यह ब्लॉग खोजें

रविवार, 23 जून 2019

भारत युवाओं का देश, युवा हमारे अमूल्य मानव संसाधनः रघुवर दास

होटल बीएनआर चाणक्य में  झारखण्ड स्टार्ट अप हैकाथन-2019 के समापन समारोह

प्वाइंटरः

★15 को स्टार्टअप प्रोटोटाइप के तहत मिला 93 लाख रुपये का ग्रांट

★6 विधाओं पर देशभर के 410 प्रतिभागियों ने लिया भाग, 6 प्रतिभागी हुए पुरस्कृत

★मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी में भाग लेने वाले 24 प्रतिभागियों को पुरस्कार स्वरूप 21-21 हजार रुपये देने की घोषणा की

★बीआईटी सिंदरी, आईएसएम धनबाद और सेंट्रल यूनिवर्सिटी के साथ एबीवीआइएल ने किया एमओयू

★स्मार्ट झारखण्ड भी हुआ पुरस्कृत


रांची। तकनीक, ज्ञान और विज्ञान के उपयोग से दुनिया में बदलाव देखने को मिल रहा है। हमें भी इसका भरपूर उपयोग कर नया इंडिया और न्यू झारखण्ड का निर्माण करना है। हमें मिलकर कुछ अलग करना है क्योंकि 21वीं सदी ज्ञान की सदी है और हम ऐसा करें कि विश्व 21वीं सदी को भारतीय सदी के रूप में जाने। आज के दौर में दुनिया भर में भारत की प्रतिभा बिखरी हुई है। हममें क्षमता है कि हम दुनिया को नई दिशा दे सकते हैं। ये बातें मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास ने होटल बीएनआर चाणक्य में आयोजित झारखण्ड स्टार्टअप हैकाथन-2019 के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि कही।

युवाओं को स्वस्थ वातावरण सरकार उपलब्ध करायेगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्टार्टअप के लिए और युवाओं की सोच को आकार देने हेतु राज्य सरकार स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए कटिबद्ध है। यह सरकार की प्राथमिकताओं में है। यही वजह रही कि 2016 में स्टार्टअप पॉलिसी लागू की गई। युवाओं के नये विचार से उद्यमशीलता की जाना और रोजगार सृजन करना सरकार का लक्ष्य है। प्रधानमंत्री ने डिग्री लेकर घूम रहे युवाओं को एक दिशा देने के लिए स्टार्टअप पॉलिसी 2015 लागू की ताकि युवा अपने नए आइडिया से दुनिया को चौंका दें। 2015 से पूर्व अगर इस दिशा में कार्य होते तो आज भारत की स्थिति कुछ और होती। लेकिन किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।

युवा अपनी सोच को मूर्तरूप दें सकें

मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ सुनील कुमार वर्णवाल ने कहा कि राज्य सरकार ने स्टार्टअप पॉलिसी बनाई ताकि युवा अपनी सोच को मूर्तरूप दे सकें। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में झारखण्ड में स्टार्टअप के लिए सर्वश्रेष्ठ इकोसिस्टम के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। स्टार्टअप पॉलिसी के तहत युवाओं को उनके नए आइडिया को आकार देने हेतु प्रोत्साहित किया जाता है। उनके द्वारा शिक्षा के लिए गए लोन का इंटरेस्ट सरकार वहन करती है। पॉलिसी में ऐसे प्रावधान रखे गए, जिससे युवाओं को उनके नए आइडिया पर कार्य करने में परेशानी ना हो। इस तरह का आयोजन हर वर्ष हो और बच्चे, युवा और समाज को कुछ अलग करने का मौका मिले एवं वे अपने हुनर को मुकाम दे सकें।


इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने झारखण्ड स्टार्टअप हैकाथन-2019 में बच्चों और युवाओं द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी को देखा। श्री दास ने इनके द्वारा बनाये गए उत्पाद की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ सुनील कुमार वर्णवाल, सचिव आईटी विनय कुमार चौबे, सचिव उद्योग के रवि कुमार, निदेशक आईटी उमेश प्रसाद शाह व अन्य उपस्थित थे।

केड़िया सभा ने किया दादी मां के मंगलपाठ का आयोजन



रांची।"श्री केड़िया सभा रांची " के तत्वावधान में दिनांक 23 जून दिन रविवार को रेडियम रोड स्थित श्री रचना-लक्ष्मीकांत केडिया के आवास पर "दादीजी के मंगलपाठ "का आयोजन किया गया। कार्यक्रम दिन के 3:30 बजे शुरू हुआ। इस अवसर पर दादी मां का भव्य दरबार सजाया एवं पावन दीप प्रज्वलित कर उनके पावन चरणों में भजनों की गंगा बहाई गई।
उपस्थित महिलाओं द्वारा सामुहिक सस्वर मंगलपाठ किया गया। सबसे पहले गणेश वंदना "म्हारा प्यारा रे गजानन आईजो...., फिर दादी मां का भजन "जब जब हम दादीजी का मंगलपाठ करते है ऐसा लगता है माँ से दिल की बात करते है......", "सब झूमो नाचो माँ आने वाली है चूनरी ओढ़ रही है रथ पे चढ़ने वाली है....." आदि अत्यंत मधुर भजनों से भक्तों ने दादी मां को रिझाया। भजनोपरांत महाआरती की गई। दादी मां को फलों एवं मिठाइयों का भोग लगाया गया और भक्तों में प्रसाद का वितरण किया गया। केडिया बंधुओं के अलावा अन्य भक्तों ने भी इस कार्यक्रम मे अपना मत्वपूर्ण योगदान दिया और दादी माँ का आशिर्वाद प्राप्त किया। इसके लिये श्री केडिया सभा रांची के सभासदों ने अपने समस्त केडिया बंधुओं एवं दादी-भक्तों का आभार व्यक्त किया। यह जानकारी संस्था की मीडिया प्रभारी मधु केड़िया ने दी।


राष्ट्रीय नेता बनेंगे नीतीश, राष्ट्रीय दल बनेगा जदयू




देवेंद्र गौतम
विपक्षी दलों में सर्वमान्य नेतृत्व के संकट को देखते हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजनीतिक उड़ान भरने की तैयारी कर ली है। उन्होंने एनडीए के साथ अपने संबंध भी बनाए रखे और इसकी सीमा भी तय कर दी है। वे सिर्फ बिहार में एनडे के साथ हैं। बिहार के बाहर जदयू एनडीए का हिस्सा नहीं रहेगा। अपने निर्णय स्वयं लेगा। कुछ महीने बाद चार राज्यों के चुनावों में और 2020 में होने वाले चुनावों में वह अकेले अपने प्रत्याशी खड़े करेगा। केंद्र सरकार में शामिल नहीं होगा। लेकिन बाहर से समर्थन करेगा।
पिछले दिनों जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में यह तमाम बातें साफ हो गई हैं। पीके द्वारा ममता के चुनावी कमान संभालने के सवाल पर बैठक में कोई खास चर्चा नहीं हुई। लेकिन पार्टी प्रवक्ता केसी त्यागी ने संकेत दिया कि पीके की कंपनी से जदयू का कुछ लेना-देना नहीं है। वह जदयू का हिस्सा नहीं है। वह अपने व्यावसायिक क्रियाकलाप के लिए स्वतंत्र है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में वाइसीआर कांग्रेस के चुनाव अभियान की कमान संभाली तो कोई सवाल नहीं उठा। प्रशांत किशोर की जदयू के प्रति उनकी निष्ठा असंदिग्ध है। कुल मिलाकर जदयू ने ऐसी स्थिति पैदा कर दी है कि भाजपा उसपर किसी तरह का दबाव नहीं बना सकती। विधानसभा चुनाव में नीतीश का निर्णय ही सर्वमान्य होगा। राजद में बिखराव के बाद नीतीश वैसे भी बिहार की सबसे ताकतवर राजनीतिक हस्ती बन चुके हैं।
निश्चित रूप से भाजपा के पास इस रणनीति की कोई काट नहीं है। बिहार में नीतीश का साथ उसकी विवशता है। भाजपा के पास उनकी कद-काठी का कोई चेहरा नहीं है। नीतीश कुमार ने ऐसी नीति अपनाई कि उनकी और उनकी पार्टी जदयू की धर्म निरपेक्ष तथा समाजवादी छवि भी बरकरार रहेगी और बिहार के बाहर अन्य राज्यों के विधानसभा चुनावों में भागीदारी कर वे पार्टी का विस्तार भी कर सकेंगे। उनमें जीत हासिल हो न हो लेकिन वोटों के प्रतिशत में बढ़ोत्तरी होगी। इस बहाने संगठन का विस्तार होगा और जदयू क्षेत्रीय दल की हैसियत से उठकर राष्ट्रीय दल बनने की ओर बढ़ेगा। आने वाले समय में भाजपा उनकी मजबूरी नहीं होगी बल्कि वे भाजपा की मजबूरी होंगे। इतना नपा तुला कदम नीतीश और पीके जैसे रणनीतिकार ही उठा सकते हैं।

स्थाई कार्यपालक पदाधिकारी मिले तो कूड़े का अंबार हटे

नगर विकास समिति के अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र 


चक्रधरपुर। नगर विकास समिति के अध्यक्ष पवन शंकर पांडेय ने मुख्यमंत्री रघुवर दास को पत्र प्रेषित कर चक्रधरपुर नगर परिषद में स्थायी कार्यपालक पदाधिकारी नहीं रहने से कामकाज पर असर होने की बात कही है श्री पांडेय ने कहा है कि चाईबासा नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अभय कुमार झा ने चक्रधरपुर नगर परिषद के प्रभारी कार्यपालक पदाधिकारी के रूप में 7 फरवरी 2019 को योगदान दिया उस समय से बमुश्किल सप्ताह में दो दिन ही चक्रधरपुर आ पाते हैं तथा चाईबासा में ही रहकर कार्यों का निष्पादन करते हैं चक्रधरपुर में साफ सफाई समुचित रूप से नहीं होने के कारण शहर में गंदगी का अंबार लगा हुआ है वर्षा होने के पश्चात स्थिति और नरकीय हो जाती है शहर की अधिकांश नालियाँ पूरी तरह से जाम है साफ सफाई की कोई व्यवस्था नहीं है क्योंकि स्थायी कार्यपालक पदाधिकारी  के नहीं रहने के कारण यह स्थिति बनी हुई है और शहर गंदगी के चपेट में है।

लक्ष्मण गिलुवा की सांगठनिक क्षमता और कुशल नेतृत्व की चहुंओर सराहना


विनय मिश्रा
 चाईबासा : भाजपा के  प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा भले ही सिंहभूम संसदीय क्षेत्र से चुनाव जीतने में सफल नहीं हुए, लेकिन अपने कुशल नेतृत्व और सांगठनिक क्षमता के बलबूते झारखंड में लोकसभा की 14 सीटों में से 12 सीटें भाजपा की झोली में डालने में सफल रहे।  वह स्वयं चाईबासा विधानसभा एवं मझगांव विधानसभा क्षेत्र में पिछड़ गए और उन्हें पराजय का मुख देखना पड़ा। लेकिन प्रदेश अध्यक्ष के रूप में श्री गिलुवा ने अपनी जिम्मेदारियों को बखूबी निभाया। उन्होंने प्रदेश भाजपा  की कमान 24 अगस्त 2016 को संभाला। उनके मार्गदर्शन में लोकसभा चुनाव में पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कर्त्तव्यनिष्ठा व लगन के साथ काम किया। जिसका परिणाम यह हुआ कि लोकसभा की 14 सीटों पर भाजपा ने परचम लहराया। इस बार के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने दो दिग्गज नेताओं व  पूर्व मुख्यमंत्री को पराजित करने के साथ साथ उन्हें राजनीतिक हाशिये पर लाने का काम किया। जिसमें झामुमो के सुप्रीमो व दुमका से निरंतर सांसद रहने वाले पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन भी शामिल हैं। उनको भाजपा के प्रत्याशी सुनील सोरेन ने पराजित किया। वहीं कोडरमा लोकसभा सीट से अन्नपूर्णा देवी ने पूर्व  मुख्यमंत्री एवं कोडरमा सीट से सांसद रह चुके बाबू लाल मंराडी को 4 लाख से अधिक वोटों से पराजित कर के झारखंड में  एक कीर्तिमान स्थापित किया। यह श्री गिलुआ की बेहतरीन सांगठनिक क्षमता का परिचायक है।
 आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा ने कार्यकर्ताओं और संगठन के बलबूते इस बार 60 पार का लक्ष्य निर्धारित किया है।
 लोकसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन से भाजपा केनेता और कार्यकर्ता काफी उत्साहित हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री सूबे के विकास के बलबूते इस बार विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन के प्रति आश्वस्त हैं। वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री गिलुवा संगठन को मजबूत करने के साथ साथ कार्यकर्ताओं को निरंतर उत्साह बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। उनके मार्गदर्शन और प्रयासों का ही प्रतिफल है कि भाजपा कार्यकर्ता आत्मविश्वास से लबरेज हैं। आगामी विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करने को लेकर मुख्यमंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से लेकर कार्यकर्ता तक आशान्वित हैं। बहरहाल, भाजपा झारखंड में प्रदेश अध्यक्ष श्री गिलुवा  के मार्गदर्शन में  विधानसभा चुनाव में कैसा प्रदर्शन करेगी, यह तो भविष्य के गर्भ में है, लेकिन फिलहाल श्री गिलुवा की नेतृत्व क्षमता की चहुंओर सराहना की जा रही है।

शनिवार, 22 जून 2019

दो दिवसीय झारखंड स्टार्टअप हैकाथन 2019 का उद्घाटन

देखें वो सब जो सभी देखते हैं, लेकिन हम सोचे वो जो बहुत थोड़े लोग ही सोचते हैः मुख्य सचिव

रिसर्च, इनोवेटिव आइडिया और वैल्यू एडिशन है स्टार्टअप का मूल फंडा


रांची। मुख्य सचिव डॉ. डीके तिवारी ने स्टार्टअप को समय की मांग बताते हुए इससे जुड़नेवालों से कहा कि देखें वो सब जो सभी देखते हैं, लेकिन हम सोचे वो जो बहुत थोड़े लोग ही सोचते है। जीवन के हर क्षेत्र में यही आपको दूसरे से अलग करेगा। उन्होंने कहा कि प्राचीन भारत में ऋषि-मुनियों की चिंतन परंपरा से हमें जीवन को आसान बनाने के टिप्स मिलते थे। आज के डिजिटल युग की समस्याएं और आवश्यकताएं अलग हैं। इसलिए उसका समाधान भी अलग होगा और समाधान की राह रिसर्च, इनोवेटिव आइडिया और वैल्यू एडिशन से होकर निकलेगी। स्टार्टअप का मूल फंडा भी यही है। मुख्य सचिव शनिवार को होटल बीएनआर चाणक्या में सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से आयोजित दो दिवसीय झारखंड स्टार्टअप हैकाथन 2019 के उद्घाटन के अवसर पर पूरे देश से चयनित होकर आए स्टार्टअप इंटरप्रेन्योर को संबोधित कर रहे थे।

स्टार्टअप की यहां है जरूरत
मुख्य सचिव ने कहा कि अस्पताल, ट्रैफिक, बिजली, पानी, प्रदूषण, कचरा प्रबंधन जैसे तमाम सरकारी सेवा के क्षेत्र हैं, जहां राज्य को इनोवेटिव अइडिया के साथ स्टार्टअप की जरूरत है। वहीं राज्य में अनेक भाषा-भाषी के लोग हैं, जिनके स्पीच और स्क्रिप्ट को रियल टाइम अनुवाद के स्टार्टअप की जरूरत है। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले चीनी राजदूत मुख्यमंत्री से मिलने आए थे, उनके कान में एक ऐसा डिवाइस लगा था, जो मुख्यमंत्री की हिंदी को चीनी भाषा में तत्काल अनुदित कर रहा था।

झारखंड सरकार दे रही स्टार्टअप को बढ़ावा
मुख्य सचिव ने बताया कि स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए झारखंड सरकार की सुस्पष्ट पॉलिसी है। इसके तहत ग्रुप के हर सदस्य को 8500 रुपये स्टाइपेंड दी जाती है। साथ ही प्रोटोटाइप डेवलपमेंट के लिए 10 लाख रुपये तक, रेंटल रिब्रसमेंट का 50 फीसदी, पेटेंट के लिए आवेदन देने का सौ फीसदी तथा एसजीएसटी के लिए सौ फीसदी सहायता का प्रावधान है। हैकाथन में हिस्सा ले रहे प्रतियोगियों को कुल छह क्षेत्रों में झारखंड सरकार को इनोवेटिव साल्यूशन देना है। इसमें निबंधित 400 प्रविष्टियों में से 50 को झारखंड सरकार ने चुना है। इसमें से चयनित सबसे अच्छे प्रोजेक्टों को एक लाख रुपये का पुरस्कार भी दिया जाएगा। वहीं स्कूलों के वर्ग नौ से 12 तक के जूनियर इनोवेटर को 50 हजार रुपये देकर पुरस्कृत किया जाएगा।

नया क्षेत्र खोजें युवा
मुख्य सचिव ने कहा कि इसके अलावा भी अनेक क्षेत्र हैं, जहा अभी तक कुछ नया काम नहीं हुआ है, ऐसे क्षेत्र और विषय को युवा खोजें और स्टार्टअप करें। झारखंड सरकार उन्हें अपनी पॉलिसी के तहत प्रोत्साहन देगी। उन्होंने एक उदाहरण देते हुए कहा कि एक झारखंडी युवा ने साइकिल में मोटर को सोलर पैनल से जोड़कर मोटरसाइकिल बनाया है। यह प्रदूषण रहित और बिना तेल-पानी (खर्चे) से चलेगा। उन्होंने हैकाथन में देश भर से जुटे युवाओं से अपील की कि वे भी कुछ ऐसी ही आइडिया के साथ स्टार्टअप की दुनिया में प्रवेश करें। उन्होंने स्टार्टअप के माध्यम से युवाओं को लीडर ऑफ द वर्ल्ड बनने के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि इसी विजन के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को विश्व की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनाने की ओर प्रयत्नशील हैं।

स्टोन एज से डिजिटल एज में पहुंच गए होः आईटी सचिव
आईटी सचिव विनय कुमार चौबे ने कहा कि आज हम स्टोन एज से डिजिटल एज में पहुंच गए हैं। झारखंड का आईटी विभाग इनोवेशन और आइडिया को प्रमोट कर रहा है। अपनी पॉलिसी के तहत इंसेन्टिव और ग्रांट दे रहे हैं। बस जरूरत है स्टार्टअप के क्षेत्र में नये विजन के साथ आगे बढ़ने की।
हैकाथन में अमेजन के सचिन पुनयानी, नासकॉम के निरूपम चौधरी, लेट्सवेंचर के संजय कुमार झा और इनट्इट के विशी रंगनाथ, आइआइएम के अनिश सुगाथम तथा आईटी डायरेक्टर उमेश साह ने भी स्टार्टअप को लेकर अपने विचार रखे।

मुख्य सचिव ने दिया 24 घंटे में गिरफ्तारी का निर्देश

रिंची अस्पताल हमला प्रकरण


रांची। रांची जिला के रिंची अस्पताल में एक मरीज की मृत्यु के बाद तोड़फोड़ और डॉक्टर पर हमला  किए जाने की घटना को शर्मनाक बताते हुए मुख्य सचिव डा. डीके तिवारी ने जिले के एसपी को 24 घंटे के अंदर अपराधियों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि घटना को लेकर अगर स्थानीय थाना के पुलिस कर्मियों की लापरवाही सामने आती है तो उन पर भी कार्रवाई करें

मुख्य सचिव ने कहा कि यदि किसी को शिकायत होती है तो उसे कानून के तहत ही काम करना होगा। कानून व्यवस्था को हाथ में लेने की इजाजत किसी को नहीं दी जा सकती है। ऐसा करने वालों के विरुद्ध प्रशासन कड़ाई से निपटे।

मुख्य सचिव ने इस संबंध में डीजी पुलिस के एन चौबे से बात की और यह कहा है कि राज्य के चिकित्सकों को सुरक्षा दी जाए ताकि वे अपने कर्तव्यों का निष्पादन ठीक से कर सकें।
मुख्य सचिव ने राज्य के सभी डीसी एसपी को भी यह निर्देश दिया है कि वह अपने अपने जिले में ऐसी घटना दोबारा ना घटे इसके मुकम्मल व्यवस्था करें। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि डॉक्टरों की सुरक्षा हर हाल में सुनिश्चित होनी चाहिए।

स्वर्ण जयंती वर्ष का झारखंड : समृद्ध धरती, बदहाल झारखंडी

  झारखंड स्थापना दिवस पर विशेष स्वप्न और सच्चाई के बीच विस्थापन, पलायन, लूट और भ्रष्टाचार की लाइलाज बीमारी  काशीनाथ केवट  15 नवम्बर 2000 -वी...