यह ब्लॉग खोजें

बुधवार, 8 अगस्त 2018

हजयात्रियों से मिले सुबोधकांत


 अमन- चैन की दुआ की अपील

रांची। पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय बुधवार को राजधानी के कडरू  (हज हाउस) और डोरंडा स्थित रिसालदार बाबा के मजार जाकर आजमीन-ए-हज से मिले। हजयात्रियों के यात्रा के दौरान उपयोगी वस्तुओं का वितरण किया। उन्होंने आजमीने हज से मुल्क की तरक्की, अमन-चैन के लिए दुआएं मांगने की अपील की। इस अवसर पर विनय सिन्हा दीपू, नेहाल अहमद , नैयर शहाब, अरशद हुसैन ,मोहम्मद शमीम, जमील अहमद ,मोहम्मद फारुख नाजमुल ,काजिम एकवाले फातमी, कुमार रोशन , ऋषिकेश सिंह सहित अन्य मौजूद थे।

हर घर को मिले दैनिक जरूरत का पानीः सीपी सिंह

रांची।  जलापूर्ति में आ रही समस्याओं की शिकायतों से तंग आ चुके प्रदेश के नगर विकास एवं आवास मंत्री  सीपी सिंह ने आज नगर विकास विभाग के सचिव अजय कुमार सिंह और पेयजल व स्वच्छता विभाग की सचिव  आराधना पटनायक और दोनों ही विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की .....और समस्याओं के समाधान पर चर्चा के साथ साथ कई आवश्यक निर्देश भी दिए... मंत्री ने कहा कि सरकार जनता से जल कर के रूप में पैसा ले रही है लेकिन लोगों को जरूरत के मुताबिक भी पानी नहीं मिल पा रहा है... वैसे में आप दोनों विभाग आपस में समन्वय स्थापित कर यह सुनिश्चित करें कि हर घर को कम से कम दैनिक जरूरत के लिए पानी मिले....
                 मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जेएनएनयूआरएम के तहत चल रही योजनाओं को जल्द पूरा करें और लोगों को पानी पहुंचाने का काम करें इस मौके पर विभागीय मंत्री ने अभियंताओं को भी फटकार लगाई ....और कहा कि इन समस्याओं के समाधान की जिम्मेदारी आपको लेना चाहिए और जनता की परेशानी को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जाना चाहिए.... मंत्री ने कहा कि जल आपूर्ति पाइप लाइन बिछाने के नाम पर कई जगह गड्ढे   खोदकर छोड़ दिए जाते हैं उसकी भी मरम्मती साथ साथ होनी चाहिए ....उन्होंने कहा कि कई इलाके में पाइप लाइन बिछाने का काम भी रुका हुआ है उसको तेज गति से संपन्न कराया जाए साथ ही बैठक में यह निर्णय लिया गया कि रुक्का में जो भी पंप खराब है उन्हें बदलने की प्रक्रिया शुरू हो और कम से कम समय में इसका टेंडर निकालकर नए पंप खरीदे जाएं इसका पैसा नगर विकास विभाग देगा....
            मंत्री ने कहा कि इसके साथ ही जिन इलाकों में जलापूर्ति हो रही है उन इलाकों में यह सुनिश्चित किया जाए कि पीने योग्य पानी की जलापूर्ति हो कई जगह लोकल फॉल्ट के कारण लाल रंग का पानी आ रहा है इसकी शिकायतें भी प्रतिदिन पहुंच रही है इसलिए अधिकारियों को इस दिशा में भी ध्यान देने की जरूरत है.... उन्होंने कहा कि शहर के कई निचले इलाकों में भी पाइपलाइन नहीं होने के कारण जल आपूर्ति नहीं हो पा रही थी लेकिन पिछले दिनों सख्त रुख अपनाने के बाद पाइपलाइन तो बिछाया जा चुका है , उससे जल्द मुख्य टंकी से जुड़कर वहां जलापूर्ति होगी ...इसके साथ ही मंत्री ने सभी अभियंताओं को निर्देश दिया कि जब लोग पेयजल की समस्या से जूझते हैं और संबंधित क्षेत्र के अभियंता से बात करना चाहते हैं तो फोन नहीं उठाने की शिकायतें आती हैं ,जो कि बर्दाश्त योग्य नहीं है आपको जनता को सही कारण बताना चाहिए और इसके लिए जरूरी है कि आप लोगों का फोन रिसीव करें ..
            बैठक में मंत्री सीपी सिंह के अलावा नगर विकास विभाग के सचिव श्री अजय कुमार सिंह पेयजल व स्वच्छता विभाग के सचिव आराधना पटनायक रांची के नगर आयुक्त डॉक्टर शांतनु अग्रहरि और नगर विकास विभाग तथा पेयजल व स्वच्छता विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

सूफी गायक कैलाश खेर सम्मानित


रांची। बुधवार को सामाजिक संस्था शारदा फाउंडेशन  एवं भोजपुरी युवा विकास मंच ने प्रसिद्ध सूफी गायक कैलाश खेर को सम्मानित किया इस अवसर पर कैलाश खेर ने कहा कि हमारी नई पीढ़ी को अपने चरित्र और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देना चाहिए अगर हमारा चरित्र और शरीर स्वस्थ रहेगा तो वह दिन दूर नहीं है जब भारत विश्व गुरु बन सकेगा।
उन्होंने झारखंड की तारीफ की और कहा कि यहां की नई पीढ़ियों से मैंने कल रूबरू हुआ था  कि  यहां की नई  पीढ़ी को काफी संभावनाएं हैं और काफी उत्साहित हैl यहां की नई पीढ़ी जब भी  मुझे किसी भी तरह के कार्यक्रम में बुलाएगी तो मैं उनके लिए सदा उपस्थित रहूंगा और मैं उन्हें हमेशा उत्साहित करता रहूंगा।
 इस अवसर पर भोजपुरी युवा विकास मंच के अध्यक्ष आशुतोष द्विवेदी,राजीव रंजन,दीपक गुप्ता,सावन कुमार,नीलकमल झा आदि उपस्थित थे।ये जानकारी आशुतोष द्विवेदी ने दी।

एनएसयूआई ने आक्रोश रैली निकाल संसद घेरा

पुलिस हमले में कई प्रदर्शनकारी घायल

रांची। मोदी सरकार के विरुद्ध आक्रोश मार्च निकालते हुए एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में संसद घेराव का कार्यक्रम आयोजित किया। इस मौके पर  कन्याकुमारी से लेकर जम्मू कश्मीर तक के छात्र-छात्राओं  ने भाग लिया। छात्रों ने इस कार्यक्रम के जरिए देश में बढ़ती बेरोजगारी और झूठे जुमलों सरकार के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली और नारे लगाए। इस दौरान पुलिस ने बल प्रयोग किया जिससे कई कार्यकर्ता घायल हो गए।  छात्रों के तेवर से घबराई मोदी सरकार की पुलिस ने भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के सैकड़ों कार्यकर्ताओं को  हिरासत में ले लिया। कई दर्जन कार्यकर्ताओं के हाथ-पैर और सर फूटे। छात्र संगठन के नेताओं ने कहा कि इस सरकार का लोकतंत्र में कोई विस्वास नहीं है। यह सरकार लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाने के अधिकार को कुचल देने पर आमादा है। अपने खिलाफ उठने वाले हर आक्रोश को कुचल देना और हर आवाज को दबाना चाहती है। लेकिन एनएसयूआई सरकार की निरंकुशता के खिलाफ आवाज़ उठाती रहेगी। हम लोकतंत्र पर अधिनायकतंत्र को किसी कीमत पर हावी नहीं होने देंगे।

मंगलवार, 7 अगस्त 2018

नहीं रहे तमिलनाडु के पूर्व मुख्‍यमंत्री करुणानिधि



-कमरुल रिज्वी
 तमिलनाडु के पूर्व मुख्‍यमंत्री और द्रमुक अध्यक्ष एम. करुणानिधि का निधन हो गया है. कावेरी अस्‍पताल की ओर से जारी बयान में कहा गया कि शाम छह बजकर 10 मिनट पर उन्‍होंने अंतिम सांस ली. अस्‍पताल ने बयान जारी कर कहा कि डॉक्‍टर्स और नर्सों ने उन्‍हें बचाने की पूरी कोशिश की लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका. उनके कई जरूरी अंग ठीक से काम नहीं कर रहे थे. वे लगातार लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर थे. अस्पताल ने बयान जारी कर कहा कि 94 वर्षीय पूर्व मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जा रही थी. करूणानिधि का हाल जानने के लिए हजारों की संख्या में द्रमुक कार्यकर्ता अस्पताल के बाहर इकट्ठा हैं. समर्थक और कार्यकर्ता रो रहे हैं और प्रदर्शन कर रहे हैं.

कावेरी अस्पताल के मुताबिक, "द्रमुक अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि की तबीयत खराब है. ज्यादा उम्र होने के कारण उनके शरीर के महत्वपूर्ण अंगों की कार्य क्षमता को बनाए रखना मुश्किल हो रहा है." अस्पताल के कार्यकारी निदेशक डॉक्टर अरविन्दन सेल्वाराज ने कहा, द्रमुक अध्यक्ष के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जा रही है और वह मेडिकल सपोर्ट पर हैं. अगले 24 घंटों में उनके तबीयत में कितना सुधार आता है, इसी से आगे की चीजें तय होंगी. करुणानिधि को ब्लड प्रेशर की समस्या के बाद 28 जुलाई को अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

द्रमुक प्रमुख की पत्नी दयालु अम्मल भी सोमवार को उनसे मिलने अस्पताल पहुंची. 28 जुलाई से अभी तक वह पहली बार पति से मिलने आयी थीं. अम्मल व्हीलचेयर से अस्पताल पहुंचीं. सामान्य तौर पर इस व्हीलचेयर का इस्तेमाल करूणानिधि करते थे. बढ़ती उम्र के कारण अम्मल का स्वास्थ्य भी ठीक नहीं रह रहा है.राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी सहित अन्य कई नेता अस्पताल जाकर करूणानिधि के स्वास्थ्य की जानकारी ले चुके हैं.

तिरंगा सम्मान यात्रा से जुड़े दिशोम गुरु शिबू सोरेन




रांची । तिरंगा सम्मान यात्रा अब एक अभियान का रूप लेता जा रहा है। धीरे-धीरे झारखंड की तमाम विभूतियां इसका हिस्सा बनती जा रही हैं। प्रसिद्ध समाजसेवी सुधांशु सुमन की यह अवधारणा लोकप्रियता की ऊंचाइयां लांघ रही है और राष्ट्रप्रेम के संचार का सशक्त माध्यम बनती जा रही है। इसी क्रम में रांची एक्सप्रेस ग्राम सेवा फाउंडेशन के पेट्रियोटिक इंडिया के माध्यम से समाज सेवी सुधांशु सुमन ने झारखंड के दिशोम गुरु एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन को तिरंगा व पौधा भेंट कर तिरंगा सम्मान यात्रा से उन्हें जोड़ने का गौरव प्राप्त किया। इस मौके पर उनके साथ रांची एक्सप्रेस तिरंगा टीम प्रमुख पवन सिन्हा मौजूद थे।



विदेशी घुसपैठ मामले में भाजपा की नीयत संदेहास्पदः झाविमो

     

रांची। झारखंड विकास मोर्चा के केन्द्रीय प्रवक्ता योगेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि विदेशी घुसपैठियों के नाम पर भाजपा केवल गंदी राजनीति कर रही है। विदेशी घुसपैठ मामले में भाजपा की नीयत संदेहात्मक है। जनमुद्दों, राफेल घोटाला व अपने चार वर्षो की नाकामी से ध्यान भटकाने के लिए भाजपा इस मसले को महज हवा देकर अपनी राजनीतिक रोटी सेंकनें व चमकाने का काम कर रही है। दरअसल इस मसले पर भाजपा को कुछ करना ही नहीं है। वर्ष 2005-13 तक तत्कालीन यूपीए सरकार ने लगभग 82 हजार विदेशी घुसपैठियों को देश से निकाला था जबकि देशभक्ति का प्रमाणपत्र बांटने व झूठा ढ़ोल पीटने वाली भाजपा की सरकार के कार्यकाल में 2014-18 तक पिछले चार वर्षो में महज 1826 घुसपैठियों को ही देश से निकाला जा सका है। इस मसले पर भाजपा के दोहरे चरित्र को एक और ज्वलंत उदाहरण गोड्डा में अडाणी पावर प्लांट लगाकर बांग्लादेश को बिजली सप्लाई करने वाले मामले से समझा जा सकता है। एक तरफ भाजपा वाले बांग्लादेशियों के प्यार में इस कदर अंधे हैं कि अडाणी पावर प्लांट के लिए जबरन गरीब-किसानों की हजारों एकड़ जमीन लेने के लिए कानून तक को लचीला कर रहे हैं और दूसरी ओर देशवासियों व झारखंडवासियों को बांग्लादेशी घुसपैठ के नाम पर गुमराह भी कर रहे हैं। एक साथ मुहब्बत व जंग का इससे नायाब उदाहरण भाजपा के सिवा किसी और के पास मिल ही नहीं सकता है। पिछले चार साल से भाजपा को यह मुद्दा नजर नहीं आया, 2019 चुनाव को देखते हुए भाजपा के लोग फिर से घड़ियाली आंसू बहाने शुरू कर दिये हैं। परंतु अब ऐसा नहीं चलेगा, जनता सब समझ चुकी है। भारत का भला कौन नागरिक चाहेगा कि उनके मुल्क में किसी विदेशी नागरिक का घुसपैठ हो, झाविमो भी विदेशी घुसपैठियों की शिनाख्त की घोर पक्षधर है परंतु इसके नाम पर केवल मौकापरस्त राजनीति करने की इजाजत किसी को नहीं है। 

स्वर्ण जयंती वर्ष का झारखंड : समृद्ध धरती, बदहाल झारखंडी

  झारखंड स्थापना दिवस पर विशेष स्वप्न और सच्चाई के बीच विस्थापन, पलायन, लूट और भ्रष्टाचार की लाइलाज बीमारी  काशीनाथ केवट  15 नवम्बर 2000 -वी...