यह ब्लॉग खोजें

शुक्रवार, 18 अक्टूबर 2019

उप निर्वाचन आयुक्त ने सभी जिला के उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक के साथ बैठक की


★चुनाव संपन्न कराने के लिए कोई शॉर्टकट नहीं, निर्धारित प्रक्रिया का अनुपालन जरूरी है--सुदीप जैन, उपनिर्वाचन आयुक्त
====================

रांची। भारत निर्वाचन आयोग के उप निर्वाचन आयुक्त श्री सुदीप जैन एवं सचिव श्री अरविंद आनंद ने झारखंड भ्रमण के दूसरे दिन रांची के होटल रेडिसन ब्लू में सभी जिला के उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक के साथ बैठक की। श्री जैन ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह से सक्रिय हो जाना है। चुनाव संपन्न कराने के लिए कोई भी शॉर्टकट नहीं होता है। इसके लिए निर्धारित प्रक्रिया का अनुपालन करना होता है। पहले से ही विभिन्न प्रकार की चुनौतियों, आधारभूत संरचना ,सुरक्षा ,मतदाता सूची का पुनरीक्षण इत्यादि कार्य को चिन्हित कर उस पर गंभीरतापूर्वक कार्य किया जाए।

18-19 उम्र के मतदाता एवं ऐसे मतदाता जिनका नाम मतदाता सूची में नहीं है, उनका नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करने की कार्रवाई समयबद्ध रूप से की जाए।इस कार्य में शिथिलता नहीं बरती जाए। प्रत्येक मतदाता को मत देने का अधिकार है ।उन्हें मतदान का सुखद अनुभूति हो इसके लिए सभी आवश्यक उपाय किए जाएं। मतदान केंद्रों पर बैठने की व्यवस्था की जाए। वहां कुर्सियां लगाई जा सकती हैं एवं मतदाता को टोकन दिया जा सकता है ताकि उन्हें मतदान के लिए लंबी अवधि तक इंतजार नहीं करना पड़े ।

श्री जैन ने कहा कि निर्वाची पदाधिकारी एवं जिला निर्वाचन पदाधिकारी की बहुत ही महत्वपूर्ण भूमिका होती है एवं उत्तरदायित्व भी निभाना पड़ता है ।उन्हें चुनाव कार्य के लिए गठित विभिन्न कोषांग के कर्मियों को प्रेरित भी करना है एवं समय पर उन्हें ट्रेनिंग भी दिया जाना है । चुनावकार्य में पूरी पारदर्शिता रखनी होगी। सभी राजनीतिक दलों के साथ समय-समय पर बैठक कर चुनाव की प्रक्रिया एवं अनुपालित किए जाने वाले प्रावधानों के बारे में भी बताया जाना होगा। श्री जैन ने मतदान में प्रयुक्त होने वाले ईवीएम वीवीपैट की भी समीक्षा की । ईवीएम के भंडारण एवं सुरक्षा के संबंध में व्यापक निर्देश भी दिए ।

सभी जिला के उपायुक्तों के द्वारा बैठक में चुनाव की तैयारियों के बारे में बताया गया । उनके द्वारा मतदान केंद्रों के भौतिक सत्यापन ,मतदान केंद्रों पर रैंप, शौचालय , विद्युत वहां पर प्रतिनियुक्त किए जाने वाले कर्मियों ,सेक्टर मजिस्ट्रेट ,मास्टर ट्रेनर ,ट्रेनिंग कैलेंडर, मॉक-पोल ,स्वीप गतिविधियां इत्यादि की जानकारी दी गई। श्री जैन ने उन क्षेत्रों ,में जहां मतदान का प्रतिशत कम रहा है ,वहां पर सघन स्वीप अभियान चलाने का निर्देश दिया। कॉलेज के विद्यार्थियों को सी विजील एप डाउनलोड करने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सुझाव दिया कि अपने जिला के लोगों से अकस्मात दूरभाष पर संपर्क कर उनके क्षेत्र में होने वाली घटनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की जा सकती है ।इससे लोगों को लगेगा कि प्रशासन उनके साथ संपर्क में है और वह चुनाव के दौरान अनियमितताओं के संबंध में प्रशासन को अवगत करा सकेंगे ।

सभी जिला के पुलिस अधीक्षक ने विधि व्यवस्था की जानकारी दी ।उनके द्वारा वारंट के निष्पादन , जिला में आर्म्स की संख्या ,चुनाव के अवसर पर आर्म्स के जमा करने इत्यादि के संबंध में जानकारी दी गई। विगत निर्वाचन में जिन मतदान केंद्रों पर किसी कारण से अव्यवस्था उत्पन्न हुई थी, उन कारणों को चिन्हित करते हुए उसके निदान के लिए आवश्यक कदम उठाया जा रहा है।थाना प्रभारियों के साथ भी लगातार बैठकें की जा रही है। बठक में संवेदनशील मतदान केंद्रों की भी समीक्षा की गई।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में 25% मतदान केंद्रों के वेबकास्टिंग का लक्ष्य रखा गया है ।

बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री कृपानंद झा, अपर पुलिस महानिदेशक सह राज्य पुलिस नोडल पदाधिकारी श्री मुरारी लाल मीणा एवं पुलिस महा निरीक्षक सी ए पी एफ श्री संजय आनंद लाटकर, जोनल आई० जी तथा विभिन्न प्रमंडलों के प्रमंडलीय आयुक्त एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक भी उपस्थित थे।

मुख्य सचिव ने विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चुनाव आयोग के साथ किया विचार-विमर्श


★विघ्न रहित विस चुनाव को लेकर उच्चस्तरीय मंथन

★चुनाव आयोग से मांगा 250 कंपनी अर्द्धसैनिक बल
====================
रांची। मुख्य सचिव डॉ. डीके तिवारी की अध्यक्षता में आसन्न विधान सभा चुनाव की तैयारी को लेकर झारखंड मंत्रालय में चुनाव आयोग के साथ गहन विचार-विमर्श हुआ। मुख्य सचिव ने बैठक के दौरान कहा कि लोक सभा चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न कराने के बाद विघ्न रहित विधानसभा चुनाव कराना प्राथमिकता है। उन्होंने चुनाव आयोग से कहा कि प्रप्त इनपुट के अनुसार अगर चुनाव विभिन्न चरणों में होंगे, तो नक्सल प्रभावित राज्य मॆं हिंसारहित चुनावी प्रक्रिया पूरी करना आसान होगा। उन्होंने कहा कि अलग-अलग चरणों में चुनाव होने से इलाका विशेष पर फोकस करना आसान रहेगा। उप निर्वाचन आयुक्त सुदीप जैन ने कहा कि वे राज्य के राजनीतिक दलों, प्रशासनिक अधिकारियों और अन्य सूत्रों से प्राप्त सभी इनपुट आयोग के समक्ष रखेंगे और शांतिपूर्ण चुनाव के लिए जो भी जरूरी होगा, उसे पूरा किया जाएगा।

कम से कम 250 कंपनी अर्द्धसैनिक बल चाहिए
चुनाव आयोग से पिछले अनुभवों और वर्तमान की जरूरतों को देखते हुए चुनाव के दौरान कम से कम 250 कंपनी अर्द्धसैनिक बल उपलब्ध कराने की मांग की गई। मुख्य सचिव ने कहा कि इन कंपनियों के जवान हिंदी भाषी इलाके के हों तो अच्छा रहेगा। इससे राज्य के निचले स्तर के अधिकारियों के साथ फील्ड में काम करते संमय किसी तरह की गलतफहमी की स्थिति नहीं बनेगी। उन्होंने आयोग से अनुरोध किया कि चुनाव के दौरान नक्सलियों की नकेल कसने के लिए झारखंड से लगी दूसरे राज्यों की सीमा के भीतर वहां की पुलिस भी चौकस रहे, इसकी व्यवस्था हो। मौके पर उन्होंने डीजीपी कमल नयन चौबे से कहा कि 23 अक्टूबर को वे दिल्ली में चुनाव आयोग के साथ इस मसले के अलावा विधि व्यवस्था से जुड़े अन्य मामलों पर भी वार्ता कर लें।

चुनाव के समय बूथ बदलने से बचने की सलाह
मुख्य सचिव ने चुनाव आयोग से कहा कि विभिन्न कारणों से चुनाव के करीब होने पर बूथों के बदलाव से कई तरह की परेशानी होती है। वार्ता के दौरान सहमति बनी कि समय रहते बूथ तय किये जाएंगे। अगर किसी गांव आदि से मतदान केंद्र दूर पड़ता है, तो

प्रशासन वोटरों को बूथों तक पहुंचाने की व्यवस्था करेगा

राज्य में तीन साल से एक जगह कार्यरत सभी दारोगा स्थांतरित
चुनाव आयोग से वार्ता के दौरान गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव ने बताया कि राज्य में तीन साल से अधिक समय से एक जगह पदस्थापित सभी दारोगा को स्थांतरित कर दिया गया है। वहीं अन्य विभागों में भी यह प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है।

मतदाता जागरूकता पर दें बल

उप निर्वाचन आयुक्त सुदीप जैन ने राज्य प्रशासन से मतदाता जागरूकता पर बल देते हुए ज्यादा से ज्यादा मतदान सुनिश्चित करने के उपायों पर फोकस करने को कहा। उन्होंने इस दौरान मतदाता पुनरीक्षण कार्य, नये मतदाता सहित अन्य तमाम मसलों पर विचार-विमर्श किया। 

चुनाव आयोग के साथ मुख्य सचिव डॉ. डीके तिवारी की अध्यक्षता में संपन्न उच्चस्तरीय बैठक में चुनाव आयोग के उप निर्वाचन आयुक्त श्री सुदीप जैन के अलावा गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री सुखदेव सिंह, डीजीपी श्री कमल नयन चौबे, राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री विनय कुमार चौबे और एडीजी मुरारीलाल मीणा मौजूद थे।

नक्सलियों की नकेल कसने में माहिर हैं सीआरपीएफ कमांडेंट आनंद कुमार जेराई



चक्रधरपुर स्थित  सीआरपीएफ की 60वीं बटालियन के कमांडेंट आनंद कुमार जेराई नक्सलियों और आतंकियों के लिए खौफ का पर्याय रहे हैं। उनका मानना है कि देश की रक्षा सर्वोपरि है। देश भक्ति और अपने राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना हर नागरिक में होना जरूरी है। यह सशक्त और समृद्ध राष्ट्र निर्माण में काफी सहायक होता है। ऐसी सोच रखने वाले व्यक्ति ही सच्चे देशभक्त कहलाने के हकदार होते हैं। ऐसा मानना है चक्रधरपुर स्थित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की  60वीं बटालियन के कमांडेंट आनंद कुमार जेराई का। श्री जेराई देश प्रेम के जज्बे और जुनून से ओतप्रोत व आत्मविश्वास से लबरेज पुलिस अधिकारी हैं। उनके लिए राष्ट्र सेवा सर्वोपरि है। वह मानव सेवा को सबसे बड़ा धर्म मानते हैं। बचपन से ही उनमें देशप्रेम की भावना कूट-कूट कर भरी थी। यौवनावस्था में आने पर राष्ट्रप्रेम का जुनून उनके सिर चढ़कर बोलने लगा। देशप्रेम का जज्बा परवान चढ़ने लगा। इसी जज्बे से प्रेरित होकर वे केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल में शामिल हुए और देश सेवा का अपना कर्तव्य निभा रहे हैं। श्री जेराई की प्रारंभिक शिक्षा चाईबासा में हुई। उनके पिता स्व. जयराम जेराई बिहार प्रशासनिक सेवा में अधिकारी थे। वहीं, उनकी माता स्व.गौरी जेराई एक कुशल गृहिणी थी। उनके माता-पिता ने आनंद को संस्कार युक्त शिक्षा दिलाने में कोई कोर-कसर बाकी नहीं रखी। देश सेवा के प्रति आनंद के बढ़ते शौक को देखकर उनके माता-पिता हमेशा उन्हें प्रेरित करते रहे। चाईबासा में प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त करने के बाद आनंद ने रांची स्थित जिला स्कूल से मैट्रिक की परीक्षा पास की। मारवाड़ी कॉलेज, रांची से उन्होंने इंटरमीडिएट किया और इसके बाद रांची कॉलेज से स्नातक की डिग्री हासिल की। वर्ष 96 बैच के पुलिस अधिकारी आनंद वर्ष 1997 में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल में नियुक्त हुए। उनकी बेसिक ट्रेनिंग आसाम में हुई। वह श्रीनगर में भी तीन साल पदस्थापित रहे। त्रिपुरा, राजस्थान,मेघालय व मिजोरम में भी पदस्थापना के दौरान उन्होंने अपनी प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया। श्री जेराई एनएसजी में भी पांच वर्षों तक पदस्थापित रहे। इस दौरान वह तत्कालीन उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी की सुरक्षा टीम में भी शामिल थे। उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल नेशनल पुलिस एकेडमी, हैदराबाद में भी अपनी पदस्थापना काल में प्रतिभा का परचम लहराया। उन्हें नक्सलियों की नकेल कसने में महारत हासिल है। नक्सल प्रभावित क्षेत्र छत्तीसगढ़ के सुकमा में भी स्थापित रहे। उनके कार्यकाल के दौरान नक्सलियों ने सर्वाधिक संख्या में आत्मसमर्पण किया। नक्सली उनके नाम से ही खौफ खाते हैं। श्री जेराई जहां कहीं भी पदस्थापित रहे, अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली, व्यवहार कुशलता और अपने कर्तव्य के प्रति ईमानदार पहल से अपने मिशन में सफल रहे हैं। उनके निर्देशन और नेतृत्व में सीआरपीएफ बटालियन अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर है। उनकी नेतृत्व क्षमता अद्भुत है। पुलिस विभाग के आला अधिकारियों के मार्गदर्शन और उनके निर्देशों का सम्मान करते हुए वह सेवारत रहते हैं, वहीं, अपने मातहत सहकर्मियों के संग मित्रवत व्यवहार करते हैं। उनका मानना है कि टीम भावना से काम करने पर हम जल्द ही अपने लक्ष्य को हासिल करने में सफल हो जाते हैं। संगठन में शक्ति उनका आदर्श वाक्य है। वह अपने बटालियन में एक जांबाज पुलिस अधिकारी के रूप में जाने जाते हैं। समाज के प्रति अपने संदेश में श्री जेराई कहते हैं कि हर नागरिक को अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने की आवश्यकता है। युवाओं के प्रति अपने संदेश में वह कहते हैं कि समाज की मुख्यधारा से जुड़ कर अपने भविष्य निर्माण के प्रति गंभीर हों। युवा हमारे देश के भविष्य हैं। उनके कंधों पर हमारे देश का भविष्य टिका होता है। इसलिए युवाओं को अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों में लगाने की आवश्यकता है। तभी हमारा देश और समाज सशक्त और समृद्ध हो सकता है।
प्रस्तुति :  विनय मिश्रा

राजनीतिक दल रेस, शक्ति प्रदर्शन शुरू


संदर्भ :  विधानसभा चुनाव
नवल किशोर सिंह
झारखंड में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सभी राजनीतिक दल रेस हो गए हैं। सत्ता पक्ष सहित विपक्ष में शामिल दलों की भी सक्रियता बढ़ गई है। एक और भाजपा जोहार जन आशीर्वाद यात्रा के माध्यम से जनता के साथ सीधे संवाद करने में जुटी है,वहीं दूसरी तरफ विपक्ष में शामिल प्रमुख दल झामुमो, कांग्रेस, झाविमो व राजद की ओर से भी अपनी पार्टी का जनाधार बढ़ाने के लिए प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। यहां सत्ताधारी दल भारतीय जनता पार्टी के साथ आजसू का तालमेल है। वहीं, बिहार में भाजपा की सहयोगी दल जदयू ने झारखंड में सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी खड़े करने की घोषणा कर दी है। इससे यह स्पष्ट हो गया है कि झारखंड विधानसभा के चुनाव में भाजपा और आजसू गठबंधन चुनावी जंग में उतरेगी। वहीं, दूसरी ओर विपक्ष में शामिल दलों के महागठबंधन की तस्वीरें अभी साफ नहीं हुई है। कांग्रेस पार्टी रैलियों के माध्यम से सूबे में अपना जनाधार बढ़ाने के लिए प्रयासरत है।वहीं, झामुमो ने कल 19 अक्टूबर को राजधानी रांची में बदलाव रैली का आयोजन किया है। इसके बाद राष्ट्रीय जनता दल की रैली 20 अक्टूबर को राजधानी में होने वाली है। इसके पूर्व विगत दिनों झारखंड विकास मोर्चा के सुप्रीमो व पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने भी राजधानी में रैली कर अपनी शक्ति प्रदर्शित की थी। लेकिन अभी तक विपक्षी महागठबंधन का खाका तैयार नहीं हो पाया है। विपक्षी दल कांग्रेस, झामुमो, झाविमो व राजद अपने-अपने स्तर से अपनी पार्टी की रैलियां आयोजित कर इसके माध्यम से जनता को अपनी ओर आकर्षित करने में जुटे हैं। भारतीय निर्वाचन आयोग के पदाधिकारियों के झारखंड दौरे के बाद यह कयास लगाया जा रहा है कि दीपावली के आसपास झारखंड में विधानसभा चुनाव की तिथियां घोषित कर दी जाएगी। इसके मद्देनजर सभी राजनीतिक दलों की गतिविधियां बढ़ गई हैं। भाजपा ने राज्य में विधि-व्यवस्था व निष्पक्ष मतदान कराने का हवाला देते हुए चुनाव आयोग से यहां पांच चरणों में मतदान कराने की अपील की है। वहीं, विपक्ष में शामिल राजनीतिक दलों की ओर से चुनाव आयोग को एक ही चरण में पूरे झारखंड में चुनाव संपन्न कराने का प्रस्ताव दिया गया है। भाजपा की ओर से ईवीएम द्वारा मतदान कराने की बात कही गई।  वहीं, विपक्षी दलों ने ईवीएम की बजाय बैलेट पेपर से मतदान कराने का चुनाव आयोग को प्रस्ताव दिया है। निर्वाचन आयोग के अधिकारियों से राजनीतिक दलों के नेताओं की वार्ता के बाद संभावना जताई जा रही है कि जल्द ही चुनाव की तिथियों की घोषणा कर दी जाएगी। चुनावी शंखनाद होते ही सभी दल अपने-अपने स्तर से सक्रिय रूप से चुनावी तैयारियों में जुट जाएंगे। वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य के मद्देनजर यह भी कयास लगाया जा रहा है कि विपक्ष की ओर से महागठबंधन के तहत ही चुनाव लड़ा जाएगा। इसके पीछे यह तर्क दिया जा रहा है कि झारखंड में झामुमो को छोड़कर कांग्रेस, झाविमो, राजद सहित अन्य दलों का जनाधार लगातार कम होता जा रहा है। इसलिए उक्त दलों के महागठबंधन के तहत चुनाव लड़ने की विवशता भी है। अपने बलबूते चुनावी मैदान में भारी शिकस्त की संभावना के मद्देनजर विपक्ष में शामिल सभी दल का प्रयास होगा कि सामूहिक रूप से महागठबंधन के तहत चुनाव लड़कर भाजपा के खिलाफ चुनावी जंग में उतरें। अब चुनावी बिगुल बजने ही वाला है। एक ओर भाजपा का स्टैंड तो बिल्कुल क्लियर नजर आ रहा है कि वह आजसू से पूर्व के समझौते के तहत  उसे साथ लेकर चुनावी मैदान में उतरेगी। लेकिन विपक्षी महागठबंधन पर लगा धुंध अभी छंट नहीं रहा है। बहरहाल, चुनावी गठबंधन को लेकर विपक्ष में शामिल राजनीतिक दलों की क्या भूमिका होती है, यह देखना दिलचस्प होगा।

गुरुवार, 17 अक्टूबर 2019

टी वैली चाय अब झारखंड के बाजार में


* अमिताभ बच्चन बने ब्रांड एम्बेसडर


रांची। टी वैली चाय अब झारखंड के बाजार में उपलब्ध होगी। कंपनी ने राजधानी स्थित श्री साईं सेल्स एंड मार्केटिंग को झारखंड के लिए सुपर डिस्ट्रीब्यूटर नियुक्त किया है। इसके माध्यम से झारखंड के सभी जिलों में टी वैली चाय उपलब्ध कराई जाएगी। देश के जाने-माने डी जे ग्रुप ने बुधवार को टी वैली चाय होटल ग्रीन होराइजन में लांच किया। इस संबंध में टी वैली के सीओओ आबिद रहमान ने बताया कि यूं तो भारत में चाय के अनेक ब्रांड उपलब्ध हैं,लेकिन कोई भी जाना- माना ब्रांड असम की शत-प्रतिशत ओरिजिनल चाय का दावा नहीं करता है।  दुनिया भर में असम उच्च क्वालिटी की चाय के लिए प्रसिद्ध है। उन्होंने बताया कि चाय की क्वालिटी के साथ-साथ टी वैली की पैकेजिंग भी गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुए की गई है। इस मौके पर टी वैली के सभी ब्रांड की लांचिंग की गई। इसमें टी वैली गोल्ड , टी वैली रॉयल और टी वैली क्लासिक चाय शामिल है। इस अवसर पर टी वैली के  एसके आनंद (वीपी, सेल्स) ने कहा कि टी वैली न केवल क्वालिटी की कसौटी पर  खरा उतरेगी, बल्कि इसके विभिन्न वैरियेन्ट्स का मूल्य भी हर वर्ग के ग्राहकों को भाएगा।  टी वैली को पिछले वर्ष उत्तर भारत में लांच किया गया था। एक साल से भी कम अवधि में टी वैली ने उम्मीद से ज्यादा लोकप्रियता हासिल की है।
उन्होंने कहा कि आज यह उत्तर भारत की 64 हजार से ज्यादा दुकानों पर उपलब्ध है और इस वर्ष के अंत तक टी वैली के रिटेलर्स की संख्या एक लाख को पार कर लेगी।  कम्पनी दक्षिण-पश्चिम तथा पूर्वोत्तर भारत में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की तैयारी में भी जुटी है। ताकि टी वैली चाय नेशनल ब्रांड बन सके। उन्होंने कहा कि कंपनी की आगामी योजनाओं में ग्रीन टी , हर्बल टी एवं आइस टी जैसे वैरियेन्ट लांच करना शामिल है। श्री आनंद ने कहा कि सदी के महानायक अमिताभ बच्चन टी वैली के ब्रांड एम्बैसेडर हैं , जो टी वैली की गुणवत्ता का भरोसा दिलाते हैं।  उन्होंने कहा कि टी वैली कम्पनी का लक्ष्य चाय की पूरी रेंज को झारखंड के हर शहर में उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर वीपी (मार्केटिंग) विकास शुक्ला, जीएम (मार्केटिंग) वल्लभ केसवानी, जीएम (सेल्स) राजीव अरोड़ा, सुपर डिस्ट्रीब्यूटर श्री साईं सेल्स एंड मार्केटिंग के संचालक संतोष कुमार झा सहित अन्य मौजूद थे।

सोनुआ-पंसुआ,लोढ़ई-गुदड़ी पथ निर्माण कार्य लगभग पूरा


* मुख्यमंत्री ने जोहार जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान किया अवलोकन

विनय मिश्रा
मनोहरपुर : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने जोहार जन आशीर्वाद यात्रा कार्यक्रम के अंतर्गत गोईलकेरा से चक्रधरपुर आने के क्रम में  सोनूआ-पंसुआ, लोढई-गुदड़ी पथ निर्माण कार्य का जायजा लिया। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने लगभग दो वर्ष पूर्व उक्त पथ का शिल्यान्यास किया था। अपनी यात्रा के दौरान उन्होंने सड़क निर्माण कार्य  के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। विदित हो कि इस बहुप्रतिक्षित सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास मुख्यमंत्री ने स्वयं किया था। कुल 41.56 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य 112 करोड़ रूपये की लागत से कराया जा रहा है। इस सड़क का अधिकतर कार्य लगभग पूरा होने के कगार पर है।  मुख्यमंत्री का मानना है कि विकास के लिए सड़क जरूरी है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में मुख्यमंत्री ने स्वयं कार्य की आवश्यकता को समझते हुए  सड़क निर्माण कार्य की स्वीकृति देने के साथ-साथ इसका शिलान्यास भी किया था। वर्तमान समय में कार्य प्रगति पर है।  इस सड़क निर्माण के कार्य पूरा होने से इस क्षेत्र में सर्वांगीण विकास दिखाई की गति तेज होगी।

सर सैय्यद अहमद खान की 202 वीं जयंती मनी


रांची। अलीगढ़ मुस्लिम युनिवर्सिटी ओल्ड ब्वाइज एसोसिएशन के तत्वावधान में सर सैयद अहमद खान की 202 वीं जयंती मनाई गई।  जिसमें सैंकड़ों पूर्व छात्रों एवं छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखण्ड हाईकोर्ट के माननीय न्यायाधीश रत्नाकार भेंगरा उपस्थित रहे। न्यायाधीश ने सर सैयद अहमद खान के द्वारा समाज के लिए किये गये कार्यों का वर्णन करते हुए कहा कि हमें भी उनके जीवन से प्रेरणा लेना चाहिए और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वाहन करना चाहिए।
सर सैयद के द्वारा अलीगढ़ मुस्लिम युनिवर्सिटी की स्थापना करके समाज के लिए एक कभी न खत्म होने वाला संस्था कायम करके हम सब पर उपकार किया है।
अलीगढ़ मुस्लिम युनिवर्सिटी की स्थापना से देश के पिछड़े लोगों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़कर हजारों घरों को शिक्षा की द्वीप प्रज्वलित किया है।
डॉ शाहिद अख्तर ने इस कार्यक्रम में कहा की  हिंदुस्तान एक खूबसूरत दुल्हन है और हिंदू और मुसलमान उसकी दो आंखें हैं. उसकी खूबसूरती इसमें है कि उसकी दोनों आंखें सलामत व बराबर रहे ... ये  शब्द महान मुस्लिम समाज सुधारक और भविष्य दृष्टा सर सैयद अहमद खां  के थे.
अलीगढ़ मुस्लिम युनिवर्सिटी के पहले ग्रजुऐट ईश्वरी प्रसाद के बाद कई नामी ग्रामी हस्तियों जैसे सआदत हसन मंटू, खान अब्दूल गफ्फार खान, असरारूल हक़ मज़ाज, ओलंपियन मेजर ध्यान चंद, लाला अमरनाथ, ज़फ़र इकबाल, नसीरूद्दीन शाह, फिल्म डायरेक्टर अनुभव सिन्हा, राजकुमार, गीतकार जावेद अख़्तर, विश्वप्रसिद्ध इतिहासकार प्रो0 इरफान हबीब, विश्वप्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ अशोक सेठ, प्रो0 फेजान मुस्तफा, हामीद अंसारी, रफी अहमद किदवई, साहेब सिंह वर्मा, मोहसीना किदवई इत्यादि ने वहां से शिक्षा प्राप्त करने के बाद देश-विदेश में युनिवर्सिटी का नाम रौशन किया।
विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री अरूण कुमार (आई.ए.एस रिटायर्ड) वाइस प्रसिडेंट सत्य साईं सेवा ट्रस्ट, झारखण्ड ने सभा को संबोधित किया।
इसके अतिरिक्त कार्यक्रम को डॉ शाहिद अख्तर (उपाध्यक्ष राष्ट्रीय उर्दू विकास परिषद), पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष (अ.म.ुसु) सैयद शारीक अहमद, डॉ0 नसीम अख़्तर (सचिव अमुबा, झारखण्ड) एडवोकेट एवं कनवेनर इसरार अहमद खान ने कार्यक्रम को संबोधित किया।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में विरासत हुसैन, इबरारूल होदा, शराबील अहमद, उरूज़ खान, अराना कौसर, डॉ मोहिब, इंजिनियर महताब आलम, नवाजिश काज़मी, इंजिनियर मुबीन आलम, इं0 जीशान आदि ने मुख्य भूमिका निभाई।

स्वर्ण जयंती वर्ष का झारखंड : समृद्ध धरती, बदहाल झारखंडी

  झारखंड स्थापना दिवस पर विशेष स्वप्न और सच्चाई के बीच विस्थापन, पलायन, लूट और भ्रष्टाचार की लाइलाज बीमारी  काशीनाथ केवट  15 नवम्बर 2000 -वी...