यह ब्लॉग खोजें

शनिवार, 21 सितंबर 2019

महिला समर्पण ने किया ट्रीटमेंट कैंप सह प्लेनेटरी पीस मेडिटेशन का आयोजन


रांची। मारवाड़ी युवा मंच महिला समर्पण शाखा ने आज योग प्राण विद्या द्वारा ट्रीटमेंट कैंप एंड प्लेनेटरी पीस मेडिटेशन का आयोजन  जेपी नंदिनी किड्स एंड एकेडमी स्कूल, नामकुम में किया   |
योग प्राण विद्या की मेडिटेशन तकनीक जो हमारे जीवन को ऊर्जावान एवं संतुलित करता  है तन और मन दोनों को स्वस्थ रखता है, जिसके माध्यम से हम अपनी जीवन की अनेक समस्याओं को सुलझा सकते है.आज के समय  की भागदौड़ भरी जीवन शैली में यह हमारे लिए बहुत ही फायदेमंद है।

इस शिविर में   60 महिलाओं ने हिस्सा लिया | शिविर में हर एक महिला का व्यक्तिगत रूप से प्रशिक्षण किया गया, तथा ऊर्जा  ट्रीटमेंट का अनुभव दिया गया. शिविर में आई  सभी महिलायों ने ऊर्जा के अद्भुत अनुभव को महसूस किया |
इस शिविर में शारीरिक ऊर्जा ट्रीटमेंट से होने वाले लाभ के बारे में बताया गया | लोगों को यह जानकारी दी गई की मात्र अपनी सोच को बदल कर हम अपनी बीमारी ठीक कर सकते है , हमें अपनी सोच को हमेश सकारात्मक रखना चाहिए |

आज के इस कार्यक्रम के प्रशिक्षिका रूप में  रेखा खेतान,  सीमा अग्रवाल, माया अग्रवाल एवं उनकी  पूरी टीम  को वृक्ष देकर सम्मान किया, समर्पण की  अध्यक्ष मीनू अग्रवाल, सचिव एवं इस कार्यक्रम की संयोजिका मनीषा पोद्दार,  कोषाध्यक्ष सुनीता मित्तल, उपाध्यक्ष  सुनीता अग्रवाल,  अनीता अग्रवाल,  मीडिया प्रभारी रश्मि मालपानी  के साथ सभी ने  इस कार्यक्रम को सफल बनाया |

स्वच्छता अभियान को गति दे रही हैं अंजलि तिग्गा


अमूमन सरकारी अधिकारियों के प्रति आम जनता की धारणा होती है कि सरकारी अधिकारी जनहित के कार्यों के प्रति बेपरवाह होते हैं। जनता के लिए सरकार द्वारा बनाई गई योजनाओं के कार्यान्वयन में सुस्ती बरतते हैं। जिससे सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ जनता को नहीं मिल पाता है। लेकिन इस धारणा को गलत साबित कर दिखाने वाले भी कई अधिकारी होते हैं, जो जनहित के कार्यों को प्रमुखता देते हुए सरकारी योजनाओं को अमली जामा पहनाने में जुटे रहते हैं। ऐसी ही एक शख्सियत हैं स्वच्छ भारत मिशन की कोल्हान प्रमंडल की नोडल पदाधिकारी अंजलि तिग्गा। श्रीमती तिग्गा फिलवक्त नगर विकास एवं आवास विभाग में बतौर अधिकारी कार्यरत हैं। स्टेट अर्बन डेवलपमेंट अथॉरिटी (सूडा) के अंतर्गत विकास योजनाओं के सफल कार्यान्वयन के लिए भी सतत प्रयासरत हैं। श्रीमती तिग्गा की शिक्षा-दीक्षा बिहार के बेगूसराय जिला अंतर्गत बरौनी में हुई। उनके पिता एकीकृत बिहार के समय बरौनी में कार्यरत थे। अंजलि ने बरौनी से ही मैट्रिक की परीक्षा पास की। तत्पश्चात इंटरमीडिएट व ग्रेजुएशन किया। वर्ष 2002 में अंजलि सरकारी सेवा में चयनित हुई। उनका पहला पदस्थापन हजारीबाग में हुआ। उन्होंने बिस्कोमान में भी अपनी सेवाएं दी। सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भी उन्हें खासा अनुभव है‌। सरकारी सेवा में रहते हुए अंजलि ने हजारीबाग सहित अन्य जिलों में आधार कार्ड बनवाने में भी कीर्तिमान स्थापित किया। स्वच्छ भारत मिशन की नोडल पदाधिकारी के रूप में अंजलि तिग्गा सरकार द्वारा जनहित में बनाई गई कल्याणकारी योजनाओं को गति देने में जुटी है। प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय निर्माण सहित अन्य जनोपयोगी योजनाओं को अमली जामा पहनाने, कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने की दिशा में वह सतत प्रयासरत रहती हैं। स्वच्छ भारत मिशन अभियान के तहत पूरे कोल्हान प्रमंडल को प्लास्टिक और पॉलिथीन मुक्त शहर बनाने की दिशा में जन जागरूकता फैलाने में भी वह जुटी हैं। इससे संबंधित कार्यशाला व सेमिनार का आयोजन कर जनता को जागरूक कर रही हैं। सरकारी महकमों के अलावा निजी क्षेत्रों में भी स्वयंसेवी संगठनों और निजी संस्थाओं को भी स्वच्छ भारत मिशन को सफल बनाने का आह्वान करती रहती हैं। वह कोल्हान प्रमंडल के तीन जिलों की नोडल पदाधिकारी हैं। रांची जिले के बुंडू का भी प्रभार उनके जिम्मे है। इन क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान को गति देने, स्वच्छ भारत मिशन अभियान को सफल बनाने के लिए उन्होंने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। उनका मानना है कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत शहर को स्वच्छ बनाए रखने से ही स्वच्छ भारत और स्वस्थ भारत का सपना साकार हो सकेगा।  इससे हमारे देश व समाज के सशक्तिकरण को भी बल मिलेगा। अंजलि सर्व धर्म समभाव के सिद्धांत पर चलते हुए सभी धर्मों का समान आदर करती है। पर्व- त्योहारों के अवसर पर वह सामाजिक समरसता की मिसाल पेश करती हैं। एक सरकारी अधिकारी होने के अलावा अंजलि एक समाजसेवी भी हैं। किसी भी धर्म व संप्रदाय के पर्व त्योहारों के अवसर पर वह शामिल होकर अपनी सहभागिता निभाती हैं। जनहित के कार्यों को तवज्जो देना उनकी दिनचर्या में शुमार है। सरकार द्वारा बनाई गई योजनाओं को सरजमीं पर उतारना वह अपनी अहम जिम्मेदारी मानती हैं। अंजलि कहती हैं कि विधायिका,कार्यपालिका और जनता के बीच बेहतर समन्वय से ही स्वस्थ सामाजिक नवनिर्माण का सपना साकार हो सकेगा। इस दिशा में वह सतत प्रयासरत हैं। अंजलि मानती हैं कि सामाजिक सशक्तिकरण से ही देश मजबूत होता है।
प्रस्तुति : विनय मिश्रा

कोल्हान में बढ़ी सियासी सरगर्मी


* भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने किया चुनावी शंखनाद
* चाईबासा के फुटबॉल मैदान में उमड़ा भाजपा समर्थकों का हुजूम
* पार्टी के कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का संचार कर गए जेपी नड्डा
* आत्मविश्वास से लबरेज कार्यकर्ताओं ने लगाया अब की बार 65 पार का नारा
विनय मिश्रा

चाईबासा। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर यूं तो पूरे झारखंड में सियासी सरगर्मी बढ़ गई है। सभी राजनीतिक दल मतदाताओं को आकर्षित करने, उन्हें लुभाने और अपना जनाधार बढ़ाने में जुट गए हैं।
इसी क्रम में भाजपा ने भी कोल्हान प्रमंडल से चुनावी शंखनाद कर दिया है। कोल्हान प्रमंडल के मुख्यालय चाईबासा स्थित फुटबॉल मैदान में आयोजित जनसभा सह कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा के राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय नेताओं की उपस्थिति और उनके संबोधन से कार्यकर्ताओं में उत्साह भर गया। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का संचार करते हुए कहा कि अबकी बार 65 बार के लक्ष्य को निर्धारित कर बूथ स्तर पर संगठन का जनाधार बढ़ाने और जनहित में भाजपा की ओर से बनाई गई कल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में जुट जाएं। श्री नड्डा ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ होते हैं। समर्पित कार्यकर्ताओं के बलबूते ही चुनावी वैतरणी पार कर सकते हैं। उनके संबोधन से कार्यकर्ताओं का मनोबल ऊंचा हो गया। कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक चुनाव में जुटे रहने का संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान भाजपा के कार्यकर्ता आत्मविश्वास से लबरेज रहे और अब की बार 65 बार के नारे को सफल बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर झारखंड प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष व पूर्व सांसद लक्ष्मण गिलुवा ने कहा कि भाजपा के प्रति जनता का विश्वास बढ़ रहा है। जनहित में बनाई गई भाजपा की नीतियों की सराहना की जा रही है। भाजपा जनता के प्रति समर्पित राष्ट्रीय राजनीतिक दल है। जन समस्याओं का समाधान भाजपा की प्राथमिकताओं में शामिल है। श्री गिलुवा ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्द्धन करते हुए कहा कि पार्टी के समर्पित और सक्रिय कार्यकर्ताओं के बलबूते ही भाजपा चुनाव में बेहतर परिणाम पाने में सफल हो रही है। इस बार भी चुनाव में पार्टी कार्यकर्ताओं के बलबूते हम निर्धारित लक्ष्य को पार करते हुए एक नया कीर्तिमान स्थापित करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि भाजपा की नीतियों और सिद्धांतों की जनता सराहना करती है। जनता के सुख-दुख में शामिल होना भाजपा कार्यकर्ताओं की विशेषता रही है। पार्टी के कार्यकर्ता जनहित को तरजीह देते हुए अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर हैं। इस समारोह में बिहार सरकार के मंत्री व झारखंड के भाजपा प्रभारी नंदकिशोर यादव, पूर्वी सिंहभूम के सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक सरयू राय, भाजपा जिला अध्यक्ष मनीष राम, भाजपा नेता जेबी तुबिद, बड़कुंवर गगराई, विनोद श्रीवास्तव, संजय पांडे, संजय मिश्रा सहित काफी संख्या में पार्टी के नेता कार्यकर्ता आम जनता मौजूद थे। पूरे जनसभा के दौरान कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। श्री गिलुवा ने संगठन को सशक्त बनाने में घाटशिला के विधायक लक्ष्मण टुडू, पोटका विधायक मेनका सरदार, सरायकेला खरसावां के विधायक साधु चरण महतो सहित भाजपा विधायकों की भूमिका को सराह उन्होंने कहा कि संगठन का जनाधार बढ़ाने में उक्त नेताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। पार्टी के कार्यकर्ताओं की भावनाओं का कद्र करते हुए उन्हें समुचित सम्मान देना भी इन नेताओं की विशेषता रही है। इसी के परिणाम स्वरूप कोल्हान प्रमंडल की 14 सीटों में से 5 सीटें भाजपा के कब्जे में है। अबकी बार के चुनाव में पार्टी का प्रयास होगा कि कोल्हान प्रमंडल की सभी सीटें भाजपा की झोली में आए। इस दिशा में श्री गिलुवा प्रयासरत हैं।

शुक्रवार, 20 सितंबर 2019

टाना भगतों के आर्थिक सुदृढ़ीकरण के लिए प्राधिकार संकल्पितः डा. डीके तिवारी

मुख्य सचिव की अध्यक्षता में टाना भगत विकास प्राधिकार की बैठक

रांची। झारखंड सरकार के मुख्य सचिव डॉ. डीके तिवारी ने कहा कि टाना भगत समुदाय देश के ऐतिहासिक धरोहर हैं। टाना भगत विकास प्राधिकार का ध्येय इनका आर्थिक स्वावलंबन है। सरकार टाना भगतों के आर्थिक सुदृढ़ीकरण के उपायों पर लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि टाना भगतों की जमीन से जुड़ी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान करने के बाद सरकार अब उनके घर, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली-पानी आदि मूलभूत जरूरतों को भी लगभग पूरा कर चुकी है, जो भी थोड़े काम बचे हैं, उन्हें भी एक समयसीमा के भीतर पूरा कर दिया जाएगा। उक्त बातें उन्होंने झारखण्ड मंत्रालय में टाना भगत विकास प्राधिकार की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही।

एक भी परिवार सूची से छूटे नहीं
मुख्य सचिव ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि राज्य के विभिन्न जिलों में बसे टाना भगतों को पूरी सरकारी सहायता मिले। इसके लिए सरकार ने टाना भगतों के सहयोग से उनके परिवार की सूची बनाई है। अगर अभी भी कोई परिवार उक्त सूची में शामिल नहीं हो पाया है, तो टाना भगत प्रक्रिया के तहत सूची उपलब्ध करा कर उनका नाम दर्ज कराएं। इसके लिए उन्होंने इसी सप्ताह छूटे परिवारों की सूची उपायुक्तों को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि एक भी टाना भगत परिवार उस सूची से नहीं छूटे।

कैंप लगाकर जमीन की रसीद बांटे
मुख्य सचिव ने उत्तराधिकार के आधार पर तीन दिनी कैंप लगाकर टाना भगतों की जमीन की रसीद बांटने का निर्देश दिया है। हालांकि टाना भगतों के निवास के कुल आठ जिलों में से सिर्फ लातेहार में रसीद नहीं मिलने की शिकायत मिली है। वहीं विशेष कैंप लगाकर टाना भगतों को सूचित कर छूटे हुए लोगों को उत्तराधिकार प्रमाण पत्र देने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि उत्तराधिकार के आधार पर जितने परिवार हैं, उन सभी की लगान रसीद काटें। अभी तक उत्तराधिकार के आधार पर कुल 715 परिवारों का नामांतरण का काम संपन्न हो चुका है।

टाना भगतों ने की टोकन लगान देने की मांग
टाना भगत विकास प्राधिकार की बैठक में टाना भगतों ने पूर्व की तरह एक रुपये टोकन राशि के आधार पर जमीन का लगान लेने की मांग की। जबकि पूर्व में उनकी ही मांग के आधार पर सरकार ने उनकी जमीन को लगान मुक्त घोषित किया था। अब उनका कहना है कि मुफ्त में वे जमीन का मालिकाना हक नहीं चाहते। मुख्य सचिव ने कहा कि वे उनकी मांगों से सरकार को अवगत करा देंगे।

अंबेडकर आवास योजना का दें लाभ
बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत दो के साथ एक अतिरिक्त कमरा बनाने के लिए 70 हजार रुपये की राशि खाते में देने के बावजूद कुछ टाना भगत अभी तक प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुक नहीं होने के कारण उसका उपयोग नहीं कर पाए हैं। मुख्य सचिव ने उनके नाम से प्रधानमंत्री आवास योजना स्वीकृत कराने का निर्देश देते हुए कहा कि अगर इसमें समय लग रहा हो तो उन्हें अंबेडकर आवास योजना का लाभ दें। उन्होंने टाना भगतों को सलाह दी कि आवास स्वीकृति होने तक वे खाते में गई एक अतिरिक्त कमरे की राशि से प्रधानमंत्री या अंबेडकर आवास योजना के नक्शे के अनुरूप एक अतिरिक्त कमरे का निर्माण शुरू करें।

गाय की खरीदारी के साथ होगा बीमा
टाना भगत परिवारों को अपनी पसंद की नस्ल की निःशुल्क चार दुधारू गाय खरीदने में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। उन गायों को रखने के लिए 346 शेडों का निर्माण पूरा हो चुका है। सभी लाभुकों को गोपालन से संबंधित प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है। टाना भगतों की मांग पर मुख्य सचिव ने बताया कि गाय की खरीदारी के साथ ही बीमा की भी व्यवस्था है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी कारण से क्षति होने पर बीमा की राशि ससमय मिले, इसकी व्यवस्था वे सुनिश्चित करें। साथ ही 28 सितंबर से लगने वाले पशु मेला में जाकर खुद गायों की खरीदारी करने के लिए भी टाना भगतों को कहा।

प्रशिक्षित छात्रों का प्लेसमेंट कराएं
झारखंड रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय में सरकारी खर्चे पर अध्ययन के बाद पास आउट टाना भगत विद्यार्थियों के प्लेसमेंट की व्यवस्था करने का निर्देश मुख्य सचिव ने दिया। वहीं इसमें फेल छात्रों के योग्यतानुसार रोजगारपरक समायोजन का निर्देश दिया। उन्होंने दसवीं से कम पढ़े टाना भगतों की स्क्रीनिंग कर कौशल विकास मिशन द्वारा प्रशिक्षण के बाद रोजगार से जोड़ने पर बल दिया। वहीं टाना भगतों से कहा कि अगर वे अपने क्षेत्र में मिनी बस चलाने को इच्छुक हों, तो सरकार उसमें भी मदद करेगी।

खाद-बीज का प्रस्ताव देर से देने पर जतायी नाराजगी
विभागीय योजना के तहत टाना भगतों को खाद-बीज उपलब्ध कराने में फिसड्डी रहे रांची जिले की स्थिति पर मुख्य सचिव ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने रांची जिला द्वारा खाद-बीज उपलब्ध कराने का प्रस्ताव सितंबर में देने के लिए जिम्मेदार व्यक्ति पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। वहीं बैठक में टाना भगतों को विभागीय योजनाओं के तहत सिंचाई, कुंआ, तालाब निर्माण, ट्रैक्टर देने जैसे लाभों की वर्तमान स्थिति की भी समीक्षा की गई।

मुख्य सचिव डॉ. डीके तिवारी की अध्यक्षता में संपन्न टाना भगत विकास प्राधिकार की बैठक में वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री केके खंडेलवाल, ग्रामीण विकास के प्रधान सचिव श्री अविनाश कुमार, राजस्व सचिव श्री केके सोन, पेयजल एवं स्वच्छता सचिव श्रीमती आराधना पटनायक, पर्यटन सचिव राहुल शर्मा, कृषि सचिव श्रीमती पूजा सिंघल समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।

सरकार चाहती है हर बेटी को मिले सुकन्या योजना का लाभ

हर बेटी को मिले सुकन्या का लाभ....यही सरकार का प्रयास..
====================
मुख्यमंत्री सचिवालय रांची
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने दुमका के कुसुमडीह में बच्यियों के साथ व्यतीत किये कुछ पल


दुमका/कुसुमडीह। स्कूल में पढ़ाई कर रहीं सभी बच्चियों को सुकन्या योजना का लाभ दें I इससे बच्चियों को पढ़ाई में मदद मिलेगी, बाल विवाह जैसी कुप्रथा को रोकने में भी यह सहायक साबित होगा, बच्चियां अपने सपनों को पंख दे सकेंगी। आप सभी बच्चियां मन लगाकर पढ़ाई करें। ताकि अपने परिवार समाज, राज्य और देश का मान अपने कार्यों से बढ़ा सकें I ये बातें मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास ने अपने दुमका प्रवास के दौरान कुसुमडीह स्थित मिलेनियम स्कूल की बच्चियों से मुलाकात के क्रम में कही।

आपके सशक्तीकरण के लिए सरकार कार्य कर रही है

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की बेटियों को मुख्यमंत्री सुकन्या योजना का लाभ जरूर मिले। बेटियों की सहभागिता जबतक योजना में नहीं होगी, तबतक आपके सशक्तीकरण की योजना यथार्थ में नहीं बदलेगी। सरकार महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए प्रयासरत है, इस कार्य मे हमें सफलता भी मिली है।

इस अवसर पर बच्चों ने मुख्यमंत्री का परंपरागत ढंग से स्वागत किया।

स्वच्छ भारत मिशन की नोडल अधिकारी ने की नगर परिषद के कार्यों की समीक्षा


चक्रधरपुर। स्वच्छ भारत मिशन की नोडल अधिकारी अंजलि तिग्गा आज चक्रधरपुर नगर परिषद में पंहुची तथा उन्होंने चक्रधरपुर नगर परिषद के अधीन चल रहे कार्यों की समीक्षा की तथा कार्यपालक पदाधिकारी महेंद्र राम के कार्य को काफी सराहा नोडल अधिकारी इसके साथ ही स्वच्छता अभियान 2020 तथा जमशेदपुर में आयोजित कार्यशाला के विषय में भी जानकारी ली जमशेदपुर में आयोजित कार्यशाला के विषय में भी विचार विमर्श किया शौचालय निर्माण प्रधानमंत्री आवास योजना और लोगों के बीच प्लास्टिक के रोकथाम पर लोगों को जागरूक करना मुख्य विषय रहा इस अवसर पर नगर परिषद के नगर प्रबंधन सत्येन्द्र भगत भी से उपस्थित थे

मनोहरपुर प्रखंड में मॉडल ग्राम से संबंधित ग्राम सभा का आयोजन


विनय मिश्रा
मनोहरपुर। आज मनोहरपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी जितेंद्र कुमार पांडे की अध्यक्षता में मॉडल ग्राम निर्माण से संबंधित ग्राम सभा का आयोजन रायकेड़ा पंचायत के लच्छीपुर गाँव में किया गया।

मॉडल ग्राम से संबंधित 6 समितियों का गठन किया गया है। उन समितियों के साथ आज ग्राम सभा के माध्यम से बैठक की गई तथा उन्हें उनके कार्यभार के बारे में जानकारी दी गई ।

मॉडल ग्राम हेतु गठित विभिन्न समितियां स्वच्छता समिति, माता समिति, कल्याण समिति, ग्राम विकास समिति इन सभी समितियों के द्वारा गांव में सर्वे किया जाएगा तथा जांच किया जाएगा की मॉडल ग्राम हेतु कार्य को कैसे आगे बढ़ाया जाए।

स्वर्ण जयंती वर्ष का झारखंड : समृद्ध धरती, बदहाल झारखंडी

  झारखंड स्थापना दिवस पर विशेष स्वप्न और सच्चाई के बीच विस्थापन, पलायन, लूट और भ्रष्टाचार की लाइलाज बीमारी  काशीनाथ केवट  15 नवम्बर 2000 -वी...