यह ब्लॉग खोजें

सोमवार, 8 जुलाई 2019

राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग की समीक्षा




मुख्यमंत्री रघुवर दास का निर्देशः

2014 की तुलना में मानकी मुंडा, परगनैत मिल रही दोगुनी सम्मान राशि, छूटे हुए लोगों भी मिलेगी मान्यता

राज्य में अमीन की बहाली कैंपस सेलेक्शन के जरिये होगी

हल्का स्तर पर शिविर लगाकर टाना भगतों की भूमि की समस्याओं का जल्द करें निदान


रांची। राज्य सरकार ने टाना भगतों की भूमि पर सेस माफ किया है। उनकी भूमि का लगान और निबंधन सुनिश्चित होना चाहिए। अंचल अधिकारी हल्का स्तर पर शिविर लगाकर टाना भगतों की समस्याओं का निराकरण यथा शीघ्र करें। इसका पूरा प्रचार-प्रसार भी किया जाए। ये बातें मुख्यमंत्री रघुवर दास ने राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान कही।

अपर समाहर्ता कर सकेंगे सुधार का कार्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि भूमि से संबंधित जहां कहीं गलत जानकारी ऑनलाइन प्रक्रिया में दर्ज हुई है। इसकी शिकायत लगातार मिल रही है। इसके सुधार हेतु राज्य स्तर पर कार्य किया जाता है, जिससे कुछ विलंब होता है। अब जिला स्तर पर सुधार करने का अधिकार अपर समाहर्ता को प्रदान करें। अपर समाहर्ता पूरे मामले की जांच करने के बाद सुधार कार्य करेंगे। यह व्यवस्था जल्द लागू होनी चाहिए।

राज्य में जल्द होगी अमीन की बहाली
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के विभिन्न प्रखंड कार्यालयों में अमीन की कमी है, जिससे भू मापी में परेशानी होती है। इसको देखते हुए अमीन नियमावली में सुधार किया जाएगा। रांची विश्वविद्यालय में अमीन का कैंपस सेलेक्शन होगा। मुख्यमंत्री ने निदेश दिया कि सर्ड में अमीन के प्रशिक्षण पाठ्यक्रम की व्यवस्था करें।

मानकी, मुंडा, ग्राम प्रधान एवं डाकुआ के सम्मान राशि में दोगुणा की गई
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 के पहले की तुलना में मानकी, मुंडा, ग्राम प्रधान एवं डाकुआ के सम्मान राशि को दोगुणा की गई है। मानकी को 3 हजार, मुंडा/ग्राम प्रधान को 2 हजार एवं परगनैत, परानिक, जोगमांझी, कुड़ाम नायकी, नायकी, गोडैत, मूल रैयत, पड़हा राजा, ग्राम सभा का प्रधान, घटवाल एवं तावेदार को प्रतिमाह 1 हजार की सम्मान राशि स्वीकृत है। विभाग ने बताया कि ऐसे 21 हजार लोगों में से 18 हजार को सम्मान राशि मिल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वैसे छूटे हुए ऐसे लोगों को भी सम्मान राशि का भुगतान शीघ्र किया जाए। छुटे हुए लोग अपने जिले के उपायुक्त को आवेदन दे सकते हैं।जहां मानकी, मुंडा एवं ग्राम प्रधान का पद रिक्त है वहां के योग्य अभ्यर्थी उपायुक्त को नियुक्ति हेतु आवेदन दे सकते हैं, और उपायुक्त जल्द उनकी नियुक्ति सुनिश्चित करें।

सीओ लगान भुगतान स्वीकृत करें
मुख्यमंत्री ने कहा कि कई लोगों का खतियान अनुपलब्ध रहने अथवा अत्यधिक जर्जर अवस्था में होने के कारण उसका डिजिटाइजेशन नहीं हो सका है। ऐसे मामलों में अंचल अधिकारी उपलब्ध दस्तावेजों का सत्यापन एवं भौतिक सत्यापन कर संतुष्ट होने के बाद पंजी 2 के आधार पर लगान भुगतान की स्वीकृति देंगे। ताकि रैयत द्वारा ऑनलाइन भुगतान किया जा सके।

लगान रसीद निर्गत करें
विभागीय सचिव ने कहा कि अवैध जमाबंदी रद्द करने हेतु खोले गए अभिलेखों का अंतिम आदेश पारित होने तक पूर्व में निर्गत मैनुअल लगान रसीद के आधार पर ऑनलाइन लगान रसीद निर्गत करने में कोई रोक नहीं है। जमाबंदी के अभिलेखों में जो अंतिम आदेश दिया गया है उससे यह प्रभावित रहेगी। वैसे अन्य सभी ऐसे मामले जिसमें किसी प्रकार की कार्रवाई के बिना भी लगान रसीद निर्गत नहीं होने की बात है, उन सभी मामलों में भी ऑनलाइन लगान रसीद निर्गत होगी। रैयत अपने प्रखंड के अंचल अधिकारी के समक्ष ऑनलाइन लगान भुगतान हेतु आवेदन कर सकते हैं।

समीक्षा बैठक में मंत्री राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग अमर कुमार बाउरी, मुख्यसचिव डॉ डी के तिवारी, अपर मुख्य सचिव  के के खंडेलवाल, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ सुनील कुमार वर्णवाल, सचिव राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार के के सोन व विभाग के अधिकारी ए मुथुकुमार, राम कुमार सिन्हा एवं अन्य उपस्थित थे।

सिटी हॉस्पीटल में दंतरोपण प्रशिक्षण शिविर आयोजित


स्वस्थ शरीर की शुरूआत दांत एवं मुख सेः डॉ मुकेश कुमार

रांची। सिटी ट्रस्ट हॉस्पिटल, ईटकी रोड, रांची के तत्वावधान में सिटी ट्रस्ट हॉस्पिटल, के सभागार में प्रसिद्ध दन्त चिकित्सक डॉ मुकेश कुमार की अध्यक्षता में दंतरोपण प्रशिक्षण कार्यशाला संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उदघाटन मुख्य अतिथि सिटी ट्रस्ट हॉस्पिटल, के प्रबंध निदेशक डॉ एम एन सिंह, छा़त्र क्लब ग्रुप के संस्थापक शिव किशोर शर्मा एवं प्रसिद्व स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डा. मृणालिनी सिंह ने दीप प्रज्जवलित कर किया।

 इस कार्यशाला में डॉ गुंजन, डॉ विकास कुमार सिंह, डॉ अभय कुमार, डॉ प्रियंकेश सिन्हा, डॉ मुकेश कुमार, डॉ सौरभ राय, डॉ स्पंन्दना चन्द्रा, डॉ विजेन्द्र पांडे आदि आदि दंत चिकित्सकों ने भाग लिए। डॉ मुकेश कुमार ने कहा कि स्वस्थ शरीर की शुरूआत दांत एवं मुख से होती है। दांतों की खुबसूरती से चेहरे की रौनक झलकती है प्रारम्भिक अवस्था में दांतों के तकलीफों को हमेशा के लिए दूर किया जा सकता है। इसलिए मुख के बिमारियों को अनदेखा न करें। कार्यक्रम का संचालन डा. मृणालिनी सिंह ने की। इस कार्यशाला में विभिन्न स्वास्थ्य केन्द्र, अस्पताल, के स्वास्थ्य कर्मी शामिल हुए। कार्यक्रम में स्वास्थ्य के क्षेत्र में सफल एवं सराहनीय कार्य करनेवाले लोगों को सम्मानित किया गया। इस कार्यशाला को सफल बनाने में छात्र क्लब चिकित्सक मंच, ईमोफाम के गजेन्द्र कुमार, विवेक वत्स, आलोक प्रसाद, नरगिस राज, अनिता कुमारी, नीरज कुमार ने सराहनीय भूमिका निभाई।

निर्मला कॉन्वेंट में स्टोरी लिसनिंग स्किल कॉम्पिटिशन का आयोजन



रांची।निर्मला कॉन्वेंट हाई स्कूल, एदलहातू, मोराबादी में स्टोरी लिसनिंग स्किल कॉम्पिटिशन का आयोजन किया गया । जिसमें कक्षा 3 से कक्षा 10 तक के स्टूडेंट्स ने हिस्सा लिया । लगभग सभी बच्चों ने काफी रुचिकर मुद्रा में स्टोरी का वाचन किया जिसे अन्य बच्चें ध्यान लगाकर सुन रहे थें । स्टूडेंट्स में बेहतर लिसनिंग स्किल को विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित कॉम्पिटिशन काफी प्रशंसनीय साबित हुआ । विद्यालय के प्राचार्य श्री विजय कुमार शर्मा ने बताया कि बेहतर एवं उच्चतर  योग्यताधारी होने से कहीं ज्यादा अच्छा है बेहतर श्रोता होना क्योंकि बेहतर श्रोता है बेहतर वक्ता हो सकता है जो आत्म निहित ज्ञान को अच्छे से प्रदर्शित कर सकता है । वहीं वाइस प्रिंसिपल श्री विमलेश कुमार अवस्थी ने बताया कि इस प्रतियोगिता के आयोजन से बच्चों में किसी भी बात को ध्यान से सुनने की जिज्ञासा बढ़ी है और विद्यालय परिवार का उद्देश्य है कि बच्चों के अंदर चतुर्मुखी विकास हो जिसकी प्राप्ति हेतु शिक्षक सदैव प्रयत्नशील एवं समर्पित हैं । इस प्रतियोगिता में कक्षावार सफल प्रतिभागियों का नाम निम्न प्रकार है फरहान अख्तर, विक्की मुंडा, स्मृति टोप्पो, प्रिंस राज, सीखा, राखी, शैलेश, निधि, राहुल, गोपाल एवम् विकास । मौके पर विद्यालय के सभी शिक्षक उपस्थित थे ।

धोनी के जन्मदिन पर रक्तदान शिविर


* भाप्रसे अधिकारियों ने रक्तदाताओं का किया उत्साहवर्धन
* 242 यूनिट रक्त संग्रह
रक्तदान शिविर लगाना सराहनीय कार्य : अबू बकर सिद्दीकी


विनय मिश्रा
चक्रधरपुर : साई भक्त मंडल के सौजन्य से विश्व विख्यात क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी के जन्मदिन के अवसर पर कल्याण मंडल में आयोजित 17 वें रक्त दान शिविर में पश्चिम सिंहभूम चाईबासा के पूर्व उपायुक्त तथा वर्तमान समय में खनन विभाग के सचिव व पश्चिम सिंहभूम जिला के नोडल पदाधिकारी अबू बकर सिद्दीकी, उपायुक्त अरवा राजकमल, उप विकास आयुक्त आदित्य रंजन ने भी उपस्थित होकर  रक्त दाताओं का हौसला अफजाई किया। मौके पर
  रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र भी दिया गया। चक्रधरपुर में साई भक्त मंडल और धोनी फैन्स क्लब द्वारा संयुक्त रूप से हर साल धोनी के जन्मदिन पर पिछले 17 साल से रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है।  इस अवसर पर खनन सचिव अबू बक्कर सिद्दीकी ने कहा कि रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाना पीड़ित मानवता की सेवा के क्षेत्र में सराहनीय पहल है। इसके लिए  उन्होंने रक्त दाताओं और इसके आयोजनकर्ताओ को शुभकामनाएं दी।
 वहीं पश्चिम सिंहभूम (चाईबासा) के उपायुक्त अरवा राजकमल ने कहा कि चक्रधरपुर में रक्तदान शिविर का आयोजन मानव सेवा के लिए काफी प्ररेणा दायक है। ऐसे आयोजनों से समाज के लोगों को प्रेरणा मिलती है। भविष्य में भी गैर सरकारी संगठनों के सहयोग से रक्त दान शिविर का आयोजन कर मानवता की मिसाल कायम करने की अपील की। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त आदित्य रंजन ने भी कहा कि रक्त का कोई विकल्प नहीं है।रक्तदान काफी पुनीत कार्य है। रक्त की भरपाई रक्त से ही होती है। इसलिए रक्त दान महादान कहा गया है।  साई भक्त मंडल एवं विश्व विख्यात क्रिकेटर महेंन्द्र सिंह धोनी के सम्मान में धोनी फैन क्लब द्वारा आयोजित इस रक्तदान शिविर में भारतीय प्रशासनिक सेवा के  अधिकारीगणों ने  उपस्थित होकर रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। अबू बकर सिद्दीकी 2003 बैच, अरवा राजकमल 2008 बैच तथा आदित्य रंजन 2016 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं। रक्तदान शिविर में कुल 242 युनिट रक्त संग्रह हुआ
 जिसमें दो महिलाओं ने भी रक्तदान किया। इस अवसर पर त्रिवेणी इंजीकोंस के आदर्श दोदराजका व आनंद दोदराजका ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर गणेश पाड़िया सहित अन्य उपस्थित थे।

पुण्यतिथि पर भाजपा नेता को दी श्रद्धांजली


चक्रधरपुर। जनप्रिय भाजपा नेता स्वर्गीय राधे मुन्डा सम्बरूई की पुण्यतिथि आज 8 जुलाई को स्वर्गीय सम्बरूई के गुटूसाई स्थित आवास और शाहिद चौक चाईबासा में मालार्पण कर श्रद्धांजली दी गयी और शत-शत नमन करते हुए सम्बरूई जी परिवार सदस्य साथ में माननीय भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, प० सिंहभूम जिला अध्यक्ष श्री मनीष राम, राज्य के अल्पसंख्यक आयोग उपाध्यक्ष अशोक सारंगी, 20 सूत्री के संजू पांडेय, पूर्व जिलाध्यक्ष श्री दिनेश नंदी, भाजपा नगर अध्यक्ष विक्की शर्मा, पूर्व विधायक बदकुंवर गगराई, भाजपा नेता पुतकर हेम्ब्रम, गीता बलमुचू, संजय अखाड़ा, डिम्पल मुंडा, सनी पासवान, अन्य भाजपा कार्यकर्ता और निवासी गण।

पीड़ित परिवार की मदद को आया समाज



चक्रधरपुर। पवन चौक के समीप स्वर्गीय मुन्नालाल भगेरिया का डेढ़ सौ साल पुराना मकान गिर जाने से उनके परिवार को काफी  सदमा| पहुंचा है इस दुःख की घड़ी में जन नायक समिति उनकी मदद को पहुंची स्वर्गीय मुन्नालाल भगेरिया की पत्नी मंजू देवी की पीड़ा को दूर करने आज जन नायक समिति द्वारा उन्हें एक बोरा चावल और एक बोरा  आटा दे कर  उनकी मदद की गई । इस बीच जन नायक समिति के संरक्षक राजू प्रसाद कसेरा ने कहा की मंजू देवी की इस दुःख की घड़ी में हम उनके साथ हैं और जहां तक हो सकेगा हर संभव मदद हमारी समिति करेगी  मौके पर पवन शंकर पांडे ,अनूप दुबे, ललित मोहन गिलवा, दुर्गा प्रसाद साव, राजेश शुक्ला ,मोहन यादव, अश्वनी प्रमाणिक व  समिति के अन्य लोग उपस्थित थे।

बीमा भुगतान में विलंब पर कंपनी के खिलाफ खोला मोर्चा



रांची। निजी क्षेत्र की बीमा कंपनी फ्यूचर जेनेरली इंश्योरेंस वाहन दुर्घटना बीमा के दावे का भुगतान नहीं कर रही है। यह आरोप राजधानी के हरमू बाजार निवासी व्यवसायी उपेन्द्र कुमार ने लगाया है। उपेन्द्र ने बीमा कंपनी के रवैए से क्षुब्ध होकर विरोध का नायाब तरीका अख्तियार किया है। उपभोक्ताओं को उक्त बीमा कंपनी के रवैए से अवगत कराते हुए फ्यूचर जेनेरली इंश्योरेंस कंपनी की पाॅलिसी नहीं लेने की अपील कर रहे हैं। कंपनी के खिलाफ प्रचार कर रहे हैं। इससे संबंधित पंपलेट बनवाकर लोगों के बीच वितरित कर रहे हैं। वाहन पर भी पोस्टर लगाकर उपभोक्ताओं को कंपनी के रवैए की जानकारी दी जा रही है। श्री कुमार ने बताया कि उन्होंने राजधानी के बजरा स्थित जयश्री साह ऑटो से  एक बोलेरो पिक अप वैन खरीदी थी। जिसका निबंधन संख्या जेएच 01डीसी-0980 है। इस वाहन का बीमा भी उक्त ऑटोमोबाइल कंपनी द्वारा ही कराया गया। बीमा की रसीद भी उन्हें सौंप दी गई। उक्त वाहन का बीमा पॉलिसी संख्या वी-5810540 है।


उपेन्द्र कुमार के मुताबिक उनका वाहन बोकारो के उखीद मोड़ में 4 अप्रैल 2019 को दुर्घटनाग्रस्त हो गया। पिक अप वैन को एक अन्य वाहन ने पीछे से धक्का मार दिया। जिससे वाहन को आंशिक रूप से क्षति हुई और पीछे का दो टायर अकस्मात फटकर  बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस संबंध में फ्यूचर जेनेरली इंश्योरेंस कंपनी को सूचित करते हुए दावा किया गया। उनके मुताबिक बीमा कंपनी के अधिकारी ने बिना स्पाॅट वेरिफिकेशन किए बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन के  टायर के क्षतिग्रस्त होने से टायर का क्लेम कंपनी नहीं देती है। उसके जवाब के इंतजार में 40 दिनों तक गाड़ी रही जिसके कारण 5 लाख रुपये का नुकसान हो गया। इसी गाड़ी से उनकी आजीविका चलती है। उपेन्द्र कुमार ने इस संबंध में अन्य बीमा कंपनियों से संपर्क कर जानकारी प्राप्त किया। अन्य बीमा कंपनियों की ओर से उन्हें बताया गया कि दुर्घटना में क्षतिग्रस्त टायर का क्लेम भी मिलता है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में फ्यूचर जेनेरली इंश्योरेंस कंपनी की ओर से एक पत्र भेजकर बताया गया कि दुर्घटनाग्रस्त टायर की क्षतिपूर्ति कंपनी नहीं करेगी। वहीं ,उल्टे उन्ही पर क्लेम की शर्तों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए उनके दावे को ख़ारिज कर दिया गया। उपेन्द्र ने कहा कि बीमा कंपनी के अधिकारी से उन्होंंने स्पाॅट वेरिफिकेशन के लिए मोबाइल फोन के जरिए आग्रह किया तो इससे इंकार कर दिया गया। इस वार्ता को उन्होंने अपने मोबाइल में प्रमाणस्वरूप टेप कर रखा है। उन्होंने वाहन आपूर्तिकर्ता आॅटोमोबाइल कंपनी जयश्री साह आॅटो के संचालक पर भी ग्राहकों को सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया। श्री कुमार ने कहा कि निजी क्षेत्र की इंश्योरेंस कंपनी से सांठ-गांठ कर अधिक कमीशन के चक्कर में ऑटोमोबाइल एजेंसी वाले भी ग्राहकों के हितों की परवाह नहीं करते। इंश्योरेंस कंपनी और आॅटोमोबाइल एजेंसी वाले ग्राहकों को दिग्भ्रमित कर महज अपने फायदे का ही अधिक ध्यान रखते हैं। श्री कुमार ने कहा है कि भले ही इंश्योरेंस कंपनी मेरे दावे का भुगतान नहीं करे, मेरा उद्देश्य यह है कि भविष्य में कोई ग्राहक फ्यूचर जेनेरली इंश्योरेंस कंपनी से बीमा न कराए। यह बीमा कंपनी उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा नहीं करती है, बल्कि बीमा कराने के बाद उपभोक्ताओं को तरह-तरह की शर्तों का हवाला देकर दावे के भुगतान से वंचित रखती है। उन्होंने कहा कि उनका विरोध तब तक जारी रहेगा,जबतक कंपनी उनके दावे का भुगतान नहीं करती।

स्वर्ण जयंती वर्ष का झारखंड : समृद्ध धरती, बदहाल झारखंडी

  झारखंड स्थापना दिवस पर विशेष स्वप्न और सच्चाई के बीच विस्थापन, पलायन, लूट और भ्रष्टाचार की लाइलाज बीमारी  काशीनाथ केवट  15 नवम्बर 2000 -वी...