यह ब्लॉग खोजें

बुधवार, 18 जुलाई 2018

उपभोक्ता जागरण अभियान में लगा गुलाबी गैंग

कंज्यूमर फ्रेंडली बनें उत्पादक और दुकानदार : रानी कुमारी

रांची। सामाजिक संस्था नारी शक्ति सेना (गुलाबी गैंग) महिला हितों के साथ उपभोक्ताओं के हितों के संरक्षण के लिए लोगों को उपभोक्ता कानूनों के प्रति जागरूक कर रही है। संस्था द्वारा शहरी व ग्रामीण इलाकों में उपभोक्ता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस क्रम में बुधवार को शहर के बनहोरा, हेसल, बजरा, लक्ष्मी नगर और हेहल में गुलाबी गैंग के सदस्यों ने जागरूकता अभियान चलाया। संगठन की अध्यक्ष और रांची जिला उपभोक्ता संरक्षण परिषद की सदस्य रानी कुमारी ने कहा कि उपभोक्ताओं के हितों के संरक्षण के लिए सरकार द्वारा बनाए गए कानूनों की जानकारी लोगों को होना जरुरी है, इसके अभाव में उपभोक्ताओं को ठगे जाने की आशंका बनी रहती है। उन्होंने कहा कि उत्पादकों, निर्माताओं और दुकानदारों को कंज्यूमर फ्रेंडली होना चाहिए। क्षणिक और थोड़े से लाभ के लिए उपभोक्ताओं को नुकसान पहुंचाने की प्रवृत्ति त्यागने की जरुरत है, तभी उपभोक्ता हित का संरक्षण संभव है। इसके अलावा इस दिशा में सरकारी प्रयासों के साथ-साथ सामाजिक संगठनों को भी सक्रिय भूमिका निभाने की आवश्यकता है। रानी कुमारी ने कहा कि अक्सर यह शिकायत मिलती है कि जनवितरण प्रणाली के दुकानदार लाभुकों को समय पर व निर्धारित मात्रा मे अनाज की आपूर्ति नहीं करते हैं। इससे लाभुकों को सरकारी योजनाओं का समुचित लाभ नहीं मिल पाता है। कम अनाज देकर पीडीएस दुकानदार लाभुकों का हक मारते हैं। ऐसा करनेवाले दुकानदारों को चिन्हित कर उनपर विभागीय कार्रवाई करने का दबाव बनाया जाएगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से किसी भी चीज की खरीदारी या सेवा संबंधी कार्य के एवज में  बिल लेने की अपील की। पेट्रोल- डीजल, गैस सिलेंडर लेते समय सुरक्षा के अलावा वजन या मात्रा पर भी ध्यान देने की बात कही। जागरूकता अभियान के दौरान गुलाबी गैंग की सदस्यों ने झारखंड सरकार के खाद्य आपूर्ति विभाग की ई- पत्रिका " आहार " का भी वितरण उपभोक्ताओं के बीच किया। रानी ने कहा कि संस्था की ओर से प्रत्येक सप्ताह  एक- एक मुहल्ले में उपभोक्ता जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। इस अवसर पर सोनी देवी, अंजली देवी, रेशमी कुमारी, परमशीला देवी, चंदा कुमारी, सुनीता देवी, कंचन देवी, किरण कुमारी, कौशल्या देवी, द्रौपदी देवी, शीला देवी सहित अन्य महिलाएं मौजूद थीं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

शाह साहब की दूरबीन

  हास्य-व्यंग्य हमारे आदरणीय गृहमंत्री आदरणीय अमित शाह जी दूरबीन के शौकीन है। उसका बखूबी इस्तेमाल करते हैं। अपने बंगले की छत पर जाकर देश के ...