यह ब्लॉग खोजें

बुधवार, 13 नवंबर 2019

गुरु नानक देव की 550 वीं जयंती पर लंगर का आयोजन


चक्रधरपुर। मंगलवार को चक्रधरपुर गुरुद्वारा परिसर में  गुरु नानक जी के 550 वीं जयंती पर  दोपहर में लंगर भोग आयोजन किया गया था जिसमे पुरूष महिला एवं बच्चे काफी संख्या में उपस्थित हुए।इस दौरान 60 बटालियन के  कमांडेंट ,जननायक समिति के संरक्षक  राजू प्रसाद कसेरा चक्रधरपुर गुरुद्वारा समिति के अध्यक्ष अजित सिंह, सचिव रमेश छावड़ा,कोष अध्यक्ष संजय छावड़ा, जेसपाल सिंह पदम,राजीव छावड़ा, महेंद्र सिंह आदि शामिल थे।

सोमवार, 11 नवंबर 2019

झारखंड और देश का नाम रौशन करेंगे झारखंड के पहलवानः नीतू झा




गोड्डा। संथाल परगना की जानी मानी समाज सेविका नीतू झा ने गोड्डा में आयोजित 20 वीं राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में झारखंड के पहलवानों के प्रदर्शन की सराहना की खासतौर पर महिला पहलवानों के प्रदर्शन पर उन्होंने आश्चर्य मिश्रित हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कुश्ती भारत के पारंपरिक खेलों में एक है। पाश्चात्य संस्कृति के हावी होने के कारण पारंपरिक खेल विलुप्त होते जा रहे हैं लेकिन कुश्ती के प्रति लोगों का आकर्षण बना हुआ है, यह बड़ी बात है। इस प्रतियोगिता में 400 पहलवानों ने भागीदारी की जिसमें 150 महिला पहलवान शामिल थीं। उन्होंने कहा कि यह महिला सशक्तीकरण का ज्वलंत उदाहरण है। जीवन के हर क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी हो रही है। झारखंड स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसाइटी की महिला टीम ने महिला वर्ग की ओवरऑल चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया। रांची की महिला टीम उपविजेता बनी। गोड्डा की महिला टीम 5 मेडल जीतकर तीसरे स्थान पर रही। सभी पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन किया।
नीतू झा ने कहा कि इस प्रतियोगिता को देखने के बाद उन्हें पूरा विश्वास हो गया है कि कुश्ती की राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी झारखंड की प्रतिभाएं बहुत सारे मेडल जीतकर सूबे का और देश का नाम रौशन करेंगी। उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री और खेल मंत्रालय से गुजारिश की कि कुश्ती के खेल को और सूबे के पहलवानों को ज्यादा से ज्यादा प्रोत्साहित किया जाए और प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए उन्हें आवश्यक संसाधन और सुविधाएं प्रदान की जाएं।


शनिवार, 9 नवंबर 2019

सुप्रीम कोर्ट का फैसला ऐतिहासिक और सराहनीय : भारती सत्येंद्र देव



* बिहार के पटना जिला के बख्तियारपुर थानांतर्गत करनौती ग्राम निवासी जाने-माने सामाजिक कार्यकर्ता भारती सत्येंद्र देव ने अयोध्या मामले पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को ऐतिहासिक और सराहनीय बताया है। उन्होंने कहा है कि सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रंजन गोगोई सहित पांच विद्वान न्यायाधीशों की खंडपीठ ने सभी पक्षों और सभी समुदायों की भावनाओं को ध्यान में रखकर फैसला सुनाया है। कोर्ट के इस निर्णय ने साबित कर दिया है कि देश की न्याय प्रणाली में सभी धर्मों को समानता से देखा जाता है। मुस्लिम समुदाय को अयोध्या में मस्जिद के लिए पांच एकड़ जमीन भी मिल रही है और रामलला विराजमान के दावे को स्वीकृति भी‌। अब अयोध्या में मंदिर और मस्जिद का एक साथ निर्माण गंगा-जमुनी संस्कृति को  साकार करेगा। उन्होंने कहा कि देश के सभी समुदाय के लोगों से अपील है कि शांति और सौहार्द्र का माहौल बनाए रखें और उच्चतम न्यायालय के इस ऐतिहासिक फैसले का स्वागत करें। हालांकि सुन्नी वक्फ बोर्ड के वकील जफरयाब गिलानी ने फैसले का सम्मान करते हुए भी असंतुष्टि जाहिर की है। कोर्ट ने पुनरीक्षण याचिका दर्ज करने का प्रावधान भी दिया है। वे अपील में जा सकते हैं। लेकिन देशवासी इस फैसले से पूरी तरह संतुष्ट हैं। कहीं तनाव का कोई माहौल नहीं है। आम जनजीवन सामान्य है।

शुक्रवार, 8 नवंबर 2019

रानी कुमारी ने राजद छोड़ा, झाविमो में शामिल



रांची। झारखंड स्वायत्तशासी परिषद (जैक) की पूर्व पार्षद,समाजसेवी और राजद की कद्दावर नेत्री रानी कुमारी ने झारखंड विकास मोर्चा का दामन थाम लिया है। उन्होंने शुक्रवार को झाविमो सुप्रीमो बाबुलाल मरांडी के समक्ष अपने सैंकड़ों समर्थकों संग झाविमो में शामिल होकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण किया। श्री मरांडी ने रानी समेत उनके सभी समर्थकों का स्वागत किया। इस अवसर पर रानी ने कहा कि झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री बाबुलाल मरांडी के नेतृत्व में नवोदित राज्य झारखंड में विकास गति पकड़ रहा था, लेकिन   अवसरवादी और स्वार्थपरक राजनीति के तहत उन्हें राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए काम करने का मौका नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि श्री मरांडी की दूरदर्शी सोच से ही झारखंड का कायाकल्प संभव है। झाविमो का पूरे झारखंड में जनाधार है। पार्टी के प्रति जनता का विश्वास बढ़ रहा है। जनहित में झाविमो सुप्रीमो श्री मरांडी ने कई ऐसे उल्लेखनीय कार्य किए हैं, जो मील का पत्थर साबित हुए हैं। इस अवसर पर हीरा शाहदेव, अनिता सिंह, सुचित्रा देवी, सरोज कुजूर, आशारानी खलखो, फूलमनी बारला, दीपिका चौरसिया, सरिता देवी, चिंतामणी देवी,बबली देवी,अजय कुमार, शुभम कुमार, ललिता देवी, हरिदास सहित काफी संख्या में रानी के समर्थक मौजूद थे।

हटिया विस क्षेत्र से उर्मिला यादव होंगी नागरिक अधिकार पार्टी की उम्मीदवार



रांची। नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत एचईसी परिसर स्थित वार्ड 41 की पार्षद उर्मिला यादव इस बार नागरिक अधिकार पार्टी की ओर से हटिया विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी होंगी। इस संबंध में नागरिक अधिकार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एनके यादव ने बताया कि झारखंड विधानसभा चुनाव में पार्टी ने 25 सीटों पर उम्मीदवार चयन कर इसकी घोषणा कर दी है। शेष सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा जल्द की जाएगी। गौरतलब है कि वार्ड पार्षद उर्मिला यादव विगत तीन टर्म से उक्त क्षेत्र की पार्षद हैं। इसके पूर्व भी श्रीमती यादव हटिया विधानसभा क्षेत्र से चुनाव में प्रत्याशी रह चुकी हैं। उन्होंने बताया कि पिछले छह माह से वह लगातार हटिया विधानसभा क्षेत्र की जनता के संपर्क में हैं और उनकी जनसमस्याओं से रू-ब-रू हो रही हैं। नागरिक अधिकार पार्टी की ओर से हटिया विधानसभा क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। श्रीमती यादव ने कहा कि जनसंपर्क अभियान के दौरान उन्हें व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव में जनता उन्हें हटिया विधानसभा क्षेत्र से विजयी बनाती है, तो क्षेत्र का कायाकल्प करेंगे। उन्होंने कहा कि अलग राज्य गठन के बाद हटिया विधानसभा क्षेत्र की जनता विभिन्न समस्याओं से जूझ रही है। अब तक किसी जनप्रतिनिधि ने इस क्षेत्र की जनता की समस्याओं के सुधि नहीं ली। सभी सिर्फ अपने स्वार्थ सिद्धि में लगे रहे, इसलिए इस क्षेत्र में जन समस्याओं का अंबार लगा है। उन्होंने जनता से चुनाव में नागरिक अधिकार पार्टी को समर्थन देने की अपील की है।

गुरुवार, 7 नवंबर 2019

जन समर्थन मिला तो झारखंड की दिशा और दशा संवारेंगेः नंदकिशोर यादव


* सभी सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी नागरिक अधिकार पार्टी


रांची। झारखंड की जनता ने विधानसभा चुनाव में अपना समर्थन नागरिक अधिकार पार्टी को दिया और उन्हें सेवा का अवसर प्रदान किया, तो सबसे पहले नागरिकों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे। मूलभूत सुविधाओं से वंचित झारखंड की जनता को उन्हें उनका वाजिब हक दिलाएंगे। उक्त बातें नागरिक अधिकार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और लोकप्रिय समाजसेवी नंदकिशोर यादव ने कही। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता विगत कई वर्षों से विभिन्न प्रकार की जन समस्याओं से जूझ रही है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों की जनता तक विकास की किरण अब तक नहीं पहुंच पाई है। आज भी सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों के लोग बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। किसानों, युवाओं, महिलाओं के उत्थान के लिए सरकारी स्तर पर कभी कोई ठोस पहल नहीं की गई। जिसकी वजह से राज्य गठन के 19 वर्षों के बाद भी यहां के किसान बदहाल हैं, युवा बेरोजगारी का दंश झेलने को विवश हो रहे हैं और महिलाएं अपने हक और अधिकार से वंचित हैं। श्री यादव ने कहा कि नागरिक अधिकार पार्टी राज्य के सभी नागरिकों के हित में काम करेगी। सभी जाति, धर्म व संप्रदाय के लोगों को एक समान आदर देते हुए उनकी समस्याओं के प्रति सजग रहेगी। जन समस्याओं का त्वरित निदान नागरिक अधिकार पार्टी के प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि झारखंड विधानसभा चुनाव में नागरिक अधिकार पार्टी की ओर से अधिक से अधिक सीटों पर प्रत्याशी उतारने का निर्णय लिया गया है। अब तक 25 विधानसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों का चयन कर लिया गया है। शेष सीटों पर पार्टी की कोर कमेटी के सदस्यों के बीच मंथन जारी है। जल्द ही अन्य सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की जाएगी।  उन्होंने कहा कि राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए पार्टी सतत प्रयासरत रहेगी। जनता को बेहतर विधि व्यवस्था, अमन-चैन व अपराध मुक्त समाज देने की दिशा में भी नागरिक अधिकार पार्टी गंभीरता से जुटी रहेगी। श्री यादव ने बताया कि नागरिक अधिकार पार्टी के कार्यकर्ता सभी विधानसभा क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान में जुट गए हैं। पार्टी की नीतियों और घोषणा पत्रों के प्रमुख बिंदुओं से आमजन को रू-ब-रू कराया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से नागरिक अधिकार पार्टी को व्यापक जनसमर्थन देने की अपील की है।

कर्तव्य निष्ठा की प्रतिमूर्ति हैं प्रवीण कुमार



* ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के बलबूते व्यक्ति शीघ्र ही लोकप्रियता के शिखर पर पहुंच जाता है। अपने कर्तव्यों के प्रति सजग व गंभीर रहते हुए ईमानदारी पूर्वक जिम्मेदारियों को निभाना व्यक्ति की महानता का परिचायक होता है। ऐसे व्यक्ति समाज के हर वर्ग के चहेते होते हैं। ऐसी ही एक शख्सियत हैं चक्रधरपुर में पदस्थापित पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी प्रवीण कुमार। शहर को अपराध मुक्त करना और बेहतर विधि व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है। श्री कुमार अपनी प्रतिभा प्रदर्शित कर काफी  कम समय में ही समाज के बीच एक साफ-सुथरी छवि स्थापित करने में सफल रहे हैं। वह एक तेज-तर्रार और जांबाज पुलिस अधिकारी के रूप में जाने जाते हैं। विभागीय कार्यों का त्वरित निष्पादन करने और अपराध नियंत्रण में सक्रिय भूमिका निभाने में उन्हें निपुणता हासिल है। मूल रूप से बिहार के गोपालगंज जिले के निवासी प्रवीण कुमार की प्रारंभिक शिक्षा गोपालगंज से ही हुई। वहीं से उन्होंने मैट्रिक की परीक्षा पास की। तत्पश्चात मुजफ्फरपुर स्थित लंगट सिंह कॉलेज से इंटरमीडिएट किया। इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए पटना आ गए और पटना कॉलेज से स्नातक की डिग्री हासिल की। इसके बाद भी उनकी पढ़ाई की लगन जारी रही। उन्होंने दिल्ली स्थित करोड़ीमल कॉलेज से स्नातकोत्तर किया। शिक्षण कार्य के प्रति उनकी अभिरुचि बनी रही।  स्नातकोत्तर की डिग्री प्राप्त करने के बाद वह एक कॉलेज में व्याख्याता के रूप में भी जुड़े। इसके बाद उन्होंने पुलिस विभाग से जुड़कर देश व समाज की सेवा करने का निर्णय लिया। वर्ष 2012 में श्री कुमार पुलिस विभाग में नियुक्त हुए। नियुक्ति के पश्चात विभिन्न स्थानों पर पदस्थापित रहे और अपनी बहुमुखी प्रतिभा प्रदर्शित कर विभाग के कार्यों को गति देने में सफल रहे। उन्होंने पुलिस विभाग के आला अधिकारियों के निर्देशन में गुमला में प्रशिक्षण प्राप्त किया। झारखंड जगुआर में भी वह कुछ दिनों तक रहे और वहां भी विभागीय प्रशिक्षण प्राप्त कर बखूबी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते रहे। श्री कुमार की पहली पदस्थापना धनबाद स्थित बरहोरा थाने में हुई। धनबाद में उन्होंने कई ऐसे उल्लेखनीय कार्य किए, जिसकी सराहना की जाती है। उन्होंने अपने आला अधिकारियों के निर्देशानुसार जनहित के कार्यों को निपटाने में कुशलता पूर्वक कार्य किया। इससे कम समय में ही विभागीय अधिकारियों सहित जनता के चहेते अधिकारियों में उनका नाम शुमार हो गया। वह चाईबासा में अंचल पुलिस निरीक्षक के पद पर भी सेवारत रहे हैं। चाईबासा में अपराध नियंत्रण की दिशा में उन्होंने कई महत्वपूर्ण कार्य किए, जिसकी चर्चा आज भी वहां की जनता करती है। वर्तमान में प्रवीण कुमार चक्रधरपुर थाने में बतौर पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी पदस्थापित हैं। यहां विभागीय कार्यों को निपटा ते हुए विभिन्न धर्म व समुदायों के सामाजिक- सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी शिरकत कर सामाजिक समरसता की मिसाल कायम कर रहे हैं। चक्रधरपुर की अमन पसंद जनता अपराध नियंत्रण की दिशा में श्री कुमार के द्वारा की जा रही पहल की सराहना करते नहीं थकते। श्री कुमार का मानना है कि अपराध मुक्त समाज से ही स्वच्छ और स्वस्थ समाज निर्माण की दिशा में मार्ग प्रशस्त होता है। बेहतर विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए और अपराध मुक्त समाज के लिए पुलिस विभाग के साथ साथ जनता का भी सहयोग जरूरी है। वह बताते हैं कि बिना जन सहयोग से हम बेहतर विधि
-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में सफल नहीं हो सकते हैं। प्रवीण कुमार एक तेज-तर्रार पुलिस अधिकारी के अलावा मृदुभाषी, शालीन व्यक्तित्व के धनी व्यक्ति भी हैं। आम जनता के लिए वह एक सरल, सहज इंसान हैं, वहीं, अपराधियों के लिए वह कहर बनकर बरपते हैं। उनका कहना है कि समाज व देश की तरक्की और समृद्धि के लिए हर वर्ग के नागरिकों को अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहते हुए सामाजिक नव निर्माण की दिशा में कदम बढ़ाते रहना चाहिए। आज इससे हमारा देश और समाज मजबूत होगा।
प्रस्तुति : विनय मिश्रा

स्वर्ण जयंती वर्ष का झारखंड : समृद्ध धरती, बदहाल झारखंडी

  झारखंड स्थापना दिवस पर विशेष स्वप्न और सच्चाई के बीच विस्थापन, पलायन, लूट और भ्रष्टाचार की लाइलाज बीमारी  काशीनाथ केवट  15 नवम्बर 2000 -वी...