रांची। झारखंड महिला सियासत के संयोजक व लोकप्रिय सामाजिक कार्यकर्ता कैप्टन सुधीर सिन्हा ने कहा है कि महिलाओं को समुचित सम्मान देने की दिशा में अब तक राजनीतिक दल कोताही बरतते रहे हैं। महिलाओं को उनका वाजिब हक नहीं दिया जा रहा है। राजनीति में महिलाओं की समुचित भागीदारी सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से झारखंड महिला सियासत के बैनर तले इस बार विधानसभा की सभी 81 सीटों पर महिला प्रत्याशी खड़े करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि झारखंड महिला सियासत के बैनर तले राजनीतिक क्षेत्र में संयुक्त मोर्चा का गठन किया गया है। जिसके तहत विभिन्न राजनीतिक दल शामिल हो रहे हैं। संयुक्त मोर्चा में शामिल राजनीतिक दलों की ओर से चुनाव में महिला प्रत्याशी उतारने का निर्णय लिया गया है।
कैप्टन सिन्हा ने बताया कि इस संबंध में अंतिम निर्णय आगामी 3 सितंबर को होने वाले झारखंड महिला सियासत के महाधिवेशन में लिया जाएगा। उसी समय सभी 81 सीटों पर प्रत्याशियों के नामों की घोषणा भी की जाएगी। कैप्टन सिन्हा ने कहा कि आज महिलाएं पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही हैं। हर क्षेत्र में महिलाएं अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। राजनीति का क्षेत्र भी इससे अछूता नहीं है। इसके बावजूद महिलाएं उपेक्षित हैं। अपने हक से वंचित हैं। महिलाओं को उनका हक दिलाने की दिशा में झारखंड महिला सियासत ने एक अभिनव पहल की है। इसके तहत राजनीति के क्षेत्र में भी महिलाओं की सहभागिता बढ़ाने का प्रयास शुरू कर दिया गया है। कैप्टन सिन्हा ने कहा कि महिलाओं को आगे आए बिना राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में अपेक्षित सुधार संभव नहीं है। सामाजिक बदलाव और स्वच्छ राजनीति के लिए महिलाओं को राजनीति में आना वर्तमान समय की मांग है। इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए झारखंड महिला सियासत का गठन किया गया है। जिसके बैनर तले महिलाएं राजनीति का दामन थाम रही हैं। अबकी बार महिला सरकार के नारे के साथ झारखंड महिला सियासत के सभी प्रत्याशी चुनावी जंग में उतरने को आतुर हैं। इसकी तैयारियां की जा रही है। राज्य स्तर पर संगठन बना लिया गया है। जल्द ही जिला स्तर पर भी झारखंड महिला सियासत की कमेटियां अस्तित्व में आएगी और झारखंड में राजनीतिक दशा और दिशा बदलेगी। इसके लिए महिलाएं तैयार हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न राजनीतिक दलों ने झारखंड महिला सियासत की पहल की सराहना करते हुए संयुक्त मोर्चा में शामिल होने पर अपनी सहमति जता दी है। जल्द ही इसका सकारात्मक परिणाम सामने आएगा। उन्होंने राजनीति में आने को इच्छुक महिलाओं से झारखंड महिला सियासत से जुड़ने का आह्वान किया।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें