यह ब्लॉग खोजें

मंगलवार, 19 नवंबर 2019

रिपब्लिक पार्टी ऑफ इंडिया ने उतारे दस प्रत्याशी



पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जैनेंद्र तथागत ने जारी की प्रत्याशियों की सूची 


रांची।रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया ने भी झारखंड विधानसभा चुनाव में अपने प्रत्याशी उतारे हैं। रांची के बिजुलिया स्थित जैनेंद्र पारा मेडिकल कॉलेज में पार्टी की झारखंड कार्यकारिणी की बैठक में अपने 10 उम्मीदवारों की सूची जारी की। बैठक की अध्यक्षता पार्टी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष कामेश्वर बौद्ध ने की जबकि मुख्य अतिथि के रूप में आरपीआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष जैनेंद्र तथागत शामिल हुए। जैनेंद्र तथागत ने आरपीआई के उम्मीदवारों की घोषणा करते हुए यह ऐलान किया कि उनकी पार्टी हटिया विधान सभा क्षेत्र में माकपा प्रत्याशी सुभाष मुंडा को तथा पूर्वी जमशेदपुर में भाजपा के बागी उम्मीदवार सरयू राय को समर्थन देगी।
आरपीआई के उम्मीदवारों में गोमिया से मो. उस्मान अंसारी, बेरमो से कामेश्वर बौद्ध, बोकारो से मीरा देवी, हजारीबाग से उदय शंकर दुबे, डुमरी से नंद किशोर कुमार, बड़कागांव से मदन दास, सिमरिया से मदन गंझू,  सिल्ली से अमर महतो, खिजरी से प्रीतम लोहरा, और ईचागढ़ से ई. प्रवेश गोप होंगे। बैठक में पार्टी के झारखंड प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अमर कुमार महतो, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमित राज पांडेय, बोकारो जिलाध्यक्ष उस्मान अंसारी, रांची जिलाध्यक्ष अजय करमाली के अलावा कांके, बुड़मु और ओरमांक्षी के अध्यक्ष समेत विभिन्न इकाइयों के पदाधिकारी मौजूद थे। प्रेस विज्ञप्ति प्रदेश के प्रधान महासचिव  प्रीतम शाद लोहरा ने जारी की।


सोमवार, 18 नवंबर 2019

उर्मिला यादव ने हटिया से भरा नामांकन




रांची। महिला नेत्री उर्मिला यादव ने नागरिक अधिकार पार्टी की ओर से हटिया विधानसभा क्षेत्र के लिए नामांकन भरा। इस मौके पर उनके सैकड़ों समर्थक शामिल थे। वे हटिया क्षेत्र की कर्मठ और सक्रिय महिला नेत्री हैं। कई बार पार्षद रह चुकी हैं। उर्मिला यादव का कहना है कि सभी पार्टियां संसदीय संस्थाओं में महिला आरक्षण की बात करती हैं लेकिन चुनाव के दौरान टिकट बंटवारे के समय उन्हें अपना संकल्प याद नहीं रहता। जनता के सच्चे प्रतिनिधि विधानसभा और लोकसभा में नहीं जा पाते। झारखंड में हजारों की संख्या में स्कूल बंद कर दिए गए। सरकार की गलत नीतियों के कारण लाखों लोगों को नौकरी से हाथ घोना पड़ा। युवा परेशान है। महिलाएं असुरक्षित हैं। किसान कर्ज के बोझ से दबा हुआ है। महंगाई अपने चरम पर है। व्यवस्था में आमूल चूल परिवर्तन की जरूरत है। इन्हीं सारे मुद्दों को देखते हुए उन्होंने चुनाव लड़ने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि उन्हे पूरा भरोसा है कि हटिया विधानसभा के मतदाताओं का उन्हें आशीर्वाद मिलेगा।

रविवार, 17 नवंबर 2019

रांची में पांच दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेट


रांची। स्टार क्रिकेट क्लब की ओर से पिस्का मोड़ स्थित ओटीसी ग्राउंड में पांच दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ किया गया। इस टूर्नामेंट में कल 16 टीमों ने भाग लिया। टूर्नामेंट का शुभारंभ राजधानी रांची के समाजसेवी आदित्य विक्रम जायसवाल ने किया। इस मौके पर 1980 के सबसे तेज गेंदबाज प्रियो जायसवाल एवं शशि जायसवाल जायसवाल शामिल हुए।

टूर्नामेंट के शुभारंभ के अवसर पर श्री जायसवाल ने कहा कि टूर्नामेंट के आयोजन से युवा खिलाड़ियों को सही मंच मिलता है, इसके साथ ही युवाओं की स्वास्थ्य एवं खेल शिक्षा के क्षेत्र में कड़ी मेहनत के लिए प्रेरित करती है।

उन्होंने युवाओं की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि खेल की भावना के साथ देश व राज्य की उन्नति एवं विकास के क्षेत्र में भी अपना योगदान दें।


इस अवसर पर मोहित पांडे, अमित मिश्रा, गौतम वर्मा, विकास श्रीवास्तव, सन्नी सिंह, आनंद पुनीत प्रेम कुमार, रौशन, अर्पित राजीव ज्ञान, विनायक आदि मौजूद थे।

शुक्रवार, 15 नवंबर 2019

विजय कुमार साहू बने चक्रधरपुर रेल मडल के डीआरएम


चक्रधरपुर। चक्रधरपुर के निवर्तमान डीआरएम छत्रसाल सिंह का तबादला कर दिया गया है। दक्षिण पूर्व रेलवे ज़ोन के चीफ इंजीनियर विजय कुमार साहू चक्रधरपुर रेल मंडल के नये डीआरएम बनाये गए हैं. विजय कुमार साहू को प्रोन्नति देकर रेल मंत्रालय ने डीआरएम बनाया है. नये रेल डीआरएम विजय कुमार साहू लखनऊ उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं. उन्होंने प्राथमिक शिक्षा सरस्वती शिशु विद्या मंदिर उझानी से ली है. इसके बाद डॉ जाकिर हुसैन इंजीनियरिंग कॉलेज, अलीगढ़ मुस्लिम  यूनिवर्सिटी से इंजीनियरिंग की पढाई करने के बाद उन्होंने आईआईटी दिल्ली से पढाई पूरी की. वे साऊथ इस्टर्न रेलवे ज़ोन के साथ साथ ईस्ट सेन्ट्रल रेलवे ज़ोन में चीफ इंजीनियर के पद पर काम कर चुके हैं. वहीं मालदा में भी एडीआरएम रह चुके हैं। उनका सामाजिक कार्यों व पूजा अनुष्ठान में विशेष लगाव है। विजय कुमार साहू काम के प्रति ईमानदार और निष्ठावान रेल अधिकारी के रूप में जाने जाते हैं।

नागरिक अधिकार पार्टी के 25 प्रत्याशी चयनित


6 सीटों पर उम्मीदवार घोषित
रांची। नागरिक अधिकार पार्टी ने पांच चरणों में होने वाले झारखंड विधानसभा के चुनाव में 50 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने का निर्णय लिया है। पार्टी ने 25 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों का चयन कर लिया है। वहीं, 6 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी गई है। इस संबंध में नागरिक अधिकार पार्टी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष नंदकिशोर यादव ने बताया कि हटिया विधानसभा क्षेत्र से लोकप्रिय वार्ड पार्षद उर्मिला यादव, खिजरी विधानसभा क्षेत्र से समाजसेवी प्रिया बड़ाईक, ईचागढ़ से लोकप्रिय सामाजिक कार्यकर्ता अंबुज कुमार, चतरा से कौलेश्वर कुमार भोक्ता, सिमरिया से नरेश भुइयां, सिसई से सुखदेव उरांव चुनाव में नागरिक अधिकार पार्टी के प्रत्याशी होंगे। उन्होंने बताया कि शेष अन्य सीटों पर भी प्रत्याशियों की घोषणा जल्द ही की जाएगी। श्री यादव ने कहा कि नागरिक अधिकार पार्टी के चुनावी घोषणा पत्र से प्रभावित होकर अन्य राजनीतिक दलों के नेता व कार्यकर्ता पार्टी से संपर्क साध रहे हैं। उन्होंने कहा कि नागरिक अधिकार पार्टी के यूथ विंग का भी गठन किया गया है। इसके प्रदेश अध्यक्ष नीलमणि पाठक मनोनीत किए गए हैं। उन्होंने बताया कि झारखंड अलग राज्य गठन के 19 वर्षों के बाद बाद भी राज्य की जनता की समस्याएं कम नहीं हुई है। नागरिक अधिकार पार्टी को यदि जनसमर्थन मिला, तो सबसे पहले राज्य की जन समस्याओं को दूर करने की दिशा में ठोस पहल करेंगे। उन्होंने बताया कि हटिया विधानसभा क्षेत्र से उर्मिला यादव 18 नवंबर को नामांकन दाखिल करेंगी।

धूमधाम से मना एचईसी का 61 वांं स्थापना दिवस


*  निकाली गई तीनों प्लांट की भव्य झांकी
* मार्च टुवार्ड्स नेशन ब्यूल्डिंग में दिखा कर्मियों का उत्साह
* देश के आर्थिक विकास में एचईसी की भूमिका अहम : डॉ.नलिन सिंघल



रांची। हेवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन का 61 वां स्थापना दिवस शुक्रवार को धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। एचईसी के नवनियुक्त अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक डॉ.नलिन सिंघल ने मार्च न टुवर्ड्स नेशन ब्युल्डिंग को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस वर्ष एचईसी के इतिहास में प्रथम बार निगम के तीनों प्लांट एफएफपी, एचएमबीपी और एचएमटीपी के कर्मियों द्वारा बनाए गए उपकरणों की झांकी भी प्रस्तुत की गई। इस अवसर पर नेहरू पार्क में एचईसी कर्मियों को संबोधित करते हुए निगम के सीएमडी ने कहा कि राष्ट्रहित में एचईसी ने कई उपकरण बनाकर अपनी उपयोगिता साबित की है। निगम ने स्टील, कोयला, रक्षा मंत्रालय, ऊर्जा सेक्टर व इसरो के लिए कई महत्वपूर्ण उपकरणों का निर्माण किया है। यही वजह है कि एचईसी द्वारा बनाए गए उपकरणों की मांग वैश्विक बाजार में भी अधिक है। उन्होंने एचईसी कर्मियों से निगम में औद्योगिक शांति बरकरार रखते हुए उत्पादन बढ़ाने की अपील की। मौके पर निगम के निदेशक, कार्मिक एमके सक्सेना ने कहा कि कंपनी अब बुरे दौर से निकल रही है। विभिन्न क्षेत्रों से कार्यादेश प्राप्त हो रहे हैं। यहां देश के महत्वपूर्ण क्षेत्रों के लिए उपकरण बनाए जा रहे हैं। गुणवत्तापूर्ण कार्य करना एचईसी की विशेषता रही है। एचईसी के निदेशक, उत्पादन और विपणन राणा शुभाशीष चक्रवर्ती ने कहा कि देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की पहल पर एचईसी की स्थापना की गई। यहां राष्ट्र के नव निर्माण से संबंधित विभिन्न क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण उपकरण बनाए जाते रहे हैं। एचईसी बदहाली के दिनों से उबरकर बाहर आ रही है। यह कंपनी देश के स्टील सेक्टर, रक्षा क्षेत्र, कोल, नेवी, स्पेस रिसर्च आदि के लिए भी उपकरण बना रही है।  रांची के विकास में भी एचईसी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। स्थापना दिवस के अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर एचईसी कर्मियों का उत्साहवर्द्धन किया गया। उत्कृष्ट कर्मियों को सम्मानित किया गया। मौके पर काफी संख्या में एचईसी के अधिकारी व कर्मचारी गण शामिल हुए।

मानव सेवा ही डॉ. वाईपी सिंह के जीवन का लक्ष्य


पीड़ित मानवता की सेवा करने से जो सुकून मिलता है, वह अकूत संपदा के मालिक होने पर भी नहीं प्राप्त हो सकता है। मानव सेवा मनुष्य का सबसे बड़ा धर्म है। इससे सुखद अनुभूति होती है और मानव जीवन सफल हो जाता है। ऐसा मानना है झारखंड के प्रख्यात चिकित्सक डॉ. यदुनंदन प्रसाद सिंह का। डॉ. सिंह झारखंड के जाने-माने फिजीशियन और चर्म रोग विशेषज्ञ हैं। फिलवक्त डॉ. सिंह चक्रधरपुर के वार्ड नंबर 8 में अटल क्लीनिक में लोगों को नि:शुल्क चिकित्सा सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने झारखंड के विभिन्न जिलों में अपनी सेवाकाल के दौरान पदस्थापित रहते हुए चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में कई उपलब्धियां हासिल की है। उनका कार्यकाल उत्कृष्ट उपलब्धियों भरा रहा है। डॉ. सिंह गुमला जिले के सुदूरवर्ती वनाच्छादित क्षेत्र घाघरा प्रखंड में लगभग 12 साल तक पदस्थापित रहे। क्षेत्र की जनता को उन्होंने बेहतर चिकित्सा सेवाएं दी। आज भी उस क्षेत्र की जनता उनकी चिकित्सा सेवाओं की सराहना करती है। वर्ष 2000 में झारखंड अलग राज्य बनने के बाद उनका स्थानांतरण चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल में हुआ। यहां भी वे अपनी बेहतरीन चिकित्सा सेवा से लोगों का दिल जीतने में सफल रहे। वर्ष 2008 में चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल से उनका तबादला खूंटी हो गया। वहां भी लगभग दो वर्षों तक रहे और अपनी सेवाओं से लोगों को लाभान्वित करते रहे। खूंटी के बाद उनका स्थानांतरण जमशेदपुर हो गया। वहां भी वे तीन साल तक पदस्थापित रहे। वर्ष 2013 में उनका स्थानांतरण लातेहार जिले के चंदवा में हुआ। वर्ष 2016 में लातेहार से उन्हें चाईबासा स्थानांतरित कर दिया गया। चाईबासा में डॉ. सिंह ने चिकित्सा सेवा में कई ऐसे उल्लेखनीय कार्य किए, जिसके कारण जनता आज भी उन्हें ईश्वर का दूसरा रूप मानती है। चाईबासा से डॉक्टर सिंह 19 मार्च 19 को सेवानिवृत्त हुए और सेवानिवृत्ति के बाद चक्रधरपुर स्थित अटल क्लीनिक में नि:शुल्क सेवाएं दे रहे हैं। मरीज उन्हें एक चिकित्सक ही नहीं, बल्कि ईश्वर का दूसरा रूप मानते हैं। डॉक्टर सिंह चिकित्सा सेवा के अतिरिक्त सामाजिक कार्यों में भी बढ़ चढ़कर हिस्सा लेते हैं। सभी धर्म व संप्रदाय के लोगों के साथ मिलना-जुलना और उनके सुख-दुख में शामिल होना उनकी खासियत है। चिकित्सा के क्षेत्र में उनकी विशेषज्ञता भी अद्भुत है। वह एक फिजीशियन के साथ-साथ चर्म रोग विशेषज्ञ भी हैं। अपने ज्ञान और अनुभवों के आधार पर वह लोगों की सेवा कर रहे हैं। उनका मानना है कि अपने पेशे की व्यस्तता के अलावा मनुष्य को एक सामाजिक प्राणी होने की सार्थकता भी सिद्ध करने की दिशा में अग्रसर रहना चाहिए। सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अपनी सहभागिता सुनिश्चित कराते हुए सामाजिक समरसता की मिसाल पेश करना व्यक्ति की महानता का परिचायक होता है। इस दिशा में भी लोगों को प्रयासरत रहना चाहिए। हमारा देश व समाज सशक्त होगा।
प्रस्तुति : विनय मिश्रा

स्वर्ण जयंती वर्ष का झारखंड : समृद्ध धरती, बदहाल झारखंडी

  झारखंड स्थापना दिवस पर विशेष स्वप्न और सच्चाई के बीच विस्थापन, पलायन, लूट और भ्रष्टाचार की लाइलाज बीमारी  काशीनाथ केवट  15 नवम्बर 2000 -वी...