लिया गया। जिसकी विवरणी निम्नवत् है:-

1.संजीव कुमार,प्रखंड-आन्दपुर।                     
प्रश्न - आनंदपुर प्रखंड अंतर्गत बुरुचिला गांव में 3 चापाकल खराब है इसे यथाशीघ्र मरम्मत कराने का अनुरोध किया गया।

उत्तर - कनीय अभियंता को दूरभाष के माध्यम से यथाशीघ्र समस्या का समाधान करने हेतु निर्देशित किया गया।

2. हरीश तामसोय, प्रखंड-मंझारी ।
प्रश्न - मंझारी प्रखंड के जांगीबुरू में सोकपीट निर्माण कार्य आधा अधूरा कर छोड़ दिया गया है।

उत्तर - समस्या के निराकरण हेतु जिला पंचायत राज पदाधिकारी को समस्या से अवगत कराई  जाएगी।

3. मनसुख गोप, प्रखंड- गोइलकेरा ।

प्रश्न - गोइलकेरा प्रखंड अंतर्गत केबेटकेरा में 3 चापाकल खराब है जिसकी मरम्मत करवाने का अनुरोध किया गया ।

उत्तर - कनीय अभियंता को दूरभाष के माध्यम से यथाशीघ्र समस्या का समाधान करने हेतु निर्देशित किया गया।

4.दुर्ग चरण महतो, प्रखंड- मनोहरपुर ।

प्रश्न - उधन गांव में 2 चापाकल ऐसे हैं जिसमें बहुत देरी से पानी निकलती है, इसे दुरुस्त की जाए।

उत्तर -  कनीय अभियंता को दूरभाष के माध्यम से यथाशीघ्र समस्या का समाधान करने हेतु निर्देशित किया गया।

5. विशंभर प्रधान, प्रखंड-बंदगांव ।

प्रश्न - प्रखंड कार्यालय में आवेदन करने के उपरांत भी राशन कार्ड नहीं बन रहा है।

उत्तर - जिला आपूर्ति पदाधिकारी के कार्यालय में संपर्क करने का सुझाव दिया गया।

6.इरशाद अली, प्रखंड-सदर।

प्रश्न - बड़ी बाजार चाईबासा के मेन रोड में कई जगह पाइप फटा हुआ है जिससे पाइप का पानी सड़क पर बह रही है।

उत्तर - कनीय अभियंता को जांचोंपरांत मरम्मति करने का निर्देश दिया गया।

7.एस०के० डे, प्रखंड-सदर ।

प्रश्न - गांधी टोला में सप्लाई होने वाला पानी गंदा है जिससे समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

उत्तर - कनीय अभियंता को उक्त जगह में जाकर जांच करने एवं समस्या का समाधान करने का निर्देश दिया गया।

8. सुजीत महतो,प्रखंड- चक्रधरपुर।

प्रश्न - कृषि आशीर्वाद योजना के तहत 1 एकड़ का पैसा प्राप्त हुआ है परंतु मेरे द्वारा ढाई एकड़ फॉर्म में भरा गया था।

उत्तर - संबंधित विभाग एवं उपायुक्त महोदय के संज्ञान में समस्या को लाने का आश्वासन दिया गया।

9.कमल लाट, प्रखंड - सदर।

प्रश्न- शहर में बहुत जगहों पर  पाइप लीक होने की वजह से पाइप का पानी सड़क में बह रही है इसे यथा शीघ्र मरम्मति करने का अनुरोध किया गया।

उत्तर - लीकेज की मरम्मत करने एवं शहरी जलापूर्ति योजना के तहत नया पाइप बिछाने का आश्वासन दिया गया।

10. किशुन प्रसाद गुप्ता, प्रखंड -  मनोहरपुर ।

प्रश्न - राशन कार्ड में पत्नी का नाम नहीं है जिसे जोड़ने का अनुरोध किया गया।

उत्तर - नाम की इंट्री  हेतु प्रज्ञा केंद्र से ऑनलाइन आवेदन करने एवं जिला आपूर्ति कार्यालय में संपर्क करने का सुझाव दिया गया ।

चाईबासा को जल्द मिलेगी अत्याधुनिक बस स्टैंड की सौगात

 डेढ़ एकड़ जमीन पर बनेगा अत्याधुनिक सुविधा युक्त बस स्टैंड
* नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अभय कुमार झा की सराहनीय पहल
* डीपीआर बनाने का काम शुरू


विनय मिश्रा
चाईबासा। नगर परिषद की ओर से जल्द ही नगर वासियों के लिए अत्याधुनिक सुविधा युक्त बस पड़ाव की सौगात मिलेगी। इस दिशा में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अभय कुमार झा ने पहल की है। इस संबंध में गत दिनों श्री झा ने चाईबासा शहर स्थित सरकारी और निजी बस स्टैंड का निरीक्षण किया और बस ओनर एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहम्मद बारीक के अनुरोध पर शहर स्थित बस पड़ाव को ही जीर्णोद्धार कर अत्याधुनिक सुविधा युक्त बनाने का निर्णय लिया। उन्होंने इस संबंध में परामर्शी कंपनी पारा मॉम कंसल्टेंट्स के इंजीनियर से भी संपर्क कर जानकारी प्राप्त की और अत्याधुनिक बस स्टैंड निर्माण संबंधी दिशा निर्देश दिया। श्री झा ने बताया कि फिलवक्त चाईबासा में सरकारी और निजी बस पड़ाव अलग-अलग हैं। उक्त दोनों बस स्टैंड को मिलाकर एक भव्य और अत्याधुनिक सुविधा युक्त बस पड़ाव निर्माण किया जाएगा, ताकि यात्रियों को कोई असुविधा न हो। उन्होंने बताया कि राजधानी रांची स्थित खादगढ़ा बस स्टैंड की तर्ज पर यात्रियों के लिए अत्याधुनिक सुविधा युक्त बस स्टैंड का निर्माण चाईबासा में जल्दी होगा। इस दिशा में प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि कि फिलवक्त सरकारी और निजी बस पड़ाव अलग अलग है। उक्त दोनों बस स्टैंड को एक ही जगह बनाया जाएगा। अत्याधुनिक सुविधा युक्त प्रस्तावित बस स्टैंड में महिला-पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय, पेयजल की सुविधा, यात्रियों को ठहरने के लिए गेस्ट हाउस, रेस्टोरेंट, मॉल व अन्य दुकानें भी होंगी। तकरीबन डेढ़ एकड़ भूमि पर बस स्टैंड बनाया जाएगा। इसका डीपीआर बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द ही इसे नगर विकास विभाग को भेजकर स्वीकृति ली जाएगी। उन्होंने बताया कि सब कुछ ठीक-ठाक रहा, तो वर्ष 2020 में चाईबासा वासियों और कोल्हान प्रमंडल क्षेत्र के यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त बस स्टैंड होगा। श्री झा ने बताया कि कोल्हान प्रमंडल क्षेत्र से प्रतिदिन हजारों की संख्या में यात्रियों का अन्यत्र आवागमन होता है। चाईबासा से बिहार, बंगाल, उड़ीसा व अन्य स्थानों के लिए भी बसें खुलती हैं। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर परिषद ने यह निर्णय लिया है।

कर्तव्यनिष्ठा की प्रतिमूर्ति हैं आईपीएस सुधीर कुमार झा



चाईबासा। कर्तव्य परायणता को अपने जीवन में आत्मसात कर जीवन पथ पर अग्रसर होते रहना व्यक्ति की विशिष्टता का परिचायक होता है। कर्तव्यनिष्ठ और ईमानदार अधिकारी जहां भी पदस्थापित रहें, अपनी बेहतरीन कार्यशैली के बलबूते लोकप्रियता हासिल करने में सफल होते हैं। ऐसी ही एक शख्सियत हैं, वर्ष 2003 बैच के आईपीएस अधिकारी सुधीर कुमार झा। श्री झा एक ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के रूप में जाने जाते हैं। वर्तमान में वह जैप के आईजी पद पर हैं। वह चाईबासा में भी पुलिस अधीक्षक के पद पर रह चुके हैं। कोल्हान प्रमंडल में नक्सल विरोधी गतिविधियों पर काबू पाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। नक्सल विरोधी अभियान में उन्हें महारत हासिल है। पुलिस और जनता के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों को वह हमेशा तरजीह देते रहे हैं। जनसमस्याओं के त्वरित निष्पादन हेतु पुलिस हेल्पलाइन की विचारधारा के जनक श्री झा अपनी बेहतरीन कार्यशैली से विभाग का नाम तो रोशन करते ही रहे हैं, जनता के बीच भी उनकी छवि एक ईमानदार पुलिस अधिकारी के रूप में बनी है। एसपी के पद पर रहते हुए भी उन्होंने बखूबी अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया। विभागीय कार्यों के निष्पादन की दिशा में भी उन्होंने कई उल्लेखनीय कार्य किए, जो अन्य पुलिस अधिकारियों के लिए अनुकरणीय व  प्रेरणास्रोत भी हैं। झारखंड आर्म्ड पुलिस के आईजी के पद पर आसीन श्री झा पुलिस विभाग की छवि निखारने में भी लगे हैं। उनका मानना है कि पुलिस और जनता के बीच मधुर संबंध होने चाहिए। इससे पुलिस के प्रति जनता का विश्वास बढ़ता है। वह कहते हैं कि अपराध नियंत्रण और नक्सल विरोधी गतिविधियों को समाप्त करने की दिशा में भी ठोस पहल और सकारात्मक प्रयास जरूरी है। यह स्वच्छ और स्वस्थ समाज निर्माण में भी काफी सहायक होता है। अपराध मुक्त समाज से हम सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। इसके लिए जन सहयोग भी जरूरी है। वह ग्रामीण युवाओं का आह्वान करते हुए कहते हैं कि युवा समाज की मुख्यधारा से जुड़े और अपने उज्जवल भविष्य निर्माण के लिए सतत प्रयासरत रहें। पुलिस विभाग जनता को अपराध मुक्त समाज देने के प्रति कृतसंकल्प है। श्री झा कहते हैं कि जिस किसी भी क्षेत्र में रहे, जहां कहीं भी कहीं भी रहें, अपनी कर्तव्य निष्ठा और ईमानदारी को न भूलें, यही जीवन का मूल मंत्र भी है। इसके सहारे व्यक्ति अपने जीवन की सफलता की सीढ़ियां चढ़ता जाता है। स्वस्थ और स्वच्छ समाज के लिए यह आवश्यक भी है। इसलिए हमें सामाजिक नव निर्माण की दिशा में ईमानदार पहल करने की आवश्यकता है।
 प्रस्तुति : विनय मिश्रा

स्वर्ण जयंती वर्ष का झारखंड : समृद्ध धरती, बदहाल झारखंडी

  झारखंड स्थापना दिवस पर विशेष स्वप्न और सच्चाई के बीच विस्थापन, पलायन, लूट और भ्रष्टाचार की लाइलाज बीमारी  काशीनाथ केवट  15 नवम्बर 2000 -वी...