यह ब्लॉग खोजें

गुरुवार, 16 अगस्त 2018

आँचल शिशु आश्रम के बच्चों के साथ मनाया हिंदुस्तान की स्वतंत्रता का त्यौहार



रांची। अपर बाज़ार स्थित आंचल शिशु आश्रम में प्रातः 9.15 बजे जेसीआई रांची उड़ान के तत्वावधान में आजादी के त्योहार को बड़े ही धूम धाम से मनाया गया।
सर्वप्रथम संस्था अध्यक्ष जेसी दीप्ति बजाज ने आश्रम की छोटी बालिका से परिसर में तिरंगा फहरा कर उत्सव का आरंभ किया,राष्ट्रगान के गायन के उपरांत बच्चों को उपहार , बिस्कुट , मिठाई एवं टॉफियां बांटी गयी।
संस्था अध्यक्ष जेसी दीप्ति बजाज ने बच्चों को स्वतंत्रता का अभिप्राय बताते हुये संबोधित किया एवं सभी बच्चो के अध्ययन एवं विकास को जाना । कार्यक्रम संचालन जेसी राखी जालान ने किया । इस गौरवपूर्ण अवसर पर
सचिव भावना काबरा , सुमिता अग्रवाल ,नेहा गाड़ोदिया , विनीता सिघांनिया ,संतोष  तुलस्यान , रिंकी मोदी ,डॉली खेतावत , स्वाति जालान ,राखी जालान , राखी काला जैन , रेखा नारसारिया,विनीता सिंघानिया  , आशु सर्राफ एवं अन्य सदस्याएँ शामिल हुयी ।

बुधवार, 15 अगस्त 2018

मारवाड़ी ब्राह्मण सभा ने मनाया आजादी का त्योहार


रांची। अखण्ड भारत की स्वतंत्रता की ७२वीं वर्षगांठ पर मारवाड़ी ब्राह्मण सभा के तत्वावधान में आजादी के त्योहार को बड़े ही धूम धाम से मनाया गया।
सर्वप्रथम,प्रातः 9.30 बजे,सभा के मंत्री ज्ञान चंद शर्मा ने भवन परिसर में तिरंगा फहरा कर उत्सव का आरंभ किया,राष्ट्रगान के गायन के उपरांत बच्चों को टॉफियां बांटी गयी।
प्रातः १० बजे मारवाड़ी ब्राह्मण सभा रांची के तत्वावधान में मारवाड़ी ब्राह्मण युवा सभा द्वारा मारवाड़ी ब्राह्मण भवन के प्रथम तल पर नागरमल मोदी सेवा सदन ब्लड बैंक के सहयोग से रक्तदान शिविर लगाया गया।
जहां न सिर्फ मारवाड़ी समाज के युवाओं ने बल्कि महिलाओं ने और अन्य समाज के लोगो ने भी रक्तदान किया।रक्तदान शिविर संध्या ४ बजे तक चला शिविर में 48 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया
रक्तदान शिविर का उद्घाटन समाज की कुसुम शर्मा ने फीता काट कर किया।
मौके पर सभा के अध्यक्ष रवि शंकर शर्मा (टोली) मंत्री ज्ञान चंद शर्मा,पूर्व मंत्री श्याम सुंदर सारस्वत, सुशील कुमार माटोलिया, कोषाध्यक्ष कृष्ण लाल शर्मा (किशन), आंतरिक अंकेक्षक अमित सारस्वत (काली), उप-मंत्री  शांति प्रसाद शर्मा (गुरुजी), अशोक पुरोहित एवं आनंद शर्मा सहित अन्य गण्यमान्य लोग उपस्थित थे।

झारखंड पुलिस मुख्यालय में झंडोत्तोलन

रांची। स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर झारखंड पुलिस मुख्यालय में डीजीपी डीके पाण्डेय ने झंडोत्तोलन किया। इस दौरान डीजीपी ने शहीदों को याद करते हुए आज़ादी के मायने बताये, प्रदेश में नक्सल और उग्रवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को लेकर पुलिसकर्मियों और सुरक्षा बलों की प्रशंसा की गई। साथ ही सरकार की आत्मसमर्पण नीति को लेकर सरकार को धन्यवाद दिया। डीजीपी डीके पांडेय ने कहा कि वें सब यहां आजादी की 72वीं वर्षगांठ मनाने के लिए एकत्रित हुए हैं। आजादी कहने को सिर्फ एक शब्द है। लेकिन इसकी भव्यता को कोई भी शब्दों में बांध नहीं सकता है। डीजीपी ने कहा आजादी का अर्थ है विकास के पथ पर आगे बढ़कर देश और समाज को ऐसी दिशा देना जिससे हमारे देश की संस्कृति और समृद्धि की खुशबू चारों ओर फैल सके। इस शुभावसर पर पुलिस के सभी आला अधिकारी, अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद थे।

पीपल टोली की सड़क खस्ताहाल, पैदल चलना भी मुहाल

वार्ड संख्या 35 स्थित डोमन नगर का हाल


रांची। नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 35 स्थित डोमन नगर- पीपल टोली की कच्ची सड़क भी बदहाल है। बरसात के मौसम में इस सड़क से होकर गुजरना जोखिम भरा है। इस सड़क से होकर क्षेत्र के चापु टोली, दीपा टोली, अरगोड़ा बस्ती सहित अन्य इलाकों के लोगों का आवागमन होता है। प्रतिदिन हजारों लोग इस कच्चे रास्ते से होकर गुजरते हैं।
इस क्षेत्र में  मदर्स इंटरनेशनल स्कूल अवस्थित है। स्कूली बच्चों को स्कूल आने- जाने में भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बरसात के दिनों में परेशानी बढ़ जाती है। कच्चे और उबड़खाबड़ रास्ते से होकर आवागमन करना इस क्षेत्र के लोगों की नियति बन गई है। इस संबंध में डोमन नगर के कई नागरिकों ने बताया कि पूर्व में कई बार स्थानीय विधायक से सड़क के पक्कीकरण के लिए अनुरोध किया गया,लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। विधायक नवीन जायसवाल इस क्षेत्र में अवस्थित स्कूल मदर्स इंटरनेशनल के कई कार्यक्रमों में शामिल होने आए। स्थानीय लोगों और विद्यालय प्रबंधन की ओर से सड़क की स्थिति की ओर उनका ध्यान आकृष्ट कराते हुए सड़क के पक्कीकरण की मांग की गई। लोगों का कहना है कि आश्वासन मिला, लेकिन स्थिति यथावत है।

* सड़क के पक्कीकरण के लिए प्रयासरत हैं : पार्षद

रांची नगर निगम के वार्ड संख्या 35 के पार्षद झरी लिंडा ने कहा कि लोगों की समस्याओं से वाकिफ हैं। यह सही बात है कि सड़क के अभाव में जनता को परेशानीहो रही है। नगर निगम से फंड का आवंटन नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि कई मुहल्लों के लोगों ने सड़क के लिए आवेदन दिया है। फंड आवंटित होते ही प्राथमिकता के आधार पर सड़क निर्माण की अनुशंसा करेंगे। श्री लिंडा ने कहा कि जनसमस्याएं दूर करना उनकी प्राथमिकता है।इस दिशा में वह प्रयासरत हैं।

मदर्स इंटरनेशनल स्कूल में झंडोत्तोलन


* शहीदों की कुर्बानियां प्रेरणास्रोत : डॉ. रमण कुमार झा

रांची / ब्रांबे, सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्र में अवस्थित आवासीय विद्यालय मदर्स इंटरनेशनल स्कूल, जाहेर, ब्रांबे में स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। अमिटी विश्वविद्यालय के उप कुलपति डॉ.रमण कुमार झा ने झंडोत्तोलन किया। इस अवसर पर उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आजादी की लड़ाई में शहीदों की शहादत हमारे लिए प्रेरणास्रोत है। काफी कुर्बानियों के बाद हमें आजादी मिली है। इसकी रक्षा करना हम सब का कर्तव्य है। मौके पर मौजूद मदर्स इंटरनेशनल स्कूल की प्राचार्या डॉ. रोमी झा ने छात्रों को देश सेवा का संकल्प दिलाया। स्वतंत्रता दिवस समारोह में कर्नल रंजन कुमार (सेवानिवृत्त), प्रख्यात शिक्षाविद अम्बुज झा सहित स्कूल के शिक्षकगण व काफी संख्या में छात्र उपस्थित थे।

मदरसा हुसैनिया, कडरु रांची में झंडोत्तोलन


* दिखी राष्ट्र प्रेम की झलक।
* छात्रों ने मुल्क की हिफाजत का लिया संकल्प।
* शहीदों की कुर्बानियां स्मरणीय : मौलाना मोहम्मद

रांची ।  राजधानी के कडरू स्थित मदरसा हुसैनिया में स्वतंत्रता दिवस काफी धूमधाम से मनाया गया। मदरसा परिसर में जश्ने आजादी का अद्भुत नजारा दिखा। झारखंड के सबसे बड़े मदरसा हुसैनिया के प्रिंसिपल मौलाना मोहम्मद साहब ने झंडोत्तोलन किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में मौलाना मोहम्मद ने कहा कि काफी कुर्बानियों के बाद हमारा मुल्क आजाद हुआ है। उन्होंने आजादी की अहमियत बताते हुए कहा कि मुल्क की आजादी में उलमा ए कराम की कुर्बानी व्यर्थ न जाय,इसका ख्याल रखें। इस मुल्क की आजादी में उलेमा ने जो कुर्बानी दी है, वह भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने जंग-ए-आजादी के समय का जिक्र करते हुए कहा कि उलेमा की क़ुरबानी इतना ज्यादा था कि जनाजा की नमाज पढ़ने के लिए जगह नहीं थे । दिल्ली के चांदनी चौक से पेशावर तक उलेमा ए कराम का सर पेड़ पर लटका रहा। मुल्क की आजादी के लिए बहादुर शाह जफर, टीपू सुल्तान, शाह वलीउल्लाह देहलवी, शाह ईस्माइल, मौलाना बरकतुल्लाह, मौलाना सय्यद हसन मदनी, मौलाना हसरत मोहानी, मौलाना अताउल्लाह, मौलाना आजाद, अशफाक उल्ला खान, मौलाना हुसैन अहमद मदनी समेत हजारो उलेमा कराम  ने बड़ी कुर्बानी दी है। वहीं भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, सुखदेव, राजगुरु, बाल गंगाधर तिलक, बिपिन चंद्र पाल, लाला लाजपत राय समेत देश के कई वीर सपूतों ने कुर्बानियां दी,तब देश गुलामी की जंजीरों से मुक्त हुआ। मदरसा के बच्चों ने सारे जहां से अच्छा हिंदुस्तान हमारा.. तराना पढ़ा। छात्रों ने एक से बढ़कर एक आज़ादी का तराना पेश किया। इस मौके पर मौलाना अबू बकर, मौलाना असजद ने भी छात्रों को सम्बोधित किया। समारोह में मदरसा के छात्रों में देश प्रेम के प्रति उत्साह, उनका जज्बा और जुनून दिख रहा था। इस मौके पर मौलाना मोहम्मद अबू बकर, मुफ्ती मोहम्मद कमरे आलम, मुफ्ती जिया उल हक, मौलाना रफीक अहमद, मौलाना अहमद, मौलाना मोहम्मद, आबिद हुसैन, कारी अब्दुल कुद्दूस, कारी मोहम्मद अहसान,कारी मोहम्मद अखलद, कारी रिजवान, कारी अमीनुद्दीन, कारी मो इल्यास, कारी मो असद हुसैन, कारी अब्दुल मजीद, कारी मुश्ताक़, कारी असजद, कारी मो शकील, कारी नूर आलम, कारी मो सादिक़, मास्टर मो अतहर, मास्टर शमीम, कारी मो इस्राइल, मौलाना अज़हरुद्दीन, मौलाना इक़बाल आदिल, मौलाना इसराफिल समेत काफी संख्या में छात्र मौजूद थे। जश्ने आजादी के मौके पर मदरसा हुसैनिया के तरफ से सभी छात्रों के बीच मिठाइयां बांटी गई।

झामुमो का जनाधार बढ़ने का दावा


रांची । झारखंड मुक्ति मोर्चा ( बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ) के रांची जिला उपाध्यक्ष व लोकप्रिय सामाजिक कार्यकर्ता जनक नायक ने कहा है कि झारखंड में झामुमो का जनाधार तेजी से बढ़ रहा है। सूबे के संथालपरगना क्षेत्र के अलावा सभी जिलों में गठित जिला कमिटियों के पदधारी झामुमो की नीतियों व सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचा रहे हैं। पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता संगठन को सशक्त बनाने के लिए जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। श्री नायक ने कहा कि समाज के प्रबुद्ध वर्ग के लोग भी काफी संख्या में झामुमो से जुड़ रहे हैं। इसके अलावा महिलाएं, युवा, किसान, दलित व अल्पसंख्यक भी झामुमो की  सदस्यता ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड का कायाकल्प झामुमो से ही संभव है। पार्टी सुप्रीमो और झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरू शिबू सोरेन के मार्गदर्शन व हेमंत सोरेन के कुशल नेतृत्व में कार्यकर्ता पंचायत, प्रखंड से लेकर जिला तक सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा की जनविरोधी नीतियों से तंग आ चुकी है। जनसहयोग से अगली सरकार गैर भाजपा दलों की होगी। इसमें झामुमो की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।

स्वर्ण जयंती वर्ष का झारखंड : समृद्ध धरती, बदहाल झारखंडी

  झारखंड स्थापना दिवस पर विशेष स्वप्न और सच्चाई के बीच विस्थापन, पलायन, लूट और भ्रष्टाचार की लाइलाज बीमारी  काशीनाथ केवट  15 नवम्बर 2000 -वी...